Varanasi News in Hindi: सिविल जज (सीनियर डिवीजन फास्ट ट्रैक) की अदालत में बुधवार को ज्ञानवापी से जुड़े प्राचीन मामले की सुनवाई नहीं हो सकी। अदालत ने अगली सुनवाई के लिए 10 फरवरी की तिथि नियत की है। कार्य क्षेत्र में बदलाव के बाद अब इस अदालत में न्यायिक अधिकारी सुरभि अग्रवाल कार्यभार संभालेंगी। इस मामले में प्रतिवादी उत्तर प्रदेश सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड की ओर से अग्रिम सुनवाई पर रोक लगाने की अर्जी दी गई।
अर्जी में दलील दी गई कि सुप्रीम कोर्ट ने वरिष्ठ अधिवक्ता अश्वनी उपाध्याय की याचिका पर प्लेसेज ऑफ वर्शिप एक्ट के तहत सभी विवादित मामलों की अग्रिम सुनवाई पर रोक लगा रखी है, इसलिए इस मामले की सुनवाई नहीं हो सकती। वाद मित्र विजय शंकर रस्तोगी ने इसका विरोध करते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में कोई विशेष आदेश नहीं दिया है। उन्होंने तर्क दिया कि हाईकोर्ट पहले ही छह माह के भीतर मुकदमे के निस्तारण का आदेश दे चुका है, जिसके तहत त्वरित सुनवाई चल रही है।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में जिला जज की अदालत ने भी सील वजूखाने के ताले पर कपड़ा बदलने से जुड़े मामले में प्रशासन की अर्जी पर सुनवाई से इन्कार कर दिया था। यह मामला ज्ञानवापी परिसर में नए मंदिर निर्माण और हिंदुओं को पूजा-पाठ का अधिकार देने से जुड़े 1991 में दायर मुकदमे में पक्षकार बनाए जाने संबंधी प्रार्थना पत्र से संबंधित है, जिस पर सुनवाई जारी है।
भोला जायसवाल की नहीं हो सकी पेशी, अब दो फरवरी को सुनवाई
कफ सिरप प्रकरण से जुड़े मामले में बुधवार को अपर जिला जज (14वां वित्त) की अदालत में अभियुक्त भोला जायसवाल की पेशी नहीं हो सकी। इस कारण न्यायिक कार्यवाही आगे नहीं बढ़ पाई। अदालत ने मामले की सुनवाई की तिथि दो फरवरी तय कर दी है।
अभियोजन पक्ष की ओर से अदालत को अवगत कराया गया कि निर्धारित तिथि पर अभियुक्त को न्यायालय में प्रस्तुत नहीं किया जा सका। इसके चलते न तो मामले की नियमित सुनवाई हो पाई और न ही अन्य बिंदुओं पर कोई निर्णय लिया जा सका। इस प्रकरण में अभियुक्त के खिलाफ अवैध तरीके से अर्जित संपत्ति को अटैच किए जाने संबंधी भी अर्जी भी अदालत में लंबित है। इस अर्जी पर भी बुधवार को सुनवाई प्रस्तावित थी, लेकिन पेशी न होने के कारण इस पर भी कोई कार्यवाही नहीं हो सकी।
घर से भाग रहे किशोर, किशोरियों को आरपीएफ टीम ने पकड़ा
कैंट रेलवे स्टेशन से बुधवार को आरपीएफ की टीम ने घर से भागकर बिहार की ओर जा रहे तीन किशोर और दो किशोरियों को पकड़ लिया। पूछताछ में बताया कि बिना टिकट यात्रा कर रहे थे। आरपीएफ इंस्पेक्टर संदीप यादव ने बताया कि ट्रेन नंबर 12562 में टिकट चेकिंग स्टाफ गुलशन श्रीवास्तव अपने साथियों के साथ टिकट चेक कर रहे थे। तीन किशोर और 2 किशोरी बिना टिकट यात्रा कर रहे थे। पूछताछ में सभी ने बताया कि वह घर से भाग कर बिहार की ओर जा रहे हैं। इंस्पेक्टर ने बताया कि सभी को आरपीएफ कार्यालय लाया गया, इसके बाद चाइल्ड लाइन को सूचित किया गया। कुछ समय बाद चाइल्ड लाइन के सुपरवाइजर शिवकुमार व केस वर्कर सतीश कुमार के आने पर सभी बच्चों को उन्हें दे दिया गया।
ऑनलाइन कारोबार का झांसा देकर 5.11 लाख की साइबर ठगी
ऑनलाइन कारोबार का झांसा देकर हौसला प्रसाद मिश्र से 5.11 लाख रुपये की साइबर ठगी हुई है। पीड़ित ने सिगरा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। सिंधु नगर कॉलोनी निवासी हौसला ने पुलिस को बताया कि वह व्यवसाय करते हैं। दो महीने पहले एक अनजान नंबर से कॉल आई और ऑनलाइन व्यवसाय शुरू करने पर बातचीत की। इस बीच Bonon Co. पर कार्य करने के लिए अनजान व्यक्ति ने विश्वास दिलाया। यह कंपनी ऑनलाइन ऑर्डर पर माल सप्लाई का काम करती है।
व्यक्ति ने बताया कि जो भी ऑर्डर होगा, वह आपके माध्यम से किए जाएंगे। मुनाफे के साथ 15 दिन में आपका पैसा मिल जाएगा। विश्वास में आकर एसएम मेडिकल सिस्टम के बैंक खाते से 16 से 18 जून के बीच 5,11,090 रुपये भेजे। अब पैसा मांगने पर मोबाइल बंद कर दिया गया है। व्हाट्सएप कॉल और मैसेज चल रहा है। सिगरा इंस्पेक्टर संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है। साइबर सेल के विशेषज्ञों से भी संपर्क किया गया है।
बाबतपुर एयरपोर्ट पर 24 उड़ानें देरी से पहुंचीं
बाबतपुर अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर बुधवार की सुबह मौसम खराब होने से उड़ानें प्रभावित हुईं। हवाईअड्डे पर 24 उड़ानें देरी से आईं और प्रस्थान कीं। देर से आने वालों में इंडिगो की कोलकाता-वाराणसी-कोलकाता 33 मिनट, एयर इंडिया एक्सप्रेस की दिल्ली-वाराणसी-दिल्ली 19 मिनट, एयर इंडिया की दिल्ली-वाराणसी-दिल्ली 19 मिनट, इंडिगो की दिल्ली-वाराणसी-दिल्ली 22 मिनट, एयर इंडिया एक्सप्रेस की दिल्ली-वाराणसी-दिल्ली 1 घंटे, स्पाइस जेट की पुणे-वाराणसी-पुणे 27 मिनट, इंडिगो की दिल्ली-वाराणसी-दिल्ली 51 मिनट, एयर इंडिया एक्सप्रेस की दिल्ली-वाराणसी-दिल्ली 17 मिनट, एयर इंडिय एक्सप्रेस मुंबई-वाराणसी-मुंबई 1 घंटे 20 मिनट, इंडिगो की बंगलूरू-वाराणसी-बंगलूरू 21 मिनट, एयर इंडिया एक्सप्रेस शारजाह-वाराणसी-शारजाह 19 मिनट और इंडिगो की बंगलूरू-वाराणसी-बंगलूरू की उड़ान 37 मिनट देरी से पहुंचीं और प्रस्थान कीं।
एडीसीपी महिला अपराध ने की एएचटीयू की समीक्षा
अपर पुलिस उपायुक्त महिला अपराध नम्रता श्रीवास्तव की अध्यक्षता में बुधवार को यातायात पुलिस लाइन सभागार में एएचटीयू, विशेष किशोर पुलिस इकाई की समीक्षा बैठक की। इसमें महिला व बाल सुरक्षा संगठन द्वारा जारी प्रोटोकॉल अनुसंधान एवं अभियोजन, समस्त थानों के बाल कल्याण अधिकारी, विवेचक के समक्ष आ रही समस्या, पीड़िता के आवासन, पाक्सो एक्ट के आरोप पत्र प्रेषित करने का समय व दिशा-निर्देश का पालन, रानी लक्ष्मीबाई अनुदान, बाल श्रम और भिक्षावृत्ति की रोकथाम आदि के संबंध में विस्तार पूर्वक चर्चा की गई। गुमशुदा बच्चों के पंजीकृत व लंबित मामलों व पाक्सो एक्ट के तहत पंजीकृत प्राथमिकी पर चर्चा की गई।
एसटीएफ के एसआई मनोज कुमार को वीरता पुरस्कार के चयन पर ग्रामीणों में हर्ष, किया सम्मान
यूपी एसटीएफ वाराणसी यूनिट में एसआई और आराजीलाइन विकास खंड के जमुनीपुर गांव निवासी मनोज कुमार सिंह का चयन वीरता पुरस्कार के लिए हुआ है। 1995 में पुलिस विभाग में हेड कांस्टेबल के पद पर हुआ था। परिवार और गांव में खुशी है। बुधवार को गांव पहुंचने ग्रामीणों ने मनोज कुमार का स्वागत किया। इस मौके पर ग्राम प्रधान अनिल राम, मरूई ग्राम प्रधान अजय सिंह बबलू, राजेशसिंह, गुड्डू सिंह, पी एन सिंह, गंगू यादव, दुमन सिंह, जियाराम यादव रहे।
15 वर्षीय अपहृता को सकुशल बरामद किया
लालपुर-पांडेयपुर पुलिस ने एक किशोरी को बुधवार को 10.50 बजे कैंट रेलवे स्टेशन के पास से बरामद किया। थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि टीम ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मुखबिर की सूचना पर बरामद कर परिजनों को सौंपा।
48 घंटे में छत्तीसगढ़ से सकुशल बरामद हुई नाबालिग
सारनाथ क्षेत्र से लापता नाबालिग को पुलिस ने मात्र 48 घंटे अंदर छत्तीसगढ़ से बरामद कर लिया। आशापुर निवासी महिला ने 25 जनवरी को थाना सारनाथ में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी नाबालिग पुत्री स्कूल जाने के बाद घर वापस नहीं लौटी। थाना प्रभारी पंकज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और संभावित स्थानों पर दबिश देते हुए 27 जनवरी को भिलाई रेलवे स्टेशन छत्तीसगढ़ से बालिका को बरामद कर लिया। बालिका को बाल कल्याण समिति के सामने पेश किया।
सिगरा पुलिस ने बनाया दबाव, लालपुर-पांडेयपुर थाने पर हंगामे जैसी रही स्थिति
विद्यापीठ चौकी इंचार्ज शिवाकर मिश्रा और आरक्षी गौरव कुमार द्विवेदी को एंटी करप्शन के पाले से छुड़ाने को लेकर सिगरा पुलिस रात तक परेशान रही। लालपुर-पांडेयपुर थाने पर सिगरा पुलिस और एंटी करप्शन टीम के बीच हॉटटॉक भी हुई। रात तक हंगामे जैसी स्थिति बनी रही। अंतत: एंटी करप्शन टीम ने किसी की नहीं सुनी। प्राथमिकी दर्ज की गई है। दरोगा की पत्नी शिवानी ने भी एंटी करप्शन पर कई आरोप मढ़े। उधर, रात में डीसीपी काशी जोन गौरव बंशवाल ने दरोगा और आरक्षी को निलंबित कर दिया।
कोर्ट के आदेश पर चार के खिलाफ धोखाधड़ी में प्राथमिकी दर्ज
जटाशंकर इंफ्रास्ट्रक्चर प्रा. लि. के निर्देशक और खुशहाल नगर कॉलोनी बसही निवासी उदयभान सिंह ने 4 लोगों पर धोखाधड़ी का आरोप लगाकर प्राथमिकी दर्ज कराई। मामला कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुआ। आरोप है कि अयोध्या धाम कॉलोनी शिवपुर निवासी एरिक वाज, संजय कुमार दास, सैफ खान और इंद्रगाल सिंह बग्गा उनके कार्यालय पहुंचे और अपनी फर्म में निवेश करने पर अधिक मुनाफा दिलाने का भरोसा दिया।
एरिक वाज ने नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ सिक्योरिटी मार्केट का सर्टिफिकेट दिखाते हुए स्वयं को एमडी और संजय कुमार दास व सैफ खान को डायरेक्टर बताया। साथ ही संजय कुमार दास के खाते में रकम ट्रांसफर कराने को कहा। विश्वास में आकर उदयभान सिंह ने अपनी फर्म के खाते से 28 लाख रुपये संजय कुमार दास के खाते में ट्रांसफर कर दिए। तीन महीने बाद भी जब कोई रिटर्न नहीं मिला और धनराशि वापस मांगी गई तो आरोपियों ने गालीगलौज कर जान से मारने की धमकी दी। थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
पीपा पुल से कार गंगा में गिरी, गोताखोरों ने दो युवकों को बचाया
चौबेपुर के कैथी टांडा पीपा पुल पर बुधवार शाम चार बजे टांडा से कैथी की ओर आ रही कार अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए गंगा में जा गिरी। हादसे के तुरंत बाद घाट पर मौजूद गोताखोरों ने गंगा में छलांग लगाकर कार का दरवाजा खोला और दो युवकों को बाहर निकाल लिया। दोनों की पहचान सचिन यादव निवासी खोनपुर सिवाने बलुआ चंदौली और प्रभाकर हरिजन निवासी सिवड़ी बलुआ चंदौली के रूप में हुई। थाना प्रभारी इंद्रेश कुमार ने बताया कि दोनों युवक शराब के नशे में थे। साथ ही अत्यधिक शराब पीने के बाद कार चला रहे थे, जिससे हादसा हुआ। गंगा में कार की खोजबीन की जा रही है।
ईएसआईसी अस्पताल में भिड़े गार्ड
ईएसआईसी अस्पताल में तैनात एक गार्ड को सहकर्मी ने पीटकर घायल कर दिया। आरोप है कि सहकर्मी ने शराब का सेवन कर रखा था। पीड़ित की तहरीर पर कैंट थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। कैमूर बिहार निवासी डब्लू राय ईएसआईसी अस्पताल में गार्ड हैं। आरोप है कि 27 जनवरी की रात नौ बजे वह दवा लेकर लौट रहा था। इसी दौरान अस्पताल में ही तैनात गार्ड देवेंद्र शर्मा, जो शराब के नशे में धुत था उनसे अभद्रता करने लगा। मना करने पर आरोपी ने डंडे से सिर पर हमला कर दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह मामला शांत कराया। आरोपी ने जान से मारने की धमकी भी दी। थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि कार्रवाई की जा रही है।
शिक्षिका को शिक्षक से हुआ प्यार, पति ने लोहता थाने में लगाई गुहार
लोहता। काशी विद्यापीठ ब्लॉक के बेसिक शिक्षा के तहत एक प्राथमिकी विद्यालय में शिक्षक और शिक्षिका का प्यार परवान चढ़ा है। दो दिन से चल रही पंचायत के बीच बुधवार को शिक्षिका के पीड़ित पति ने लोहता थाने में तहरीर देकर गुहार लगाई। शिक्षिका पति को छोड़कर दो महीने से किराये के कमरे में रह रही है। पति ने पुलिस को बताया कि पत्नी और शिक्षक एक ही स्कूल में हैं। कई महीने से पत्नी का व्यवहार ठीक नहीं है, देर रात तक वह व्हाट्सएप चैट पर लगी रहती है।
टोकने पर कहती है कि स्कूल का काम कर रहे हैं। कुछ दिन बाद ही शहर में ही अलग कमरा लेकर रहने लगी। व्यवहार से शंका हुई तो स्कूल पहुंचे तो शिक्षक से प्रेम संबंध का पता चला। सहायक अध्यापक और अध्यापिकाओं ने दबी जुबान से कहा कि स्कूल के कर्मचारी भी दोनों से परेशान हैं। पत्नी और उसका प्रेमी शिक्षक एक दूसरे को छोड़ने को तैयार नहीं है। पति ने साक्ष्य पुलिस को सौंपे हैं। थानाध्यक्ष राजबहादुर मौर्य ने बताया कि बेसिक शिक्षा के अधिकारियों से वार्ता चल रही है।
मारपीट कर महिला को घर से निकाला, प्राथमिकी दर्ज
लंका थाना क्षेत्र के कृष्ण नगर कॉलोनी भगवानपुर निवासी कंचन यादव की शिकायत पर ससुर होरीलाल और ननद आरती कुमारी के खिलाफ मारपीट और घर से निकालने के मामले में लंका पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। पीड़िता का आरोप है कि मंगलवार शाम चार बजे जब वह अपनी बच्ची के साथ काम से वापस आई तो आरोपियों ने डंडे से मारपीट कर घायल कर दिया। लंका थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
हेरोइन के साथ एक गिरफ्तार
सारनाथ पुलिस ने सरायमोहाना घाट से हेरोइन के साथ पंचकोशी निवासी विशाल चौहान को गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी 15 ग्राम हेरोइन लेकर बेचने जा रहा है। सूचना पर सरायमोहाना घाट से उसे पकड़ा गया।
महिला के परिजनों से मिलने पहुंचे पूर्व मंत्री सुरेंद्र पटेल
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के चित्रसेनपुर गांव में 17 जनवरी को दोपहर रास्ते की विवाद में महिला की सिर पर फावड़े से वार कर हुई हत्या के मामले में बुधवार को पीड़ित परिवार से सपा नेता सुरेंद्र पटेल ने मुलाकात की। डीसीपी को फोन मिलाया, हालांकि उठा नहीं। कहा कि हत्यारोपी कुलदीप पटेल की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधिकारियों से बात करेंगे। सुरेंद्र पटेल ने परिजनों को आश्वासन दिया सपा मुखिया अखिलेश यादव को जानकारी देंगे और न्याय की लड़ाई में उनके साथ हैं।
डीजे बजाने और सड़क जाम करने के मामले में प्राथमिकी दर्ज
तेज आवाज में डीजे बजाकर मिनी ट्रक से सड़क जाम करने के मामले में चौकी प्रभारी पांडेयपुर प्रवीण कुमार सचान ने लालपुर पांडेयपुर थाने में डीजे संचालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। आरोप है कि 27 जनवरी की रात 8.40 बजे पांडेयपुर की ओर जा रहे गब्बर ऑन व्हील लिखे मिनी ट्रक पर तेज ध्वनि में डीजे बज रहा था। इस वजह से सड़क पर जाम लग गया। पुलिस के रोकने और समझाने के बाद भी डीजे बंद नहीं किया गया, इससे राहगीरों को असुविधा हुई। पुलिस ने यातायात बाधित करने और ध्वनि प्रदूषण फैलाने के आरोप में कार्रवाई शुरू कर दी है। संवाद
15 लाख रुपये और कार की मांग पति समेत चार पर प्राथमिकी दर्ज
कैंट क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न और जानलेवा हमले के मामले पीड़िता रिंकी यादव ने पति समेत ससुराल पक्ष के चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। पीड़िता का आरोप है कि दहेज में 15 लाख रुपये और चार पहिया वाहन की मांग काफी दिनों से ससुराल पक्ष कर रहा है। इन्कार करने पर प्रताड़ना और मारपीट की जाती है। पीड़िता ने तहरीर में बताया कि बीते 6 फरवरी को उसकी शादी फुलवरिया निवासी आशीष यादव के साथ हुई। दहेज की मांग पूरी न होने पर पति आशीष यादव, सास शीला देवी और ससुर रामवृक्ष यादव पीटने लगे। 19 दिसंबर को कमरे में बंद कर दिया। 26 जनवरी को विदाई कराने पहुंचे भाई अनूप यादव और चाचा महंथ यादव से मारपीट की। कैंट थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
तीन पंप हाउस से बैटरी जेनरेटर का अल्टरनेटर चोरी
तीन गांवों में जल जीवन मिशन के पंप हाउस की बैटरी और जेनरटर का अल्टरनेटर चोरी हो गया। दीपापुर गांव में चोरों ने पंप हाउस की 24 बैटरी चोरी कर ली। बभनियाव और ढढोररपुर में भी चोरों ने पंप हाउस से बैटरी चोरी की। पूरे दिन गांव में पानी की सप्लाई नहीं हुई। दीपापुर के पंप हाउस के ऑपरेटर रवि ने पुलिस को जानकारी दी। थाना प्रभारी दयाशंकर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
किराए पर दी दो कारें बेचीं, प्राथमिकी दर्ज
चकेरी थाना क्षेत्र के रहने वाले ट्रैवल्स संचालक ने अपनी दो कार वाराणसी के एक होटल संचालक को किराये पर दी। कई महीने किराया न मिलने पर पीड़ित ने जानकारी की तो आरोपियों द्वारा कार बेचने की बात सामने आई। पीड़ित ने चकेरी थाने में मामले की प्राथमिकी दर्ज कराई। गिरजानगर निवासी कुलवीर सिंह ने पुलिस को बताया कि उनकी ट्रैवल्स में गाड़ियां चलती हैं।
अपनी वरना और औरा कार लालबंगला निवासी सक्षम जायसवाल के माध्यम से वाराणसी के एक होटल में प्रतिमाह किराये पर दी थी। दो माह का भुगतान न होने पर कुलवीर और सक्षम वाराणसी स्थित हिमांशु गुप्ता के होटल पहुंचे। पता चला कि हिमांशु ने सौरभ गुप्ता के साथ मिलकर दोनों कार बेच दी हैं। आरोपियों ने अपना मोबाइल भी बंद कर लिया। थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि दो नामजद समेत तीन अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। एक टीम वाराणसी बरामदगी के लिए गई है।
मंदिर में चोरी करने का आरोपी गिरफ्तार
कपसेठी पुलिस ने बुधवार सुबह मंदिर में चोरी करने वाले अभियुक्त को गिरफ्तार किया। उसकी पहचान हरिराम मुसहर निवासी जगदीशपुर जौनपुर के रूप में हुई। अभियुक्त के पास से मंदिर से चोरी किए गए घंटे और छाल को पुलिस ने बरामद किया। थाना प्रभारी सधुवन राम गौतम ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
आरोपित स्कूल प्रबंधक के पुत्र की जमानत अर्जी खारिज
बहुचर्चित अधिवक्ता पुत्र हेमंत पटेल हत्याकांड में आरोपित स्कूल प्रबंधक के पुत्र को एक बार फिर कोर्ट से राहत नहीं मिली। जिला जज संजीव शुक्ला की अदालत ने मामले की गंभीरता को देख राज विजयेंद्र सिंह उर्फ राज विजेंद्र सिंह उर्फ रवि की जमानत अर्जी खारिज कर दी। पूर्व में भी अदालत ने जमानत खारिज कर दी थी। सिंधौरा निवासी अधिवक्ता कैलाश चंद्र वर्मा ने शिवपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
आरोप है कि 22 अप्रैल 2025 को आरोपित ने अपने विद्यालय बुलाकर लाइसेंसी पिस्टल से हेमंत पटेल की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इस हत्याकांड को लेकर वकीलों में भारी आक्रोश देखने को मिला था और कई दिनों तक न्यायिक कार्य से विरत रहकर कार्रवाई की मांग की गई थी।
पशु तस्करी के तीन आरोपियों की खुली हिस्ट्रीशीट
चौबेपुर और चोलापुर पुलिस ने पशु तस्करी में शामिल तीन आरोपियों की बुधवार को हिस्ट्रीशीट खोली है। डीसीपी वरुणा प्रमोद कुमार ने बताया कि चौबेपुर थाने क्षेत्र के आरोपी पिकेश कुमार और राहुल यादव की हिस्ट्रीशीट खोली गई है। दोनों पशु तस्करी में संलिप्त रहे हैं। उधर, चोलापुर थाना क्षेत्र के परसादीपुर निवासी राहुल यादव की भी हिस्ट्रीशीट खोली गई है। पशु तस्करी का आरोपी है। तीनों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी होगी।
10 लीटर कच्ची शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार
चौबेपुर थाना क्षेत्र के मुनारी रोड पर निर्माणाधीन रेलवे फ्लाईओवर के पास शक्ति कुमार को 10 लीटर कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया। थानाध्यक्ष इंद्रेश कुमार ने बताया कि आरोपी परानापुर कंजर बस्ती का निवासी है।
खड़ी कार में एंबुलेंस ने मारी टक्कर, प्राथमिकी दर्ज
महमूरगंज आकाशवाणी के पास एंबुलेंस की टक्कर से खड़ी कार क्षतिग्रस्त हो गई। 16 दिन बाद कार मालिक की शिकायत पर भेलूपुर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। लाजपत नगर मलदहिया निवासी चंद्र प्रकाश चावला ने पुलिस को बताया कि पिछले 11 जनवरी को होंडा सिटी कार खड़ी की थी। तभी तेज रफ्तार एंबुलेंस ने टक्कर मार दी। भेलूपुर इंस्पेक्टर सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है। जांच की जा रही है।
कमीशन के लिए मारपीट, तीन नामजद समेत अज्ञात पर प्राथमिकी
भेलूपुर थाना क्षेत्र के गौरीगंज के एक होटल में मंगलवार रात ग्राहक भेजने के बाबत कमीशन को लेकर मारपीट हो गई। गौरकला के रहने अमित सोनकर की पिटाई की गई। पीड़ित ने राजेंद्र सोनकर, महेंद्र सोनकर, रिंकू सोनकर समेत अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पीडि़त ने पुलिस को बताया कि होटल में कस्टमर को लेकर जा रहे थे। इस दौरान आरोपी कमीशन मांगने लगे। दबाव बनाया कि यह क्षेत्र हमारा है और यहां से कस्टमर लेकर जाओगे तो कमीशन देना होगा। विरोध करने पर उन्हें और उनके भाई की पिटाई की गई। इंस्पेक्टर सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है।
संकुलधारा पोखरे से ऑक्सिजन कंस चोरी
संकुलधारा पोखरे पर कुंड से ऑक्सिजन कंसंट्रेटर चोरी हो गई। डॉ. अमर सिंह ने भेलूपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। डॉ. अमर सिंह ने पुलिस को बताया कि कुंड पर कुछ दिन पहले मशीन लगाई गई थी। इंस्पेक्टर सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आसपास के सीसी कैमरे को खंगाला जा रहा है।
गेस्ट हाउस में किराया मांगने पर तोड़फोड़, मारपीट
लंका थाना क्षेत्र के गंगोत्री विहार कॉलोनी में शुभांग पेइंग गेस्ट हाउस में तोड़फोड़ और मारपीट की गई। संचालन करने वाले गोला घाट रामनगर निवासी सोनू यादव ने लंका थाने में प्राथमिकी दर्ज की है। आरोपियों में विकास कनौजिया, विशाल कनौजिया, महेश गौड़ समेत अज्ञात हैं। सोनू ने पुलिस को बताया कि रविवार 10 बजे क्षेत्र के आरोपी गेस्ट हाउस पर एक दिन के लिए दो कमरा लेने पहुंचे, किराया कम करने को लेकर आरोपियों ने गालीगलौज और जान से मारने की धमकी दी। विरोध करने पर आरोपियों ने गेस्ट हाउस में तोड़फोड़ और मारपीट की। लंका इंस्पेक्टर राजकुमार शर्मा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है।
माता सीता की विदाई से जनकपुर में भर आई करुणा
चौबेपुर के जयरामपुर में चल रही श्रीरामकथा के चौथे दिन दिन बुधवार को अचलानंद महाराज ने भगवान श्रीराम द्वारा शिव धनुष भंग, परशुराम-लक्ष्मण संवाद, सीताराम विवाह एवं विदाई प्रसंग की भावपूर्ण वर्णन कर श्रद्धालुओं को धर्म, मर्यादा और वीरता के भाव से ओतप्रोत कर दिया। प्रसंगों पर सजी झांकियों में जब सियाजी के हाथों प्रभु श्रीराम को जयमाल पहनाई गई तब सिया जू के हाथे जयमाल हो, मंगल गीत गावैं सब सखियां... की प्रस्तुति हुई। सीताराम विवाह से जनकपुर में आनंद छा गया, लेकिन जैसे ही माता सीता की विदाई का मार्मिक भाव से सभी में करुणा भर उठा। श्रद्धालुओं में प्रसाद का वितरण हुआ।
श्रीराम मंदिर के वर्षगांठ पर हुआ भंडारा
माता रानी नीमा मंदिर शिवानगर औरंगाबाद के पास अयोध्या में श्रीराम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की दूसरी वर्षगांठ के उपलक्ष्य में भगवान श्रीराम का पूजन-अर्चन हुआ। भंडारे में दो हजार से ज्यादा लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। काशी दर्शन करने आए दक्षिण भारतीय श्रद्धालु भी पहुंचे थे। संयोजन नगर निगम में पूर्व उपसभापति ओमप्रकाश चौरसिया ने किया।
शैक्षिक भ्रमण पर दिल्ली पहुंचे राजकीय क्वींस और गर्ल्स इंटर कॉलेज के 80 बच्चे
पीएम श्री राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज और पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के कुल 80 छात्र-छात्राएं दिल्ली शैक्षणिक भ्रमण के लिए बुधवार को रवाना हुए। राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य सुमीत श्रीवास्तव को इस भ्रमण कार्यक्रम का नोडल बनाया गया है। सुमीत श्रीवास्तव ने बताया कि शैक्षणिक भ्रमण के दौरान बच्चों को दिल्ली में स्थित एनसीईआरटी, आईआईटी दिल्ली, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला भवन, प्रधानमंत्री संग्रहालय, संसद भवन, सुप्रीम कोर्ट, मुख्य चुनाव आयुक्त कार्यालय, भारतीय कृषि अनुसंधान केंद्र समेत कई राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय संस्थानों में विजिट करेंगे।
पश्चिमी विक्षोभ से नम हवाओं संग बूंदाबांदी से बदला मौसम
पश्चिमी विक्षोभ का असर बुधवार की सुबह देखने को मिला। पछुआ हवाओं के चलने के साथ ही शहरी और ग्रामीण इलाकों में बूंदाबांदी के बाद मौसम बदल गया। हालांकि सुबह 10 बजे के बाद मौसम साफ हो गया और धूप भी हुई लेकिन हवा में नमी अधिक होने की वजह से उसका असर कम रहा। मौसम वैज्ञानिक ने बृहस्पतिवार से मौसम के साफ होने और तापमान में बढ़ोत्तरी की संभावना जताई है।
मंगलवार की भोर में ही तेज हवा चलने के साथ ही बूंदांबादी ने सिहरन का अहसास करवा दिया। ऐसा लगा कि जैसे दिन में हल्की से तेज बारिश होगी लेकिन करीब 9 बजे के बाद से मौसम सामान्य हो गया।
इधर दिन में धूप असरदार न होने की वजह से ही शाम को सिहरन लगने लगी। जहां तक तापमान की बात है तो अधिकतम तापमान 24.3 और न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण ही पछुआ हवाओं का दबाव बुधवार को अधिक रहा। इस कारण बूंदाबांदी हुई। अब मौसम साफ रहने के आसार हैं।
संविदा कर्मियों की छंटनी के विरोध में तेज होगा आंदोलन
विद्युत मजदूर संगठन और विद्युत संविदा मजदूर संगठन की ओर से भिखारीपुर स्थित कार्यालय पर हुई बैठक में संविदा कर्मचारियों की छंटनी सहित अन्य कार्रवाई का मुद्दा उठा। अध्यक्षता करते हुए पूर्वांचल अध्यक्ष इंद्रेश कुमार राय, पूर्वांचल अध्यक्ष संविदा संजय कुमार सिंह ने बताया कि बिजली निगम प्रबन्धन एवं उच्चाधिकारियों द्वारा नियमित एवं संविदा कर्मचारियों का जिस तरह से उत्पीड़न किया जा रहा है जो कि गलत है। इस पर रोक लगाने के लिए संगठन की ओर से उपकेंद्र और खंड कार्यालय पर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि बहुत जल्द बनारस में एक आंदोलन होगा।