फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Varanasi News Today: सड़क हादसे में एक की मौत, साड़ी की दुकान में लगी आग, पुलिस तक पहुंचे चोरी के कई मामले

Wed, 24 Dec 2025 02:21 PM IST
प्रगति चंद अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

Varanasi News: वाराणसी जिले में दो सड़क हादसे हुए। इस दौरान टक्कर के बाद गोवंश लदी पिकअप पलटने से तीन मवेशी मरे। वहीं दूसरे हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई। वहीं चोरी के कई मामले सामने आए। पढ़िए- वाराणसी की अन्य प्रमुख खबरें
विज्ञापन
Varanasi Top News - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

टक्कर के बाद गोवंश लदी पिकअप पलटी, तीन मवेशी मरे

विज्ञापन

चौबेपुर थाना क्षेत्र के बभनपूरा गांव के पास रिंग रोड पुल के पास सोमवार देर रात गोवंश लदी पिकअप और लकड़ी लदे वाहन की टक्कर हो गई। टक्कर के बाद पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। पिकअप में 6 गोवंश लदे थे, तीन दबकर मर गए। मंगलवार सुबह ग्रामीणों की नजर पड़ी तो प्रधान बसंत सिंह उर्फ मुन्ना को सूचना दी गई। प्रधान ने पशुधन विभाग के शैलेश सिंह को बुलाया। जीवित गोवंश का उपचार किया गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने गो तस्करी को लेकर पुलिस पर संरक्षण देने का आरोप लगाकर सड़क जाम कर दिया। ऐसे में आवागमन बाधित हो गया। सुबह दस बजे थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा पहुंचे और लोगों को समझाकर शांत कराया। साथ ही आरोपी पिकअप चालक की गिरफ्तारी की बात कही।  

खड़ी डंपर से डीसीएम टकराई, चालक की मौत
लोहता थाना क्षेत्र के लोहरापुर गांव के सामने रिंग रोड फेज-2 पर मंगलवार सुबह सड़क किनारे खड़े डंपर में डीसीएम टकरा गई। दुर्घटना में डीसीएम चालक रणवीर सिंह निवासी राजापुर, कन्नौज गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भिजवाया, जहां उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि डीसीएम का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और चालक वाहन में फंसकर गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजवाया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। थाना प्रभारी राजबहादुर मौर्य ने बताया कि ड्राइविंग लाइसेंस से चालक की पहचान हुई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों को सूचना दे दी गई है।  
विज्ञापन


कैंट थाने से सीसीटीवी फुटेज तलब करने की मांग, कोर्ट ने मांगी आख्या
मोटरसाइकिल चोरी के एक मामले में पुलिस द्वारा की गई गिरफ्तारी पर सवाल उठाते हुए आरोपी की ओर से अदालत में अर्जी दाखिल कर कैंट थाने से सीसीटीवी फुटेज मंगवाने की मांग की गई है। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मनीष कुमार की अदालत ने कैंट थाना प्रभारी से आख्या तलब की है। हरिहरपुर चौबेपुर निवासी पवन यादव को कैंट पुलिस ने 20 दिसंबर को मोटरसाइकिल चोरी के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

आरोपी के अधिवक्ता ने कोर्ट में दाखिल अर्जी में कहा है कि पवन यादव 60 प्रतिशत से अधिक विकलांग हैं। 18 दिसंबर को कचहरी में एक मुकदमा देखने आया था। आरोप है कि कचहरी गेट से बाहर निकलते ही कैंट पुलिस उसे उठाकर थाने ले गई, दो दिन तक थाने में बैठाकर इनामी बदमाश बीकेडी के बारे में जानकारी देने का दबाव बनाया। जब आरोपी ने बीकेडी के संबंध में कोई जानकारी होने से इंन्कार किया तो उसे चोरी के फर्जी मुकदमे में फंसाकर जेल भेज दिया। अर्जी में यह भी कहा गया है कि आरोपी बीकेडी के परिवार का खेत जोतकर किसी तरह अपना भरण-पोषण करता है। 

तीन दिन में 167 किलो चीन का मांझा जब्त, पांच आरोपी गिरफ्तार

चीन के मांझे के अवैध भंडारण और बिक्री के खिलाफ कमिश्नरेट की पुलिस ने छह दिन का विशेष अभियान चलाया है। तीनों जोन में ड्रोन से निगरानी भी कराई जा रही है। तीन दिन में 512 दुकानों और गोदामों की जांच की गई। चार मामलों में प्राथमिकी दर्ज की गई। रोहनिया, मंडुवाडीह और जैतपुरा थाना क्षेत्र से पांच आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है। अब तक 167 किलो मांझा जब्त किया गया।

काशी, वरुणा और गोमती जोन की पुलिस मामले की जांच कर रही है। अपर पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था, मुख्यालय शिवहरी मीणा ने बताया कि सभी थाना क्षेत्रों में पतंग की दुकानों, जनरल स्टोर, गोदाम, फुटपाथ विक्रेताओं, ऑनलाइन डिलीवरी पॉइंट की जांच कराई जा रही है। पतंगबाजी संभावित क्षेत्रों, आवासीय छतों, खुले मैदानों, पार्कों और संवेदनशील स्थलों की ड्रोन व सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी भी कराई जा रही है। चीन के मांझे के उपयोग की सूचना मिलते ही कार्रवाई की जा रही है। लाउड हेलर के माध्यम से नियमित प्रचार-प्रसार कराया जा रहा है। बताया जा रहा है कि चीन का मांझा मानव जीवन, पशु-पक्षियों और सार्वजनिक सुरक्षा के लिए घातक है। इसके उपयोग से दुर्घटनाएं हो रही हैं। मौत तक हो रही है। तीन जोन में 32100 लोगों को जागरूक किया गया।

रोहनिया से 50 किलो, मंडुवाडीह से 12 और जैतपुरा से बरामद हुआ 115 किलो चीनी का मांझा
चीन के मांझे की बिक्री में आरोपी प्रिंस अग्रहरी को रोहनिया पुलिस ने मंगलवार को नगर पंचायत गंगापुर से गिरफ्तार किया। रोहनिया इंस्पेक्टर राजू सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से 50 किलोग्राम चीन का मांझा बरामद हुआ। आरोपी नगर पंचायत गंगापुर का रहने वाला है। उधर, मंडुवाडीह इंस्पेक्टर अजय राज वर्मा ने बताया कि बौलिया क्षेत्र से आरोपी मनील कुमार को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से 12 किलो चीन का मांझा बरामद हुआ। आरोपी बौलिया का निवासी है। जैतपुरा पुलिस ने सरैया क्षेत्र से 115 किलो चीन के मांझे के साथ दो आरोपियों परवेज अहमद और मुमताज अहमद को गिरफ्तार किया।

मनबढ़ों ने बाइक सवार को पीटा, हाथ फ्रैक्चर

राजातालाब थाना क्षेत्र के मातलदेई चौकी क्षेत्र सोमवार रात मनबढ़ों ने बाइक सवार अमित सिंह की पिटाई कर दी। अमित सिंह का हाथ फ्रैक्चर हो गया। मनबढ़ों ने बाइक भी छीन ली। शिकायत के आधार पर राजातालाब पुलिस ने बाइक बरामद की और आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। काशीपुर के जगरदेवपुर निवासी पीड़ित अमित सिंह ने पुलिस को बताया कि रात में सिगरा में कार्यालय से घर लौट रहा था। अखाड़े वीर बाबा मंदिर के पास मनबढ़ों ने हमला किया।  

सीआरपीएफ इंस्पेक्टर की मां और बेटे को लाठी डंडों से पीटा, प्राथमिकी दर्ज
चौबेपुर थाना क्षेत्र के नरपतपुर गांव निवासी सीआरपीएफ इंस्पेक्टर के बेटे और परिवार के लोगों को गांव के ही कुछ लोगों ने मारपीट कर घायल कर दिया। पीड़ित की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ चौबेपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। दुर्गेश कुमार 189 बटालियन सीआरपीएफ में इंस्पेक्टर हैं। बताया कि शमशेर सेठ, संजय सेठ, निर्मला देवी, रेखा देवी और दो अज्ञात ने 22 दिसंबर को सुबह घर आए और मां को पीटने लगे। बचाव में बेटा मंथन आया तो उसे लाठी-डंडों से पीटा। प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।  

चोरी के चार वाहनों के इंजन मिले, कबाड़ी गिरफ्तार
पुलिस ने सटिक सूचना पर छापा मारकर मेहंदीगंज के कबाड़ की दुकान से चोरी के चार वाहनों के इंजन को बरामद किया। पुलिस ने मेहंदीगंज निवासी कबाड़ी मोहम्मद अली को गिरफ्तार किया। रखौना अंडरपास के पास पुलिस वाहनों की चेकिंग कर रही थी। सूचना मिली कि कबाड़ी ने अपनी दुकान पर चोरी के वाहनों के इंजन रखे हैं। पुलिस ने कबाड़ की दुकान की तलाशी ली तो चोरी के दो टाटा वाहन, एक ऑटो और एक चारपहिया वाहन का इंजन मिला। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि कबाड़ी से इंजनों से संबंधित कागजात मांगे गए तो वह कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। चौकी प्रभारी खजुरी विवेकानंद द्विवेदी की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की गई।  

सोशल मीडिया से मिला सुराग, सोने की चेन बरामद की
कैंट थाना पुलिस ने सोशल मीडिया से सुराग जुटाकर एक महिला की सोने की चेन बरामद कर उसे सौंपा। टकटकपुर अनौला निवासी प्रतिमा द्विवेदी ने कैंट थाने में घर से सोने की चेन चोरी होने की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। महिला ने दाई पर संदेह जताया था। पुलिस सोशल मीडिया अकाउंट खंगाल रही थी जिसमें दाई का बेटा उक्त चेन को पहने दिखाई दिया। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो पता चला कि चेन को आर्टिफिशियल समझकर पहना था। थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि पीड़िता ने दाई के खिलाफ कानूनी कार्रवाई से इनकार कर दिया।  

बैट्री चोरी के आरोप में प्राथमिकी दर्ज
चौबेपुर क्षेत्र के हड़ियाडीह–मुनारी गांव में वीआई टावर से 15 दिसंबर की रात तीन महंगी बैटरी चोरी होने के मामले में चौबेपुर पुलिस ने शशांक सिंह की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की। आरोप है कि टावर पर कार्यरत मजदूर पावर बैंक में ताला लगाकर चला गया था। अगले दिन ताला टूटा मिला और तीन बैटरियां चोरी हो गई थीं। 

मारपीट और धमकी देने वालों पर प्राथमिकी दर्ज
लंका थाना क्षेत्र के गायत्री नगर कॉलोनी में विकास मौर्य ने पड़ोसियों और उसके साथियों पर मारपीट, धमकी के मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई। आरोप है कि 21 दिसंबर की रात हर्ष नंदन तिवारी, आरपी तिवारी, अनमोल तिवारी सहित अज्ञात ने बातचीत के लिए नीचे बुलाया। फिर पिटाई की। 

सड़क किनारे लगीं दुकानें हटाईं
कछवा बाजार में मंगलवार को मिर्जामुराद पुलिस ने अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। सर्विस मार्ग की पटरी पर लगी दुकानों को हटवाया और दुकानदारों को चेतावनी दी। आगे से अतिक्रमण मिलने पर प्राथमिकी दर्ज करने की चेतावनी दी। थाना प्रभारी मिर्जामुराद प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि डीसीपी के निर्देश पर अभियान जारी रहेगा।

मंदिर से नकदी समेत आभूषण चोरी, घटना सीसी कैमरे में कैद
भेलूपुर थाना क्षेत्र के शिवाला घाट में फूलमती देवी मंदिर में चोरी हुई। मुकुट, नथिया समेत सोने-चांदी के अन्य जेवरात और नकदी पर चोरों ने हाथ साफ किया। सामान की कीमत डेढ़ लाख रुपये आंकी गई। मंगलवार को चोरी की जानकारी होने पर लोगों में आक्रोश दिखा। पुलिस ने जांच की। पास के जैन मंदिर में लगे सीसी कैमरे में चोरी की गतिविधियां कैद हुई हैं। प्राथमिकी दर्ज करने के लिए दीपू साहनी ने भेलूपुर थाने में लिखित शिकायत दी है। थाना प्रभारी सुधीर त्रिपाठी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। 
विज्ञापन

साड़ी व्यवसायी के घर दस लाख की चोरी
कोटवा गांव में साड़ी व्यवसायी असलम के घर को सोमवार रात चोरों ने खंगाल डाला। आलमारी में रखे साढ़े पांच लाख रुपये नकद सहित सोने-चांदी के गहने उठा ले गए। मंगलवार सुबह असलम ने देखा तो आलमारी खुली थी, उसमें रखे रुपये और आभूषण गायब थे। एसीपी रोहनिया और थाना प्रभारी लोहता ने जांच पड़ताल की। एसीपी संजीव शर्मा ने खुलासा के लिए थाना प्रभारी को निर्देशित किया। असलम ने बताया कि सोमवार रात चोर घर के पीछे से छत पर चढ़े और सीढ़ी के रास्ते नीचे उतरकर कमरे तक पहुंचे। पास में कुर्ते में रखी चाबी से आलमारी खोलकर साढ़े पांच लाख रुपये नकद के साथ नथिया, मांगटीका, मंगलसूत्र, लरी सहित कई चांदी के गहने चोरी कर ले गए। थाना प्रभारी राजबहादुर मौर्या ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर सीसी कैमरों के फुटेज को खंगाला जा रहा है। 

होटल के रसोई में लगी आग
दशाश्वमेध थाना क्षेत्र में जगमबाड़ी के होटल अगस्तो के रसोई में मंगलवार को आग लग गई। होटल कर्मियों ने तुरंत आग पर काबू पा लिया। थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि होटल मालिक विपिन चौरसिया निवासी जड्डूमंडी का है। तेल की लपट से आग लगी। कोई नुकसान नहीं हुआ है।  

कंबल विक्रेता का हटवाया, प्राथमिकी दर्ज
शिवपुर थाना क्षेत्र के सेंट्रल जेल रोड पर मंगलवार को सड़क अतिक्रमण कर कंबल बेचने वाले दुकानदारों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की। 21 कंबल को सीज किया। थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि काशीराम आवास निवासी विनोद, संध्या और नैना सड़क अतिक्रमण कर कंबल बेचते थे। ऐसे में यातायात संचालन प्रभावित होता था। प्राथमिकी भी दर्ज कर ली गई है।  

मारपीट के आरोप में प्राथमिकी दर्ज
चौबेपुर क्षेत्र के मुनारी गांव में मारपीट में पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की। मुनारी गांव निवासी संदीप विश्वकर्मा का आरोप है कि सोमवार को गांव के ही नथुनी यादव, सिप्पू यादव, मन्ना यादव, मनीष यादव और रामधनी यादव ने मारपीट की। प्रभारी निरीक्षक अजित कुमार वर्मा का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।  

साड़ी की दुकान में लगी आग, दो घंटे में पाया काबू
चौक थाना क्षेत्र के कुंजगली में मंगलवार तड़के साड़ी की दुकान में आग लग गई। दमकल की टीम ने आग पर काबू पाया। पुलिस के अनुसार, पुरुषोत्तम दास अग्रवाल टेक्स प्रा.लि की साड़ी की दुकान में मंगलवार भोर 3 बजे आग लगी। दमकल की दो गाड़ियां पहुंचीं। दो घंटे में आग पर काबू पा लिया गया। बिरदोपुर महमूरगंज निवासी पुरुषोत्तम ने बताया कि कुंज गली कामेश्वर कटरा में उनकी साड़ी की दुकान है। आग से कितना नुकसान हुआ है, आकलन किया जा रहा है। थाना प्रभारी दिलीप कुमार मिश्रा ने बताया कि आग की जांच की जा रही है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी आनंद सिंह राजपूत ने प्रथमदृष्टया शॉर्ट सर्किट से आग की संभावना जताई है।  
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें