फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Varanasi News Today: वाराणसी में हादसे...तीन की मौत, कफ सिरप केस में सहायक आयुक्त और औषधि निरीक्षकों का तबादला

Sat, 03 Jan 2026 06:24 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

Varanasi News: वाराणसी के चौबेपुर और रोहनिया थाना क्षेत्र में हुए विभिन्न हादसों में तीन लोगों ने अपनी जान गंवा दी। वहीं, एक युवक घायल हो गया है। कोडीन सिरप की जांच के बीच खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने वाराणसी के सहायक आयुक्त और कई निरीक्षकों का तबादला कर दिया। आइए जानते हैं अन्य खबरें..
विज्ञापन
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

Varanasi News in Hindi: चौबेपुर थाना क्षेत्र के डुढुंआ गांव के गोमती नदी में शुक्रवार दोपहर मछली पकड़ने के दौरान प्रदुम्न निषाद (22) डूब गया। पुलिस गोताखोरों की मदद से उसकी खोज कर रही है। धौरहरा नारे पार निवासी प्रदुम्न दोपहर 2 बजे मछली पकड़ने गया था। पैर फिसलने पर वह गहरे पानी में चला गया। लोगों ने तुरंत छलांग लगाई, लेकिन प्रदुम्न को बाहर नहीं निकाल सके। बेटे के डूबने से मां तारा देवी व तीन बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

विज्ञापन


ट्रेन की चपेट में आने से पान विक्रेता की मौत
रोहनिया के मंडाव रेलवे लाइन पार करते समय शुक्रवार सुबह ट्रेन की चपेट में आने से देवेंद्र सिंह की मौत हो गई। पुलिस ने शव को संरक्षण में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बिहार के पूर्वी चंपारण के मूल निवासी देवेंद्र सिंह की मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के नाथुपुर में पान की दुकान थी। जलालीपट्टी में सपरिवार किराये पर रहते थे। पत्नी रीना, बेटा आशू, राज का रो-रोकर बुरा हाल है।

ट्रैक्टर से टकराकर बाइक सवार युवक की मौत, साथी घायल
चौबेपुर थाना क्षेत्र के बनकट मोड़ के पास बीती देर शाम ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार दुर्गेश कुशवाहा (28) की मौत हो गई। वहीं, साथी अजय कुशवाहा घायल हो गया। नए साल पर स्वर्वेद मंदिर के लिए दोनों घर से निकले थे। घायल को बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। देवकली पूर्वांचल गांव निवासी दुर्गेश कुशवाहा अपने साथी अजय के साथ मार्कंडेय महादेव दर्शन के बाद स्वर्वेद महामंदिर जा रहे थे।
विज्ञापन


वाराणसी-गाजीपुर हाईवे के बनकट मोड़ के पास बाइक अनियंत्रित हुई और ट्रैक्टर से टकरा गई। दुर्गेश की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि अजय गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया। थानाध्यक्ष इंद्रेश कुमार ने बताया कि अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। दुर्गेश दो भाई और एक बहन में सबसे बड़ा था। मां रीता, बहन और भाई, पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।

वाराणसी के सहायक आयुक्त और कई औषधि निरीक्षकों का तबादला
प्रदेश में चल रही कोडीन सिरप की जांच के बीच खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने वाराणसी के सहायक आयुक्त और कई निरीक्षकों का तबादला कर दिया है। आयुक्त डॉ. रोशन जैकब ने सभी को तत्काल कार्यभार ग्रहण करने का आदेश दिया है। जारी किए गए तबादला आदेश में सहारनपुर के औषधि निरीक्षक राघवेंद्र कुमार को देवरिया और सिद्धार्थनगर के औषधि निरीक्षक नवीन को महराजगंज स्थानांतरित किया गया है।

दोनों को तत्काल कार्यभार ग्रहण करने का निर्देश दिया गया है। इन जिलों का चार्ज अन्य औषधि निरीक्षकों के पास था। अब यहां नियमित तैनाती हो गई है। इसी तरह आगरा के औषधि निरीक्षक कपिल शर्मा को सहारनपुर और बलिया के औषधि निरीक्षक श्रीधारेश्वर शुक्ला को गोरखपुर भेजा गया है। इसी तरह गोंडा के सहायक आयुक्त मुकेश जैन को इसी पद पर वाराणसी और वाराणसी के सहायक आयुक्त प्रबोध रस्तोगी को गोंडा भेजा गया है।

मनबढ़ों ने दंपती को पीटा
कैंट थाना क्षेत्र के घोसियाना, फुलवरिया में 31 दिसंबर की रात रिया कुमारी के घर में घुसकर मनबढ़ों ने पिटाई की। रिया कुमारी ने पुलिस को बताया कि पति बाबू घर के बाहर अपने दोस्तों व परिवारजनों के साथ जन्मदिन मना रहे थे। इसी दौरान दीपक निवासी घोसियाना फुलवरिया हुंचा और सिगरेट मांगने लगा। पति की ओर से सिगरेट न होने की बात कहने पर वह गालीगलौज करने लगा।

लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। जिसके बाद आरोपी वहां से चला गया। आरोप है कि रात 2.30 बजे दीपक 6 साथियों के साथ दोबारा पहुंचा और गाली-गलौज कर दरवाजा तोड़ने लगा। दरवाजा खुलते ही आरोपी घर में घुस आए और कुर्सी, मेज, दरवाजा, सीमेंट का शेड, बर्तन सहित अन्य घरेलू सामान तोड़ दिया।

रास्ते के विवाद को लेकर पिता-पुत्र की पिटाई
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के भेड़हा (खोचवा) गांव में बीती रात सार्वजनिक मार्ग से आवाजाही को लेकर विवाद में पिता-पुत्र की पिटाई कर दी गई। भेड़हा निवासी पीड़ित मुन्नालाल ने पुलिस को बताया कि गांव में सार्वजनिक रास्ते पर आने-जाने से गांव के ही मनबढ़ों ने मना किया। विरोध करने पर आरोपियों ने गालीगलौज और जान से मारने की नियत से हमला कर दिया। इस बीच बचाव में बेटे सुजीत कुमार काे भी आरोपियों ने पीटा। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।

मुकदमा वापस लेने के मामले में मारपीट पर प्राथमिकी
भेलूपुर थाना क्षेत्र के अवधगर्वी में रहने वाले दिलीप कनौजिया की तहरीर पर सोना सोनकर, बाबू सोनकर, अंकित सोनकर, दीपक सोनकर, संतोष केसरी, हर्ष केसरी सहित अज्ञात के खिलाफ मारपीट समेत अन्य आरोपों में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पीड़ित दिलीप कन्नौजिया ने पुलिस को बताया कि 31 दिसंबर की रात हरिश्चंद्र घाट मोड़ पर आरोपियों ने पूर्व में दर्ज प्राथमिकी वापस लेने की धमकी दी और ईंट से वार कर घायल कर दिया। भेलूपुर इंस्पेक्टर सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है।

दूसरी शादी करने पर पति सहित 14 पर प्राथमिकी दर्ज
विवाहिता ने दूसरी शादी करने, दहेज उत्पीड़न समेत अन्य आरोपों में शुक्रवार को पति समेत 14 के खिलाफ मिर्जामुराद थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। डोमैला गांव निवासी पीड़िता बबीता सोनकर ने पुलिस को बताया कि जौनपुर के बरसठी थाना क्षेत्र के गणेशपुर रामचंद्रपुर निवासी मुकेश व ससुर, सास समेत अन्य परिजन दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करते हैं। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है। जांच की जा रही है।

4.8 लीटर देसी शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार
चेतगंज पुलिस ने बृहस्पतिवार रात 4.8 लीटर देसी शराब के साथ आरोपी अकलेश भुईंया को लहुराबीर से गिरफ्तार किया। चेतगंज इंस्पेक्टर विजय कुमार शुक्ला ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी झारखंड पलामू के विश्रामपुर का निवासी है। उससे पूछताछ की जा रही है।

हत्या के प्रयास मामले में आरोपी गिरफ्तार
दुकानदार पर चाकू से जानलेवा हमले के आरोपी सुनील यादव उर्फ सोपाठु को चितईपुर पुलिस ने बृहस्पतिवार रात हैदराबाद गेट पर चाय की दुकान से गिरफ्तार किया। चितईपुर इंस्पेक्टर राकेश गौतम ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी लंका थाना क्षेत्र के नारायणपुर डाफी का निवासी है।

युवक पर हमला मामले में तीन नामजद और अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज
रॉड से हमला और जान से मारने की धमकी मामले में पीड़ित आजाद ने तीन नामजद और अज्ञात के खिलाफ शुक्रवार को लालपुर-पांडेयपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। रामदत्तपुर निवासी आज़ाद ने पुलिस को बताया कि 1 जनवरी की रात गोलू पटेल, अमित लाल पटेल, विशाल पटेल समेत अज्ञात ने लोहे की रॉड से हमला किया और जान से मारने की धमकी दी। इंस्पेक्टर राजीव कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है।

दवा के लिए निकले युवक पर जानलेवा हमला, कटी जीभ
चोलापुर क्षेत्र के मोहांव (जेठहवा का पुरा) गांव में रंजिश को लेकर मनबढ़ों ने आकाश की पिटाई कर दी। सिर फट गया और जीभ तक कट गई। घायल आकाश को पंडित दीनदयाल अस्पताल में भर्ती कराया गया। मोहांव गांव निवासी आकाश की मां रीना ने पुलिस को बताया कि 31 दिसंबर की रात दवा लेने घर से निकला था। रास्ते में गांव के ही भरत कुमार ने रोका और गाली-गलौज के बाद भरत ने अपने परिजनों प्यारे लाल, अजय, शनि और राजकुमारी के साथ मिलकर हमला कर दिया।

मां रीना देवी ने बताया कि अस्पताल में भर्ती आकाश अभी कुछ भी बोल पाने की स्थिति में नहीं है। उसकी जीभ भी कट गई है और आंखों पर गंभीर चोटें हैं। पुलिस ने पहले इलाज कराने की सलाह दी थी, जिसके बाद अब लिखित शिकायत दी गई है। आरोपियों ने पीड़ित परिवार के अन्य सदस्यों को भी जान से मारने की धमकी दी है। थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज करते हुए जांच की जा रही है।

घर में घुसकर महिला की पिटाई
चोलापुर थाना क्षेत्र के बनियापुर गांव में लकड़ी के मामूली विवाद में मनबढ़ों ने रेखा देवी की घर में घुसकर पिटाई कर दी। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि 28 दिसंबर की दोपहर गांव के ही नरेश से लकड़ी को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद संध्या, सोनी, रागिनी, पंकज, रंजित और जियालाल सहित अन्य ने पिटाई की। थानाध्यक्ष दीपककुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है।

त्रिपुरा भैरवी घाट पर नाव में मारपीट, जांच में जुटी पुलिस
दशाश्वमेध थाना क्षेत्र के त्रिपुरा भैरवी घाट पर नए साल के दिन नाव पर युवकों और नाविकों में मारपीट हो गई। इस बीच कुछ देर के लिए घाट पर अन्य पर्यटक सहम गए। लाठी डंडे हाथ में लेकर नाव से गंगा में कूदने और युवकों की पिटाई का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल है। दशाश्वमेध थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने बताया कि घटना में किसी पक्ष से तहरीर नहीं मिली है। कुछ नाविकों से पूछताछ भी की गई है। एहतियातन घाट किनारे नाविकों को हिदायत दी गई है कि पर्यटकों के साथ अच्छा व्यवहार रखें।

कैंट स्टेशन पर पकड़े गए चोर, पांच लाख के मोबाइल मिले
कैंट रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को जीआरपी और आरपीएफ की टीम ने ट्रेनों और प्लेटफॉर्म सहित अन्य जगहों पर चोरी करने वालों को पकड़ा। इनके पास से करीब पांच लाख रुपये तक के चोरी के मोबाइल मिले। जीआरपी कैंट इंस्पेक्टर राजोल नागर ने बताया कि प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर गश्त करते समय मोबाइल चुराने वाले युवक के बैठने की सूचना मिली। टीम ने झारखंड के गोड्डा जिला निवासी सुमित कुमार शाह को पकड़ा। उसके पास से 32 मोबाइल मिले।

छह के बाद आपत्ति दर्ज कर एसआईआर की मतदाता सूची में जुड़वा सकेंगे नाम
विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) का समापन होने के साथ अब छह जनवरी को सूची का प्रकाशन होगा। इसके बाद लोग आपत्ति दर्ज कराके अपने नाम जुड़वा सकेंगे। उप जिला निर्वाचन अधिकारी, व अपर जिलाधिकारी विपिन कुमार के अनुसार छह जनवरी से छह फरवरी तक आपत्ति दाखिल की जा सकती है।

एन्यूमरेशन फॉर्म पर फैसला और दावों और आपत्तियों का निपटारा ईआरओएस की ओर से एक साथ किया जाएगा। 93 प्रतिशत लोग ऐसे हैं जिनका नाम या उनके पिता व दादा का नाम 2003 की मतदाता सूची में था। कुल 82 प्रतिशत फाॅर्म आए हैं। 18 प्रतिशत फाॅर्म नहीं आए हैं और इनके नाम सूची से हटाए जा रहे हैं। निर्वाचन कार्यालय के अनुसार 93 प्रतिशत की मैपिंग हो चुकी है। 31.53 लाख मतदाता थे। इनमें से 25.80 लाख ने फाॅर्म भरकर जमा किए हैं। 76 हजार मृतक पाए गए हैं। 46 हजार डुप्लीकेट हैं। परमानेंटली शिफ्टेट मतदाताओं की संख्या 4.30 लाख है। ऐसे में 5.73 लाख मतदाता वोटर लिस्ट से हटेंगे।

वाराणसी विकास प्राधिकरण। - फोटो : अमर उजाला
वीडीए के नोटिस पर ट्रांसपोर्टरों की आपत्ति
वीडीए की ओर से भेजे गए नोटिस पर वाराणसी ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन की बैठक शुक्रवार को लहरतारा कार्यालय में हुई। अध्यक्षता एसोसिएशन के अध्यक्ष जयप्रकाश तिवारी ने की। कहा कि 2012 में ट्रांसपोर्टरों ने 5800 प्रति वर्ग मीटर की दर से प्लॉट बुक कराए थे। अब रेट अधिक होने के साथ 128 प्रति स्कवॉयर मीटर का प्लाट अलॉट करेंगे, जो कि मान्य नहीं है।

75 प्रतिशत का भुगतान अलॉटमेंट लेटर के 6 महीने में करना है जो मान्य नहीं है। ट्रांसपोर्टरों की मांग थी की 75 प्रतिशत रकम का भुगतान 2 वर्ष की बजाय 4 से 5 वर्ष में किया जाए। इस शर्त पर सभी ट्रांसपोर्टरों ने आवश्यकता अनुसार प्लॉट की साइज लिखकर स्वीकृत पत्र विकास प्राधिकरण में जमा कराया था।

पूर्व की बैठक में सर्व सम्मति से निर्णय लेने के बाद हटकर दोबारा नोटिस भेजा गया है। जो स्वीकार नहीं है। ट्रांसपोर्टरों की मांग है कि हमने जिस रेट में 2012 में प्लॉट बुक कराया था। उसी रेट में दिया जाए। संचालन सूर्यमणि तिवारी ने किया। बैठक में संरक्षक सुनील कपूर, जयप्रकाश तिवारी, सूर्यमणि तिवारी, सरवन कुमार, जेपी अग्रवाल, तारा शंकर वर्मा, टीएन तिवारी, बीरेंद्र सिंह ने विचार रखे।

वीडीए ने तीन अवैध निर्माण सील कर पुलिस अभिरक्षा में सौंपा
वीडीए की ओर से शुक्रवार को तीन अवैध निर्माण सील कराए गए और पुलिस अभिरक्षा में सौंपा गया। वीडीए उपाध्यक्ष पुर्ण बोरा के अनुसार, सिकरौल वार्ड में मनीष त्रिपाठी, सुषमा शर्मा की ओर से गिलट बाजार, राज राजेश्वरी नगर, शिवपुर वार्ड में 334 वर्ग मीटर में बिना स्वीकृति मानचित्र के निर्माण कराया जा रहा था।

इस अवैध निर्माण को सील किया गया। साथ ही थाने को सुपुर्द किया गया। इसके अलावा विद्या सिंह की ओर से चुप्पेपुर, राजराजेश्वरी नगर में स्वीकृत नक्शे के विपरीत निर्माण कराया जा रहा था। इस अवैध निर्माण को सील किया गया। जोन दो के सारनाथ वार्ड में प्रियंका यादव की ओर से गौतम बुद्ध नगर कॉलोनी में बिना नक्शा स्वीकृत 105 वर्गमीटर के क्षेत्रफल में निर्माण कराया जा रहा था। प्रवर्तन टीम और पुलिस बल के सहयोग से अवैध निर्माण को सील किया गया।

घाट पर नाव लगाने के लिए मारपीट, 60 अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज
लंका थाना क्षेत्र के सामने घाट के जज गेस्ट हाउस के पास पक्का घाट पर नाव लगाने को लेकर शुक्रवार को मनबढ़ों ने हमला कर दिया। हमले में कल्लू, रामचंद्र, सोमनाथ, रामानंद, विकास साहनी घायल हो गए। सभी को बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। आरोपियों में बबलू, सनी, कल्लू साहनी, मनोज साहनी समेत 60 अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।

मदरवां निवासी गौतम साहनी ने पुलिस को बताया कि पक्का घाट पर सवारी के इंतजार में कल्लू, रामचंद्र, सोमनाथ, रामानंद, विकास साहनी के साथ बैठे थे। तभी बबलू साहनी ने नाव संचालन पर रोक लगाने का दबाव बनाया। विरोध करने पर वापस गया और 60 साथियों के साथ 10 नाव पर पहुंचा। लाठी, डंडे से सभी ने हमला कर दिया। प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है।

गाड़ी में आग लगाने से रोकने पर युवक की पिटाई
भेलूपुर थाना क्षेत्र के सुकुलपुरा गायत्री नगर में घर के बाहर बृहस्पतिवार रात गाड़ी में आग लगाने और पिटाई के मामले में आरोपियों के खिलाफ शुक्रवार को प्राथमिकी दर्ज की गई है। पीड़ित रूपेश कुमार वर्मा ने पुलिस को बताया कि रात 2 बजे के बीच कुछ युवक घर के बाहर खड़ी गाड़ी को जलाने का प्रयास कर रहे थे। विरोध करने पर युवकों ने गाली-गलौज और डंडे, रॉड से हमला कर दिया। भेलूपुर इंस्पेक्टर सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है।

रानी घाट से पकड़े गए 12 जुआड़ी, फड़ से मिला 41 हजार नकद
आदमपुर पुलिस ने शुक्रवार रात रानी घाट पर जुआ खेल रहे 12 लोगों को पकड़ लिया। उनके पास से पुलिस ने 41 हदार रुपये नकद बरामद किया है। रात 12:00 बजे तक आदमपुर थाने पकड़े गए जुआड़ियों की पैरवी करने वालों की भीड़ लगी हुई थी। इस मामले में इंस्पेक्टर आदमपुर विमल मिश्रा ने बताया कि रानी घाट पर कुछ लोगों के द्वारा जुआ खेले जाने की शिकायत मिली थी।

पुलिस टीम देर शाम मौके पर पहुंची तो घाट किनारे जुआ खेल रहे लोग इधर उधर भागने लगे, जिसपर पुलिस ने मौके से 12 जुआड़ियों को पकड़ लिया। देर रात तक थाने परिसर में पकड़े गए जुआड़ियों की पैरवी करने वालों की भीड़ लगी हुई थी। आदमपुर थाना प्रभारी विमल मिश्रा ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पार्क की जमीन पर कब्जे की शिकायत के बाद शुरू हुई नापी
गांधीनगर सुंदरपुर में पार्क, कम्युनिटी सेंटर, सीवर ड्रेनेज, प्राइमरी स्कूल और बंजर भूमि पर कब्जे के खिलाफ आंदोलन के 5वें दिन शुक्रवार को टीम पहुंची। तहसील, नगर निगम की संयुक्त टीम में 5 लेखपाल और कानूनगो ने 4 घंटे मुआयना कर नापी कराई। श्रीराम सहकारी समिति को विकास प्राधिकरण, नगर निगम और तहसील में कागजात के साथ अपना पक्ष रखने को पत्र दिया था, लेकिन अब तक किसी विभाग में भी समिति ने अपना पक्ष नहीं रखा।

पूर्व पार्षद वरुण सिंह, पूर्व पार्षद अशोक, पार्षद प्रतिनिधि राजीव पटेल, अधिवक्ता हरिशंकर मिश्रा मंचल ने बताया कि दो आराजी पर 33 बिस्वा बंजर भूमि है। कई नक्शे में हर पहलू को जांच में शामिल किया गया। भू माफियाओं ने प्लॉट स्वामी माधुरी सिंह और नवीन सिंह के जमीन पर जबरन ताला लगाया है।

इसकी बाउंड्री गेट निर्माण की शिकायत भी जमीन मालिकों ने विदेश से पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल को पत्र से की है। अपर नगर आयुक्त संगम लाल की ओर से श्रीराम सरकारी आवास समिति के सचिव रंगनाथ को पत्र देकर साक्ष्य के साथ पक्ष मांगा है।

भारतीय परेता व मंझा देकर किया जागरुक
उत्तर प्रदेश भाईचारा कमेटी की ओर से शुक्रवार को सनातन धर्म इंटर कॉलेज नई सड़क के पास भारतीय मांझा से पतंग उड़ाने के लिए जन जागरण पखवाड़ा का दूसरा चरण शुरू हुआ। लोगों को भारतीय मांझा व परेता देकर जागरुक किया गया। उन्हें चीनी मंझे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया। संस्था के अध्यक्ष प्रमोद वर्मा ने मंडलायुक्त से इस पर प्रतिबंध लगाने की मांग की। कहा कि ड्रोन से निगरानी की जाए। इसकी बिक्री करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

तीन विकेट से जीत जयनारायण की टीम फाइनल में
स्मृति राज्य आमंत्रण क्रिकेट प्रतियोगिता खोचवा के सूर्या पार्क मैदान में खेली गई। दूसरे सेमीफाइनल में जयनारायण क्रिकेट एकेडमी की टीम ने वीएनएम एकेडमी की टीम को तीन विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए वीएनएम क्रिकेट एकेडमी ने निर्धारित 20 ओवर में 192 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए जयनारायण क्रिकेट एकेडमी की टीम ने 7 विकेट के नुकसान पर 198 रन बनाकर मुकाबला तीन विकेट से जीत लिया। इस मौके पर विधान सिंह, माकीर अली, मनोज प्रताप सिंह, शुभम सिंह और संतोष पांडेय मौजूद रहे।

संस्कृत महाविद्यालय के प्रवक्ता डॉ. राधेरमण को दी गई श्रद्धांजलि
संस्कृत विद्यालय प्राध्यापक समिति के पूर्व प्रदेश महामंत्री और सवार्य संस्कृत महाविद्यालय, प्रयागराज के प्रवक्ता रहे डाॅ. डॉ. राधेरमण पांडेय का निधन शुक्रवार को प्रयागराज में हो गया। वह कई दिनों से बीमार चल रहे थे। उनके निधन के बाद दशाश्वमेध स्थित समिति के प्रधान कार्यालय शास्त्रार्थ महाविद्यालय के सभागार में शोकसभा हुई। इसमें शिक्षकों और छात्रों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। प्रांतीय अध्यक्ष डाॅ. गणेश दत्त शास्त्री ने कहा कि डॉ. राधेरमण सेवानिवृत्ति के बाद भी शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए तत्पर रहे। सभा में डाॅ. शेषनारायण मिश्र, डाॅ.पवन कुमार शुक्ल, आचार्य विकास दीक्षित, आचार्य संजय उपाध्याय, आचार्य केशव घिमिरे आदि ने दो मिनट का मौन रखकर ईश्वर से मृत आत्मा की शांति की प्रार्थना की।

शहर के 494 स्थानों पर जलाए अलाव, नोडल बने जोनल अधिकारी
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के निर्देश पर शुक्रवार को 494 स्थानों पर अलाव की व्यवस्था की गई। नगर आयुक्त की ओर से जोनल अधिकारियों को जोन का नोडल अधिकारी बनाया गया है। जिनकी देख-रेख में अलाव जलाए जा रहे हैं। 25 शेल्टर होम पूरी तरह से सक्रिय है। बेघर और निराश्रित व्यक्तियों को ठहरने के लिए अच्छी सुविधा दी की गई। दशाश्वमेध जोन में कुल 95, भेलूपुर में 68, ऋषि मांडवी में 47, रामनगर में 27, कोतवाली में 39, आदमपुर में 75, वरुणा पार में 84, सारनाथ में 59 स्थानों पर अलाव जलाए गए।

वीडीए ने नवंबर में 31 और दिसंबर में किए 79 मानचित्र स्वीकृत
मानचित्र स्वीकृत में वीडीए ने ऊंची छलांग लगाई है। वीडीए उपाध्यक्ष पुर्ण बोरा ने निगरानी कर मानचित्र स्वीकृति को सुगम बनाया। वीडीए उपाध्यक्ष ने बताया कि नवंबर की तुलना में दिसंबर में मानचित्र स्वीकृत होने की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। नवीन मानचित्र स्वीकृति के मामले में नवंबर में 109 आवेदन के सापेक्ष 31 स्वीकृत हुए। दिसंबर में 134 मानचित्र के आवेदन के सापेक्ष 79 स्वीकृत हुए।

इसमें 155 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि हुई। शमन मानचित्र स्वीकृति में नवंबर में 41 और दिसंबर में 86 मानचित्र स्वीकृत हुए। 110 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। 68 ले आउट में से 10 स्वीकृत किए। वर्तमान में कॉलोनियों के प्रमोटरों और विकास कर्ताओं की ओर से ले-आउट स्वीकृत कराने में विशेष रुचि ली जा रही है।

वीडीए की ओर से मानचित्र स्वीकृति की प्रक्रिया में की गई पहल से आमजन मानस मानचित्र स्वीकृति कराने के प्रति जागरूक हुए हैं। आर्किटेक्ट, इंजीनियर ने जिन समस्याओं से अवगत कराया जाता है, उन समस्याओं को दूर कराया जाता है। पोर्टल में नए अपडेट, ऑनलाइन बिल्डिंग प्लान अप्रूवल सिस्टम पर मानचित्रों के निस्तारण में आ रही कठिनाइयों के लिए आर्किटेक्ट, इंजीनियर के लिए कार्यशाला होती है।

रोटरी क्लब ने आश्रम के निराश्रितों और वनवासियों की मदद
रोटरी क्लब नॉर्थ ने सिगरा स्थित एक होटल में मंडलाध्यक्ष डॉ. आशुतोष अग्रवाल ने क्लब का आधिकारिक भ्रमण किया। क्लब की अध्यक्ष रुचि भार्गव ने हरिमोहन शाह, वीएन सिंह, संजय अग्रवाल और आयुष्मान सुरेखा का स्वागत किया। उन्होंने क्लब के छह माह में किए गए कार्यों से मंडलाध्यक्ष को अवगत कराया। क्लब के संस्थापक सदस्य रोटेरियन सुरेश खंडेलवाल ने अपने अनुभवों को साझा किया। अपनाघर आश्रम के संचालक डॉ. निरंजन ने रोटरी के आश्रम में किए सहयोग के बारे में जानकारी दी।

बनवासी कल्याण आश्रम नौगढ़ सोनभद्र के संस्थापक सदस्य राधेश्याम द्विवेदी ने क्लब के सहयोग की सराहना की। डॉ. आशुतोष अग्रवाल ने क्लब के हर क्षेत्र में किए गए बेहतर कार्यों की सराहना की। इस दौरान रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों से एक दूसरे को नववर्ष की बधाई दी। संचालन सतीश जैन ने किया। इस मौके पर राजेश भार्गव, शुभश्री जायसवाल, डॉ. राजीव शुक्ला, सीमा शुक्ला, एनके द्विवेदी, ममता द्विवेदी, राकेश रस्तोगी, डॉ. शिवजी गुप्ता आदि रहे।

कथक से की शिव व शक्ति की आराधना
सुबह-ए-बनारस के मंच पर शुक्रवार को अस्सी घाट पर सतना की युवा कलाकार तनिष्का सक्सेना ने कथक से सभी को मुग्ध कर दिया। श्री काशी विश्वनाथ को नृत्यांजलि अर्पित की। उन्होंने शुभारंभ रुद्राष्टकम् से हुआ। गंगा अवतरण की कथा को नृत्य की आभा से निखारा। श्रीराम स्तुति-श्रीरामचंद्र कृपालु भजमन... की सुंदर स्वरूप में अभिव्यक्त किया। जय जय जग जननी... से दुर्गा की स्तुति की।

समापन ध्रुपद शैली में निबद्ध रचना- शिव शिव शिव... से किया। उन्होंने पद, लय, ताल और अंग संचालन की अद्भुत भाव भंगिमा सभी के आह्लादित किया। कलाकारों को प्रमाणपत्र ज्योतिषाचार्य डॉ. जगदीश प्रसाद पटेरिया ने किया। स्वागत डॉ. रत्नेश वर्मा, संचालन डॉ. प्रीतेश आचार्य ने किया।

संस्कृत विवि में 18 जनवरी की परीक्षा टली, 20 को होगी
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय और उससे संबद्ध महाविद्यालयों में 9 से 20 जनवरी तक चलने वाली परीक्षा के बीच में 18 जनवरी की परीक्षा टाल दी गई है। परीक्षा नियंत्रक की ओर से जारी आदेश में बताया गया है कि इस दिन मौनी अमावस्या है। ऐसे में 18 जनवरी को होने वाली सभी परीक्षाएं 20 जनवरी को करवाई जाएगी। इसकी सूचना सभी प्राचार्यों, केंद्राध्यक्षों को दी जा चुकी है।

अटल आवासीय विद्यालय में प्रवेश के लिए आवेदन 31 जनवरी तक
अटल आवासीय विद्यालय में प्रवेश के लिए आवेदन शुरू हो गए हैं। कक्षा 6 से 9 तक प्रवेश के लिए आवेदन का अंतिम मौका 31 जनवरी तक है। उप श्रम आयुक्त महेश कुमार पांडेय ने बताया कि अटल आवासीय विद्यालय में प्रवेश परीक्षा 22 फरवरी को कराई जाएगी। परीक्षा का समय सुबह 11 बजे से अपराह्न 1 बजे तक होगा। कक्षा 6 में प्रवेश के लिए परीक्षा में मानसिक क्षमता, अंकगणित और भाषा के विषय शामिल होंगे। वहीं, कक्षा 9 की प्रवेश परीक्षा में अंग्रेजी, हिंदी, गणित और विज्ञान के प्रश्न पूछे जाएंगे। इन कक्षाओं में प्रवेश के लिए वाराणसी मंडल के सभी जिलों वाराणसी, गाजीपुर, चंदौली और जौनपुर से आवेदन मांगे गए हैं।

बड़े हनुमान मंदिर के महंत ने किया कुंभेश्वर महादेव का अभिषेक
बाबा विश्वनाथ के स्वरूप श्री कुंभेश्वर महादेव का प्रयाग के माघ मेले में शृंगार और पूजन शुरू किया गया। सेक्टर दो के संगम अपर मार्ग स्थित न्यास के शिविर में भगवान कुंभेश्वर के शिवलिंग और प्रतिमा को स्थापित किया गया। यहां पर श्री बड़े हनुमान मंदिर के पुजारी ने बाबा का अभिषेक संग पूजा और आरती भी की। अब शनिवार को पूर्णिमा पर रुद्राभिषेक और पूजा अर्चना कर माघ मेला निर्विघ्न पूरा कराने की प्रार्थना की जाएगी।

पौष पूर्णिमा के दिन बड़े हनुमान जी मंदिर के महंत और मेला प्राधिकरण के अधिकारी विशेष पूजा करेंगे। पुजारियों ने बताया कि हर दिन बाबा कुंभेश्वर महादेव की रुद्राभिषेक भोग आरती की जाएगी। शुक्रवार को पूजा के दौरान मेला प्राधिकरण के अधिकारी, मेला प्रबंधक ऋषि राज मिश्रा और सेक्टर 2 के मजिस्ट्रेट सुधांशु श्रीवास्तव आदि ने बाबा से आशीर्वाद प्राप्त किया।

छाया रहा नए साल का उल्लास, घाटों पर खूब की मस्ती
नववर्ष का उल्लास दूसरे दिन शुक्रवार को भी छाया रहा। लोगों ने पिकनिक स्पॉट और घाटों पर मौज-मस्ती की। नौकायन कर घाटों की छटा निहारी। गंगा पार रेती में ऊंट और घोड़े की सवारी की। दशाश्वमेध घाट, नमोघाट, अस्सीघाट पर खासी भीड़ रही। उधर, सारनाथ में संग्रहालय और चिड़ियाघर घूमने के लिए भी लोग पहुंचे थे। साल के नववर्ष की खुशियां 31 दिसंबर की रात तक से ही लोगों पर परवान चढ़ी है। साल की पहली तारीख पर बृहस्पतिवार शहर में चहुंओर खासकर युवाओं की खासी भीड़ रही। जो साल के पहले दिन नहीं निकल पाए, वह शुक्रवार को निकले। पर्यटन स्थलों पर भीड़ देर शाम तक रही।

200 महिला परिचालकों की होगी भर्ती
नए साल में उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में 200 महिला परिचालकों की भर्ती होगी। कैंट स्थित बस स्टेशन परिसर में नौ जनवरी को रोजगार मेला लगाया जाएगा। क्षेत्रीय प्रबंधक परशुराम पांडेय ने बताया कि महिला अभ्यर्थियों को सीधे संविदा परिचालक पद पर अनुबंध पत्र के आधार पर भर्ती के लिए रोजगार मेला क्षेत्रीय स्तर पर आयोजित किया जा रहा है। महिला संविदा परिचालक के लिए शैक्षणिक योग्यता इंटरमीडिएट पास एवं सीसीसी प्रमाण पत्र के साथ-साथ उप्र राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, उप्र कौशल विकास मिशन, एनसीसी, एनएसएस एवं स्काउट गाइड में से से किसी एक का होना अनिवार्य है।

परेड कोठी में तीन घंटे गुल रही बिजली, लो वोल्टेज ने किया परेशान
बिजली की बेहतर आपूर्ति को लेकर बिजली निगम की ओर से ढीले तारों को टाइट करवाने, ट्रांसफॉर्मर की मरम्मत करवाने का काम चल रहा है। इसके बाद भी कही ट्रिपिंग हो रही हैं तो कभी लो वोल्टेज की समस्या से लोग जूझ रहे है। शुक्रवार को कैंट रेलवे स्टेशन के सामने शाम करीब 6.30 बजे से तीन घंटे से अधिक समय तक बिजली गुल हो गई। इसमें कुछ जगहों पर पूरा अंधेरा रहा तो कुछ जगहों पर एक ही फेस बिजली रहने से लोग परेशान हो गए।

पहले तो लोगों को कोई ठोस जानकारी नहीं मिल पाई। बाद में पता चला कि ट्रॉली ट्रांसफॉर्मर से आपूर्ति बहाल की जाएगी। इसके पहले सुबह मड़ौली पंचायत भवन के पास इलाकों में लो वोल्टेज की वजह से लोग परेशान रहे। उपकेंद्र पर पूछने पर पता चला कि जंफर उड़ने की वजह से यह समस्या आई। लखराव में शिवमंदिर के पास शाम 6.30 बजे से जंफर उड़ने से बिजली आपूर्ति करीब घंटे भर तक बाधित रही।

भू्गोल व शिक्षा विषय की नेट परीक्षा आज
जिले में यूजीसी नेट परीक्षा की ऑनलाइन परीक्षा होगी। इसके लिए सभी 10 से ज्यादा सेंटरों पर मजिस्ट्रेट की तैनाती कर दी गई है। शनिवार को भू्गोल, शिक्षा, इतिहास और असमिया सहित कई विषयों की परीक्षा है। ये परीक्षाएं सात जनवरी तक चलेंगी। जिले के उन सेंटरों को जिम्मेदारी दी गई है जहां पर हाई स्पीड इंटरनेट की व्यवस्था बेहतर हो और कंप्यूटर संबंधी कोई गड़बड़ी न होने पाए।

अभ्यर्थियों को निर्देश दिया गया है कि गेट बंद होने के बाद किसी को भी प्रवेश नहीं मिलेगा। प्रवेश पत्र तीन पेज का है, ये तीनों ही सेंटर पर लेकर जाना होगा। पहले पेज पर परीक्षा केंद्रों का विवरण और स्व घोषणा पत्र, दूसरे पेज पर हिदायतें और तीसरे पेज पर गैर आधार कार्ड वाले अभ्यर्थियों का घोषणा पत्र होगा।
विज्ञापन

श्रीवल्लभाचार्य ने महादेव को सुनाने के लिए किया था श्रीमद्भागवत का पारायण
आचार्य अंबुज कृष्ण शास्त्री ने कहा कि सनातन संस्कृति का मूल आधार वेद, ब्रह्मसूत्र, श्रीमद्भगवत गीता और श्रीमद्भागवत हैं। इसे काशी को ही केंद्र बनाकर जगद्गुरु श्रीवल्लभाचार्य ने पुष्टिमार्ग की स्थापना की। श्रीकाशी विश्वनाथ क्षेत्र जतनबर में सबसे पहले श्रीमद्भागवत महापुराण का सप्ताह ज्ञान यज्ञ 500 वर्ष पूर्व किया था।

भारत भारती परिषद की ओर से आसभैरव स्थित अग्रवाल भवन में चल रही श्रीमद्भागवत कथा के दूसरे दिन शुक्रवार को उन्होंने परमानंद की रसधारा से वैष्णवजनों के हृदय को आनंदित किया। कहा कि श्रीवल्लभाचार्य के श्रीमद्भागवत सप्ताह ज्ञानयज्ञ में श्रीकाशी विश्वनाथ और बाबा कालभैरव साक्षात रूप से पधारे थे। इसका प्रमाण पुष्टिमार्ग के ग्रंथों में उपलब्ध है। अयोध्या धाम से पधारे आचार्य दिलीप शास्त्री ने कहा कि जीवात्मा और परमात्मा का मिलन ही रास है। इसी रास को प्रकट करने के लिए श्रीवल्लभाचार्य ने काशी में भगवान शिव को श्रीमद्भागवत सुनाने के लिए पारायण किया था। अंत में आरती से कथा को विराम दिया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें