Varanasi News in Hindi: सिविल जज सीनियर डिवीजन (फास्ट ट्रैक) भावना भारती की अदालत में सोमवार को ज्ञानवापी से संबंधित वर्ष 1991 के वाद पर सुनवाई हुई। वाद मित्र विजय शंकर रस्तोगी ने बहस की और कहा कि एक ही मामले में रिवीजन की अर्जी पर सुनवाई नहीं हो सकती है। यह अर्जी खारिज करने योग्य है।
अदालत ने मामले की सुनवाई की तिथि 21 नवंबर तय कर दी है। इससे पहले विजय शंकर ने अदालत में कहा कि अवर न्यायालय ने वाद मित्र को हटाने की अर्जी पहले ही खारिज कर दी थी। इस आदेश के खिलाफ मुकदमे के वादी रहे स्वर्गीय हरिहर पांडेय की तीन बेटियों ने अर्जी लगाई है जो सुनवाई के लिए विचाराधीन है। अब उसी आदेश का हवाला देकर पक्षकार बनने और रिवीजन की अर्जी दी गई जो कानूनसम्मत नहीं है। अर्जी खारिज की जानी चाहिए।
पूर्व पार्षद से व्यापार के नाम पर 22.65 लाख की धोखाधड़ी
आदमपुर थाना क्षेत्र के प्रह्लाद घाट के पूर्व पार्षद अमरनाथ गुप्ता ने पूर्व साझेदार सतपाल सिंह पर व्यापार के नाम पर 22.65 लाख रुपये के गबन, धमकी का आरोप लगाकर प्राथमिकी दर्ज कराई है। पीड़ित अमरनाथ ने पुलिस को बताया कि सतपाल सिंह ने उन्हें यूनिवर्सल ट्रेडर्स में साझेदारी का प्रस्ताव दिया था। जमीन बेचकर 10 लाख रुपये और पत्नी के मकान को गिरवी रखवाकर 25 लाख रुपये का सीसी लोन लेकर 35 लाख रुपये व्यापार में निवेश किया।
2015–17 के बीच यूनियन बैंक खाते से 50.65 लाख रुपये निकाले गए, जबकि जमा केवल 28 लाख रुपये हुए। हिसाब मांगने पर सतपाल और उनके परिवार के लोग दुकान पर पहुंचे। साथ ही गालीगलौज कर फर्जी मुकदमे में फंसाने, जान से मारने की धमकी दी। इंस्पेक्टर आदमपुर विमल मिश्रा ने बताया कि सतपाल सिंह, उसकी पत्नी, बेटियों और दामाद सहित अन्य पर धोखाधड़ी, गबन और धमकी के मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
ट्रक की टक्कर से आठ साल की बच्ची घायल
शादी समारोह में शामिल होने जा रही बच्ची खुशीपुर के पास ट्रक की चपेट में आने से घायल हो गई। थाना प्रभारी रोहनिया राजू सिंह ने बताया कि ट्रक चालक को वाहन समेत पकड़ लिया गया है। मुरहुआ चंदौली निवासी बाइक सवार सत्येंद्र कुमार बाइक से खुशीपुर में किसी काम से रुके थे। आठ साल की बेटी अंशिका सड़क की तरफ अचनाक बढ़ गई और ट्रक के चपेट में आ गई।
थाना स्तर पर गठित साइबर सेल में शिफ्टवार करें ड्यूटी
पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन प्रमोद कुमार ने सोमवार को कैंट थाने का वार्षिक निरीक्षण किया। थाना परिसर सहित अभिलेख, शस्त्रागार, मालखाना, हवालात, महिला हेल्प डेस्क, जनसुनवाई रजिस्टर को जांचा। बीट पुस्तिकाओं को अपडेट रखने को कहा। थाना स्तर पर गठित साइबर सेल में शिफ्टवार ड्यूटी लागू करने का निर्देश दिया। थाना प्रभारी को कानून व्यवस्था बनाए रखने और लंबित विवेचनाओं के निस्तारण को कहा। आईजीआरएस प्रार्थना पत्रों के निस्तारण के साथ फीडबैक लेने को कहा। 11 नवंबर को डीजीपी की ओर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में दिए गए निर्देशों का पालन करने को कहा।
मदरसों के खिलाफ ईओडब्ल्यू जांच पर रोक मामले में सुनवाई टली
इलाहाबाद हाईकोर्ट में सोमवार को मदरसों के खिलाफ आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) की जांच पर लगी रोक मामले में सुनवाई टल गई। अब एक सप्ताह बाद सुनवाई हो सकती है। पूर्व तिथि पर कोर्ट ने 558 मदरसों के खिलाफ चल रही जांच पर रोक लगाते हुए राज्य सरकार से जवाब मांगा था। यह याचिका वाराणसी के टीचर्स एसोसिएशन मदारिस अरबिया और दो अन्य ने दायर की है।
एफडीए की कार्रवाई का दवा कारोबारियों ने किया विरोध
केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन, दवा विक्रेता समिति की संयुक्त बैठक में कारोबारियों ने एफडीए विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि मंडी क्षेत्र के थोक दवा व्यापारी वर्षों से विभागीय जांच में सहयोग करते आए हैं। नियमानुसार यदि अनियमितता पाई जाती है तो विभाग पहले कारण बताओ नोटिस जारी करता है। संतोषजनक जवाब न होने पर ही लाइसेंस निलंबित या निरस्त करने की प्रक्रिया होती है।
कारोबारियों ने आरोप लगाया कि हाल ही में कोडिन युक्त दवाओं की जांच के नाम पर विभाग ने निर्धारित प्रक्रिया की अनदेखी कर एकतरफा कार्रवाई कर दी है। दवा व्यापारियों में भय, आक्रोश और असुरक्षा का वातावरण बन गया है। पदाधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि वे किसी भी वैध जांच में विभाग के साथ हैं, लेकिन बिना नोटिस और बिना उचित पड़ताल के कार्रवाई से परेशानी हो रही है। चेतावनी दी कि एकतरफा कार्रवाई जारी रही तो दवा व्यापार प्रभावित होगा। बैठक में दिनेश कुमार, मनोज खन्ना, विनोद यादव, शैलेश गुप्ता, सुमित सेठ रहे।
2.60 लाख लोगों को बिजली बिल के सरचार्ज और मूलधन में मिलेगी छूट
ओटीएस योजना में पंजीकरण कराने वाले जिले के 2.60 लाख उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा। राज्य सरकार और उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन लि. की ओर से एक दिसंबर से बिजली बिल राहत योजना शुरू की जा रही है। घरेलू श्रेणी में दो किलो और वाणिज्यिक श्रेणी में एक किलो भार तक नेवर पेड और लॉन्ग अनपेड बकाएदार पंजीकरण कर एकमुश्त धनराशि जमा करने पर सरचार्ज के अतिरिक्त 25 प्रतिशत तक मूल धन में भी छूट पा सकते हैं। जो उपभोक्ता एकमुश्त बकाया नहीं जमा कर पाएंगे, वे भी 500 या 750 मासिक किस्त दे सकते हैं। पहले चरण में 25 प्रतिशत, दूसरे में 20 और तीसरे में 15 प्रतिशत मूल बकाए में अतिरिक्त छूट मिलेगी।
साइबर फ्रॉड के 53,300 रुपये वापस लौटाए
चोलापुर में साइबर सेल टीम की सजगता से ऑनलाइन ठगी का शिकार राजकुमार के 53,300 रुपये होल्ड करा दिए गए। फिर कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें वापस कराया गया। पीड़ित राजकुमार ने समय रहते साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। 11 जुलाई 2025 को चोलापुर निवासी राजकुमार को इंटरनेट पर आपत्तिजनक कंटेंट देखने का डर दिखाया और खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताकर साइबर अपराधी ने जेल भेजने का डर दिखाया। साथ ही 53,300 की राशि ट्रांसफर कराई थी।
निजी वीडियो व फोटो वायरल करने वाले पर प्राथमिकी दर्ज
निजी वीडियो और फोटो वायरल करने के आरोपी प्रयागराज निवासी सर्वेश शुक्ल के खिलाफ एक महिला ने सोमवार को भेलूपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। सर्वेश की पीड़िता से मित्रता थी और आरोपी के पास उसके निजी वीडियो व फोटो थे। जिसे आरोपी ने सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। रिश्तेदारों के मोबाइल पर भी भेजा। थाना प्रभारी सुधीर त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।
बरात से लौट रहे डीजे वाहन में ट्रक ने मारी टक्कर, पांच घायल
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के खजुरी में नेशनल हाईवे पर रविवार देर रात वाराणसी की तरफ से आ रहे ट्रक ने डीजे वाहन में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में शिवरामपुर निवासी कमलेश राजभर, जसवंत राय, डीजे चालक अनिल यादव, मोंगलावीर निवासी मुकेश राजभर और किशन घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया। मुकेश और किशन को बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया।
लोगों ने बताया कि टक्कर के बाद ट्रक के साथ डीजे वाहन कुछ दूर तक घसीटता रहा। वाहन चालक अनिल यादव ने बताया कि शिवपुर में शादी समारोह में डीजे बजाकर वापस लौट रहा था, तभी पीछे से ट्रक ने टक्कर मार दी। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि ट्रक चालक को पकड़ लिया गया है। साथ ही ट्रक को कब्जे में लिया गया है। फिलहाल तहरीर नहीं मिली है।
सगे भाईयों को 20 लड़कों ने पीटकर किया घायल
कोतवाली थाना क्षेत्र के सिद्ध माता गली निवासी राहुल यादव ने 20 अज्ञात युवकों पर मारपीट का आरोप लगाकर तहरीर दी है। राहुल ने बताया कि शनिवार रात 10 बजे मैदागिन से बड़ा गणेश मंदिर की तरफ जा रहा था। इसी दौरान दो अज्ञात युवक पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। कुछ ही देर में वहां 20 लड़के आ गए। सभी ने मिलकर मुझे और छोटे भाई को मारपीटा। थाना प्रभारी कोतवाली दया शंकर सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। हमलावरों की तलाश की जा रही है।
घर में घुसकर महिला समेत अन्य से मारपीट
चौबेपुर थाना क्षेत्र के बिरनाथीपुर गांव की चंपा देवी ने चौबेपुर थाने में तीन नामजद और पांच अज्ञात के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट के मामले में सोमवार को प्राथमिकी दर्ज कराई। चंपा देवी ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि वह घर में काम कर रही थीं। गांव के सुरेश यादव, सभाजीत यादव, किशन यादव 4–5 साथियों के साथ लाठी-डंडे लेकर घर में घुस आया। विरोध करने पर पति जटाशंकर चौबे, बेटे शिवम की पिटाई की। साथ ही मुझे धक्का देकर गिरा दिया गया और चेन छीन ली। थाना प्रभारी चौबेपुर अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
जमीन और दुकान के विवाद में दो पक्ष भिड़े
आदमपुर थाना क्षेत्र के प्रह्लाद घाट में जमीन और दुकान के पुराने विवाद में रविवार को दो पक्षों में कहासुनी और मारपीट हुई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ आदमपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। दीपक केशरी ने आरोप लगाया कि दुकान के विवाद में शिव कुमार 6 लोगों के साथ घर पहुंचा और मारपीट की। महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार किया। जबकि दुकान का मामला न्यायालय में विचाराधीन है। दूसरे पक्ष से शिव कुमार गुप्ता ने भी पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि उन्होंने 13 अक्तूबर को भवन की रजिस्ट्री कराई। रविवार दोपहर साफ-सफाई व निर्माण करा रहे थे। तभी दीपक पांच लोगों व अज्ञात के साथ पहुंचा और मारपीट की। थाना प्रभारी आदमपुर विमल मिश्र ने बताया कि दोनों पक्ष से मिली तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
जमीन पर गोबर फेंकने के लिए विवाद, 4 पर प्राथमिक दर्ज
शिवपुर क्षेत्र के पिसौर निवासी महेंद्र कुमार उर्फ अरविंद ने शिवपुर थाने में गालीगलौज, जान से मारने की धमकी के मामले में शिवपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। महेंद्र कुमार ने आरोप लगाया कि 16 नवंबर को पड़ोसी राजकुमार राजभर, राजेंद्र प्रसाद राजभर, बृजेश और अमरनाथ उनकी जमीन पर गोबर फेंक रहे थे। विरोध करने पर जमीन पर कब्जा करने की धमकी देने लगे। थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर पर चार आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
आर्य महिला इंटर कॉलेज में काशी तमिल संगमम का शुभारंभ
आर्य महिला इंटर काॅलेज चेतगंज में काशी-तमिल संगमम का शुभारंभ सोमवार को हुआ। मुख्य अतिथि प्रबंधक अमूल्य शर्मा और प्रधानाचार्या डॉ. प्रतिभा यादव ने इस कार्यक्रम की महत्ता पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में तमिल गीत की प्रस्तुति अपर्णा मौर्या ने की। प्रज्ञा सहाय, श्रेया, शालिनी एवं अदिती शर्मा ने साथ दिया। ब्रज नृत्य की प्रस्तुति शालिनी पांडेय, अनामिका मौर्या, ग्रेसी, सभ्यता, श्रुति एवं कृतिका ने दी।
प्रबंधक ने बताया कि काशी तमिल संगमम हमारी सभ्यता-सांस्कृतिक धरोहर का उत्सव है। यह संगम केवल परंपराओं का मेल नहीं वरन दिलों का जुड़ाव है। कार्यक्रम में श्रुति मिश्रा, माधुरी मिश्रा, कामना शुक्ला, शिखा राय, डाॅ. गीतिका आदि मौजूद रहीं। संचालन छाया खरे ने किया।
काशी सांसद सांस्कृतिक महोत्सव में छात्रों ने दिखाई प्रतिभा
जिले के अलग-अलग कंपोजिट विद्यालयों में सोमवार को काशी सांसद सांस्कृतिक महोत्सव का आयोजन हुआ। इसमें छात्रों ने अपनी प्रतिभा दिखाई। छात्रों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम की अद्भुत प्रस्तुति देकर सबका दिल जीत लिया। छात्रों को पुरस्कृत भी किया गया। मिर्जामुराद के किसान इंटर कॉलेज में सोमवार को न्याय पंचायत स्तरीय काशी सांसद महोत्सव कार्यक्रम चला।
इसमें गौर, मिर्जामुराद, प्रतापपुर, चक्रपानपुर, आषाढ़, राजपुर व पिलोरी आदि गावों के प्राथमिक व कंपोजिट विद्यालय के छात्रों ने नृत्य व गायन प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। इसमें कंपोजिट विद्यालय प्रतापपुर के अजय प्रसाद व दीपा ने प्रथम स्थान हासिल किया। मुख्य अतिथि भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष देवेंद्र सेठ रहे। इस अवसर पर विमल सिंह, सुरेंद्र कुमार त्रिपाठी, रूबी नकवी, संजू देवी आदि मौजूद रहीं।
वहीं, गंगापुर इंटर कॉलेज में भी प्रतियोगिता हुई। शुभारंभ प्रधानाचार्य डॉ. श्री प्रकाश सिंह ने किया। कंपोजिट विद्यालय वसंत पट्टी के छात्राओं ने युगल गीत घनश्याम तुम काले हो पर सुंदर नृत्य किया। यही के छात्रों ने राजस्थानी लोक नृत्य भी प्रस्तुत किया। प्राथमिक विद्यालय गंजारी की छात्राओं ने कठपुतली नृत्य किया। गंगापुर कंपोजिट विद्यालय के छात्रों ने शिव तांडव की प्रस्तुति की।
डीएवी के विद्यार्थियों ने किया मुंडेश्वरी देवी का किया भ्रमण
डीएवी पीजी कॉलेज के समाजशास्त्र विभाग और ट्रेवल एंड टूरिज्म मैनेजमेंट पाठ्यक्रम के संयुक्त तत्वावधान में विद्यार्थियों का दल सोमवार को शैक्षणिक भ्रमण के लिए बिहार गया। छात्रों ने मुंडेश्वरी देवी और करमचट डैम भी देखा। विभागाध्यक्ष डॉ. जियाउद्दीन ने बताया कि बिहार के जनजातीय बाहुल्य क्षेत्र मुंडेश्वरी देवी मंदिर एवं करमचट डैम के पास बादलगढ़ गांव में चेरो जनजाति के सामाजिक, राजनीतिक स्थितियों व उनके संरक्षण की व्यवस्था का विद्यार्थियों ने अध्ययन किया।
इस दौरान चेरो जनजाति के लोगों ने बताया कि उनकी जनजाति के बच्चों में शैक्षणिक स्तर पर सुधार हुआ है। इसके बावजूद बहुत से वयस्क लोगों को मतदान का अधिकार अब भी नहीं मिल पाया है। शैक्षणिक भ्रमण में मुख्य रूप से डॉ. हसन बानो, डॉ. नेहा चौधरी, डॉ. शशिकांत यादवा, डॉ. सूर्य प्रकाश पाठक आदि मौजूद रहे।
भगवत नाम ही भगवान को पाने की चाबी
भागवत नाम ही भगवान के प्रताप का खजाना खोलने की चाबी है और जो इस खजाने से जुड़ता है, वह जीवन में पूर्णता को प्राप्त करता है। कथा का समापन समाप्ति नहीं, बल्कि सम्यक प्राप्ति है। ये बातें इस्कॉन कोलकाता के सार्वभौम प्रभु ने कहीं। वह सोमवार को शूलटंकेश्वर महादेव मंदिर मार्ग के समीप स्थित काशी आनंदम स्पिरिचुअल एंड वेलनेस वैदिक विलेज में आयोजित सात दिवसीय भागवत कथा के अंतिम दिन प्रवचन कर रहे थे।
सोमवार को अंतिम दिवस पर सार्वभौम प्रभु ने द्वारका में हुए दानव–सैल्व के आक्रमण और भगवान श्रीकृष्ण द्वारा दोनों के वध की लीला का मार्मिक वर्णन किया। कोलकाता के ज्योति व विजय खेमका की ओर आयोजित कथा के अंतिम दिन यज्ञ और शूलटंकेश्वर घाट पर शाम को गंगा आरती हुई। इस दौरान वरुण खेमका, महेश सिंघानिया, प्रदीप सिंघानिया, शैलेंद्र सिंघानिया, जय खेमका उपस्थित रहे।
पारिश्रमिक में वृद्धि के लिए सुरेश खन्ना को मांग पत्र सौंपा
राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को सर्किट हाउस में प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना से मिलकर मांगपत्र सौंपा। पूर्व प्रदेश संयुक्त महामंत्री डॉ. जगदीश सिंह दीक्षित के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि विश्वविद्यालय व महाविद्यालयों के शिक्षकों से उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन, प्रायोगिक परीक्षाओं का संपादन कराया जा रहा है। वर्तमान समय में शिक्षकों के पारिश्रमिक की दरों को बढ़ाया जाना चाहिए। यात्रा एवं दैनिक भत्ते की दरों में भी 2011 के बाद कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है। प्रभारी मंत्री ने शिक्षकों को सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश संयोजक डॉ. राघवेंद्र कुमार पांडेय, प्रो. ओमप्रकाश चौधरी शामिल रहे।
वेंडर डेवलपमेंट प्रोग्राम में लगेंगे स्वदेशी उत्पादों के 50 स्टाॅल
एमएसएमई विभाग की ओर से 29 और 30 नवंबर को चांदपुर में दो दिवसीय वेंडर डेवलपमेंट प्रोग्राम का आयोजन किया गया है। स्वदेशी उद्योगों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न श्रेणियों के 50 स्टाॅलों में स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इस आयोजन में सिडबी, एनसीएल, गेल इंडिया, ईसीजीसी जैसी 12 प्रमुख कंपनियां भाग लेंगी। इन कंपनियों के अधिकारी नए और इच्छुक उद्यमियों को व्यवसायिक प्रबंधन, प्रोडक्शन प्लानिंग, गुणवत्ता मानकों और मार्केटिंग तकनीकों पर विशेषज्ञ प्रशिक्षण देंगी।
एमएसएमई के क्षेत्रीय सहायक निदेशक राजेश कुमार चौधरी ने बताया कि इस बार औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई), पॉलिटेक्निक और अन्य तकनीकी संस्थानों के छात्र भी इसमें शामिल होंगे। छात्रों को तकनीकी नवाचार, स्टार्टअप प्रक्रियाओं और मशीनरी संचालन संबंधी कई महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी जाएंगी। प्रदर्शनी में हथकरघा, कृषि-आधारित उत्पाद, मशीनरी पार्ट्स, इलेक्ट्रॉनिक सामान, पैकेजिंग सामग्री, फूड प्रोसेसिंग उत्पाद और अन्य कई श्रेणियों की सामग्री देखने को मिलेगी।
ईश्वर को मूल्य नहीं, भाव चाहिए
भारद्वाजी टोला के कर्मकुल में चल रही सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का समापन सोमवार को हुआ। बाल व्यास रूपेश पांडेय और प्रभाकर नारायण तिवारी ने सुदामा चरित्र का वर्णन किया। सुदामा की चावल की पोटली जब कथा में खुली तो लगा मानो हर श्रोता के भीतर भी कोई पुरानी गांठ खुल रही हो। एक ऐसी गांठ, जिसमें वर्षों का अहंकार, चाह और अपेक्षाएं छुपी थीं।
उस क्षण यह अनुभव हुआ कि ईश्वर को मूल्य नहीं, भाव चाहिए। कथा का अगला प्रसंग परीक्षित मोक्ष था। कथा व्यास ने बताया कि जिसने जीवन भर भीतर के कृष्ण को जगा लिया, उसके लिए मृत्यु केवल आवरण बदलने जैसा है। इस दौरान यजमान प्रतिभा पांडेय, विनय पांडेय, राघवेंद्र पांडेय, प्रिया पांडेय, आशुतोष पांडेय, रश्मि उपस्थित रहीं।
मिर्जापुर भ्रमण को गया कंपोजिट विद्यालय नवलपुर के छात्रों का दल
कंपोजिट विद्यालय नवलपुर पिंडरा के 45 छात्रों के दल ने अपने अध्यापकों के साथ मिर्जापुर में स्थित सिरसी फाॅल, विंडम फाॅल और रामनगर किले का शैक्षिक भ्रमण किया। विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक शांतनु शुक्ला ने हरी झंडी दिखाकर शैक्षिक भ्रमण के लिए दल को रवाना किया। सभी छात्र-छात्राओं ने खूब आनंद लिया। दल के साथ मनोरमा सिंह, प्रज्ञा सिंह, डॉ. चंदन कुमार सिंह, राकेश कुमार वर्मा, अखिलेश कुमार मौर्य, अनीता देवी व अखिलेश कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।
दिल्ली अंतरराष्ट्रीय मेले में काशी के लकड़ी के खिलौने आकर्षण का केंद्र
दिल्ली के प्रगति मैदान में चल रहे 14 दिवसीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में काशी की पारंपरिक कला और हुनर ने लोगों का दिल जीत लिया है। काशी के युवा और अनुभवी हस्तशिल्पियों द्वारा तैयार किए गए लकड़ी के खिलौने, शिल्प, हैंडमेड डेकोर और मिट्टी के बने आकर्षक मॉडल लोगों को खूब भा रहे हैं। खास बात यह है कि काशी की लड़कियों के बनाए गए खिलौनों को विशेष सराहना मिल रही है।
उनकी नाजुक कारीगरी और रंग-बिरंगी डिजाइन ऑस्ट्रेलिया, जापान और अमेरिका के खरीदाराें का ध्यान अपनी ओर खींच रही है। इस वर्ष काशी के कुल 29 हस्तशिल्पियों ने अपने-अपने उत्पादों के साथ स्टॉल लगाए हैं। काशी के हस्तशिल्पी रामेश्वर सिंह ने बताया कि मेले में आने वाले विदेशी काशी के स्टॉलों पर खरीदारी करते हुए यहां की कला से भी रूबरू हो रहे हैं।
लापरवाही में खराब न हो सीएम डैश-बोर्ड पर जिले की रैंकिंग
सीएम डैश बोर्ड की विभागवार समीक्षा सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार हुई। डीएम सत्येंद्र कुमार ने खराब श्रेणी प्रदर्शित करने वाले इंडिकेटर में रहने वाले विभाग व कार्यों से संबंधित अफसरों को प्रदर्शन सुधारने को कहा और हिदायत दी। डीएम ने कहा कि लापरवाही के कारण सीएम डैश-बोर्ड पर खराब रैंकिंग मिली तो कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने कम प्रगति वाले विभागों की निगरानी बढ़ाने का निर्णय लिया। कहा कि सेतु निगम, नियोजन विभाग की फैमिली आईडी, बेसिक शिक्षा के पीएम पोषण-विद्यालय, पिछड़ा वर्ग कल्याण की दशमोत्तर छात्रवृत्ति/शुल्क प्रतिपूर्ति योजना से संबंधित काम में तेजी लाई जाए। लोक निर्माण विभाग नई सड़कों का निर्माण तेजी से कराए। उन्होंने समाज कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण से संबंधित दशमेत्तर छात्रवृत्ति का वितरण की भी समीक्षा की। कहा कि जिस स्तर पर छात्र-छात्राओं के आवेदन लंबित है उसका समन्वय स्थापित कर निस्तारण कराएं। छात्रवृत्ति वितरण सुनिश्चित करें।
अस्सी से दशाश्वमेध तक तमिल संगमम का घाटवॉक
दो से 15 दिसंबर तक होने वाले काशी तमिल संगमम में सोमवार को घाट वॉक हुआ। बीएचयू की ओर से आयोजित इस घाटवॉक में अस्सी घाट से दशाश्वमेध घाट और फिर वापस अस्सी घाट पर समाप्त हुआ। बीच में मिले लोगों को संगमम के बारे में जागरूक किया गया। घाट वॉक की शुरुआत लोक सांस्कृतिक कार्यक्रम कठघोड़वा नृत्य प्रस्तुति से हुई। काशी तमिल संगमम-4 आयोजन समिति के सदस्य आनंद श्रीवास्तव ने कहा कि 1500 व्यक्ति सात समूहों में वाराणसी आएंगे और इसके अलावा लगभग 50 तमिल भाषा के शिक्षक भी होंगे, जो शहर के कई कॉलेजों और स्कूलों में तमिल पढ़ाने के लिए वाराणसी में रहेंगे।
नागरिक कर्तव्य और नैतिकता से महान बनता है देश
काशी विद्यापीठ में झारखंड स्थापना दिवस पुरस्कार वितरण समारोह और एक दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी हुई। महामना मदन मोहन मालवीय हिंदी पत्रकारिता संस्थान की ओर से सोमवार को 'मैं महान तो मेरा भारत महान : नागरिक कर्तव्य और नैतिकता' विषय पर संवाद हुआ। डॉ. भगवान दास केंद्रीय पुस्तकालय स्थित समिति कक्ष में गुजरात के सुधीर शांतिलाल रावल ने कहा कि कोई भी राष्ट्र संस्कृति, नागरिक कर्तव्य और नैतिकता से महान बनता है।
देश आपके लिए क्या करेगा यह सोचने से पहले आप देश के लिए क्या कर सकते हैं, ऐसा सोचिए। हमें गांधी, आंबेडकर जैसे विचारों से अपने नैतिक चरित्रों से प्रेरणा लेनी चाहिए। कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी ने कहा कि देश महान है या नहीं ये नागरिकों पर निर्भर करता है। स्वागत कार्यक्रम और संयोजन पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अध्यक्ष डॉ. नागेंद्र कुमार ने किया।
सर्द रात के बाद अब दिन में भी ठिठुरन, धूप में पारा 25.5 डिग्री
बनारस की सर्द रात के बाद अब दिन भी ठिठुरने लगा है। सोमवार को धूप के बावजूद दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से 2.8 डिग्री कम महज 25.5 डिग्री सेल्सियस ही दर्ज किया गया। ये इस सीजन में दिन का सबसे कम तापमान था। न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.8 डिग्री नीचे 10.5 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह धुंध छाने से लाल बहादुर शास्त्री एयरपोर्ट के आसपास दृश्यता घटकर 500 मीटर पर आ गई थी। बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि आगामी दिनों में बनारस कोई सक्रिय मौसम तंत्र नहीं है। कई दिनों तक घने धुंध का अनुमान है।
वैश्विक नागरिक बनने में सहायक होंगे लैंग्वेज और कल्चर कोर्स
वैश्विक नागरिक बनने व विभिन्न संस्कृतियों के प्रति सम्मान में लैंग्वेज और कल्चर कोर्स सहायक है। यह पहल भारत और रूस के बीच मैत्रीपूर्ण और शैक्षणिक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ी सफलता है। यह बातें सोमवार को काशी विद्यापीठ के कुलपति प्रो. एके त्यागी ने कहीं। अंग्रेजी और अन्य विदेशी भाषा विभाग की ओर से रूस की कोजमा मिनिन निज्नी नौवगेरोद स्टेट पेडागोजीकल यूनिवर्सिटी के सहयोग से आयोजित दो सप्ताह के 'रशियन कैरेक्टर इन द मिरर ऑफ द लैंग्वेज' विषयक लैंग्वेज और कल्चर कोर्स के समापन कार्यक्रम की कुलपति ने सराहना की।
उन्होंने कहा कि यह कोर्स हमारे छात्रों को वैश्विक नागरिक बनने और विभिन्न संस्कृतियों के प्रति सम्मान विकसित करने में सहायक सिद्ध होगा। संयोजिका डॉ. नीरज धनकड़ ने कहा कि छात्रों ने रूसी भाषा और संस्कृति के प्रति गहरी रुचि दिखाई। रूस की प्रसिद्ध भाषाविद नाडेजहादा इगोरवना ने छात्रों को सफलतापूर्वक प्रशिक्षित किया। संचालन डॉ. किरन सिंह ने किया। इस अवसर पर प्रो. अनुराग कुमार, अंग्रेजी विभाग की अध्यक्ष प्रो. निशा सिंह, डॉ. विजय रंजन आदि उपस्थित रहे।