फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

News: आटा चक्की फटने से मजदूर की मौत, साइबर सेल ने 4.27 लाख की धोखाधड़ी से बचाया; पढ़ें वाराणसी की खबरें

Wed, 06 Aug 2025 10:18 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

Varanasi News Today: वाराणसी में साइबर सेन ने लाखों की धोखाधड़ी होने से पहले एक व्यक्ति को बचा लिया। वहीं, मुगलसराय थाना क्षेत्र में चक्की फटने से तीन लोग घायल हो गए। अस्पताल ले जाते वक्त एक मजदूर की मौत हो गई। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विज्ञापन
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

Varanasi News in Hindi: मुगलसराय थाना क्षेत्र के डांडी स्थित एक आटा मिल में सोमवार रात को एक बड़ा हादसा हुआ। आटा चक्की फटने से एक मजदूर की मौत हो गई और 2-3 अन्य घायल हो गए। मृतक की पहचान आजमगढ़ निवासी मुख्तार भारती के रूप में हुई है। मुगलसराय थाना अध्यक्ष गगन राज सिंह ने बताया कि रात एक बजे सूचना मिली कि आटा चक्की फटने से मुख्तार भारती की मौत हो गई। 

विज्ञापन




मिल मालिकों ने उसे पहले बनारस ले जाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया और परिजनों को सूचित कर दिया गया। स्थानीय प्रशासन ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जांच की जा रही है।

विज्ञापन

साइबर सेल ने 4.27 लाख की धोखाधड़ी से बचाया
साइबर सेल ने सारनाथ निवासी अजीत कुमार यादव को 4.27 लाख रुपये की साइबर ठगी से बचाया है। क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने के झांसे में आकर अजीत ने बैंक संबंधित विवरण साइबर जालसाजों से साझा कर दी थी। 

डीसीपी क्राइम सरवणन टी. ने बताया कि अजीत ने 18 जुलाई को शिकायती पत्र दिया। साइबर सेल को बताया कि क्रेडिट कार्ड के लिए कस्टमर केयर का कॉल आया। क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ने के संबंध में जानकारी दी। इस बीच कार्ड को बंद कराने की बात अजीत ने की तो कस्टमर केयर ने लिंक भेजा। क्रेडिट कार्ड का विवरण भरने के लिए कहा गया। झांसे में आने से उनके साथ फ्रॉड हो गया। शिकायत के तुरंत बाद ही साइबर सेल ने विभिन्न मर्चेंट बैंक से बात कर 4.27 लाख रुपये बचा लिए। 

नहाने गए युवक की वरुणा में डूबने से मौत
शिवपुर थाना क्षेत्र के पिपरहवा घाट पर दोस्तों के साथ नहाने गए दीपक कुमार यादव (20) की डूबने से मौत हो गई। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला। पुलिन ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। 

थाना क्षेत्र के चमाव अहिरान निवासी दीपक कुमार यादव सुबह दो दोस्तों के साथ घर के ही पास घाट के पास वरुणा नदी में नहाने गया था। उसके दो मित्र पानी में तैरते हुए आगे निकल गए, लेकिन दीपक तैरते हुए बगल के खेत में चला गया। गांव के लोगों ने खेत से मिट्टी की खोदाई कर निकलवा रखा था। खेत गहरा होने के कारण दीपक डूबने लगा। दीपक की चीख सुनकर दोनों मित्र उसे बचाने पहुंचे तब तक वह पानी में समा गया। 

घंटों मेहनत के बाद लोगों ने उसे पानी के अंदर से निकाला और निजी चिकित्सालय ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। दीपक के बड़े भाई राजन यादव ने पुलिस को सूचना दी। एसीपी कैंट नितिन तनेजा भी मौके पर पहुंचे। मृतक दो भाइयों में छोटा था। पिता एक निजी विद्यालय में गार्ड की नौकरी करते हैं। 

शराब के नशे में धुत युवकों ने की मारपीट
कोतवाली थाना क्षेत्र के कतुआपुरा निवासी शिवम मौर्या ने पड़ोसियों पर शराब के नशे में गालीगलौज और मारपीट का मुकदमा दर्ज कराया है। शिवम ने पुलिस को बताया कि सोमवार रात 11.30 बजे नौरतन चौहान और उसके भाई टीटू घर आए। फिर नशे में धुत होकर गालियां दीं। विरोध करने पर मारपीट की। मां शिवकुमारी देवी (65) गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। इंस्पेक्टर कोतवाली दया शंकर सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर जांच की जा रही है। 

युवती के साथ छेड़खानी के आरोपी पर केस 
रेवड़ी तालाब की युवती ने क्षेत्र के मोहम्मद इकबाल के खिलाफ छेड़छाड़ का मुकदमा भेलूपुर थाने में दर्ज कराया है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी 2 माह पहले प्रयागराज में हुई है। आरोप है कि आरोपी पीड़िता को रात 3 बजे फोन करता है। जिसकी वजह से उसका पति से विवाद होता है। रेवड़ी तालाब चौकी पर शिकायत की थी, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। भेलूपुर इंस्पेक्टर सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। 

पिता-पुत्र के साथ मारपीट करने वालों पर मुकदमा  
भेलूपुर थाना क्षेत्र के देवपोखरी के युवक ने पड़ोस में रहने वाले जुहैर अख्तर और भाई अजीजुह्मान के खिलाफ मारपीट समेत अन्य आरोपों में केस दर्ज कराया है। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि 31 जुलाई को जुहैर सीढ़ी लगाकर घर में घुसा और बहन को भगा ले गया। पूछताछ के लिए उसके घर पहुंचे तो मारा पीटा। पिता को भी चोटें आई हैं। भेलूपुर इंस्पेक्टर सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि केस दर्ज किया गया है। 

रास्ते में पानी बहाने को लेकर मारपीट  
बड़ागांव थाना क्षेत्र के लखंसीपुर गांव में सोमवार को रास्ते में पानी बहाने को लेकर मारपीट में महिला सहित तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पीड़ित सुमित चौहान ने पुलिस को बताया कि पड़ोसी किशन, करन और धर्मा देवी ने पुश्तैनी रास्ते पर पानी बहाते हुए गंदगी की। विरोध करने पर पिता धर्मराज की पिटाई की। थानाध्यक्ष अतुल कुमार सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। 

पति समेत छह पर दहेज उत्पीड़न का केस
विवाहिता ने पति समेत छह के खिलाफ दहेज उत्पीड़न समेत अन्य आरोपों में सारनाथ थाने में केस दर्ज कराया है। तिलमापुर निवासी पिंकी ने बताया कि मुगलसराय के रहने वाले पति रामप्रताप यादव दहेज के लिए प्रताड़ित करते हैं। थाना प्रभारी विवेक कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पति रामप्रताप यादव, ससुर सिया राम यादव, सास विमला देवी सहित तीन पर दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज किया गया है। 

चार पहिया वाहन में आग लगाने के मामले में केस 
भेलूपुर थाना क्षेत्र के तुलसीपुर जक्खा में रिंकू वर्मा की कार में आग लगाने के मामले में अज्ञात पर मंगलवार को केस दर्ज किया गया। मूलरूप से नागेपुर सकलडीहा चंदौली निवासी रिंकू वर्मा ने पुलिस को बताया कि 13 जुलाई को जक्खा कब्रिस्तान के पास कार खड़ी की थी। रात 2 बजे गाड़ी में आग लग गई। भेलूपुर इंस्पेक्टर सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि सीसी कैमरों की मदद से जांच की जा रही है। 

घर में घुसे चोरों ने नकदी समेत आभूषण किए पार
जंसा थाना क्षेत्र के कुंडरिया गांव में मंगलवार सुबह दिनेश यादव के मकान को चोरों ने निशाना बनाया। छत के सहारे घर में घुसे चोरों ने नगदी समेत आभूषण समेट लिए। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है। डाग स्क्वॉयड और फॉरेंसिक टीम ने भी छानबीन की है। कुंडरिया गांव के दिनेश यादव ने पुलिस को बताया कि 50 हजार रुपये और आभूषण समेट लिया। पुलिस ने बॉक्स को घर से 300 मीटर की दूरी पर एक खेत से बरामद किया। थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। 

22 किलो गांजा पकड़ा, दो गिरफ्तार
केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो, निवारक और आसूचना प्रकोष्ठ गाजीपुर की टीम ने सोमवार रात रामनगर थाना क्षेत्र के पोखरा से बाइक सवार दो युवकों के पास से 22.090 किग्रा गांजा बरामद किया। नारकोटिक्स गाजीपुर के अधीक्षक केके श्रीवास्तव ने बताया कि दोनों आरोपियों में चंदौली के डिहवा निवासी वारिस रसीद उर्फ मिंटू और मिर्जापुर चुनार के कुसुमी भेड़ी निवासी पवन सिंह है। 

रिटायर्ड प्रोफेसर के साथ धोखाधड़ी करने वालों पर केस
बीएचयू के रिटायर्ड प्रोफेसर डॉ. रामानंद राय ने धोखाधड़ी समेत अन्य आरोपों में आशुतोष श्रीवास्तव और अभिषेक गुप्ता के खिलाफ भेलूपुर थाने में मंगलवार को केस दर्ज कराया। कृष्णदेव नगर कॉलोनी सराय नंदन निवासी डॉ. रामानंद ने पुलिस को बताया कि वह मकान का रिनोवेट कर रहे थे।

घर को दीमक से बचाने के लिए किचन सहित अन्य जगहों पर केमिकल का छिड़काव करने के लिए अन्नपूर्णा नगर निवासी आशुतोष श्रीवास्तव और अभिषेक गुप्ता से बात की। 1700 स्क्वायर फीट एरिया का 96000 लेने की जगह 17 लाख ले लिए। भेलूपुर इंस्पेक्टर सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि दोनों के खिलाफ केस दर्ज किया गया। 

जमीन के विवाद में मारपीट, केस दर्ज
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के चक्रपानपुर गांव में दो दिन पहले जमीन के विवाद को लेकर मारपीट में तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पीड़ित मनिजर बिंद ने पुलिस को बताया कि आरोपी सतीश कुमार, अभिषेक कुमार व भूपेंद्र ने घर में घुसकर लाठी-डंडे से पिटाई की। थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय ने बताया कि तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। 

वाराणसी विकास प्राधिकरण। - फोटो : अमर उजाला
वीडीए ने कराई दो अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त
वीडीए की ओर से मंगलवार को सारनाथ वार्ड में दो अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त कराई गई। सारनाथ में अज्ञात की ओर से पियरी स्वर्वेद मंदिर चौबेपुर में बिना लेआउट स्वीकृत कराए 3500 वर्ग मीटर में अवैध प्लॉटिंग की जा रही थी। जिसे ध्वस्त कराया गया है। सारनाथ के चिरईगांव बलुआ रोड पेट्रोल पंप के पीछे अज्ञात की ओर से बिना ले उट स्वीकृत कराए 1500 वर्ग मीटर में अवैध प्लॉटिंग की की जा रही थी, जिसे ध्वस्त कराया गया। वीडीए के जोनल अधिकारी श्री प्रकाश और अवर अभियंता विनोद कुमार ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

वीडीए ने तीन अवैध निर्माण सील किए
वीडीए की ओर से मंगलवार को अवैध निर्माण पर कार्रवाई कर तीन स्थलों को सील किया गया। वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग ने बताया कि पार्वती सेठ की ओर से गिरी नगर महमूरगंज में अवैध निर्माण कराया गया था। मुकेश सिंह की ओर से जूना अखाड़ा अवधगर्बी शिवाला में बिना मानचित्र स्वीकृत  निर्माण किया गया था। आरिफ जमाल की ओर से चेत सिंह किला शिवाला में बिना मानचित्र  निर्माण कराया जा रहा था। जिसे पूर्व में नोटिस दिया गया था। जोनल अधिकारी संजीव कुमार और अवर अभियंता सोनू कुमार की देखरेख में कार्रवाई की गई। 

चलती स्कूटी में लगी आग, युवती ने कूदकर बचाई जान
रामनगर के पंचवटी मार्ग पर रोमा बिल्डिंग के सामने गली में मंगलवार सुबह चलती स्कूटी में अचानक आग लग गई। इस दौरान युवती स्कूटी छोड़ कर कूद गई। आसपास के लोगों ने बालू, बोरा व पानी डाल कर जब तक आग पर काबू पाया तब तक स्कूटी पूरी तरह जल चुकी थी। युवती ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। भांग वाली गली निवासी गोविंद प्रसाद की बेटी नंदिनी कुमारी किसी काम से पंचवटी जा रही थी, जैसे ही गली में पहुंची स्कूटी जलने लगी। नंदिनी ने पुलिस को बताया की महीने पहले ही स्कूटी खरीदी थी। 

चार बच्चों की मां देवर के साथ भागी, थाने में पंचायत
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के गांव में चार बच्चों की मां रिश्ते में लगने वाले देवर के साथ दो दिन पूर्व घर से भाग निकली। पति ने मिर्जामुराद थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। मंगलवार को विवाहिता प्रेमी के साथ मिर्जामुराद थाने पहुंची। सूचना पर परिजन भी आ गए। थाने में घंटों पंचायत चली। 

महिला ने पुलिस को बताया कि वह अपनी मर्जी से गई थी, लेकिन अब वह ससुराल लौटने को तैयार है। पति उसे वापस अपने साथ रखने को तैयार हो गया, लेकिन बहू को घर में नहीं रखने को लेकर ससुर और अन्य परिजनों ने विरोध किया। घंटों पंचायत के बाद महिला पति के साथ घर चली गई। थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय ने बताया कि दोनों पक्षों में सुलह हो गई है। 

नटिनियादाई के पास एक धार्मिक स्थल को पीछे हटवाया
यूपी कॉलेज से सिंधोरा मार्ग के चौड़ीकरण के लिए नटिनियादाई के पास एक धार्मिक स्थल को पीछे हटवाया गया। मंगलवार सुबह सभी पक्षों से बातचीत कर पुलिस प्रशासन ने इसे हटवाया। इस मार्ग पर आगे बड़ा लालपुर का पंडित दीनदयाल हस्तकला संकुल है। यहां अकसर वीआईपी मूवमेंट होता है। पहले विभागों के अधिकारियों ने यहां निरीक्षण किया था। क्षेत्र का मौका मुआयना किया था। इसके बाद धर्म गुरुओं की मदद से सर्वसम्मति से हटवाया गया। 

अमूल डेयरी में फर्जी नियुक्ति गिरोह का एक और गिरफ्तार
फर्जी अमूल डेयरी नियुक्ति पत्र के माध्यम से ठगी करने वाले गिरोह के एक और आरोपी चंदन पटेल को फूलपुर पुलिस ने मंगलवार को साधोगंज से गिरफ्तार किया। इससे पहले अखिलेश कुमार को गिरफ्तार किया गया था।  

एसीपी प्रतीक कुमार के अनुसार, चंदन पटेल साधोगंज का निवासी है। पुलिस की पूछताछ में चंदन पटेल ने बताया कि वह अखिलेश कुमार से वर्ष 2023 में संपर्क में आया था। अखिलेश कुमार ने अपने मित्र अभिषेक के साथ मिलकर लोगों को अमूल डेयरी में नौकरी दिलाने का झांसा देकर फर्जी जाॅइनिंग लेटर तैयार करता था। वह लेटर पर अमूल डेयरी की फर्जी मुहर लगाता और प्रत्येक उम्मीदवार से मोटी रकम वसूल करता था। 

ठेकेदारी की नौकरी के नाम पर 10 से 15 लोगों का पैसा दिलवाया था। एसीपी ने बताया कि पीड़ित राहुल कुमार वर्मा की बहन को फर्जी नियुक्ति पत्र दिया था।  फर्जी आईडी कार्ड बनाकर 5.9 लाख रुपये की ठगी भी की। इसी तरह 17 लोगों को ठगने का मामला सामने आया। जब नियत तिथि पर लोग अमूल डेयरी, फूलपुर पहुंचे तो प्लांट इंचार्ज ने सभी दस्तावेजों को फर्जी बतायाा और स्पष्ट किया कि अमूल डेयरी में ऐसी कोई नियुक्ति नहीं हो रही है। 

टोल के लिए मारपीट तीन के खिलाफ केस
चोलापुर थाना क्षेत्र के ढेरही बलरामगंज टोल प्लाजा पर सोमवार रात टोल कर्मियों और वाहन सवारों के बीच मारपीट हुई। मैनेजर आशीष सिंह की तहरीर पर पुलिस ने तीन नामजद व एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। 

आशीष ने पुलिस को बताया कि आजमगढ़ के वृंदा बाजार निवासी आयुष कुमार, आकाश सिंह साथियों के साथ टोल प्लाजा पर आए। टोल शुल्क मांगने पर विवाद किया। टोल कर्मचारी ओम प्रकाश की पिटाई कर दी। चोलापुर थाना प्रभारी योगेंद्र प्रसाद ने बताया कि आरोपी आयुष कुमार, आकाश सिंह, प्रमोद सिंह व अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। 

एक करोड़ की शराब नष्ट कराई 
रोहनिया थाने में चार मुकदमों के देसी और अंग्रेजी शराब को पुलिस ने मंगलवार को करसड़ा कूड़ा डंपिंग में नष्ट किया। इंस्पेक्टर राजू सिंह ने बताया कि 27768 शीशी व 104 पेटी शराब को एसीपी संजीव शर्मा की मौजूदगी में नष्ट कराया गया। शराब की कीमत एक करोड़ रुपये थी। 

निजीकरण के विरोध में बिजली उपकेंद्रों पर प्रदर्शन
पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के निजीकरण का कर्मचारियों ने फिर से विरोध करना शुरू कर दिया है। मंगलवार को निगम से जुड़े सभी कार्यालयों पर कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। इसमें निजीकरण के प्रस्ताव के साथ ही फेस अटेंडेंस पर कर्मचारियों ने आपत्ति जताई। साथ ही सरकार से हस्तक्षेप की मांग की। 

विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के आह्वान पर शाम पांच बजे कार्यालय बंद होने के बाद एक साथ सभी कार्यालयों में बिजली कर्मियों ने प्रदर्शन किया। संघर्ष समिति पदाधिकारियों में अंकुर पांडेय, नीरज बिंद, दीपक गुप्ता ने बताया कि निजीकरण के लिए तैयार किए गए आरएफपी डॉक्यूमेंट को अनुमोदित कराने के लिए पावर कार्पोरेशन प्रबंधन गलत आंकड़ों के आधार पर पैरवी कर रहा है। 

उन्होंने कहा कि उन्होंने सरकारी विभागों के बकाये और सब्सिडी की धनराशि को घाटे में जोड़कर पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम एवं दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम के घाटे को बढ़ा चढ़ा कर दिखाया है। इस दौरान तपन चटर्जी, रमाकांत, राजेश सिंह, हेमंत श्रीवास्तव मौजूद रहे।

अधिवक्ता पुत्र हत्याकांड में जमानत अर्जी खारिज
अधिवक्ता पुत्र हेमंत पटेल हत्याकांड में जिला जज जयप्रकाश तिवारी की अदालत ने आरोपी राज विजयेंद्र सिंह उर्फ रवि की जमानत अर्जी खारिज कर दी। आरोपी खुशहाल नगर, नटिनियादाई निवासी स्कूल प्रबंधक का पुत्र विजयेंद्र सिंह उर्फ रवि है। प्रकरण के अनुसार, सिंधोरा निवासी वादी कैलाश चंद्र वर्मा ने शिवपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। 

आरोप था कि 22 अप्रैल 2025 को दोपहर एक बजे रवि ने अपने मोबाइल से हेमंत के मोबाइल पर फोन कर विद्यालय बुलाया। पुत्र को लाने के लिए शशांक और किशन नामक दो व्यक्तियों को भेजा। हेमंत अपने दादा की बाइक से शशांक और किशन के साथ विद्यालय जाने के लिए निकला। दोपहर 2.03 बजे वादी के नाती प्रिंस उर्फ गोलू के मोबाइल पर आशीष पटेल ने फोन कर सूचना दी कि विद्यालय प्रबंधक के कमरे में प्रबंधक के बेटे राज ने लाइसेंसी पिस्टल से हेमंत की गोली मार कर हत्या कर दी है।

कैंट स्टेशन यार्ड के पास गिरा ड्रोन
कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर छह और सात के बीच में यार्ड के पास मंगलवार देर शाम एक ड्रोन गिरने की सूचना से अफरातफरी मच गई। सूचना मिलने पर कैंट पुलिस, आरपीएफ और जीआरपी के जवान पहुंच गए। 

कुछ ही देर में बम डिस्पोजल दस्ता और डॉग स्क्वॉड भी पहुंचे। जांच के बाद पता चला कि चार बैटरी लगाकर प्लास्टिक का ड्रोन किसी ने उड़ाया था। उड़ाने वाले का रिमोट कंट्रोल से बाहर चला गया जिस कारण वह रेलवे स्टेशन परिसर में यार्ड के पास गिर गया। कैंट पुलिस ने बताया कि कोई आपत्तिजनक सामग्री नहीं मिली है। बम डिस्पोजल टीम ने बताया कि ड्रोन के रूप में खिलौना गिरा है। ब्यूरो 

एयरपोर्ट के पास मीट की दुकानों पर हो कार्रवाई 
मंडलायुक्त एस राजलिंगम की अध्यक्षता में मंगलवार को कमिश्नरी सभागार में विमान क्षेत्र पर्यावरण प्रबंधन समिति की बैठक हुई। अफसरों को निर्देश दिए कि एयरपोर्ट के आसपास खुली मांस-मीट की दुकानों के खिलाफ कार्रवाई करें। मंडलायुक्त ने डीपीआरओ को निर्देश दिए कि एयरपोर्ट की बाउंड्री के समीप एनएच-56 के किनारे दुकानदारों की ओर से फेंके जाने वाले कूड़े की समस्या का निदान करें। नगर निगम को निर्देश दिए कि एयरपोर्ट परिसर में घूम रहे कुत्तों को पकड़वाएं। 

तस्करी नहीं रोक पाने वाले चौकी इंचार्ज हटेंगे 
डीसीपी गोमती जोन आकाश पटेल ने मंगलवार को बाबतपुर कार्यालय में अपराध समीक्षा बैठक की। आईजीआरएस रैंकिंग, लंबित विवेचना व हत्या, लूट, डकैती, चोरी और महिला संबंधी अपराधों की समीक्षा हुई। कहा कि हाईवे की चौकियों पर मादक पदार्थ, शराब व पशु तस्करी जैसे अपराध न रोकने वाले चौकी प्रभारियों को हटाकर उनकी जगह पर नए अधिकारियों को तैनात किया जाएगा। डीसीपी गोमती जोन आकाश पटेल ने एसएचओ से कहा कि थाना प्रबंधन कौशल विकसित करें। फोर्स की टास्किंग और निगरानी करें। थाने पर आए व्यक्ति को घंटों इंतजार न करना पड़े। 

जिला अस्पताल में एक्सरे मशीन खराब
दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल में दो दिनों से डिजिटल एक्सरे मशीन खराब होने से मरीजों की जांच प्रभावित हो रही है। इससे अस्पताल में केवल साधारण एक्सरे हो पा रहा है।  मशीन कब तक बनेगी अस्पताल प्रशासन इसकी सही जानकारी नहीं दे पा रहा है। इससे मरीजों को काफी परेशानी हो रही है। अस्पताल के सीएमएस डॉ. बृजेश कुमार ने बताया कि मशीन जल्द ही बनवा  ली जाएगी। इससे मरीजों को जांच  में सुविधा मिलेगी। 

महानिदेशक को पत्र भेजेगा निगम
नगर निगम के एक भवन पर सीआरपीएफ का कब्जा है। इसे खाली करवाने के लिए नगर निगम गृह मंत्रालय और सीआरपीएफ के महानिदेशक को पत्र भेजेगा। 15 अगस्त के बाद बैठक में निर्णय लिया जाएगा। यह भवन रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर के पास है। नगर निगम का दायरा बढ़ने के बाद कामकाज बढ़ रहा है। पत्र भेजकर स्थान को खाली कराया जाएगा। पास में बनने वाले नगर निगम के सदन भवन के बाद इसका इस्तेमाल नगर निगम के कामकाज में किया जाएगा। 

IIT BHU - फोटो : अमर उजाला
आईआईटी में 10 दिन संस्कृत की ट्रेनिंग
आईआईटी बीएचयू में हिंदी के बाद अब संस्कृत सीखने-सिखाने का रुझान बढ़ रहा है। यहां के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और स्टाफ के साथ उनके परिजनों को संस्कृत भाषण का प्रशिक्षण देने के लिए 10 दिन का विशेष शिविर शुरू किया जा रहा है। 18 से 28 अगस्त तक संस्कृत भाषणम् शिविरम् का आयोजन होगा। 

संस्थान के एबीएलटी हॉल-1 में 18 अगस्त से शाम छह से सात बजे तक शिविर में संस्कृत में भाषण और संवाद करने की विधा सिखाई जाएगी। इसका आयोजन आईआईटी बीएचयू स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस इन इंडियन नॉलेज सिस्टम और नई दिल्ली के केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय की ओर से कराया जा रहा है। इस संस्कृत भाषण शिविर के लिए कोई रजिस्ट्रेशन फीस नहीं ली जाएगी। शिविर में हिस्सा लेने के लिए 16 अगस्त रात 10 बजे तक रजिस्ट्रेशन कराना होगा। इसके लिए ऑनलाइन बार कोड जारी किया गया है, जिसे मोबाइल से स्कैन करके पंजीकरण कराया जा सकता है। 

हिंदी-संस्कृत में थीसिस का सारांश लिखने की अनुमति मिली : इससे पहले देश में पहली बार फरवरी में आईआईटी बीएचयू में संस्कृत और हिंदी में पीएचडी थीसिस का सारांश लिखने की अनुमति दी गई थी। संस्थान में पिछले साल सितंबर की सीनेट बैठक में राजभाषा प्रकोष्ठ की ओर से दिए गए प्रस्ताव को पारित करके ये व्यवस्था शुरू की गई थी। 2021 में आईआईटी बीएचयू ने बीटेक के सिलेबस और लेक्चर में हिंदी विषय को भी शामिल किया गया था। 

प्रवेश प्रक्रिया के तीसरे चरण की तिथि बढ़ी
जिले के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में प्रवेश प्रक्रिया के तीसरे चरण की अंतिम तिथि पांच से बढ़ाकर सात अगस्त कर दी गई है। अब तक चौकाघाट स्थित बीपीके राजकीय आईटीआई में सात ट्रेड की 336 सीटों में से करीब 90, महिला आईटीआई चौकाघाट में छह ट्रेड की 264 सीटों में से 200 के करीब सीटें भर चुकी हैं। 

अतिथि शिक्षक के लिए 8 तक कर सकेंगे आवेदन
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ कंप्यूटर विज्ञान एवं अनुप्रयोग विभाग में अतिथि अध्यापक पद के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि आठ अगस्त तक बढ़ा दी गई है। अभ्यर्थियों को 8 को शाम 5 बजे तक कंप्यूटर विज्ञान एवं अनुप्रयोग विभाग में फाॅर्म जमा करना होगा। 

शास्त्री और आचार्य में समर्थ पोर्टल से दाखिले शुरू 
संपूर्णानंद विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में शास्त्री और आचार्य प्रथम सेमेस्टर में समर्थ पोर्टल के जरिये दाखिले शुरू हो गए हैं। प्रवेश आवेदन भरने के लिए पांच अगस्त से 31 अगस्त निर्धारित की गई है। कुलसचिव राकेश कुमार ने बताया कि विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर आवश्यक दिशा निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

केंद्रीय विद्यालय बीएचयू में स्काउट परीक्षण शुरू
केंद्रीय विद्यालय बीएचयू परिसर में तृतीय सोपान परीक्षण शिविर (स्काउट) का उद्घाटन हुआ। मंगलवार को पांच दिवसीय शिविर में केंद्रीय विद्यालय संगठन (राज्य) वाराणसी संभाग के 36 विद्यालयों के 258 स्काउट और 42 अनुरक्षकों ने हिस्सा लिया। प्राचार्य एके सिंह ने कहा कि स्काउट अनुशासन और नैतिक मूल्यों से परिपूर्ण होता है। 

राजर्षि टंडन मुक्त विवि में 20 तक होगा दाखिला
उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय में दाखिले की प्रक्रिया समर्थ पोर्टल के माध्यम से होगी। यूजीसी की गाइडलाइन के अनुसार छात्रों को अपना आधार और मोबाइल नंबर लिंक करना अनिवार्य कर दिया गया है। विश्वविद्यालय की ओर से यूजी-पीजी में 20 अगस्त तक प्रवेश की प्रक्रिया पूरी करने की तिथि तय की गई है। जिले में राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय का क्षेत्रीय कार्यालय है। वाराणसी सहित आसपास के नौ जिलों के विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में 300 अध्ययन केंद्र हैं।  

महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ। - फोटो : अमर उजाला
काशी विद्यापीठ में बीएससी समेत छह कोर्स में 73 अभ्यर्थियों का दाखिला
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में सत्र 2025-26 में स्नातक में दाखिले की प्रक्रिया अंतिम दौर में चल रही है। मंगलवार को बीएससी बायो और मैथ के साथ ही बीकॉम, बीसीए, बीएएलएलबी, बीबीए में काउंसिलिंग हुई। 73 अभ्यर्थियों का दाखिला हुआ। जो अभ्यर्थी काउंसिलिंग में शामिल नहीं हो पाए हैं, उन्हें छह अगस्त यानी बुधवार को एक और मौका दिया जाएगा। 

विश्वविद्यालय में प्रवेश को लेकर गठित प्रवेश सेल की ओर से अलग-अलग कोर्स के लिए कार्यक्रम जारी किया गया है। प्रवेश सेल के सदस्य प्रो. नलिनी श्याम कामिल ने बताया कि अब तक चली प्रवेश की प्रक्रिया के दौरान जो अभ्यर्थी छूट गए थे, उनके लिए पांच-छह अगस्त को कार्यक्रम जारी किया गया था। इसके तहत बीएससी समेत छह कोर्स में काउंसिलिंग करवाई गई। 

छह अगस्त को भी काउंसिलिंग होगी। इसके लिए अभ्यर्थियों को ईमेल और मैसेज भेजे गए हैं। ई-मेल में दिए गए लिंक पर जाकर अभ्यर्थी अपना ई-मेल एवं जन्मतिथि लिखकर गेट पास डाउनलोड कर सकते हैं। जिन अभ्यर्थियों को ई-मेल पर लिंक भेजा गया है, उनको अपने सभी मूल प्रमाणपत्र, छह पासपोर्ट साइज फोटो, अपनी कैटेगरी का अद्यतन प्रमाणपत्र के साथ वाणिज्य संकाय भवन में सुबह 10:30 बजे उपस्थित होना होगा। बिना गेट पास के काउंसिलिंग सेंटर में अभ्यर्थियों का प्रवेश प्रतिबंधित होगा। काउंसिलिंग के बाद निर्धारित शुल्क भी सभी को उसी दिन जमा करना होगा।

सपा नेताओं ने दौरा कर बांटी राहत सामग्री
सपा नेताओं ने मंगलवार को बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने खाद्य और राहत सामग्री  बांटी। राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर सपा जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़ के नेतृत्व में पूर्व विधायक उदयलाल मौर्य, सांसद प्रतिनिधि नवीन सिंह बबलू ने गरथौली, अजाव, मटिया, पिपरी, टिकुरी, लक्ष्मीसेनपुर, रजवाड़ी, छितौना में बाढ़ के हालात और समस्या की जानकारी ली। उन्हें राहत सामग्री बांटी। अधिकारियों से फोन पर बात कर तत्काल राहत के लिए जरूरी कदम उठाने की मांग की। उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से सिर्फ आश्वासन ही मिल सका है। 

मां गंगा को शांत करने के लिए 101 कलश जल से किया गंगेश्वर महादेव का अभिषेक
मांझी समाज ने सावन के महीने में मां गंगा के रौद्र रूप को शांत करने की कामना की। मां गंगा निषाद राज सेवा समिति की ओर से मां गंगा की पूजा अर्चना की गई और बाबा गंगेश्वर महादेव का 101 कलश से जलाभिषेक किया गया। मंगलवार को राजेंद्र प्रसाद घाट पर मां गंगा की भव्य आरती, पूजा, हवन के साथ गंगेश्वर महादेव जी का जलाभिषेक हुआ।

प्रार्थना करते हुए कहा कि अब बाबा भोला ही मां गंगा को मना सकते हैं और अपनी जटाओं में गंगा को बांधकर मां गंगा की अविरल धारा वापस बाबा विश्वनाथ ही ला सकते हैं। मां गंगा निषाद राज सेवा समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद कुमार निषाद गुरु ने बताया कि मां गंगा ने कई वर्षों बाद विकराल और रौद्र रूप धारण किया है। इस दौरान हरिश्चंद्र केवट, रामकिशन माझी, जितेंद्र निषाद, जितेन्द्र साहनी, प्रकाश साहनी छोटू, बल्लू बल्ला साहनी मौजूद रहे। 

पानी उतरने के बाद बाढ़ग्रस्त इलाकों में  सफाई युद्ध स्तर पर कराएं : एके शर्मा
नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने मेयर अशोक कुमार तिवारी के साथ मंगलवार को बाढ़ ग्रस्त इलाकों का दौरा कर सर्किट हाउस में बैठक की। नगर विकास मंत्री ने कहा कि बाढ़ का पानी कम होने के बाद तीव्र गति से सफाई कराई जाए। कीटनाशक दवाओं का छिड़काव किया जाए। निचले क्षेत्र में विशेष जल निकासी कर कीटनाशक का छिड़काव व साफ सफाई कराई जाए। महाप्रबंधक जलकल को निर्देशित किया कि बाढ़ कम होने के बाद सीवर की समस्या के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार कर लें। 

बाढ़ में डूबकर मरने वालों के परिजनों से मिले प्रभारी मंत्री
जिला प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना ने मंगलवार को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने हुकुलगंज निवासी मोनू चौहान, कोनिया निवासी मंगल के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। दोनों की चार अगस्त को डूबने से मौत हो गई थी। 

प्रभारी मंत्री ने परिजनों से सर्किट हाउस में भेंट की और चार-चार लाख की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई। इसके बाद प्रभारी मंत्री ने प्राथमिक विद्यालय डोमारी, सिटी गर्ल्स इंटरमीडिएट कॉलेज और एसकेबी विद्या मंदिर हाईस्कूल में बने राहत शिविरों का दौरा कर लोगों से उनकी समस्याएं जानीं। अफसरों को निर्देश दिए कि लोगों को उनकी सुविधा के अनुसार राहत शिविरों में पहुंचाएं। 

हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज में 11 से होगी काउंसिलिंग
हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज में सत्र 2025-26 में चल रही प्रवेश प्रक्रिया में बीएससी और एलएलबी में काउंसिलिंग तिथि घोषित कर दी गई है। 11 अगस्त को काउंसिलिंग होगी। कॉलेज की प्रवेश समिति की ओर से जो मेरिट सूची जारी की गई है, उसमें ओबीसी, एससी, एसटी संवर्ग के साथ ही विशेष संवर्ग वालों का दाखिला लिया जाएगा। 

हरिश्चंद्र कॉलेज में यूजी में दाखिले की शुरुआत पांच अगस्त से शुरू हो गई। इसमें बीए में सामान्य, ओबीसी, एससी, एसटी संवर्ग में निर्धारित अंक वालों का प्रवेश लिया गया। मंगलवार को कॉलेज की प्रवेश समिति की ओर से 11-12 अगस्त के दाखिले के लिए भी मेरिट सूची जारी कर दी गई है। बीएससी बायो की 11 अगस्त को काउंसिलिंग होगी। इसके साथ ही 11 अगस्त को बीएससी गणित संवर्ग, 12 अगस्त को एलएलबी प्रथम सेमेस्टर के अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग होगी।

काल भैरव का हिम शृंगार आज
काशी के कोतवाल बाबा कालभैरव का हिम शृंगार बुधवार को होगा। यह जानकारी पंडित पवन उपाध्याय ने देते हुए बताया कि इस बार हिम खंडों से बाबा की नयनाभिराम झांकी सजाई जाएगी। वहीं, बाबा के चरणों में स्वरांजलि अर्पित होगी। बाबा के हिम शृंगार के दर्शन मध्याह्न दो से होंगे। 

एमएलसी ने दो नए कमरों का किया लोकार्पण
राजातालाब के आराजी लाइन विकासखंड मोतीकोट गंगापुर के राजदुलारी बालिका विद्यालय में दो नए कमरों का एमएलसी धर्मेंद्र राय ने मंगलवार को लोकार्पण किया। इन कमरों का निर्माण विधान मंडल क्षेत्र विकास निधि योजना वित्तीय वर्ष 2025-26 के तहत हुआ है। इसके लिए विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र राय ने 15 लाख रुपये दिए थे। विद्यालय प्रबंधक सुशील सिंह तोयज, शैलेंद्र सिंह शैलू और प्रधानाचार्य गरिमा सिंह मौजूद रहीं। अध्यक्षता डॉ. बैजनाथ पटेल ने की और संचालन डॉ. केएस पाठक ने किया। इस मौके पर संदीप सिंह मिंटू, श्रुति सिंह, विनीता राय, विक्रमादित्य पटेल और सुमित प्रधान मौजूद रहे। 

प्रेमभूषण महाराज ने मार्कंडेय महादेव के दर्शन किए
कथावाचक प्रेमभूषण महाराज ने मंगलवार को कैथी स्थित मार्कंडेय महादेव मंदिर में जलाभिषेक और पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। मार्कंडेय महादेव मंदिर के पुजारी शीतल गिरि, गौरव गिरि, सचिन गिरि, नागेश गिरि और बजरंगी गिरि ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ जलाभिषेक कराया। उन्होंने मार्कंडेय महादेव के दर्शन करने के बाद कहा कि सावन मास में बाबा का जलाभिषेक कर धन्य हो गया। गोस्वामी समाज के लोगों ने अंगवस्त्र, माला व स्मृति चिह्न भेंट कर उन्हें सम्मानित किया। 

वैश्य समाज राष्ट्र की समृद्धि में योगदान बढ़ाए
वैश्य एकता परिषद की दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी का सम्मेलन मंगलवार को नाटी इमली में हुआ। परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुमंत गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि वैश्य समाज के योगदान के कारण ही भारत विश्व की अर्थव्यवस्था में चौथे स्थान पर पहुंच पाया है। उन्होंने वैश्य समाज से राष्ट्र की समृद्धि में अपनी भूमिका और अधिक बढ़ाने का आह्वान किया।  

नाटक के लिए 40 कलाकारों का ऑडिशन
आचार्य रामचंद्र शुक्ल साहित्य शोध संस्थान में मंगलवार को रंगमंच के कलाकारों का ऑडिशन हुआ। हरिश्चंद्र नाटक का मंचन नौ सितंबर को होगा। यह प्रस्तुति भारतेंदु हरिश्चंद्र के 175वें वर्ष में भारतेंदु सप्ताह के तहत होगी। नाटक के मूल लेखक भारतेंदु हरिश्चंद्र हैं। इसे प्रस्तुतिपरक बनाने में प्रो. मंजीत चतुर्वेदी का अहम योगदान है। मंच रूपांतरण प्रो. मंजीत चतुर्वेदी का है। नाटक के संयोजक नवीन चंद्रा हैं। निर्देशन उमेश भाटिया करेंगे। 40 कलाकारों और विद्यार्थियों ने ऑडिशन में भाग लिया। 

बरेका में 15 अगस्त तक चलेगा स्वच्छता अभियान
बरेका परिसर में 15 अगस्त तक स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान परिसर में हर दिन अलग-अलग जगहों पर अभियान चलाकर लोगों को जागरूक किया जाएगा। बरेका प्रशासनिक भवन के स्वागत हॉल में महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। उधर, प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर विवेक शील ने बरेका कर्मशाला में अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वच्छता का संकल्प दिलाया। इस दौरान महाप्रबंधक सहित अन्य अधिकारियों ने यहां बनाए गए सेल्फी पॉइंट पर फोटो खींचकर स्वच्छता में अपनी-अपनी भागीदारी सुनिश्चित की। 

संस्कृति और सभ्यता की जड़ है संस्कृत
न्याय विभाग के आचार्य प्रो. रामपूजन पांडेय ने कहा कि संस्कृत केवल एक भाषा नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति और सभ्यता की जड़ है। नई शिक्षा नीति में संस्कृत की उपयोगिता बढ़ी है और अब इसे जन-जन की भाषा बनाना होगा। वह मंगलवार को संस्कृत विश्वविद्यालय में आयोजित संस्कृत सप्ताह कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि संस्कृत हमारी सांस्कृतिक धरोहर का आधार है। सह संयोजक डॉ. रविशंकर पांडेय, डॉ. कुंज बिहारी द्विवेदी ने संस्कृत का महत्व बताया। 

अरे रामा रिमझिम बरसत पानिया झूलेल राजा रनिया 
तेलियाना के प्राचीन श्री राम जानकी मंदिर में परंपरानुसार श्रावण शुक्ल एकादशी से पूर्णिमा तक पांच दिवसीय झूला महोत्सव का शुभारंभ मंगलवार को हुआ। मंदिर के गर्भगृह में श्री राम दरबार का शृंगार किया गया था। भव्य रजत झूले पर बालरूप प्रभु श्री राम की मनमोहक छवि आभा बिखेर रही थी।

मंदिर के महंत रामदास महाराज के संयोजन में बिहार के लोक गायकों ने झूला व कजरी गीतों से सभी का ध्यान आकर्षित किया। गायक मनोज सिंह ने साजिंदों संग गुरु वंदना, गणेश वंदना के साथ शुरुआत की। महंत रामदास ने अरे रामा रिमझिम बरसत पानिया झूलेल राजा रनिया ए हरि... गाकर गायकों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर विष्णुदास महाराज, जियालाल, सोमनाथ, शिवम अग्रहरि, केवल कुशवाहा मौजूद रहे। 

राम में छिपी है संबंधों के निर्वाह की कथा
बीएचयू के विश्वनाथ मंदिर में 9 दिवसीय संगीतमय श्रीरामकथा की शुरुआत हुई। पहले दिन वैदिक मंत्रों का उच्चारण किया गया। प्रख्यात कथावाचक कालरात्रि पीठाधीश्वर अखिल दासजी महाराज ने श्रीराम कथा का वर्णन किया। उन्होंने कहा कि राम में इंसान को संसार में रहने और संबंधों के निर्वाह करने की व्यावहारिक कथा छिपी है। सत्संग संजोग से नहीं सुयोग से बनता है। राम की कृपा के बिना सत्संग संभव नहीं है। सत्य के साथ लक्ष्य की ओर बढ़ने वाला कार्य ही सत्संग है। उन्होंने कहा कि जब भगवान की कृपा करते हैं तब सत्संग देते हैं और आने वाले सारे पाप नष्ट होते जाते हैं। 

पहली बार काशी आएगी बाबा खाटू श्याम की प्रतिकृति
शिव की नगरी में पहली बार खाटू श्याम की प्रतिकृति धाम से आएगी। सात अगस्त को बाबा के सेवक उनकी प्रतिकृति लेकर काशी आएंगे। इस दौरान देश भर से आए कलाकार खाटू श्याम के चरणों में भजनों की गंगा बहाएंगे। यह जानकारी मंगलवार को सुनील जैन, नितेश सिंह और प्रवेश सिंह ने दी।

उन्होंने बताया कि सात अगस्त को खाटू से चलकर बाबा की प्रतिकृति काशी पहुंचेगी। खाटू श्याम मंदिर के सेवक मोती लाल शर्मा खाटू श्याम की प्रतिकृति को लेकर आएंगे। सांवरिया सेवा समिति की ओर से बाबा पधारे काशी का आयोजन बाबतपुर स्थित होटल में किया जाएगा। कोलकाता से सौरव शर्मा, रवि बेरीवाल व लव अग्रवाल, समस्तीपुर बिहार से रेशमी शर्मा, दिल्ली से शीतल पांडेय, सोनभद्र से संजीव शर्मा व कृष्ण शर्मा व काशी के सभी श्याम मंडलों एवं अन्य भजन गायक बाबा का गुणगान करेंगे। 

प्रथम बार बाबा श्याम के मुख्य मंदिर खाटू की नगरी शिखर राजस्थान से श्री श्याम मंदिर कमेटी के मंत्री मानवेंद्र सिंह चौहान, रविंद्र प्रताप सिंह, पुरुषोत्तम शर्मा, श्री सालासर धाम के मुख्य पुजारी अजय पुजारी का भी आगमन बाबा भोलेनाथ की नगरी में हो रहा है। 

सुंदरपुर क्षेत्र में अतिक्रमण, बंदर, कुत्ते और स्ट्रीट लाइट की समस्या
सुंदरपुर गणेश धाम काॅलोनी के नीरज सिंह ने अपर नगर आयुक्त सविता यादव से क्षेत्र की समस्या बताई। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अतिक्रमण हो रहे हैं। बंदरों और कुत्तों का आतंक बढ़ता जा रहा है। क्षेत्र की स्ट्रीट लाइटें बंद रहती हैं। मंगलवार को नगर निगम में संभव की जनसुनवाई में अपर नगर आयुक्त ने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र की समस्या का समाधान होगा। इस दौरान जनसुनवाई में कुल 10 शिकायतें आईं।

जनसुनवाई में फुलवरिया के विजय प्रताप सिंह ने सीवर समस्या, कच्चा रास्ता ठीक कराने, लल्लापुरा के शहीद पगड़ी वाले ने सड़क मरम्मत, शिवदासपुर के रुद्र प्रताप सिंह ने कूड़ा उठान, नई बस्ती के चंदन ने जलनिकासी, सुंदरपुर के विनय कुमार श्रीवास्तव ने सीवर ओवरफ्लो से जुड़ी शिकायत की। छित्तूपुर के अजीत कुमार पांडेय ने वरासत, जैतपुरा के गुलाब हसन ने गलत तरीके से नामांतरण से जुड़ी शिकायत की। 
विज्ञापन

पुरातन छात्रों ने किया विरोध
लहुराबीर स्थित क्वींस इंटर कॉलेज का नाम बदलने को लेकर विरोध शुरू हो गया है। विद्यालय का नाम बदलकर बाबू जगत सिंह रखने की मांग बीते जुलाई में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र के अध्यक्ष राम बहादुर राय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से की थी। इसका पुरातन छात्रसभा की कार्यकारिणी ने विरोध किया है।

छात्रसभा के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को कॉलेज के प्रधानाचार्य और जिला विद्यालय निरीक्षक से मुलाकात की। पुरातन छात्रसभा के अध्यक्ष प्रो. प्रदीप कुमार मिश्र के नेतृत्व में इस प्रतिनिधिमंडल ने विद्यालय का नाम बदलने के लिए किए जा रहे प्रयास को रोकने का आग्रह किया। प्रतिनिधिमंडल में कमल श्रीवास्तव आदि शामिल रहे। 

हेल्थ सेंटर के 15 मुद्दों पर छात्रों ने दिया ज्ञापन
बीएचयू अस्पताल और हेल्थ सेंटर के 15 मुद्दों को लेकर छात्रों ने नए कुलपति के ऑफिस के बाहर पहुंचकर ज्ञापन दिया। छात्रों ने आरोप लगाया कि तीन महीने से अस्पताल में व्याप्त अनियमितता के विरोध में धरना जारी है मगर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। छात्रों ने बताया कि उन्हें आश्वासन मिला है कि उनसे जल्द ही बात की जाएगी। इन मुद्दों में भर्ती मरीजों को भोजन देने, हेल्थ सेंटर में सामान्य और इमरजेंसी ओपीडी का समय बढ़ाने, ब्लड रिपोर्ट मोबाइल पर भेजे जाने की मांग रखी। ज्ञापन देने वालों में दिव्यांशु त्रिपाठी, सत्यनारायण सिंह, शिवम त्रिगुनायत आदि मौजूद थे। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें