फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

News: प्लेसमेंट के नाम पर छात्रों संग धोखाधड़ी, किशोरी को अगवा करने में ठेकेदार पर केस; पढ़ें वाराणसी की खबरें

Sat, 02 Aug 2025 05:46 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

Varanasi News Today: वाराणसी के लंका थाने में छात्रों के साथ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। वहीं, किशोरी को अगवा करने के मामले में पिता ने ठेकेदार पर कैंट थाने में केस दर्ज कराया। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विज्ञापन
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

Varanasi News in Hindi: बीएचयू के चार छात्र लवी जायसवाल, रविंद्र माहौर, मनोज और रोहित कुमार से नौकरी के नाम पर धोखाधड़ी हो गई। छात्रों ने शुक्रवार को लंका थाने में केस दर्ज कराया। पुलिस को बताया कि बीएचयू प्लेसमेंट सेल की ओर से एडवाइजर कंपनी में पांच जुलाई 2021 को प्लेसमेंट हुआ था। कंपनी की शर्त थी कि ट्रेनिंग के दौरान सैलरी का कुछ हिस्सा कंपनी को देना है, लेकिन कंपनी दस्तावेज का गलत उपयोग कर 2.1 लाख आदित्य बिरला फाइनेंस से लोन लेकर भाग निकली।

विज्ञापन


लोन छात्रों के खाते में नहीं आए और ईएमआई खाते से कटने लगी। छात्रों का आरोप है कि प्लेसमेंट सेल के हेड वीके चंदोला और प्रोफेसर सुकुल राज मेहता को सूचना दी गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। आरोप है कि लोन के कारण सिविल भी खराब हो रहा है। लंका इंस्पेक्टर राजकुमार ने बताया कि केस दर्ज कर जांच की जा रही है। 

बिना संसाधन फीडर मैनेजर बनाने का बिजलीकर्मियों ने किया विरोध
विद्युत मजदूर संगठन और विद्युत संविदा मजदूर संगठन की बैठक में शुक्रवार को बिजली कर्मचारियों ने संविदाकर्मियों को बिना संसाधन दिए फीडर मैनेजर बनाने का विरोध जताया। भिखारीपुर में संगठन के भवन में हुई बैठक में पूर्वांचल अध्यक्ष इंद्रेश कुमार राय ने कहा कि टेक्नीशियन और संविदा कर्मचारियों को बिना किसी संसाधन के फीडर मैनेजर बनाने का निगम का फैसला उचित नहीं है। 

फेशियल अटेंडेंस के नाम पर कर्मचारियों का उत्पीड़न कर वेतन कटौती/ रोकने की कार्रवाई की जा रही है। प्रबंधन की ओर से टीजी 2 विद्युत/संविदा कर्मचारियों को न तो मोबाइल और न ही पेट्रोल दिया जा रहा है। इसके बाद भी सीधे फीडर मैनेजर बनाकर कार्य करने के लिए बाध्य किया जा रहा है। 

संगठन के पूर्वांचल उपाध्यक्ष संदीप कुमार ने बताया कि उपकेंद्रों पर जो कर्मचारी कैश कलेक्शन करते हैं, उनको भी फीडर मैनेजर बनाया जाना सुरक्षा की दृष्टि से गलत है। यह अन्यायपूर्ण कार्रवाई बंद नहीं किए जाने पर आंदोलन होगा। इस दौरान वेदप्रकाश राय, विजय नारायण हिटलर, संजय सिंह, तरुण राय, अरविंद यादव रहे।

पारिवारिक पेंशन पर बेटों से ज्यादा अलग रह रही पत्नी का हक : हाईकोर्ट
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने कहा कि पारिवारिक पेंशन पर सेवा पुस्तिका में नामित बेटों से ज्यादा अलग रह रही पत्नी का हक है। इस टिप्पणी के साथ न्यायमूर्ति मंजू रानी चौहान की अदालत ने मिर्जापुर निवासी याची उर्मिला सिंह के पक्ष में पति की पारिवारिक पेंशन निर्गत करने का आदेश दिया है। याची के पति प्राइमरी विद्यालय में सहायक अध्यापक थे। 

2016 में सेवानिवृत्ति के बाद से उन्हें 2019 में हुई मृत्यु तक पेंशन प्राप्त हो रही थी। इस दौरान पारिवारिक अदालत के आदेश पर उनसे अलग रह रही याची को आठ हजार रुपये महीना गुजारा भत्ता मिल रहा था। पति की मृत्यु के बाद उसने पारिवारिक पेंशन की मांग की तो शिक्षा विभाग ने यह कहते हुए आवेदन खारिज कर दिया कि मृतक कर्मचारी ने अपनी सेवा पुस्तिका में पारिवारिक सदस्य के रूप में याची का नाम नहीं लिखा बल्कि बेटों का नाम दर्ज कराया है। 

इसके खिलाफ याची ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया। दलील दी कि याची पति की ओर से मिल रहे गुजारा भत्ता पर निर्भर थी। लिहाजा, उसे पारिवारिक पेंशन दिलाया जाना चाहिए। कोर्ट ने याचिका स्वीकार कर ली।

ट्रांसपोर्ट नगर योजना की जमीन पर अवैध खेती कर रहे किसान
ट्रांसपोर्ट नगर योजना में वीडीए के स्वामित्व वाली भूमि पर अवैध रूप से किसान खेती कर रहे हैं। वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग ने इन्हें रोकने का निर्देश दिया है। वीडीए के अधिकारियों ने बताया कि ट्रांसपोर्ट नगर योजना के इलाके में तकरीबन 10 बिस्वा में कुछ किसान खेती कर रहे हैं। पूर्व में इन्हें हिदायत दी गई थी। कुछ किसान मुआवजा बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। 

कर्नाडाड़ी, मिल्कीचक, मोहनसराय और बैरवन में 48.07 हेक्टेयर भूमि पर ट्रांसपोर्ट नगर योजना विकसित की जा रही है। यहां बस स्टेशन, पार्किंग सुविधाएं, व्यावसायिक स्थान जैसे धर्मकाटा, गैरेज, बॉडी शॉप और वेयरहाउस होंगे। यात्रियों के ठहरने के लिए एक तीन सितारा होटल और गेस्टहाउस भी बनेगा। इसके साथ ही वेंडिंग ज़ोन भी बनाया जाएगा। 

वीडीए उपाध्यक्ष के अनुसार ट्रांसपोर्ट नगर योजना में पर्यावरण को बेहतर किया जाएगा। सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाएंगे। रेलवे और एनएचएआई से समन्वय स्थापित कर लंबित कार्य पूरे होंगे। पूरा परिसर सीसीटीवी कैमरे से लैस होगा। यहां रिटेनिंग वॉल का निर्माण होगा। अभी ग्रीन बेल्ट क्षेत्र को चिन्हित कर वहां पौधरोपण कराया जा रहा है। 

हाइवे पार करते समय दो बाइक की टक्कर में युवक की मौत
चौबेपुर थाना क्षेत्र ढ़कवा गांव के पास शुक्रवार रात 8 बजे बाइक सवार युवक की हाईवे पार करते समय दूसरी बाइक की टक्कर से मौत हो गई। वाराणसी गाजीपुर हाईवे पार हुए हादसे के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। चोलापुर के रजला नियार निवासी मनीष कुमार (28) बाइक से सड़क पार कर रहे थे। इस दौरान बाइक की टक्कर से घायल हो गया। उन्हें अस्पताल भिजवाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। चौबेपुर इंस्पेक्टर अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। वहीं, टक्कर मारने का आरोपी बाइक छोड़कर भाग निकला। 

वाराणसी विकास प्राधिकरण। - फोटो : अमर उजाला
वीडीए के घूसकांड में जांच से तय होगी बर्खास्तगी
वीडीए के घूसकांड में जांच से बर्खास्तगी तय होगी। घूस के मामले में वीडीए के जोनल अधिकारी सिंह गौरव जयप्रकाश, अवर अभियंता अशोक यादव को शासन ने निलंबित कर दिया है। जांच अधिकारी अपर आयुक्त प्रशासन को बनाया गया है। इन्हें आरोप पत्र जारी करने को कहा गया है। दोनों आरोपियों को जेल में आरोप पत्र तामील कराया जाएगा। 

तीसरे आरोपी आउटसोर्स के एसोसिएट इंजीनियर मोहम्मद अनस की सेवा वीडीए उपाध्यक्ष ने समाप्त कर दी है। एंटी करप्शन की टीम ने 19 जुलाई को 25 हजार रुपये घूस लेते तीन लोगों को पकड़ा था। जांच अधिकारी अपर आयुक्त प्रशासन ने बताया कि पत्र नहीं आया है। 

पत्र आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वीडीए के जानकारों ने बताया कि जांच अधिकारी एंटी करप्शन के लगाए प्रत्येक आरोप की जांच करेंगे। वे अपनी जांच रिपोर्ट बनाकर शासन को भेजेंगे। जिसके आधार पर इन्हें बर्खास्त किया जाएगा। 

नमो घाट पर गार्ड पर मनबढ़ों ने ईंट से किया हमला
नमो घाट पर शुक्रवार को मनबढ़ों ने सुरक्षा गार्ड केशव पांडेय की पिटाई कर दी। इसके बाद ईंट से हमला कर घायल कर दिया। डोमरी निवासी केशव के सिर और आंख में चोटें आई हैं। उन्हें मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा में भर्ती कराया गया। पीड़ित ने आदमपुर थाने में तहरीर दी है।

केशव ने पुलिस को बताया कि दोपहर में उनकी ड्यूटी नमो घाट फेस थ्री हेलिपैड पर लगी थी। कुछ युवक रेलिंग पर चढ़ कर बैठे थे, बाढ़ को देखते हुए उन्हें एहतियातन नीचे उतरने के लिए कहा तो गालीगलौज की। इस बीच दो युवकों ने ईंट से वार कर दिया। आदमपुर इंस्पेक्टर वीरेंद्र सोनकर ने बताया कि मारपीट में चार नाबालिगों को पकड़ा गया है।

किशोरी को अगवा करने में ठेकेदार पर केस
किशोरी को अगवा करने के मामले में पिता ने ठेकेदार पर शुक्रवार को कैंट थाने में केस दर्ज कराया। सोनभद्र के चोपन कुरहुल निवासी पिता ने बताया कि वह वाराणसी में काम के लिए नाबालिग बेटी के साथ आया था। टकटकपुर निवासी शमशेर के यहां काम करता था। शमशेर ने फोन पर बताया कि उसकी बेटी घर चली गई है। पता किया तो बेटी वहां नहीं थी। आवास पर आने के बाद आसपास के लोगों ने बताया कि बेटी को शमशेर अपनी बाइक पर बैठाकर ले जाते दिखा है। कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

किशोरी को अगवा करने का आरोपी गिरफ्तार
रोहनिया थाना क्षेत्र के गांव से किशोरी को अगवा करने के आरोपी विकास को पुलिस ने शुक्रवार को औढ़े गांव से गिरफ्तार किया। प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह ने बताया कि किशोरी को बरामद किया गया। पिता की तहरीर पर 28 जुलाई को केस दर्ज किया गया था। 

चोरी का आरोपी गिरफ्तार
चोरी, लूट को अंजाम देने वाले आरोपी रवि कुमार पटेल उर्फ राहुल को मंडुवाडीह पुलिस ने बीती रात बरेका के सामुदायिक भवन से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से चोरी के दो मोबाइल बरामद हुए। इंस्पेक्टर अजय राज ने बताया कि आरोपी ससौड़ी भोजूबीर का निवासी और इस समय मंडुवाडीह के ककरमत्ता में रहता है। 

चेन स्नेचिंग के 4 आरोपी गिरफ्तार
चेन स्नेचिंग के चार आरोपियों को शिवपुर पुलिस ने शुक्रवार को गणेशनगर कॉलोनी भेल फैक्टरी के पास से गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से चेन की बिक्री के 18000 रुपये व दो मोबाइल फोन बरामद हुए। एसीपी कैंट नितिन तनेजा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में शिवपुर चमाव का रहने वाला राज आनंद मौर्य, हिमांशु मौर्या, अंकित पांडेय और लालजी कुआं निवासी वासु सेठ है। 25 जून को मुकदमा दर्ज किया गया था। राज आनंद ने पूछताछ में बताया कि 23 जून को साथी हिमांशु के साथ युवक के गले से चेन छीनी थी। अंकित पर छह मुकदमे, राज आनंद पर दो मुकदमे दर्ज हैं। 

शादी के लिए युवती पर बनाया दबाव, मारपीट और मोबाइल तोड़ा
कोतवाली थाना क्षेत्र के नवापुरा में युवती के साथ मारपीट और धमकी में पीड़िता ने शुक्रवार को थाने में तहरीर दी। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि मच्छोदरी के युवक से एक साल पहले बातचीत थी। बाद में पता चला कि वह शराब और गांजे का सेवन करता है तो दूरी बना ली। इस बीच वह शादी के लिए दबाव बनाने लगा। 31 जुलाई को घर पहुंचा और मारपीट के दौरान मोबाइल छीनकर तोड़ दिया। धमकी दी शादी नहीं की तो जान से मार दूंगा। इंस्पेक्टर कोतवाली दया शंकर सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। 

गैस गोदाम के बाहर से 12 सिलिंडर चोरी
कैंट के टकटकपुर में गैस गोदाम के बाहर खड़ी ट्रॉली से 12 गैस सिलिंडर चोरी हो गए। गैस गोदाम के इंचार्ज ने शुक्रवार को कैंट थाने में मुकदमा दर्ज कराया। जेडी कॉलोनी, अकथा निवासी रोहित कुमार के अनुसार वह गैस गोदाम का इंचार्ज है। कई दिनों से गोदाम के बाहर खड़े ट्रॉली से दो व्यक्तियों ने सिलिंडर की चोरी की है। सीसीटीवी फुटेज की जांच करने पर पता चला कि स्टॉक से 12 गैस सिलिंडर चोरी हुए हैं। 

IMS BHU - फोटो : अमर उजाला
आईएमएस बीएचयू के प्रोफेसर ने कुलपति की नियुक्ति पर उठाए सवाल
आईएमएस बीएचयू में हृदय रोग विभाग के प्रोफेसर ओमशंकर ने शुक्रवार को कुलपति प्रो. अजीत कुमार चतुर्वेदी की नियुक्ति पर सवाल खड़े किए। इस सिलसिले में पत्रकारों से बात की और कहा कि आईआईटी रूड़की में तैनाती के दौरान प्रो अजीत पर कई आरोप लगे थे। इसकी जांच कराई जानी चाहिए। वित्तीय अनियमितता हुई थी। जिस तरह से तैनाती की गई है, वह महामना के मूल्यों का अपमान है। 

संकट मोचन मंदिर के महंत के घर में चोरी के आरोपियों पर लगा गैंगस्टर
संकट मोचन मंदिर के महंत प्रो. विश्वंभर नाथ के घर चोरी के छह आरोपियों के खिलाफ भेलूपुर पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। इंस्पेक्टर सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि बिहार के भभुआ चैनपुर निवासी राकेश दुबे, विक्की तिवारी, जितेंद्र सिंह उर्फ गोलू पटेल, देवरिया के खामपार निवासी सनी कुमार मद्धेशिया, मऊ के फतेहपुर फुलवा निवासी अतुल शुक्ला, भगवानपुर लंका निवासी दिलीप चौबे उर्फ ने 19 मई को महंत के तुलसी घाट के आवास में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। आरोपियों की गिरफ्तारी पुलिस मुठभेड़ में हुई थी।

पुरानी पेंशन बहाली के लिए निकाला मशाल जुलूस
पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर शुक्रवार को लहरतारा स्थित डीआरएम ऑफिस से कैंट स्टेशन तक मशाल जुलूस निकाला गया। यह विरोध इंडियन रेलवे इम्प्लाई फेडरेशन के नेतृत्व में विभिन्न यूनियनों के कर्मचारियों ने किया। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश पांडेय ने कहा कि यह केवल आर्थिक शोषण नहीं, बल्कि हमारी सामाजिक सुरक्षा का भी हनन है।

उधर, नेता प्रतिपक्ष विधान परिषद लाल बिहारी यादव ने भी इसका समर्थन किया। उन्होंने कहा कि पेंशन कोई भीख नहीं, शिक्षकों एवं कर्मचारियों का यह अधिकार है। इस दौरान चंद्र प्रकाश गुप्ता, विनोद यादव, प्रदीप कुमार यादव, दीपक कुमार, देव नारायण भट्ट मौजूद रहे। 

विवाहिता की संदिग्ध हाल में मौत, दामाद समेत अन्य पर केस दर्ज
बड़ागांव थाना क्षेत्र के अहरक पश्चिमपुर गांव में बृहस्पतिवार दोपहर विवाहिता प्रीति (24) की संदिग्ध हाल में मौत हो गई। पिता ने दामाद समेत ससुराल पर गला दबाकर हत्या का आरोप लगाते हुए दहेज हत्या का केस दर्ज कराया है। पुलिस ने आरोपी दामाद को शुक्रवार को गिरफ्तार किया, उसे जेल भेज दिया गया। 

जौनपुर के चंदवक थाना क्षेत्र के गुलरा (ममरखा) निवासी गामा प्रसाद ने पुलिस को बताया कि प्रीति की शादी 8 जून 2023 को बड़ागांव थाना क्षेत्र के अहरक पश्चिमपुर गांव निवासी संजीव कुमार के साथ हुई थी। दोनों का एक 14 माह का बेटा है। 

दोपहर में विवाहिता के ससुर ने सूचना दी कि प्रीति का निधन हो गया है। जब बेटी के ससुराल पहुंचे तो देखा कि बेटी के गले पर कसने का निशान था। दामाद संजीव आए दिन बेटी को प्रताड़ित करता था। दामाद ने दहेज की मांग को लेकर बेटी को प्रताड़ित किया और उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। बड़ागांव थानाध्यक्ष अतुल कुमार सिंह ने बताया कि दामाद को गिरफ्तार किया गया। 

प्रोफेसर ने हाल ही में खोजी थी सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी पर लगाम की तकनीक
प्रो. कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग में पिछले 11 वर्ष से कार्यरत हैं और तभी से वह पत्नी के साथ बनारस में रह रहे थे। हाल ही में उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की अभद्र टिप्पणी पर लगाम लगाने के लिए एआई सॉफ्टवेयर बनाया था।

देवनागरी लिपि और रोमन मिक्स टेक्स्ट का विश्लेषण कर अभद्र शब्दों और टिप्पणियों को इकट्ठा किया। इसके बाद मशीन लर्निंग टूल की सहायता से इस तकनीक को तैयार किया। सोशल मीडिया पर रोमन या देवनागरी दोनों लिपियों में कोई गालीगलौज, अभद्र और अशोभनीय टिप्पणी की गई है तो सिस्टम यूजर्स को पहले ही अलर्ट कर देगा। इससे सोशल मीडिया के विवादों और साइबर क्राइम से बचा जा सकेगा। 

पुलिसिया उत्पीड़न के खिलाफ सपा का जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन
पुलिसिया उत्पीड़न के खिलाफ सपा ने शुक्रवार को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। नेतृत्व कर रहे जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़ ने कहा कि लोहता थाना प्रभारी निकिता सिंह की ओर से क्षेत्र के लोगों के साथ दुर्व्यवहार किया जा रहा है। डीसीपी वरुणा जोन के नाम संबोधित ज्ञापन एसीपी कैंट को दिया। 

थाना प्रभारी निकिता सिंह पर आरोप लगाया कि गरीब दुकानदारों, ट्रैक्टर चालकों को परेशान किया जा रहा है। वाहन चेकिंग के नाम पर धन उगाही की जाती है। पिछले दिनों पिसौर पुल के पास भीड़भाड़ वाले इलाके में चाय के दुकानदारों का सामान फेंकवा दिया। विपक्षी दलों के नेताओं और जनप्रतिनिधियों की ओर से बात करने पर दुर्व्यवहार करती हैं। 

11 जून को सांसद चंदौली वीरेंद्र सिंह की ओर से एक शिकायती पत्र पुलिस आयुक्त को सौंपा गया था। 2 अगस्त को थाना घेरने का कार्यक्रम था, लेकिन डीसीपी वरुणा जोन ने सावन के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया था। सावन के बाद कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन किया जाएगा। डॉ. उमाशंकर सिंह यादव, रीबू श्रीवास्तव, प्रदीप जायसवाल, प्रदीप कुमार मौर्य, संतोष यादव, राजू मौजूद रहे

बनारस रेलवे स्टेशन के सामने अवैध दुकानों के लगने से बढ़ी जाम की समस्या
बनारस रेलवे स्टेशन के सामने लगातार अवैध दुकानों की संख्या बढ़ने से जाम की समस्या रहती है। ई-रिक्शा और ऑटो भी स्टेशन के गेट से ही सवारी बैठने के लिए वाहन खड़े कर देते हैं। इनमें सवारी बैठाने के लिए मारपीट तक हो जाती है। यह समस्या प्लेटफॉर्म नंबर 1 और 8 दोनों तरफ की है। सुबह 7 बजे से स्टेशन के गेटों पर ई-रिक्शा और ऑटो का जाम लगना शुरू हो जाता है। 9 बजे के बाद से अवैध दुकानों के लगने से जाम लगने लगता है। स्थानीय लोगों ने इसे लेकर कई बार आरपीएफ के कमाडेंट से लेकर स्थानीय रेलवे पुलिस से भी शिकायत की। 

इसके बाद भी किसी अधिकारी ने सुध नहीं ली। स्थानीय निवासी विकास ने बताया यहां रोजाना बड़ी संख्या में अवैध दुकानें लगाकर लोग अतिक्रमण कर लेते हैं। नंदनी सिंह ने कहा कि स्कूल जाने के दौरान रास्ते में लगी दुकानों के कारण निकलने में परेशानी होती है। दुकानदार से कुछ कहो तो वह मारपीट पर उतारू हो जाते हैं। 

सर्विस रोड के किनारे मिला शव
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के डंगहरिया नेशनल हाईवे-19 सर्विस के किनारे फुट ओवरब्रिज के पास शुक्रवार को एक शख्स का शव पुलिस ने बरामद किया। लकड़ी के तख्ते पर पड़े शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शव की शिनाख्त नहीं सकी है। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी। 

बीमार विवाहिता की मौत, पुलिस ने की छानबीन
चौबेपुर थाना क्षेत्र के नरपतपुर गांव में रूचि सेठ (26) की गुरुवार रात संदिग्ध हाल में मौत हो गई। मायके पक्ष की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। नरतपुर गांव निवासी घनश्याम सेठ की पत्नी रूचि की तबीयत कई महीने से ठीक नहीं थी। पति घनश्याम सेठ का भी सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद से उपचार चल रहा है। 

रात डेढ़ बजे अचानक रूचि अचेत हो गई। पति ने इसकी सूचना मायके पक्ष को दी। मायके पक्ष की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा। प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असल वजह स्पष्ट हो सकेगी। रूचि का मायका जलालपुर जौनपुर में है। चार साल पहले शादी हुई थी।

आईटीआई में 6 अगस्त को कैंपस प्लेसमेंट का आयोजन
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान करौंदी में 6 अगस्त को सुबह साढ़े नौ बजे से एक दिवसीय कैंपस प्लेसमेंट का आयोजन होगा। इसमें हरिद्वार की एक कंपनी 100 अभ्यर्थी का चयन करेगी। कैंपस सेलेक्शन प्रभारी सुनील कुशवाहा ने बताया कि लिखित परीक्षा के बाद चयन किया जाएगा। इसमें पुरुषों और महिलाओं की वैकेंसी होगी, 18 से 26 आयु के अभ्यर्थी ही शामिल हो सकते हैं। अभ्यर्थी इलेक्ट्रिशियन, फिटर, टर्नर, मशीनिष्ट, वायरमैन, वेल्डर, मोटर मैकेनिक, मशीनिस्ट ट्रेड का होना चाहिए। जहां इन्हें 17936 से 23626 रुपये प्रतिमाह सैलरी दी जाएगी। 

बरेका कर्मचारियों ने साइकिल से कार्यालय आने का लिया संकल्प
बनारस रेल इंजन कारखाना के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह शुक्रवार अपने आवास से साइकिल चलाकर बरेका कर्मशाला पहुंचे। कर्मशाला में उन्होंने रेल इंजनों के निर्माण कार्य का निरीक्षण कर कार्यप्रणाली का जायजा लिया। निरीक्षण के बाद साइकिल से ही प्रशासनिक भवन पहुंचे।

नरेश पाल सिंह ने कहा कि छोटी-छोटी आदतों में बदलाव करके हम बड़े सामाजिक और पर्यावरणीय परिवर्तन ला सकते हैं। इस दौरान कई अधिकारियों ने मौके पर ही यह संकल्प लिया कि सप्ताह में एक दिन वे भी साइकिल से कार्यालय आएंगे। महाप्रबंधक ने कहा कि इससे न केवल कार्बन उत्सर्जन में कमी आएगी बल्कि ये स्वास्थ्य के लिए बेहतर कदम होगा।

327 पुलिसकर्मी महिलाओं को कर रहे जागरूक
मिशन शक्ति अभियान के तहत कमिश्नरेट वाराणसी में 128 बीट बनाए गए हैं। इसमें 37 महिला उपनिरीक्षक, 5 महिला मुख्य आरक्षी, 248 महिला आरक्षी, 5 पुरुष दरोगा, 13 पुरुष मुख्य आरक्षी, 19 पुरुष आरक्षी समेत कुल 327 अधिकारी/कर्मचारी महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक कर रहे हैं।

सरकार की ओर से जारी टोल फ्री नंबरों 1090 और 112 की जानकारी भी दी जा रही है। एडिशनल डीसीपी महिला और अपराध नम्रीता श्रीवास्तव ने बताया कि महिलाओं की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। इसके लिए बीट के सभी पुलिसकर्मी स्कूल कॉलेज और चट्टी चौराहों पर जाकर बालिकाओं से संवाद कर रहे हैं।

अस्थि रोग के कारणों और नई तकनीक से इलाज पर हुई चर्चा
आईएमएस बीएचयू के अस्थि रोग विभाग की ओर से आयोजित तीन दिवसीय शैक्षणिक कार्यक्रम में अस्थि रोग के कारणों और नई तकनीक से इलाज आदि पर तीन सत्रों पर विशेषज्ञों ने विस्तार से चर्चा की। आयोजन समिति अध्यक्ष प्रो. अमित रस्तोगी ने कहा कि पाठ्यक्रम का उद्देश्य स्नातकोत्तर विद्यार्थियों, रेजिडेंट डॉक्टरों और युवा ऑर्थोपेडिक विशेषज्ञों को उच्च स्तर की चिकित्सीय जानकारी, केस-आधारित शिक्षा एवं सजीव प्रायोगिक अनुभव प्रदान करना है। 

डॉ. समर्थ मित्तल ने ऑर्थोपेडिक क्लिनिकल परीक्षा के बारे में बताया। प्रो. एससी गोयल और डॉ. शिवम सिन्हा ने हिप केस के क्लिनिकल अप्रोच पर चर्चा की। कार्यक्रम में पीजी विद्यार्थियों ने वास्तविक केस के आधार पर संपूर्ण क्लिनिकल विवरण प्रस्तुत किया। डॉ. विजय सिंह, डॉ. नितीश कुमार, डॉ. आशुतोष अग्रवाल ने कंधे से जुड़ी बीमारियों का नए उपचार के बारे में बताया। धन्यवाद ज्ञापन डॉ. संजय यादव ने किया।

चार अगस्त तक ऑनलाइन कर जमा करने पर छूट
ऑनलाइन गृहकर जमा करने वालों को चार अगस्त तक छूट मिलेगी। गृहकर, जलकर, सीवरकर जमा करने पर छूट की अवधि बढ़ा दी है। इस छूट की सुविधा काउंटर पर भवनों का कर जमा करने पर नहीं मिलेगी। पूर्व में छूट की अवधि 31 अगस्त निर्धारित थी। कई पार्षदों और भवन स्वामियों की ओर से ऑनलाइन के माध्यम से कर जमा करने की तिथि बढ़ाने का अनुरोध किया गया था। मेयर अशोक कुमार तिवारी ने भवन स्वामियों से अनुरोध किया है कि डिजिटल इंडिया को बढ़ावा देते हुए अपने छूट का लाभ प्राप्त करें। इसके बाद तिथि में कोई बढ़ोतरी नहीं की जाएगी।

लाट भैरव का हरियाली शृंगार कर मांगी देश में सुख-समृद्धि की कामना
अनादिकालेश्वर बाबा श्री कपाल भैरव प्रसिद्ध लाटभैरव का शुक्रवार को हरियाली शृंगार हुआ। बाबा की अलंकृत मनोहर छवि को देख भक्तों ने भाव विभोर होकर जयकारे लगाए। भक्तों ने बाबा से देश में सुख- समृद्धि व चारों तरफ हरियाली के वातावरण की कामना भी की।

श्री कपाल भैरव अथवा लाट भैरव प्रबंधक समिति की ओर से श्रावण शुक्लपक्ष अष्टमी तिथि के अनुसार अष्टमी पूजन का आयोजन किया गया। बाबा दरबार को अशोक व कामिनी की पत्तियों व विभिन्न प्रकार के फलों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। मुख्यद्वार पर केले के खंभे शोभा दे रहे थे। गर्भगृह के मध्य में विराजमान भक्तों के पाप का भक्षण करने वाले काशी के न्यायाधीश बाबा लाटभैरव का गंगाजल से अभिषेक कर नवीन वस्त्राभूषण से अलंकृत किया गया।

विग्रह पर रजत मुंडमाला, रुद्राक्ष, पुष्पहार सहित चांदी का दंड सुशोभित था। आचार्य रविंद्र त्रिपाठी के आचार्यत्व में वैदिक रीति से अष्टमी पूजन हुआ। देर रात आरती उतारी गई और भक्तों में प्रसाद का वितरण किया गया। इस दौरान मंदिर प्रबंध के अध्यक्ष रोहित जायसवाल, बसंत सिंह राठौर, छोटेलाल जायसवाल, छोटन केशरी, मुन्ना लाल यादव, विक्रम सिंह राठौर, बच्चे लाल बिंद आदि रहे।

रेलवे कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन योजना की बहाली के लिए निकाला मशाल जुलूस
रेलवे कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन योजना की बहाली की मांग को लेकर शुक्रवार को लहरतारा स्थित डीआरएम ऑफिस से कैंट स्टेशन तक मशाल जुलूस निकाला। यह विरोध प्रदर्शन इंडियन रेलवे एम्प्लॉयी फेडरेशन के नेतृत्व में विभिन्न यूनियनों के कर्मचारियों द्वारा किया गया। कर्मचारियों ने केंद्र सरकार की एनपीएस और यूपीएस नीतियों का कड़ा विरोध किया। 

उनका कहना है कि ये योजनाएं सेवानिवृत्ति के बाद स्थायी आय और सामाजिक सुरक्षा की गारंटी नहीं देतीं। इन योजनाओं से कर्मचारियों को बाज़ार-आधारित जोखिमों का सामना करना पड़ता है और पारिवारिक पेंशन जैसे लाभों का भी स्पष्ट प्रावधान नहीं है।

संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश पाण्डेय ने कहा कि यह केवल आर्थिक शोषण नहीं, बल्कि हमारी सामाजिक सुरक्षा का भी हनन है। विभिन्न कर्मचारी नेताओं ने चेतावनी दी है कि अगर ओपीएस को बहाल नहीं किया गया, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा, जिसमें राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन और रेल रोको जैसे कार्यक्रम शामिल होंगे। इस दौरान चंद्र प्रकाश गुप्ता, विनोद यादव , प्रदीप कुमार यादव, दीपक कुमार, देव नारायण भट्ट मौजूद रहे।

नगर निगम व अपना घर आश्रम की टीम चलाएगी अभियान
सड़क पर भिखारियों के खिलाफ अब नगर निगम और अपना घर आश्रम संयुक्त अभियान चलाएगा। शहर के स्कूलों में बच्चों, शिक्षकों और टीचिंग स्टाफ को शपथ दिलाई जाएगी कि वह किसी भी भिखारी को भीख न दें। आश्रम की टीम लोगों को बताएगी कि सड़क पर कोई भी व्यक्ति लावारिस हालत में दिखे, तो आश्रम के टोल फ्री नंबर 7521060001 पर कॉल करके वहां भर्ती कराएं। आश्रम संचालक डॉ. के. निरंजन ने बताया कि सड़क पर भीख मांगने वाले अधिकतर बच्चे नशे से ग्रसित होते हैं। 

काशी विद्यापीठ में सात अगस्त को होगी बीकॉम, एमकॉम की छूटी परीक्षा
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ मुख्य परिसर वाणिज्य विभाग के साथ ही जिले के कॉलेजों के बीकॉम, एमकॉम की छूटी हुई मौखिकी और प्रायोगिक परीक्षा 7 अगस्त को होगी। विभागाध्यक्ष प्रो. अजीत कुमार शुक्ल ने बताया कि सुबह 11 बजे से वाणिज्य विभाग में परीक्षा होगी। ऐसे सभी परीक्षार्थी जिनकी मौखिकी/प्रायोगिक परीक्षा अब तक नहीं हो पाई है, उनको परीक्षा नियंत्रक द्वारा शुल्क के लिए अग्रसारित आवेदन पत्र, 2000 रुपये की शुल्क रसीद की मूल प्रति, प्रवेश पत्र/अंकपत्र की छायाप्रति के साथ परीक्षा में शामिल होना है। छूटी हुई परीक्षा पुनः आयोजित नहीं होगी।

चाय की अड़ियों पर गूंजा पीएम मोदी के काशी आगमन का संदेश
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बनौली में प्रस्तावित जनसभा को सफल बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को जनसंपर्क अभियान चला। आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ने सिगरा क्षेत्र में चाय की अड़ियों पर आमजन से मुलाकात की और चाय पर चर्चा के जरिये जनसभा में अधिक से अधिक भागीदारी की अपील की। 

उन्होंने कहा कि काशी के लिए यह सौभाग्य की बात है कि यहां के सांसद स्वयं प्रधानमंत्री हैं और वे हर बार काशी ही नहीं पूर्वांचल के लोगों को बड़ी सौगात देते हैं। उन्होंने आग्रह किया कि काशी की देवतुल्य जनता हर-हर महादेव के उद्घोष के साथ इस जनसभा में बड़ी संख्या में शामिल होकर प्रधानमंत्री का स्वागत करें। शनिवार को सुबह आठ बजे गिसरा के राजन शाही स्थित कैंप कार्यालय से कार्यकर्ता जनसभा में शामिल होने के लिए रवाना होंगे। 

'सवा सेर गेहूं' से दर्शाए सामाजिक ताने-बाने की बुनावट
मुंशी प्रेमचंद की जयंती पर प्रेमचंद मार्गदर्शन केंद्र ट्रस्ट की ओर से तीन दिवसीय प्रेमचंद उत्सव का समापन शुक्रवार को सवा सेर गेहूं कहानी के पाठ और काव्य गोष्ठी से हुआ। वरिष्ठ कवयित्री डॉ. मंजरी पांडेय ने सवा सेर गेहूं कहानी का पाठ किया। उन्होंने इस कहानी से ग्रामीण यथार्थवाद की दृष्टि, बाल मनोविज्ञान की गहराई और सामाजिक ताने-बाने की बुनावट को प्रभावी ढंग से पेश किया।

सावन की सुगंध और मानसून की अनुभूतियों से परिपूर्ण काव्य गोष्ठी हुई। कवियों और कवयित्रियों ने सावन पर आधारित रचनाएं पेश कीं। बुद्ध देव तिवारी, गौतम अरोड़ा सरस, संगीता श्रीवास्तव आदि ने काव्यपाठ किया। मुख्य अतिथि डॉ. हरिओम सिंह रहे। ट्रस्ट के संरक्षक प्रो. श्रद्धानंद, ट्रस्ट के निदेशक राजीव गोंड ने कहा कि प्रेमचंद लमही की धरती पर प्रेमचंद की रचनाओं का प्रत्यक्ष पाठ और साहित्यिक विमर्श जीवंतता को प्रदान करती है। संचालन मनोज विश्वकर्मा ने किया। इस मौके पर राकेश पांडेय, तृप्ति जैन, अपूर्वा जैन, अभय जैन, सुरेश दूबे, राहुल यादव, राकेश कुमार, अरविंद आदि रहे।

व्यापार में उन्नति के लिए महामृत्युंजय का 11 लीटर दूध से किया अभिषेक
काशी के व्यापारियों के व्यापार में उन्नति की कामना से महिला व्यापार मंडल की ओर से महामृत्युंजय मंदिर में 11 लीटर दूध से रुद्राभिषेक किया गया। महिला व्यापार मंडल अध्यक्ष सुनीता सोनी ने समस्त व्यापारियों के व्यापार में समृद्धि की कामना की। महामृत्युंजय मंदिर में पांच पंडितों ने 11 लीटर दूध से रुद्राभिषेक कराया।

भगवान शंकर का विभिन्न प्रकार के द्रव्यों जैसे जल, दूध, शहद, घी आदि से अभिषेक किया गया। सुनीता सोनी ने कहा कि रुद्राभिषेक के साथ रुद्राष्टाध्याई का पाठ भी किया गया। इस दौरान राज सोनी, संजीव राय, रवि शंकर पांडे, रविंद्र सेठ, शिवम सेठ आदि मौजूद रहे।

आज डाकघरों में नहीं होगा लेनदेन
जिले के डाकघरों में शनिवार को किसी भी प्रकार का काम और लेनदेन नहीं होगा। हालांकि डाकघर खुले रहेंगे। डाकघरों में डिजिटल सेवाएं दुरूस्त की जा रही हैं। जिसके कारण किसी भी प्रकार का लेन-देन नहीं हो सकेगा। पोस्टमास्टर जनरल कर्नल विनोद कुमार ने बताया कि डाकघरों में एडवांस पोस्टल टेक्नोलॉजी 2.0 लागू की जा रही है। जिसके कारण सेवाएं बाधित रहेंगी। सोमवार से सभी सेवाएं फिर से शुरू हो जाएंगी। 

मारवाड़ी समाज की महिलाओं ने मनाया हरियाली तीज महोत्सव
मारवाड़ी समाज की महिलाओं ने शिवपुर स्थित मारवाड़ी युवक समिति भवन में शुक्रवार को हरियाली तीज महोत्सव मनाया। समाज की महिलाओं ने सावन के पारंपरिक गीतों पर जमकर धमाल मचाया। आन्या जालान और अरन्या जालान ने गणेश वंदना पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। सभी महिलाएं पारंपरिक परिधानों में सजधजकर सावन के पारंपरिक गीतों पर खूब धमाल किया।

इस दौरान उन्होंने तरह-तरह के खेल खेले और स्वादिष्ट व्यंजन का आनंद लिया। संयोजन अमिता जालान, मीनू अग्रवाल, श्रद्धा जालान, स्वाति जालान, प्रीति पोद्दार और संगीता अग्रवाल ने किया। इस दौरान नूपुर पोद्दार, गुंजन जालान, मीरा पोद्दार, पूनम अग्रवाल, चंदा देवी पोद्दार उपस्थित रहीं।

सैमसंग टेक्निकल स्कूल के कोर्सों की दी जानकारी
इंडो डैनिस टूल रूम जमशेदपुर के एक्सटेंशन सेंटर सैमसंग टेक्निकल स्कूल वाराणसी में एक कार्यक्रम का आयोजन कर संस्थान में चलाए जा रहे कोर्स की जानकारी दी गई। संस्थान प्रभारी आशुतोष कुमार ने बताया कि तकनीकी कोर्सों की बढ़ती डिमांड को देखते हुए पिछले अप्रैल से अब तक राचा के तीन बैच व सीएनसी के एक बैच का संचालन हो रहा है। 

बच्चों के बेहतर प्लेसमेंट के लिए आईडीटीआर के प्लेसमेंट इंचार्ज सुमीत सिंह को पहले भी निर्देश दिया जा चुका है। आशुतोष ने बताया कि वर्तमान में आईडीटीआर के नए जीएम इंचार्ज एल राजाशेखर के दिशा निर्देश पर काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया की साल 2014 में सैमसंग के साथ मिलकर जिले में सैमसंग टेक्निकल स्कूल की शुरूआत हुई थी। 

मुख्य अतिथि इंडस्ट्री एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश कुमार भाटिया ने कहा कि 6 माह का समय इन प्रशिक्षुओं के भविष्य को नई दिशा देगा। विशिष्ट अतिथि वीरेंद्र राणा, विजय कुमार और अजमेर, राज किरण, संगीता, रामसागर, विकास ठाकुर उपस्थित रहे।

प्रो. बीएन राय के सर्विस से जीती जिमखाना की टीम
आईआईटी बीएचयू के जिमखाना मैदान पर आयोजित वॉलीबॉल प्रतियाेगिता में प्रो. बीएन राय के सर्विस की काट विरोधी टीम के खिलाड़ी नहीं ढूंढ सके और जिमखाना की सीनियर टीम ने कांटे के मुकाबले में युवाओं की टीम को 23-21 से हरा दिया। सीनियर टीम की ओर से आईआईटी बीएचयू के प्रो. बीएन राय टीम की ओर से सर्विस किया। उनकी किलिंग सर्विस को रीसिव करना विरोधी टीम के बेहद कठिन था। पहले पांच सर्व तो सीनियर वर्ग की टीम ने बिना कोई गलती किए जीत लिया। 

BHU - फोटो : अमर उजाला
बीएचयू के प्रो. मनीष अरोरा नीदरलैंड में प्रस्तुत करेंगे कला रिसर्च
बीएचयू के कलाविद प्रो. मनीष अरोरा को नीदरलैंड में आयोजित एक शैक्षणिक दौरे के लिए औपचारिक रूप से आमंत्रित किया गया है। वह कला रिसर्च प्रस्तुत करेंगे। दृश्य कला संकाय स्थित व्यावहारिक कला विभाग के अध्यक्ष प्रो. अरोरा को यह आमंत्रण प्रतिष्ठित बीटूबी इंटरनेशनल ग्रुप की ओर से दिया गया है।

यह दौरा नौ अगस्त तक चलेगा। इस अंतरराष्ट्रीय यात्रा के दौरान प्रो. अरोरा कई महत्वपूर्ण शैक्षणिक और शोध आधारित गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेंगे। इनका उद्देश्य वैश्विक स्तर पर अकादमिक सहयोग को सुदृढ़ करना है। यह दौरा बीएचयू और नीदरलैंड के संस्थानों के बीच चल रहे सांस्कृतिक और शैक्षणिक आदान-प्रदान को मजबूती प्रदान करेगा।

नगर आयुक्त को पितृ शोक
नगर आयुक्त अक्षत वर्मा के पिता डाॅ रामेन्द्र प्रताप वर्मा (64) का बुधवार की देर रात निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार थे। निजी हाॅस्पिटल में इलाज के दौरान निधन हो गया। उनके बेटे हैं। बड़े बेटे अक्षत वर्मा वाराणसी के नगर आयुक्त हैं। छोटे बेटे पढ़ाई कर रहे हैं।

निधन के बाद डाॅ वर्मा की अन्त्येष्टि उनके पैतृक जिले अयोध्या के बैकुंठधाम पर किया गया। मुखाग्नि उनके बड़े बेटे ने दी। डाॅ वर्मा चिकित्सा सेवा से सेवानिवृत थे। नगर आयुक्त के पिता के निधन की सूचना मिलते ही नगर निगम में शोक की लहर फैल गई। मेयर की उपस्थिति में नगर निगम के सभागार में शोक सभा का आयोजन किया गया।

औषधि विभाग से मिली शिकायत पर अब टास्क फोर्स करेगी सुनवाई
औषधि विभाग से संबंधित शिकायतों के निस्तारण के लिए अब टास्क फोर्स का गठन किया गया है। इसके लिए प्रदेश में तीन टीम गठित हुई हैं। हर टीम में छह-छह अधिकारी होंगे। अपर आयुक्त प्रशासन रेखा एस. चौहान की ओर से इसका आदेश जारी किया है। पहली टीम में वाराणसी के औषधि निरीक्षक जुनाब अली, गाजीपुर से बृजेश कुमार मौर्या, मऊ से आशुतोष कुमार चौबे को रखा गया है। दूसरी टीम में वाराणसी से चंद्रेश कुमार द्विवेदी को शामिल किया गया है। टास्क फोर्स की टीम को मुख्यालय स्तर पर प्राप्त शिकायताें व एकत्र अभिसूचना के आधार पर प्रवर्तन की कार्रवाई करने की जिम्मेदारी दी गई है।

बीएचयू के अधीक्षण अभियंता कार्यमुक्त, प्रो. रघुवंशी को यूडब्ल्यूडी का चार्ज
बीएचयू में कार्यरत विश्वविद्यालय निर्माण विभाग (यूडब्ल्यूडी) के अधीक्षण अभियंता मनीष यादव को कार्यमुक्त कर दिया गया है। वहीं पर्यावरण संस्थान के प्रो. अखिलेश रघुवंशी को विश्वविद्यालय निर्माण विभाग का प्रोफेसर इन चार्ज बना दिया गया है। वहीं पूर्व कार्यवाहक कुलपति के निर्देश अगले आदेश तक उनके पास चार्ज रहेगा। मनीष कुमार प्रति नियुक्ति पर बीएचयू में पदस्थ थे। आईओई स्कीम के तहत उनको यहां लाया गया था। लिहाजा आईओई स्कीम का फंड खत्म होने के बाद अब कई अधिकारी अपने मातृ संस्थान की ओर रुख कर रहे हैं।

वरुणा नदी में छलांग लगाता युवक। - फोटो : अमर उजाला
नक्खीघाट पुल से युवक लगा रहे जानलेवा छलांग
नक्खीघाट पुल से युवक उफनती वरुणा नदी में छलांग लगा रहे हैं। पलट प्रवाह से वरुणा का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। ऐसे में 50 फीट ऊंचे पुल से युवकों की ओर से नदी में कूदना जान जोखिम में डालने जैसा है। वरुणा में छलांग लगाने के दृश्य को देखने के लिए तमाशबीनों की भीड़ भी जुट रही है। दूसरी ओर पुल से युवकों के छलांग लगाने को लेकर प्रशासनिक तौर पर कोई प्रतिबंध नहीं लगाया जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस पर तत्काल रोक लगानी चाहिए।
विज्ञापन

बाबा विश्वनाथ का पूजन करते सीएम योगी। - फोटो : अमर उजाला
सीएम ने सावन में तीसरी बार किए बाबा विश्वनाथ के दर्शन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार देर शाम बाबा कालभैरव और काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन किया। यह उनकी सावन महीने में बाबा विश्वनाथ के दरबार में तीसरी बार हाजिरी है। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख और समृद्धि की कामना की।

मुख्यमंत्री शुक्रवार की शाम काशी के कोतवाल बाबा कालभैरव के मंदिर पहुंचे। उन्होंने विधि विधान से बाबा कालभैरव की आरती उतारी। इसके बाद मुख्यमंत्री श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचे। मुख्यमंत्री ने सबसे पहले काशी विश्वनाथ मंदिर के स्वर्ण शिखर को प्रणाम किया। इसके बाद गर्भगृह में प्रवेश किया। मंदिर के अर्चकों ने विधि-विधान से षोडशोपचार पूजन कराया। सीएम योगी शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वाराणसी एयरपोर्ट पर स्वागत करेंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी और उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक भी प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में भाग लेने के लिए वाराणसी पहुंच चुके हैं। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें