Varanasi News in Hindi: काशी इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (केआईटी) परिसर के मुख्य गेट पर सोमवार को बीटेक, बीबीए, बीसीए व एमबीए प्रथम वर्ष के छात्रों ने प्रदर्शन किया। ऑटोनॉमस के नाम पर फीस वृद्धि, परीक्षा प्रणाली और हॉस्टल की अव्यवस्था को लेकर विरोध जताया गया। छात्र कॉलेज गेट पर धरने पर बैठ गए और कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
छात्रों का आरोप है कि प्रवेश के समय संस्थान ने स्वयं को ऑटोनॉमस कॉलेज बताते हुए अधिक फीस लेकर एडमिशन कराया था, लेकिन अब परीक्षा नजदीक आने पर बताया जा रहा है कि परीक्षाएं डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय के अंतर्गत कराई जाएंगी और परीक्षा केंद्र भी कॉलेज के बाहर है। अभी तक कोर्स और प्रैक्टिकल पूरी तरह से नहीं कराए गए हैं। कॉलेज प्रशासन छोटी-छोटी बातों पर जुर्माना लगाता है, यहां तक कि देर से आने पर भी फाइन वसूला जाता है। छात्रों ने हॉस्टल व्यवस्था को लेकर भी नाराजगी जाहिर की।
कॉलेज प्रबंधन ने सोमवार को सभी कक्षाएं रद्द कर 18 दिसंबर तक परिसर में छुट्टी घोषित कर दी। हालांकि छात्रों का आरोप है कि छुट्टी को लेकर कोई लिखित आदेश नहीं दिखाया गया और उनकी आवाज दबाने के लिए मनमाने तरीके से कॉलेज बंद किया गया। छात्राओं ने मेस बंद करने की शिकायत की। सूचना पर एडीसीपी, एसडीएम राजातालाब, एसीपी राजातालाब सहित मिर्जामुराद पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। पुलिस ने बताया कि छात्रों से बातचीत की जा रही है।
फंदे से लटक हॉकर ने दी जान
सिगरा थाना क्षेत्र के निराला नगर में अबोध पासवान (35) ने कमरे में पंखे की कुंडी में चादर के सहारे फंदे से लटककर जान दे दी। सोमवार सुबह पहुंची सिगरा पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने छानबीन की। वह हॉकर का काम करता था। सिगरा पुलिस ने शव को संरक्षण में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बिहार के बेगूसराय निवासी अबोध पासवान निराला नगर के लेन नंबर दस में किराये के कमरे में रहता था। रविवार शाम रोज की तरह अपने कमरे में गया। सुबह देर तक सोने पर आसपास के किरायेदार उसे उठाने पहुंचे तो शव लटका मिला। सिगरा इंस्पेक्टर संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत ही असल वजह स्पष्ट हो सकेगी।
सड़क पर दो बाइकों की भिड़ंत, दो घायल
बड़ागांव थाना क्षेत्र के आरटीओ कट के पास सोमवार शाम 7.30 बजे दो बाइकों में टक्कर हो गई। दुर्घटना में दोनों बाइक सवार विशाल सिंह निवासी नथईपुर फूलपुर और बड़ागांव अहरक निवासी अरविंद पटेल घायल हुए। थाना प्रभारी अजय कुमार मिश्रा ने बताया की दोनों को परिजनों की मौजूदगी में इलाज के लिए भेजा गया।
दानपेटी से 50 हजार की चोरी
भेलूपुर थाना क्षेत्र के दुर्गाकुंड में श्री कौड़ी माता मंदिर परिसर में चोरी हुई। हनुमान प्रतिमा के पास रखे दानपात्र को तोड़कर चोर 60 हजार रुपये ले गए। महंत मनीष तिवारी ने भेलूपुर थाने में तहरीर दी। बताया कि मंदिर में लगे सीसी कैमरे में चोरी की वारदात कैद है। थाना प्रभारी सुधीर त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर मिली है। प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बैंक लोन फ्रॉड से जुड़े प्रकरण में धमकी और तोड़फोड़ की प्राथमिकी दर्ज
बैंक लोन फ्रॉड से संबंधित एक प्रकरण में थाना कैंट पुलिस ने सना नैयर और दामाद सद्दाम के खिलाफ जान से मारने की धमकी, तोड़फोड़ की प्राथमिकी दर्ज की। तहरीर में नदेसर निवासी नियाज अहमद ने आरोप लगाया कि एक भवन के संबंध में मृतक नेहाल नैयर ने केनरा बैंक बांसफाटक शाखा से फ्रॉड कर लोन लिया था।
लोन में भवन स्वामी अतहर जलील (अमेरिकन नागरिक) की मृतक मां सफिया जलील (अमेरिकन नागरिक) को उनकी मृत्यु के लगभग 11 माह बाद जिंदा दर्शाते हुए और भारतीय नागरिक बताकर गारंटर बनाया गया। इस मामले में पूर्व में प्राथमिकी दर्ज है। भवन स्वामी अतहर जलील ने भवन और संबंधित मुकदमों की देख-रेख के लिए पावर ऑफ अटॉर्नी दी गई है। इसी मामले को लेकर आरोपी भवन पर आए, मारपीट की और वाहन क्षतिग्रस्त किया। कैंट थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
गलत दिशा में मिले पांच वाहन सीज
कैंट पुलिस ने सोमवार को गलत दिशा में चल रहे वाहनों और सड़कों पर अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया गया। कैंट पुलिस ने 5 वाहनों को सीज किया। 35 वाहनों का चालान किया गया और 96,500 रुपये का ऑनलाइन समन शुल्क वसूला गया। शराब की दुकानों के आसपास नए उम्र के लड़कों और गाड़ियों की चेकिंग की गई। थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि अभियान आगे भी जारी रहेगा।
बूंदी परकोटा और गोला घाट पर गंगा में मिले मृत जानवर
मणिकर्णिका से राजघाट के बीच गंदगी और मृत जानवरों के मिलने का सिलसिला नहीं थम रहा है। सोमवार को बूंदी परकोटा और गोला घाट पर चार जानवरों के अवशेष पड़े थे। गंदगी और बदबू के कारण घाट किनारे खड़ा होना भी मुश्किल हो रहा था। लोगों ने बताया कि 48 घंटे का समय हो चुका है, लेकिन किसी ने इसे हटाने की जहमत नहीं उठाई। सड़न और बदबू के कारण घाट के किनारे से गुजरना भी मुहाल हो गया है।
शिवम अग्रहरि ने बताया कि गोला घाट पर समस्या डेढ़ महीने से बनी हुई है। हर दूसरे और तीसरे दिन किसी न किसी जानवर का शव उतराया मिलता है। सूचना देने के बाद भी जानवरों के शवों का निस्तारण नहीं होता है। यही हाल गोला घाट का भी था और वहां भी गंगा में एक जानवर का शव उतराया था। मल्लाहों ने बताया कि कुत्तों की संख्या अधिक है। नगर निगम के हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत की जाती है, लेकिन समाधान नहीं होता है। देव दीपावली के बाद तो स्थिति और भी ज्यादा खराब हो गई है।
दहेज उत्पीड़न में पति और जेठ पर प्राथमिकी दर्ज
रोहनिया थाना क्षेत्र के अखरी गांव निवासी महिला ने पति समेत ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट समेत अन्य मामलों में प्राथमिकी दर्ज कराई। पीड़िता चांदनी राय की 25 फरवरी 2024 में रामरायपुर लोहता निवासी रविंदर राय के साथ हुई। रविंदर रेलवे विभाग में सिविल इंजीनियर है। आरोप है कि शादी में आठ लाख नकद और आभूषण समेत घर का सामान ससुराल वालों को दिया गया। बावजूद दहेज के लिए पति प्रताड़ित करता है। उसका साथ जेठ अरविंद राय भी देते हैं। थाना प्रभारी राजू सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर प्रकरण की जांच की जा रही है।
मूर्ति स्थापित करने के लिए महंत ने ग्रामीणों के साथ किया प्रदर्शन
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के बिहड़ा गांव में परमहंस आश्रम में स्थापित हनुमान जी की मूर्ति को उखाड़ने के मामले में सोमवार को महंत बागीदास ग्रामीणों के साथ थाने पहुंचे। महंत ने मांग की कि मूर्ति को उसी स्थान और उसी अवस्था में स्थापित कराया जाए, जिस हाल में पहले प्राण-प्रतिष्ठा की गई थी।
आरोप है कि गांव निवासी सोनू उर्फ डेविड ने मूर्ति को उखाड़कर अन्य स्थान पर रख दिया था। ग्रामीण रामशरण पटेल की तहरीर पर तीन दिन पहले प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस ने आरोपी को शांतिभंग में हिरासत में लेकर राजातालाब एसडीएम कोर्ट में पेश किया। सोमवार को महंत बागीदास के नेतृत्व में ग्रामीणों ने थाने पहुंचकर प्रदर्शन किया। थाना प्रभारी के आश्वासन पर प्रदर्शन समाप्त हुआ और सभी लौट गए। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि कार्रवाई की जा रही है।
बिजली कर्मियों का 383वें दिन विरोध जारी
निजीकरण के विरोध में आंदोलन के 383वें दिन बिजली कर्मियों ने कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि आगे परमाणु ऊर्जा संशोधन बिल का भी विरोध होगा। वहीं, 18 मार्च को दिल्ली में विशाल रैली निकाली जाएगी। विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति यूपी के बैनर तले निजीकरण का विरोध जारी है। कर्मियों ने बनारस सहित आठ मंडलों के लगभग 1200 संविदाकर्मियों की छंटनी से योजना ओटीएस में बेहतर काम न हो पाने का आरोप लगाया।
मैजिक वाहन के धक्के से युवक की हालत गंभीर
चोलापुर थाना क्षेत्र के उदयपुर बाजार में वाराणसी-आजमगढ़ मार्ग पर सोमवार देर शाम मैजिक के धक्के से नीरज अग्रहरि (25) गंभीर रूप से घायल हो गया। लोगों की मदद से उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। भीड़ ने वाहन समेत चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। थाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि चालक के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
अनियंत्रित ऑटो पलटा, दो घायल
चोलापुर थाना क्षेत्र के गोला गांव के पास वाराणसी‑आजमगढ़ फोरलेन पर सोमवार देर शाम ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। ऑटो चालक रिंकू कश्यप और धरसौना निवासी सुक्खु राम घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया।
तीन किलो के साथ युवक गिरफ्तार
रोहनिया थाना क्षेत्र के मिल्कीचक ओवरब्रिज के पास मोहनसराय में गश्त के दौरान चौकी प्रभारी अमर बहादुर सिंह ने एक युवक को तीन किलो गांजे के साथ पकड़ा। युवक की पहचान विक्रांत मिश्रा उर्फ विक्की निवासी नटिनियादाई चांदमारी के रूप में हुई। थाना प्रभारी राजू सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है।
अतिक्रमण करने वाले तीन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
दशाश्वमेघ थाना क्षेत्र के कोदई चौकी में अतिक्रमण के खिलाफ चले अभियान के तहत सोमवार को तीन दुकानदारों पर प्राथमिकी दर्ज की गई। थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि अतिक्रमण करने वाले विशाल गुप्ता, दिनेश केशरी और हेमंत कुमार के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
जमीन के विवाद में युवक की पिटाई
बाल किशुनपुर उदयपुर निवासी आकाश सिंह ने चोलापुर थाने में मारपीट के आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। आरोप है कि रविवार को वह घर पर निर्माण करवा रहा था। पड़ोसी राजनाथ, सुरेंद्र पटेल व महेंद्र पटेल ने गालीगलौज की और विरोध करने पर पीटा। थाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि पीड़ित का मेडिकल कराया गया। साथ ही प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
दहेज हत्या के आरोपी पति और ससुर गिरफ्तार
कपसेठी पुलिस ने भीषमपुर गेट के पास से सोमवार को दहेज हत्या में वांछित आरोपी पति और ससुर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। दिलावलपुर गांव निवासी रीना राजभर की मौत के मामले में मायके पक्ष ने पति रंजीत कुमार और ससुर राजेंद्र प्रसाद समेत अन्य लोगों के खिलाफ दहेज हत्या में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
मारपीट और धमकी देने के मामले में प्राथमिकी दर्ज
लंका थाना क्षेत्र के सीर गोवर्धनपुर निवासी सत्यम पांडेय की शिकायत पर लंका पुलिस ने मारपीट के मामले में राकेश यादव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। सत्यम का आरोप है कि रविवार रात नौ बजे दुकान पर सामान खरीदने आया था। लौटते समय पुरानी बात को लेकर राकेश यादव ने पिटाई की। थाना प्रभारी लंका राजकुमार शर्मा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
निगम ने जब्त की मछली, 5 हजार का वसूला जुर्माना
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के कड़े निर्देश के तहत श्री जैन तीर्थकर भगवान पार्श्वनाथ के जन्मदिन पर शहर में मीट, मुर्गा और मछली की दुकानों को बंद रखने का आदेश दिया गया था। सोमवार को पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ. संतोष पाल के नेतृत्व में निगम की टीम ने नदेसर, नई सड़क, बेनियाबाग, जगतगंज, चौकाघाट और हुकुलगंज के इलाकों का निरीक्षण किया। चौकाघाट मछली मार्केट में 6 दुकानें खुली गईं। जो बंदी के आदेश का सीधा उल्लंघन था। टीम ने तत्काल कार्रवाई कर दुकानों से मछली जब्त की। दुकानदारों से पांच हजार का जुर्माना भी वसूला।
ईंट-पत्थर चलाने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
चितईपुर थाना क्षेत्र के हैदराबाद इलाके में काव्यांजलि स्वीट्स पर 13 दिसंबर को मारपीट और पथराव करने के मामले में पीड़ित शिवम शर्मा की तहरीर पर राहुल पाठक और 15 अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज की गई। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों की तलास की जा रही है।
पिता-पुत्र से मारपीट के आरोप में प्राथमिकी दर्ज
चिरईगांव नेवादा चौबेपुर निवासी परिपूर्णनाद तिवारी ने मारपीट के मामले में भेलूपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। परिपूर्णनाद ने बताया कि वह किरहिया में दुकान चलाते हैं। 13 दिसंबर की रात नौ बजे बेटे विनीत कुमार तिवारी के साथ घर के लिए निकले। आरोप है कि किरहिया चौराहे पर गोलू सोनकर और मोनू राजभर समेत कुछ अन्य लोगों ने घेरकर पीटा। दोनों को गंभीर चोट आई है। पुत्र को चेहरे सहित शरीर के अन्य अंग में गंभीर चोटें आई हैं। थाना प्रभारी सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
रंजिश में अराजकतत्वों ने गुमटी में लगा दी आग
आशापुर बाजार में रविवार रात अराजकतत्वों ने गुमटी में आग लगा दी। आग से काफी नुकसान हुआ। पीड़ित ने सारनाथ थाने में नामजद तहरीर दी। आशापुर निवासी राधेश्याम यादव ने पुलिस को तहरीर में बताया कि आशापुर में गुमटी है और पान-गुटखे की बिक्री करते हैं। रविवार रात रंजिश में अराजकतत्वों ने गुमटी में आग लगा दी। पान गुटखा,बिस्कुट, फ्रिज और 12 सौ रुपये जल गए। थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच कर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
सड़क जाम कर धरना देने वाले सात लोगों पर प्राथमिकी दर्ज
भेलूपुर थाना क्षेत्र के खोजवा किरहिया चौराहे पर रविवार रात सड़क जाम कर धरना, प्रदर्शन करने के मामले में सात नामजद सहित अज्ञात लोगों पर चौकी प्रभारी खोजवा की तहरीर पर भेलूपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक संदीप सिंह चेकिंग, अतिक्रमण और बेतरतीब खड़े वाहनों को हटवाने का अभियान चला रहे थे। आकाश और विकास सोनकर की चाय की दुकान के सामने सड़क पर खड़ी गाड़ी हटाने को कहा।
आरोप है कि इस पर आकाश, विकास, भोला, कंचन सोनकर, शिवकुमार, शीतल सोनकर और गोपाल ने गालीगलौज व धक्का-मुक्की शुरू कर दी। इसके बाद धरने पर बैठकर आरोपियों ने सड़क को पूरी तरह जाम कर दिया, जिससे आवागमन बाधित हो गया। थाना प्रभारी सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पशु तस्करी के तीन आरोपी गिरफ्तार, पिकअप से 4 मवेशी मिले
पशु तस्करी के तीन आरोपियों अभिषेक यादव, विजय यादव उर्फ टिल्लू और मोहम्मद अफरोज शाह को लंका पुलिस ने रविवार रात लौटूवीर अंडरपास के आगे से गिरफ्तार किया। पिकअप मालवाहक से चार मवेशी भी मिले। वाहन को पास कराने के आरोप में स्कार्पियो को भी सीज किया गया है। लंका इंस्पेक्टर राजकुमार शर्मा ने बताया कि आरोपियों में चंदौली के मुगलसराय के छिमिया निवासी विजय यादव उर्फ टिल्लू, रोहनिया के मिसिरपुर निवासी अभिषेक यादव और रामनगर के सुल्तानपुर निवासी मोहम्मद अफरोज खान हैं।
पूछताछ में विजय यादव और मोहम्मद अफरोज ने पुलिस को बताया कि वह पशुओं को लेकर बिहार जा रहे थे। पुलिस से बचने के लिए रेकी करते हुए स्कॉर्पियो से अभिषेक यादव चल रहा था। बिहार बॉर्डर पर मवेशियों को पहुंचाने के लिए अच्छे पैसे मिल जाते हैं। आरोपियों के खिलाफ मिर्जापुर और वाराणसी में छह केस दर्ज हैं। विभिन्न क्षेत्रों में घुमंतू संरक्षित मवेशियों को इकट्ठा करते हैं और वाहन से बिहार भेजते हैं।
बीएचयू कैंपस में जाती छात्राएं।
- फोटो : अमर उजाला
बीएचयू में हिंदी पंचांग अभिनव व्रतादि पंजिका का लाेकार्पण
बीएचयू में सनातन धर्मोपयोगी व्रत पर्वादि के निर्धारण के लिए शास्त्र सम्मत हिंदी पंचांग अभिनव व्रतादि पंजिक का लोकार्पण किया गया। यह पंचांग का नौवां अंक है जिसे विश्वविद्यालय के ज्योतिष विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष प्रो. विनय पांडेय के मार्गदर्शन में तैयार किया गया है। प्रो. विनय पांडेय ने कहा कि व्रत-पर्व-उत्सव सहित सभी धार्मिक कृत्य पंचांग से ही संचालित और निर्धारित होते हैं।
वर्तमान में पंचांगों में एकरूपता न होने से व्रतों और पर्व में कई अंतर दिखाई दे रहे थे। ऐसे में यह पंजिका आमजन के लिए उपयोगी होगी। पंजिका के संपादक आचार्य संजय कुमार पांडेय ने बताया कि पंचांग को सरल रूप में जनता तक पहुंचाया जा रहा है। इसमें तिथि, नक्षत्र, योग, करण, मुहूर्त आदि को सरल ढंग से बताया गया है। इस दौरान काशी विद्वत परिषद के महामंत्री प्रो. रामनारायण द्विवेदी, प्रो. सुभाष पांडेय, डॉ. रामेश्वर शर्मा, डॉ. धीरज मिश्र, डॉ. अधोक्षज पांडेय, अमित मिश्रा और सह संपादक आचार्य अभिनव शंकर आदि मौजूद रहे।
सीआईसीटी का स्टॉल बना तमिल भाषा, संस्कृति का सेतु
काशी तमिल संगमम के अंतर्गत केंद्रीय शास्त्रीय भाषा संस्थान (सीआईसीटी) का स्टॉल तमिल भाषा, साहित्य और संस्कृति को समझने का एक महत्वपूर्ण केंद्र बना हुआ है। स्टॉल का उद्देश्य तमिल करकलाम (आओ तमिल सीखें) पहल के माध्यम से तमिल शास्त्रीय भाषा को सरल, सुलभ और बहुभाषी स्वरूप में प्रस्तुत करना है।
सीआईसीटी द्वारा तमिल शास्त्रीय ग्रंथों का हिंदी अनुवाद कर समस्त पुस्तकें स्टॉल पर उपलब्ध कराई गई हैं। इसके साथ ही यहां हिंदी, तमिल, अंग्रेजी, थाई सहित कई अन्य भाषाओं में भी पुस्तकें प्रदर्शित की गई हैं, जिससे काशी और तमिलनाडु से आए प्रतिनिधि तमिल साहित्य को सहजता से समझ सकें। स्टॉल पर विशेष रूप से तिरुक्कुरल ग्रंथ उपलब्ध है, जो लगभग 300 वर्ष पुराना माना जाता है और तमिल साहित्य की अमूल्य धरोहर है।
बीएचयू में जनजातीय उत्पादों की लगी प्रदर्शनी
बीएचयू के मधुबन लॉन में सोमवार को काशी के उत्पादों की ट्राइफेड की प्रदर्शनी लगाई गई। कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने इसका उद्घाटन किया। यहां पर बनारसी वस्त्र, चंदेरी साड़ी, लकड़ी के हस्तशिल्प, रेशम व ऊनी वस्त्र, वन और कृषि उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई। ये 23 दिसंबर तक चलेगी। इसे जनजातीय कार्य मंत्रालय के भारतीय जनजातीय सहकारी विपणन विकास परिसंघ (ट्राईफेड) की ओर से लगाया गया है। इसमें कई राज्यों से 40 से ज्यादा जनजातीय कारीगर पहुंचे थे। 17 से 30 दिसंबर तक भारत कला भवन और ट्राइब्स इंडिया के संग्रह कृति नाम की संयुक्त प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
दक्षिण भारत तक पहुंचा काशी की बेकरी का स्वाद
काशी–तमिल संगमम-4 के भव्य आयोजन में काशी की संस्कृति के साथ-साथ यहां के पारंपरिक स्वाद भी लोगों को खूब लुभा रहा है। इसी कड़ी में वाराणसी बेकरी ने खास पहचान बना ली है। नमो घाट पर आने वाले दक्षिण भारतीय श्रद्धालुओं को बेकरी का स्वाद लुभा रहा है। स्थानीय उद्यमी प्रदीप कुमार के स्टॉल पर लोगों की लगातार भीड़ लग रही है।खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय के सहयोग से लगाए गए स्टॉल पर 15 तरह के बेकरी उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं। इन उत्पादों में खास तौर पर वाराणसी की मशहूर खारी और क्रीम रोल की मांग सबसे अधिक है। दक्षिण भारतीय मेहमानों ने न केवल इन उत्पादों की सराहना की है, बल्कि बड़ी संख्या में ऑर्डर भी दिए हैं।
आध्यात्मिक ऊर्जा का सोत है ब्रह्माकुमारीज साधना केंद्र
ब्रह्माकुमारीज चितईपुर सेवाकेंद्र का द्वितीय वार्षिकोत्सव मनाया गया। मुख्य अतिथि आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु ने कहा कि हमारे लिए गौरव की बात है कि विश्व भर में फैले हुए ब्रह्माकुमारीज का उद्गम स्थल भारत और उसमें भी काशी ही है। ब्रह्माकुमारीज के साधना केंद्र में आने पर एक अलग आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव होता है।
विशिष्ट अतिथि मेयर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि ब्रह्माकुमारीज परिवार के बीच आकर एक अलग अपनत्व का आभास होता है। हमें ब्रह्माकुमारी बहनों के त्याग, तपस्या और सेवाभाव से प्रेरणा लेनी होगी। संस्था के क्षेत्रीय प्रबंधक दीपेंद्र ने कहा कि हमें अपने दिव्य कर्तव्यों से ही समाज और संसार परिवर्तन के निमित्त बनना होगा।
सरोज दीदी ने कहा कि मानव के आसुरी संस्कारों को परिवर्तन कर इस धरती पर स्वर्णिम युग की पुनर्स्थापना का परमात्म कार्य आप और हम सभी के सहयोग से ही संपन्न होना है। इस दौरान वंदना, पंकज, विभाष पाठक, अमित कुमार सिंह, आलोक कुमार सिंह ने शुभकामनाएं दीं। संचालन विपिन और धन्यवाद ज्ञापन ओएन उपाध्याय ने किया।
वॉलीबॉल में काशी विद्यापीठ की टीम उपविजेता
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ की टीम पूर्वी क्षेत्र अंतर विश्वविद्यालयीय वाॅलीबाॅल पुरुष वर्ग की प्रतियोगिता में उपविजेता बनी। बीआरए बिहार विश्वविद्यालय, मुजफ्फरपुर में आयोजित पांच दिवसीय प्रतियोगिता में काशी विद्यापीठ की टीम ने ललित नारायण मिथिला विवि, दरभंगा और मेजबान बीआरए बिहार विवि, मुजफ्फरपुर को पराजित कर जीत हासिल की। टीम के कोच डॉ. राधेश्याम राय, मैनेजर प्रो. संजय सिंह रहे। विद्यापीठ के कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी, क्रीड़ा परिषद उपाध्यक्ष प्रो. ब्रजेश सिंह, क्रीड़ा परिषद सचिव डॉ. उर्जस्विता सिंह, कुलानुशासक प्रो. केके सिंह, कुलसचिव डॉ. सुनीता पांडेय, परीक्षा नियंत्रक दीप्ति मिश्र, बीना, डॉ. अमरेंद्र सिंह ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी।
काशी पहुंचे शंकराचार्य, आज करेंगे घनपाठ ग्रंथ का लोकार्पण
ज्योतिष्पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती लखनऊ से सड़क मार्ग से काशी पहुंचे। वाराणसी आगमन पर संतों और काशीवासियों ने हरिश्चंद्र घाट मार्ग पर पुष्पवर्षा और जयघोष के साथ स्वागत व अभिनंदन किया। श्रीविद्यामठ पहुंचने पर वैदिक मंत्रोच्चार के मध्य अभय शंकर तिवारी ने सपत्नीक चरण पादुका का पूजन किया और भक्तों ने उनकी आरती उतारी। सोमवार को शंकराचार्य के आगमन से हर्षित वैदिक विद्यार्थियों ने श्रीविद्यामठ में दीप जलाए।
मीडिया प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि शुक्लयजुर्वेद माध्यंदिनी घनपाठ ग्रंथ का शंकराचार्य महाराज 16 दिसंबर को लोकार्पण करेंगे। यह ग्रंथ प्रथम बार प्रकाशित हुआ है। अब तक यह घनपाठ श्रुत परंपरा से मौखिक रूप में संरक्षित था। यह ग्रंथ वैदिक अध्ययन, शोधार्थियों एवं सनातन परंपरा से जुड़े विद्वानों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा। इस ग्रंथ के संपादक व शोधकर्ता डॉ. मणिकुमार झा हैं।
नितिन नबीन के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष, पंकज चौधरी के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बनने पर भाजपाइयों ने मनाई खुशी
नितिन नबीन के भाजपा के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पंकज चौधरी के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पद पर निर्वाचित होने पर भाजपाइयों ने शुभकामनाएं देते हुए उन्हें बधाई दी। क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल ने कहा कि भाजपा के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर अब तक के सबसे युवा नितिन नबीन की नियुक्ति एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पद पर पंकज चौधरी के निर्वाचन से जहां एक ओर संगठन को मजबूती मिलेगी, वहीं आगामी विधानसभा चुनावों में पार्टी को प्रचंड जीत मिलेगी। उन्होंने कहा कि कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दोनों ही युवा एवं ऊर्जावान हैं और जमीन से उठकर आगे आए हैं।
इसके अलावा काशी के सांसद एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय, राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह, भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष दिलीप पटेल, पूर्व विधान परिषद सदस्य डॉ. शिवनाथ यादव एवं पूर्व महापौर कौशलेन्द्र सिंह पटेल को भाजपा राष्ट्रीय परिषद का सदस्य बनाए जाने पर भाजपा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष एवं एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी नवरतन राठी, संतोष सोलापुरकर, जगदीश त्रिपाठी, संजय सोनकर, प्रवीण सिंह गौतम, सुरेश सिंह समेत अन्य मौजूद रहे।
नशा छोड़ने के लिए विद्यालय में चला जागरूकता कार्यक्रम
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड क्षेत्रीय कार्यालय प्रयागराज और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने वाराणसी पब्लिक स्कूल बंगालीपुर राजातालाब में नशा उन्मूलन और मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों पर जागरूकता कार्यक्रम चलाया। सीबीएसई की सहायक सचिव अंजू गर्ग और नारकोटिक्स के निरीक्षक रवि प्रकाश यादव ने विद्यार्थियों को नशीले पदार्थों के दुष्परिणाम, बचाव के उपाय और स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
अपना दल कमेरावादी ने सरदार पटेल को किया याद
अपना दल कमेरावादी के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने सोमवार को राजातालाब स्थित संपूर्णा लॉन में सरदार वल्लभ भाई पटेल का परिनिर्वाण दिवस मनाया। सरदार पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर मुख्य अतिथि किसान मंच के प्रदेश अध्यक्ष राजेश प्रधान ने कहा कि सरदार पटेल अपने अडिग निर्णय के लिए जाने जाते थे। प्रदेश महासचिव गगन प्रकाश यादव ने कहा कि महापुरुषों को भी राजनीतिक पार्टियां बांटने का काम कर रही हैं, जबकि ये महापुरुष राष्ट्र के हैं। इस अवसर पर योगीराज सिंह, उमेशचंद्र मौर्य, बलराम यादव, जितेंद्र मौर्य, प्रभु पटेल ने विचार रखे।
हनुमान घाट पर आध्यात्मिक समूह ने किया स्नान
काशी तमिल संगमम में तमिलनाडु से आया आध्यात्मिक दल सोमवार को हनुमान घाट पहुंचा। सभी ने गंगा में स्नान कर मां का पूजा पाठ करते हुए सुख समृद्धि का आशीर्वाद मांगा। गंगा स्नान के बाद समूह ने घाट पर स्थित प्राचीन मंदिरों में दर्शन-पूजन किया। सभी लोगों को मंदिरों के इतिहास दिव्यता,भव्यता और इतिहास के बारे में जानकारी दी गई।
स्नान के उपरांत तमिल डेलीगेट हनुमान घाट स्थित सुब्रमण्यम भारती के घर पहुंचा। उनके परिवार के सदस्यों से उन्होंने मुलाकात की। समूह के लोगों में काफी कुछ जानने की जिज्ञासा दिखी उन्होंने सुब्रमण्यम भारती के घर के समीप पुस्तकालय का भी भ्रमण किया और काफी कुछ वहां के बारे में जानकारी भी प्राप्त की। सुब्रमण्यम भारतीय के घर पर भ्रमण करने के उपरांत यह समूह कांची मठ पहुंचा और वहां के इतिहास के बारे में जाना।
तमिलनाडु से आए इस प्रतिनिधिमंडल का अलग ही अंदाज दिख रहा था। आध्यात्मिक ग्रुप अपने-अपने तरीके से काशी की व्याख्या कर रहा था। कोई अपने पूर्वजों को याद कर रहा था तो कोई संस्कृति को एक बताते हुए एक भारत श्रेष्ठ भारत की परिकल्पना को साकार कर रहा था। समूह में आई वीके रमन ने बताया कि हमने मंदिरों का भ्रमण किया यह देखकर आश्चर्यचकित हो गए कि काशी और तमिलनाडु में एक जैसी समानता है। यहां की संस्कृति हमारी संस्कृति एक है। इस तरह के आयोजन लगातार होने चाहिए ताकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक भारत श्रेष्ठ भारत के सपने को साकार किया जा सके।
आईयूसीटीई में सात दिवसीय कार्यक्रम का शुभारंभ
द डिजिटल पेडागॉजी एजुकेटर्स फॉर टुमॉरो विषय पर सात दिवसीय कार्यक्रम का शुभारंभ अंतर विश्वविद्यालय अध्यापक शिक्षा केंद्र (आईयूसीटीई) के वाराणसी परिसर में हुआ। बतौर मुख्य अतिथि बीएचयू के कुलपति प्रो. अजीत कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के इंडियन टेक्निकल एंड इकोनॉमिक कोऑपरेशन कार्यक्रम के तहत कराए जा रहे इस कार्यक्रम में 24 देशों के 40 शिक्षक शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि पेडागॉजी हजारों वर्षों से चली आ रही है और ज्ञान का हस्तांतरण तकनीक के बिना भी होता रहा है। विशिष्ट अतिथि केंद्रीय विवि, बड़ौदा गुजरात के पूर्व कुलपति, प्रो. आरएस दुबे ने कहा कि बीएचयू की स्थापना इस दृष्टि के साथ की गई थी कि भारतीय ज्ञान परंपरा और आधुनिक विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के समन्वय के माध्यम से शिक्षा प्रदान करेगा।
आईयूसीटीई वाराणसी के निदेशक प्रो. प्रेम नारायण सिंह ने कालिदास को उद्धृत करते हुए कहा कि कोई शिक्षक गहन ज्ञान से युक्त होता है, कोई उत्कृष्ट संप्रेषण कौशल से, किंतु जिस शिक्षक में दोनों गुण हों वही श्रेष्ठ शिक्षक होता है। दूसरे सत्र में आईयूसीटीई के डीन प्रो. आशीष श्रीवास्तव ने द ह्यूमन कैनवस : पोर्ट्रेट्स ऑफ लर्नर्स इन अ डिजिटल एज विषय पर विचार साझा किए। इस कार्यक्रम में श्रीलंका, बेलारूस, कंबोडिया, इक्वाडोर, घाना, कजाकिस्तान, केन्या, मोरक्को, मोजांबिक, म्यांमार, नामीबिया, नेपाल, रूस, रवांडा समेत 24 देशों के 40 शिक्षक प्रतिभाग कर रहे हैं।
आठवें वेतन आयोग से बाहर किए जाने के विरोध में पेंशनर्स ने दिया धरना
आठवें वेतन आयोग की अधिसूचना में वेतन/पेंशन पुनरीक्षण की परिधि से बाहर रखे जाने के विरोध में सोमवार को पेंशनर्स ने धरना दिया। उत्तर प्रदेश सेवा निवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर एसोसिएशन और शिक्षक समन्वय समिति के संयुक्त बैनर तले शास्त्री घाट पर प्रदर्शन करते हुए पेंशनर्स ने सरकार के फैसले को अन्यायपूर्ण बताया।
धरना स्थल पर वक्ताओं ने कहा कि 3 नवंबर 2025 को जारी आठवें वेतन आयोग की अधिसूचना में गैर अंशदायी पेंशनर का उल्लेख कर 1 जनवरी 2025 से पहले सेवानिवृत्त पेंशनरों को पेंशन संशोधन और पुनरीक्षण के लाभ से वंचित कर दिया गया है। इससे बुजुर्ग पेंशनर्स में नाराजगी है। पेंशनर नेताओं ने सुप्रीम कोर्ट के निर्णय का भी उल्लेख किया। कम्यूटेशन (नकदीकरण) राशि की कटौती का मुद्दा भी धरने में उठाया गया। पेंशनर्स ने कहा कि सरकार 10 वर्षों में ब्याज सहित कम्यूटेशन की राशि वसूल लेती है। इसके बावजूद 15 वर्षों तक कटौती जारी रखना अनुचित है।
आठवें वेतन आयोग की परिधि में शामिल करने और कम्यूटेशन राशि की कटौती 10 वर्ष बाद बंद करने की मांग के लिए सांसद और प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी व पुलिस आयुक्त के प्रतिनिधि को सौंपा। इस दौरान श्रीकांत पांडेय, राजेश पांडेय, मदन मोहन श्रीवास्तव मौजूद रहे। अध्यक्षता वीरेंद्र सिंह ने की, जबकि संचालन जिला मंत्री अशोक सिंह ने किया।
विधायक डॉ. अवधेश सिंह ने असहाय जरूरतमंदों को बांटे कंबल
सिंधौरा थाना क्षेत्र अंतर्गत के ग्रामसभा हीरामनपुर के प्राणनाथ इंटर कालेज परिसर में कड़ाके की ठंड को देखते हुए भाजपा विधायक डॉ. अवधेश सिंह ने असहाय जरूरतमंदों को कंबल बांटा। इस दौरान उपजिलाधिकारी पिंडरा प्रतिभा मिश्रा, नायाब तहसीलदार राधेश्याम यादव, जिलाउपाध्यक्ष पवन सिंह, सर्मेश सिंह, गोरख सिंह आदि मौजूद रहे।
ग्राम पंचायत सचिवों ने डोंगल जमा कर जताया विरोध
प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर ऑनलाइन हाजिरी, अन्य विभागों के समान कार्य और यात्रा भत्ता सहित विभिन्न मांगों को लेकर ग्राम पंचायत सचिवों ने सोमवार को विरोध प्रदर्शन किया। ग्राम पंचायत सचिवों ने एडीओ पंचायत कमलेश कुमार सिंह को अपना डोंगल जमा किया। ग्राम पंचायत सचिवों ने बताया कि आंदोलन की शुरुआत बाहों में काली पट्टी बांधकर धरना प्रदर्शन के साथ की गई थी। अधिकारियों ने मांगों की अनदेखी की।
आंदोलन के दूसरे चरण में डोंगल जमा कर भुगतान कार्य न करने का निर्णय लिया गया है। सचिवों ने मांगों के समर्थन में सामूहिक रूप से एडीओ पंचायत को पत्रक सौंपा। एडीओ पंचायत कमलेश कुमार सिंह ने बताया कि ग्राम पंचायत सचिवों ने सामूहिक रूप से ब्लॉक कार्यालय में डोंगल जमा कर पत्रक दिया है। इससे उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया जाएगा। इस दौरान शैलेंद्र कुमार सोनकर, सुजीत यादव, अजीत सिंह, कमलेश बहादुर गौड़, चांदनी सिंह, रमाशंकर, राजेश प्रसाद, रमेश उपस्थित रहे।
मोहनसराय से तीन ई बसें कैथी के लिए शुरू
मिर्जामुराद क्षेत्र के लोगों की मांग पर सोमवार से तीन ई-बसों का संचालन कैथी के लिए शुरू कर दिया गया। क्षेत्रीय लोगों की मांग थी कि यहां से कैथी के लिए सीधी बसें नहीं हैं। पूर्व में कुछ बसों का संचालन हो रहा था लेकिन बीच में बंद हो गया था। एक फिर बसों के संचालन से लोगों को आवागमन में आसानी होगी और समय की बचत भी। आरएम परशुराम पांडेय ने बताया कि यात्रियों की मांग पर बसों का संचालन शुरू कर दिया गया है।
88 की उम्र में पदक जीतने वाले श्रीनारायण खेमका सम्मानित
आरोग्य भारती काशी प्रांत एवं एनीमोटेल केयर ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को कबीरनगर कॉलोनी में स्वास्थ्य भूषण सम्मान समारोह का आयोजन हुआ। इसमें वरिष्ठ चार्टर्ड अकाउंटेंट एवं समाजसेवी श्रीनारायण खेमका (88) को स्वास्थ्य भूषण सम्मान मिला। उन्होंने 88 वर्ष की आयु में एशियन मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप में रजत और कांस्य पदक जीता था।
मुख्य अतिथि वाराणसी दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने वरिष्ठ नागरिकों के सामाजिक योगदान की सराहना की। आरोग्य भारती काशी प्रांत के अध्यक्ष डॉ. इंद्रनील बसु, सीए सुदेशना बसु ने विचार रखे। इस दौरान डॉ. उमेश शर्मा, डॉ. आरएन बनर्जी और अजीत कुमार को भी उनके सामाजिक कार्यों के लिए सम्मानित किया। धन्यवाद ज्ञापन सीए बृजेश जायसवाल, मंच संचालन डॉ. मनीष त्रिपाठी ने किया।
बनारस पहुंचे अभिनेता चिराग और पारूल
टीवी अभिनेता चिराग ठक्कर और अभिनेत्री पारुल चौहान आध्यात्मिक यात्रा पर बनारस पहुंचे। दो दिनों तक बनारस के घाट, गलियां और मंदिरों का भ्रमण करके उन्होंने यहां की ऊर्जा को महसूस किया। घाटों की आभा और गंगा आरती की भव्यता से दोनों अभिभूत नजर आए। लंका पर उन्होंने पहलवान लस्सी का स्वाद लिया। उन्होंने कहा कि हम दो दिन तक काशी में रहे और यहां घूमे। यह शहर अपने आप में अद्भुत है।
गंगा आरती में शामिल हुईं तिब्बत सरकार की कैबिनेट मंत्री
तिब्बत सरकार की कैबिनेट मंत्री डोलमा ग्यारी सोमवार को बनारस पहुंचीं। उन्होंने अस्सी घाट पर गंगा आरती देखी। गंगा आरती की भव्यता देखकर वह अभिभूत हो गईं। मां गंगा की आरती देख कर वह आस्था के समुद्र में डूब गईं। तीनों लोक से न्यारी काशी में दर्शन करने आईं डोलमा ग्यारी ने कहा कि काशी के सभी मंदिर दर्शन करने के बाद मैं यह कह सकती हूं कि काशी हिंदुओं का सबसे बड़ा तीर्थ है। जिसने काशी नहीं देखी उसने भारत को नहीं देखा।
मनुष्य के काल्पनिक जीवन को सार्थक करता है नाटक
मनुष्य के काल्पनिक जीवन को नाटक सार्थक करता है। ये वक्तव्य काशी विद्यापीठ में बीएचयू के प्रो. अरुण कुमार जैन ने विद्यार्थियों से कहीं। उन्होंने नाटक का महत्व बताते हुए कहा कि काल्पनिक जीवन को नाटक की चरितार्थ प्रदान करता है। नाट्य शैली एक शिक्षक के लिए वह माध्यम है जो विद्यार्थियों के अंदर संस्कार निर्माण की योग्यता विकसित कर उन्हें एक कुशल समाज निर्माता के रूप में निखारता है। संचालन डॉ. दिनेश कुमार व धन्यवाद ज्ञापन डॉ. ज्योत्सना राय ने किया। इस इस अवसर पर डॉ. वीणा वादिनी, शिखा राय आदि माैजूद रहे।
यादव समाज का भाजपा में सम्मानजनक और मजबूत प्रतिनिधित्व : मोहन यादव
सोमवार को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव लेढूपुर स्थित भाजपा नेता डॉ. अंकित यादव के प्रतिष्ठान पर पहुंचे। इससे पहले उन्होंने श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन पूजन किया। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व के सामने विपक्ष के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है।
उन्होंने कहा कि यादव समाज का भाजपा में सम्मानजनक और मजबूत प्रतिनिधित्व है। मैं मध्य प्रदेश का मुख्यमंत्री हूं और यादव समाज के पांच मंत्री भी हैं। वहीं, केंद्र सरकार में भी यादव समाज के पांच मंत्री शामिल हैं। इसके अलावा पार्टी संगठन में भी यादव समाज को उचित सम्मान और भागीदारी दी जा रही है। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा, डॉ. संतोष यादव, डॉ. विजय यादव, रंजीत सिंह, धनंजय यादव आदि मौजूद रहे।