कांग्रेस की ओर से लखनऊ विधानसभा में घेराव के दौरान कार्यकर्ताओं के साथ दुर्व्यवहार और लाठीचार्ज के खिलाफ बृहस्पतिवार को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर मैदागिन टाउनहाल में महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने सत्याग्रह किया गया। बड़ी संख्या में कांग्रेसजनों ने प्रतिभाग किया और केंद्र व प्रदेश सरकार की निंदा की। जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल ने कहा कि लोकतंत्र में संवैधानिक रूप से विरोध हर नागरिक का समान अधिकार है। भाजपा सरकार के इशारे पर पुलिस प्रशासन ने जिस तरह से कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर बर्बर लाठीचार्ज किया, वह बेहद निंदनीय और अलोकतांत्रिक है। प्रदेश अध्यक्ष अजय राय पर हमला जनता की आवाज दबाने की साजिश है। महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि मोदी-योगी सरकार लोकतांत्रिक मूल्यों को कुचलने पर आमादा है। कार्यक्रम में फसाहत हुसैन, दुर्गाप्रसाद गुप्ता, सतनाम सिंह, राजू राम, गिरीश पांडेय, हसन मेंहदी कब्बन, राजेश त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।
इसे भी पढ़ें; Varanasi News: सात घंटे तक गंगा में 173 नावों की जांच, 13 सीज; आठ नाविकों पर एफआईआर
वन टाइम टैक्स वापस नहीं हुआ तो हड़ताल करेंगे टैक्सी और कैब संचालक
वन टाइम टैक्स के खिलाफ टैक्सी और कैब संचालकों ने बृहस्पतिवार को कमिश्नरी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। उन्होंने मुख्यमंत्री और परिवहन मंत्री को संबोधित ज्ञापन अपर आयुक्त वाराणसी मंडल को सौंपकर इसे रद्द करने की मांग की। बनारस टूरिज्म एसोसिएशन के बैनर तले शासन को भेजे गए प्रार्थना पत्र में व्यापारियों ने इस टैक्स को अन्यायपूर्ण और अव्यवहारिक करार दिया है। एसोसिएशन का कहना है कि डीजल, पेट्रोल, बीमा, फिटनेस और परमिट की बढ़ती कीमतों से वाहन मालिक पहले ही आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं। ऐसे में नया टैक्स उनके परिवारों के सामने भुखमरी की स्थिति पैदा कर देगा।
एसोसिएशन के अध्यक्ष नीरज बदलानी और महामंत्री आनंद सिंह ने चेतावनी दी है कि यदि यह कर वापस नहीं लिया गया तो लाखों वाहन मालिक और चालक बेरोजगार हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि यदि रविवार तक उनकी मांगें पूरी नहीं की गईं तो सोमवार से पूरे वाराणसी मंडल में गाड़ियों का संचालन अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया जाएगा। वह अपने वाहनों के दस्तावेज और चाबियां प्रशासन को सौंप देंगे। इस विरोध प्रदर्शन की प्रतिलिपि यातायात आयुक्त, परिवहन सचिव और वाराणसी मंडलायुक्त को भी भेजी गई है, जिसमें टैक्स को तत्काल प्रभाव से निरस्त करने की मांग की गई है।
शादी का झांसा देकर दुष्कर्म, प्राथमिकी दर्ज
शादी का भरोसा देकर संबंध बनाने और वीडियो वायरल करने की धमकी के मामले में युवती की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। सरायनंदन निवासी युवती का आरोप है कि 2024 में ब्यूटी पार्लर में काम करने के दौरान उसकी मुलाकात प्रयागराज निवासी और वर्तमान में खोजवा में रहने वाले सर्वेश शुक्ला से हुई। आरोपी उसे घुमाने के बहाने ले गया और शादी का झांसा देकर जबरन संबंध बनाए। बीते साल अगस्त में आरोपी उसे एक होटल में ले गया। वहां शराब पिलाकर दुष्कर्म किया और वीडियो बना लिया। इसके बाद वह दूर हो गया। एक महीने पहले उससे बात करने की कोशिश की तो उसने पहचानने से इन्कार कर दिया। आरोप है कि चार फरवरी को आरोपी ने मोबाइल पर अश्लील वीडियो और ऑडियो भेजकर धमकाया। थाना प्रभारी सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
नाबालिक को साथ ले जाने के आरोपी भाई बहन पर प्राथमिकी
आदमपुर थाना क्षेत्र के कोनिया निवासी किशोरी के घर से लापता होने के मामले में मां ने अकबरपुर निवासी एक युवक और उसकी बहन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस को तहरीर में मां ने बताया कि उनकी तीन बेटियां हैं। 16 फरवरी को उनकी बड़ी और मझली बेटी साथ में घर से निकली थी। बड़ी बेटी कैंट से बस में बैठ कर कहीं चली गई। जानकारी मिली कि अकबरपुर निवासी दिलशाद और उसकी बहन फोन पर बेटी से बात करते थे। आरोप है कि दिलशाद बहलाकर बेटी को अपने साथ ले गया। थाना प्रभारी विमल मिश्रा ने बताया कि किशोरी की तलाश की जा रही है।
प्रोफेसर के आवास से 1.25 लाख नकदी व आभूषण चोरी
आदमपुर थाना क्षेत्र के राजघाट के वसंत महिला डिग्री कॉलेज की प्रोफेसर मनु जायस ने चोरी के संबंध में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस को बताया कि परिसर में उनके आवास से 1 लाख 25 हजार नकद और लाखों के आभूषण चोरी हो गए हैं। घर में काम करने वाली दो नौकरानियों पर आशंका जताई है। बताया कि वह मथुरा गई थी। उनके घर पर साफ-सफाई के लिए सरिता और सरोज आ रही थीं। मथुरा से 26 जनवरी को लौटने के बाद चोरी की जानकारी हुई। दोनों नौकरानियों से नकदी और गहने के संबंध में पूछा तो दोनों इधर-उधर की बात करने लगीं। थाना प्रभारी विमल मिश्रा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
अधिवक्ताओं ने मनाई शिवाजी की जयंती
छत्रपति शिवाजी महाराज की 396 जयंती अधिवक्ताओं ने पंचक्रोशी मार्ग पर भोजूबीर के दक्षिणेश्वरी काली मंदिर के पास मनाई। अधिवक्ताओं का स्वागत मंदिर के प्रमुख महंत राजेश गिरी ने किया। शिवाजी महाराज की तस्वीर के सामने मोमबत्ती जलाकर नारे भी लगाए। इस दौरान नित्यानंद राय, सुरेंद्र पांडेय , गौतम झा, विनोद पांडेय, भैयाजी, अमित तिवारी, विवेक सिंह रहे।
विधानसभा घेराव में लाठीचार्ज के खिलाफ कांग्रेस कमेटी ने किया सत्याग्रह
कांग्रेस की ओर से लखनऊ विधानसभा में घेराव के दौरान कार्यकर्ताओं के साथ दुर्व्यवहार और लाठीचार्ज के खिलाफ बृहस्पतिवार को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर मैदागिन टाउनहाल में महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने सत्याग्रह किया गया। बड़ी संख्या में कांग्रेसजनों ने प्रतिभाग किया और केंद्र व प्रदेश सरकार की निंदा की। जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल ने कहा कि लोकतंत्र में संवैधानिक रूप से विरोध हर नागरिक का समान अधिकार है। भाजपा सरकार के इशारे पर पुलिस प्रशासन ने जिस तरह से कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर बर्बर लाठीचार्ज किया, वह बेहद निंदनीय और अलोकतांत्रिक है। प्रदेश अध्यक्ष अजय राय पर हमला जनता की आवाज दबाने की साजिश है। महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि मोदी-योगी सरकार लोकतांत्रिक मूल्यों को कुचलने पर आमादा है। कार्यक्रम में फसाहत हुसैन, दुर्गाप्रसाद गुप्ता, सतनाम सिंह, राजू राम, गिरीश पांडेय, हसन मेंहदी कब्बन, राजेश त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।
बनारस-प्रयागराज समेत 10 रेल रूट पर अवैध वेंडर करते हैं परेशान
आईआरसीटीसी लखनऊ के चीफ रीजनल मैनेजर अजित कुमार सिन्हा ने जीआरपी के एडीजी डी प्रकाश से मुलाकात कर रेलवे में खानपान सेवा प्रबंधन से जुड़े बिंदुओं पर चर्चा की। बनारस-प्रयागराज सहित 10 रेल रूटों पर अवैध वेंडरों की ओर से आईआरसीटीसी से जुड़े सेवा प्रदाताओं को होने वाली समस्या की जानकारी दी। कहा कि अवैध वेंडरों की वजह से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आईआरसीटीसी के सदस्यों के लिए विशेष वर्दी बनाई गई है। इसम पर उनके नाम के साथ ही मोबाइल नंबर अंकित होगा। क्यूआर कोड वाला आईडी कार्ड भी दिया गया है। जिससे यात्रियों और जीआरपी जवानों को सही वेंडर्स की पहचान हो सके।
एडीजी डी प्रकाश से बातचीत में आईआरसीटीसी के सीजेएम अजित कुमार सिन्हा ने बताया कि कई बार ट्रेनों में खानपान की सेवाओं को प्रदान करने वाली टीम को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसमें कोच में भीड़ की वजह से खानपान के सामान रखने, अवैध वेंडर द्वारा ट्रेनों में सामानों की बिक्री शामिल हैं। प्रयागराज-वाराणसी, बनारस-भदोही, प्रयाग-फूलपुर, वाराणसी-रायबरेली, झांसी-उरई-कानपुर, झांसी-ललितपुर, इटावा-टुंडला, देवरिया-भटनी-छपरा, खलीलाबाद-गोंडा-बाराबंकी और हरदोई-शाहजहांपुर-बरेली सेक्शन में दिक्कत होती है। आईआरसीटीसी-जीआरपी की ओर से ज्वाइंट ड्राइव चलाने पर सहमति बनी।
दर्ज 45 आपराधिक मामलों का आरोपी छह महीने के लिए जिला बदर
गुंडा नियंत्रण अधिनियम, 1970 के तहत 45 दर्ज आपराधिक मामलों का आरोपी बदमाश गोलू यादव उर्फ संदीप यादव (27) निवासी बेटावर गोसाईपुर रोहनिया को छह महीने के लिए पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने जिला बदर किया। आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, चोरी, मारपीट, धमकी, शांति भंग आर्म्स एक्ट एनडीपीएस एक्ट गैंगस्टर एक्ट, सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम कारागार अधिनियम के तहत थानों में प्राथमिकी दर्ज है। पुलिस आयुक्त ने बताया कि जिला बदर अवधि के दौरान अभियुक्त का कमिश्नरेट की सीमा में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। उल्लंघन करने पर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
बीएचयू में दी गई भरतनाट्यम के तकनीकी और अभिनय पक्ष की शिक्षा
बीएचयू में बृहस्पतिवार को पद्मभूषण गुरु डॉ. सरोजा वैद्यनाथन को समर्पित तीन दिन की भरतनाट्यम नृत्य कार्यशाला का समापन हो गया। संगीत एवं मंच कला संकाय में मुख्य अतिथि प्रो. लयलीना भट्ट, संकाय प्रमुख प्रो. संगीता पंडित, नृत्य विभागाध्यक्ष डॉ. दीपान्विता सिन्हा रॉय और प्रो. राजेश शाह को मंच से सम्मानित किया गया। प्रख्यात भरतनाट्यम नृत्यांगना शयानी चक्रवर्ती ने तीन दिनों तक छात्र-छात्राओं को भरतनाट्यम नृत्य के तकनीकी और अभिनय पक्षों की शिक्षा दी। उन्होंने शिव तांडव और नवरस को कई तरह पदों के संचालन से अभ्यास कराया। समापन समारोह में छात्र-छात्राओं ने भरतनाट्यम के तकनीकी पक्ष के अलावा नवरस की भावपूर्ण प्रस्तुति दी गई। संचालन सह संयोजिका डॉ. खिलेश्वरी पटेल ने किया।
रमजान के दौरान मुस्लिम इलाकों में सुबह और शाम होगी सफाई
रमजान को ध्यान में रखकर नगर निगम ने मुस्लिम इलाकों में सुबह और शाम दो समय पर सफाई की कार्ययोजना बनाई है। अपर नगर आयुक्त सविता यादव ने मस्जिदों और इमामबाड़ों के पास सफाई, चूना छिड़काव, कूड़ा उठान और पेयजलापूर्ति को सुचारू बनाने के निर्देश दिए हैं। शुक्रवार को विशेष सफाई अभियान चलाने और मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों में कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा है। मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों में नियमित रूप से और अतिरिक्त कूड़ा उठाने की व्यवस्था की गई है। रमजान के दौरान पानी की कमी न हो, इसके लिए पेयजल आपूर्ति को सुचारू रखने के निर्देश दिए। आठों जोन के जोनल अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर व्यवस्था सुनिश्चित कराएं।
खंभे से टकराया कोयला लदा ट्रक, पंडापुर गांव में बिजली आपूर्ति बाधित
उगापुर विद्युत उपकेंद्र से जुड़े पंडापुर गांव में लगे बिजली के खंभे से एक कोयला लदा ट्रक टकरा गया। इससे दो खंभे टूट गए। इससे होने वाली बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है। घटना 5 फरवरी को हुई, लेकिन अब तक बिजली निगम की ओर से पोल नहीं लगवाया गया। ग्रामीण अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। सबसे अधिक परेशानी पानी की हो रही है। घरों में सबमर्सिबल पंप नहीं चल पा रहा है। विद्युत उपकेंद्र के उपखंड अधिकारी अजीत कुमार ने बताया कि कुछ किसान खेत से खंभे लेकर जाने का विरोध कर रहे हैं। बातचीत कर समस्या का समाधान कराने का प्रयास किया जा रहा है। शुक्रवार को टूटे खंंभों को बदलकर विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
पांच गुमटी में चोरी, जिसमें नहीं मिली नकदी उसे पलट दिया
चोलापुर थाना क्षेत्र में चमरहा बाजार से लेकर गोसाईपुर बाजार में बुधवार रात चोरों ने पांच गुमटियों में चोरी की। हजारों रुपये का सामान साफ कर दिया। जिस गुमटी में नकदी नहीं मिली उसे पलट दिया। दुकानदारों में जगदीश चौरसिया, विनोद चौरसिया, कल्लू चौरसिया, एक मौर्या गुमटी संचालक और फूल-माला बेचने वाले माली शामिल हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। सीसी कैमरों की जांच में आधा दर्जन संदिग्ध युवक दो मोटरसाइकिल पर रात में दिखाई पड़े। फुटेज में कुछ युवक गुमटियों के पास रुकते और फिर तेजी से निकलते नजर आ रहे हैं। थाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि पीड़ितों की तहरीर पर जांच की जा रही है।
युवक ने फंदा लगाकर दी जान
सरायमोहना चौकी के हरिशंकर नगर कॉलोनी में बृहस्पतिवार दोपहर आकाश कश्यप (18) ने साड़ी का फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस ने जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजनों के अनुसार, आकाश टाइल्स लगाने का काम करता था। मां दूसरों के घरों में झाड़ू पोछा के साथ खाना बनाती है। छत से जब मां नीचे आई और उसके कमरे का दरवाजा खटखटाया तो कोई जवाब नहीं मिला। शक होने पर दरवाजा तोड़ कर अंदर देखा तो बेटा फंदे से लटका था। लोगों की मदद से फंदे से नीचे उतारकर उसे जिला अस्पताल ले गए। जांच के बाद चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पिता संजय कश्यप धानपुर में दाना भूजने का काम करते हैं। सारनाथ थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि परिवार मूलरूप से धानापुर चंदौली का निवासी है।
ढाबा पर खाने को लेकर हंगामा, पुलिस ने किया चालान
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के खजुरी पुलिस चौकी के पास एक ढाबे पर बुधवार देर रात कार से पहुंचे कुछ युवक खाना खराब होने की बात कहकर ढाबा मालिक से बहस करने लगे। एक युवक ने भोजन भरा प्लेट फेंक दिया। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि मामले को देखते हुए शिव सिंह, रवि, आलोक और विपिन का शांति भंग में चालान किया गया।
जुआ खेलने के आरोप में पांच गिरफ्तार
चितईपुर पुलिस ने विवेकानंद कॉलोनी में छापा मारकर पांच जुआरियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से ताश के पत्ते और 4510 रुपये मिले। आरोपियों की पहचान सुरेश सोनकर, रमेश कुमार, महेश पटेल, राकेश कुमार, शिवकुमार पटेल के रूप में हुई। प्रभारी निरीक्षक चितईपुर राकेश कुमार गौतम ने बताया कि सभी से पूछताछ की जा रही है।
घर के बाहर से ट्रैक्टर चोरी
गणेशपुर गांव में घर के बाहर सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर को अज्ञात चोर देर रात करीब 1.30 बजे चोरी कर ले गए। पीड़ित सुदर्शन यादव ने शिवपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। थाना प्रभारी वीरेंद्र सोनकर ने बताया कि सीसी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
प्राणघातक हमला करने वाले पर प्राथमिकी दर्ज
भेलूपुर थाना क्षेत्र के सुदामापुर निवासी ने मारपीट के मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई। तहरीर में पीड़ित ने बताया कि बुधवार को शंकराचार्य कॉलोनी बैजनत्था के लिए जा रहा था। शंकुलधारा निवासी अखिल उपाध्याय ने रास्ते में रोककर मारपीट की। धारदार हथियार से सीने गर्दन और चेहरे पर वार किया। थाना प्रभारी सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पीड़ित की मां की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
निर्माणाधीन मकान में चोरी करने वाले दो गिरफ्तार
चितईपुर पुलिस ने निर्माणाधीन मकान में चोरी करने वाले दो आरोपी संजय गुप्ता निवासी मच्छरहट्टा रामनगर और विष्णु कुमार चौबे निवासी अहिरान बस्ती गोलाघाट रामनगर को पुलिस ने करौंदी नारिया मार्ग पर विद्युत उपखंड कार्यालय के पास से गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी राकेश कुमार गौतम ने बताया आरोपियों ने निर्माणाधीन मकान से बिजली वायरिंग के तार बोर्ड सहित अन्य उपकरण उठा लिए थे। दोनों के पास से चोरी के उपकरण मिले।
20 लीटर अवैध कच्ची शराब के साथ महिला गिरफ्तार
परानापुर कंजड़ बस्ती में आबकारी व पुलिस की संयुक्त टीम ने बृहस्पतिवार को छापा मारा। एक महिला को 20 लीटर अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान पांच क्विंटल लहन नष्ट किया। थाना प्रभारी इंद्रेश कुमार ने बताया कि आरोपी महिला के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
डॉ़ भीमराव अंबेडकर की फोटो फाड़ने पर हंगामा
चौबेपुर क्षेत्र के कादीपुर खुर्द गांव में टोल पर लगे डॉ़ भीमराव अंबेडकर, संत रविदास की फोटो फाड़ने को लेकर बस्ती के लोगों ने हंगामा किया। पुलिस ने आक्रोशित लोगों को शांत कराया। थाना प्रभारी इंद्रेश कुमार ने बताया कि फ्रेम में लगी फोटो फट गई थी। नई फोटो लगवा दी गई है।
अज्ञात वाहन की टक्कर से बुजुर्ग भाई बहन घायल
चौबेपुर थाना क्षेत्र के वाराणसी गाजीपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर उमरहां बाजार के सामने बृहस्पतिवार को सड़क दुर्घटना में रामभूवन तिवारी और उनकी बड़ी बहन राजदेई देवी (72) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी, जिसके बाद चालक वाहन लेकर मौके से भाग निकला। राजदेई देवी अपने मायके झाझूपुर में भाभी के तेरहवीं में शामिल होने गई थीं। टे भाई रामभूवन तिवारी उन्हें ससुराल उमरहां छोड़ने जा रहे थे। थाना प्रभारी इंद्रेश कुमार ने बताया कि दोनों घायलों का इलाज दीनदयाल अस्पताल में चल रहा है। अज्ञात वाहन के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
अराजकतत्वों ने दो गुमटियों में लगाई आग
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के शिवरामपुर चट्टी पर बुधवार देर रात शरारती तत्वों ने मिठाई व नाश्ते की दुकान में आग लगा दी, जिससे हजारों का सामान जलकर राख हो गया। अवधेश पाल की दुकान शिवरामपुर चट्टी पर है। आरोप है कि देर रात शरारती तत्वों ने दुकान में आग लगा दी। दो गुमटी, दो काउंटर, अंदर रखी मिठाई, नाश्ते का सामान, तेल, रिफाइन, घी, व इलेक्ट्रॉनिक तराजू, टीन सेट सहित हजारों रुपये जल गए। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि सीसी कैमरा की जांच कर शिनाख्त की जा रही है।
अवैध संबंध का आरोप लगाकर पति ने पत्नी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई
गैर मर्द के साथ घर में बहू को देख सास ने जानकारी मुंबई में काम कर रहे बेटे को दी। मुंबई से लौटकर आए बेटे ने पत्नी के खिलाफ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस को तहरीर में पति ने बताया कि वह मुंबई में काम करता है। मां ने फोन कर बताया कि पत्नी और साली ने दो व्यक्तियों को घर में बुलाया है। जब पत्नी को फोन कर मामले की जानकारी ली तो हत्या करवाने की धमकी देने लगी। थाना प्रभारी मिर्जामुराद प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
हाईकोर्ट के आदेश पर फर्जी बीमा गिरोह की संपत्ति सीलिंग पर रोक
फर्जी बीमा पॉलिसियों के जरिये करोड़ों रुपये का क्लेम हड़पने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के खिलाफ वाराणसी में प्रशासनिक कार्रवाई तेज हो गई थी। कैंट थाना क्षेत्र के फुलवरिया और डिफेंस कॉलोनी में राजस्व विभाग व पुलिस की संयुक्त टीम कुर्की की कार्रवाई के लिए पहुंची। यह कार्रवाई जिलाधिकारी के आदेश पर की जा रही थी। इसी दौरान मुख्य सरगना ओंकारेश्वर मिश्रा करन की बहन सुमन मिश्रा के नाम बताए जा रहे मकान को सील किया गया, जिस पर उन्होंने न्यायालय की शरण ली। 17 फरवरी 2026 को हुई सुनवाई में उच्च न्यायालय ने सीलिंग पर स्थगन आदेश देते हुए मकान खोलने और प्रशासन से जवाब दाखिल करने को कहा। संभल में दर्ज मुकदमों में अब तक 68 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं, जिनमें 25 पर गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई स्वीकृत है।
दहेज उत्पीड़न के मामले में प्राथमिकी दर्ज
लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न, मारपीट और मानसिक प्रताड़ना के आरोप में पुलिस ने पति सहित ससुराल पक्ष के चार लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की। पीड़िता शुभांगी मिश्रा ने तहरीर में बताया कि 26 मई 2021 को अंकित पांडेय निवासी चौकाघाट पांडेयपुर से शादी हुई। 16 लाख रुपये खर्च किए गए। आरोप है कि विवाह के बाद अंकित समेत ससुराल वाले अतिरिक्त 10 लाख रुपये और कार की मांग करने लगे। थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
50 मॉडिफाइड साइलेंसर लगे वाहनों पर कार्रवाई, 44 का चालान, छह सीज
दोपहिया वाहनों में लगे मॉडिफाइड साइलेंसर और अत्यधिक ध्वनि उत्पन्न करने वाले उपकरणों और नंबर प्लेट मिटाकर चलने वालों के खिलाफ पुलिस ने बृहस्पतिवार को अभियान चलाया। 50 मॉडिफाइड साइलेंसर लगे वाहनों पर कार्रवाई, 44 का चालान, छह सीज किए गए। चेतगंज पुलिस ने छह दुकानों पर छापा मारी 10 मॉडिफाइड साइलेंसर जब्त किए। साथ ही एक वाहन को सीज किया।
दुकानदारों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई। कैंट पुलिस ने एक दुकान की जांच के दौरान नौ मॉडिफाइड साइलेंसर बरामद किए। एक वाहन को सीज कर विक्रेता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। पूरे अभियान के 50 मॉडिफाइड साइलेंसर युक्त वाहनों पर कार्रवाई की गई। इनमें 44 वाहनों का चालान किया गया, जबकि छह वाहनों को सीज किया गया। 1,03,500 रुपये का शमन शुल्क लिया गया। बिना नंबर प्लेट, 264 वाहनों का चालान और 15 वाहनों को सीज किया गया। 83,4,700 रुपये का शमन शुल्क वसूला गया।
फर्रुखाबाद की घटना पर बनारस के व्यापारियों ने जताया विरोध
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने फर्रुखाबाद में पुलिस की तरफ से व्यापारियों के उत्पीड़न के खिलाफ नाराजगी जताई है। चोलापुर बाजार में प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल सेठ की अध्यक्षता में हुई बैठक में फर्रुखाबाद के मऊ दरवाजा थाना क्षेत्र के बजाया चौकी के प्रकरण पर चर्चा की गई। व्यापारियों का आरोप है कि वहां के चौकी इंचार्ज की ओर से दुकानदारों को झूठे मुकदमों का डर दिखाकर धन उगाही की जा रही है, जो पूरी तरह से दमनकारी नीति है। विरोध में जब प्रदेश उपाध्यक्ष अंकुर श्रीवास्तव के नेतृत्व में व्यापारियों ने शांतिपूर्ण मशाल जुलूस निकाला तो पुलिस ने न्याय के बजाय उल्टा व्यापारियों पर ही मुकदमा दर्ज कर दिया। व्यापारियों ने पुलिस की इस कार्यप्रणाली को ''रक्षक ही भक्षक'' बनने जैसा करार दिया। व्यापारियों की मांग है कि इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। बैठक में जिलाध्यक्ष रामकृष्ण श्रीवास्तव मौजूद रहे।