Varanasi News in Hindi: चौबेपुर के छितौना प्रकरण में सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में शुक्रवार की रात चौबेपुर थाने में केस दर्ज किया गया।
जाल्हूपुर चौकी इंचार्ज की तहरीर के आधार पर आरोपी आयुष्मान ठाकुर के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। चौबेपुर इंस्पेक्टर अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि सोशल मीडिया पर माहौल खराब करने वालों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। माहौल खराब करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
देह व्यापार में स्पा संचालक-ग्राहक भेजा गया जेल
स्पा सेंटर के नाम पर देह व्यापार प्रकरण में पुलिस ने संचालक और एक ग्राहक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। अर्दली बाजार स्थित प्रीम कॉम्पलेक्स में संचालित स्पा सेंटर से कैंट थाने की पुलिस ने सामने घाट निवासी और स्पा संचालक पंकज चौबे और डोमनपुर गौराकला निवासी आजाद प्रजापति को शुक्रवार रात पकड़ा।
मौके से सात मोबाइल, तीन आपत्तिजनक वस्तुएं, एक डायरी बरामद हुई है। कैंट थाना इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि दोनों पर अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम के तहत पांच धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
डिप्टी सीएमओ के बंद मकान से चोरी
रोहनिया के अखरी में डाॅ. प्रदीप नारायण सिंह के बंद मकान से शुक्रवार की रात आलमारी तोड़कर आभूषण और नकदी चोरी हो गई। शनिवार की सुबह पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने छानबीन की। डॉ. प्रदीप नारायण सिंह सोनभद्र के डिप्टी सीएमओ हैं।
अखरी निवासी डॉ. प्रदीप नारायण सिंह की पत्नी सरिता ने पुलिस को बताया कि दो सप्ताह माता शांति देवी का आपरेशन अखरी स्थित निजी अस्पताल में हुआ था। मां की देखरेख के लिए अस्पताल में थी। रोहनिया इंस्पेक्टर राजू सिंह ने बताया कि सीसी कैमरे के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। उधर, राजातालाब के टड़िया ढढोरपुर के दो मंदिरों में चोर ने शनिवार को रखा सामान चुरा लें गए।
100 कैमरे से पकड़ा गया चेन स्नेचिंग का आरोपी
दुकान में ग्राहक बनकर वृद्धा से चेन स्नेचिंग के आरोपी इंद्र गुप्ता को भेलूपुर पुलिस ने शनिवार को अस्सी नाला के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से सोने की चेन भी बरामद हुई। पुलिस टीम ने 100 सीसी कैमरे खंगालने के बाद आरोपी को दबोचा।
चेतगंज स्थित कार्यालय में एडीसीपी काशी जोन सरवणन टी. ने मीडिया को बताया कि गिरफ्तार आरोपी कश्मीरीगंज का रहने वाला इन्द्र गुप्ता है। वृद्धा माया देवी के बेटे शंकर ने भेलूपुर थाने में चेन छीनने का केस दर्ज कराया था। पिछले दिनों भेलूपुर थाना क्षेत्र स्थित हनुमान घाट स्थित दुकान में ग्राहक बनकर पहुंचे स्नेचर ने महिला माया देवी के गले में चेन छीनकर भाग निकला था।
निर्माणाधीन मकान से चोरी, एक गिरफ्तार, दो फरार
शिवपुर के राजेश्वरी नगर कॉलोनी निवासी सनिल सेठ के निर्माणाधीन मकान से शनिवार चोरी की गई। सनिल सेठ ने बताया कि पिछले कई दिनों से उनके निर्माण स्थल से दो ग्राइंडर, एक कटर, 25 एमएम के दो सरिया और 8 एमएम के 50 सरिया के टुकड़े चोरी हो गए थे। शिवपुर थाना प्रभारी जगदीश कुशवाहा ने बताया कि चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पकड़े गए युवक को जेल भेज दिया गया है। पुलिस फरार हुए दो अन्य चोरों की तलाश कर रही है।
फर्जी दस्तावेज से जमीन बेचने में आरोपी गिरफ्तार
बड़ागांव के कूटरचित दस्तावेज के आधार पर जमीन बेचने के आरोपी विनोद सिंह उर्फ मोनू को बड़ागांव पुलिस ने शुक्रवार की रात रतनपुर (दोयम) से गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ कोलकाता के डायमंड हार्बर रोड निवासी सत्यम सिंह ने केस दर्ज कराया था।
थानाध्यक्ष अतुल कुमार सिंह के मुताबिक पूछताछ में विनोद सिंह ने बताया कि चाचा-चाची की मौत के दौरान सत्यम सिंह की उम्र 5 वर्ष थी। सत्यम अपने जीजा, दीदी के साथ कोलकाता चला गया। 20 साल तक वह नहीं लौटा। इसका फायदा उठाकर अपने दोस्त प्रमोद कुमार गौड़ ऊर्फ पप्पू के साथ मिलकर मनोहर धुन्डीराम को फर्जी सत्यम सिंह बनाकर जमीन तीन लोगों को बेच दिया।
पांच दिन बाद भी सुराग नहीं, संदिग्ध की तस्वीरें जारी
मिर्जामुराद के भिखारीपुर गांव में मंगलवार को 55 वर्षीय वृद्ध तुलसा प्रजापति से मंगलसूत्र लूट की घटना के मामले में पांच दिन बाद भी पुलिस सुराग नहीं लगा सकी। पुलिस ने घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से दो संदिग्ध युवकों की तस्वीरें जारी की हैं। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि बदमाशों को सीसी फुटेज के आधार पर चिह्नित कर लिया गया है।
नशे में धुत मनबढों ने की हवाई फायरिंग
राजातालाब थाना क्षेत्र परशुपुर में शनिवार की रात नशे में धुत मनबढों ने हवाई फायरिंग की। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन की। सीसी कैमरे खंगाले जा रहे है। थानाध्यक्ष राजू कुमार ने बताया की घटना की जांच की जा रही है।
110 टीमों ने 249 व्यक्तियों का किया चालान
शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वाले एवं शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ पुलिस ने शनिवार की रात चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान गठित 110 पुलिस टीम ने 2443 व्यक्तियों और 1563 वाहनों की जांच की, जिसमें 249 व्यक्तियों का पुलिस एक्ट में चालान और 155 व्यक्तियों का अशांति फैलाने पर चालान किया गया। नियम तोड़ने पर 366 वाहनों का चालान और 39 वाहन सीज किए गए। अपर पुलिस आयुक्त, कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिव हरी मीणा ने बताया की 685400 रुपए जुर्माना वसूला गया।
हमले के मामले में दो आरोपियों को अग्रिम जमानत
छेड़खानी और प्राणघातक हमले के एक मामले में दो आरोपियों को कोर्ट ने अग्रिम जमानत पर रिहा करने का आदेश दिया। शनिवार को प्रभारी अपर सत्र न्यायाधीश (अष्टम) विनोद कुमार की अदालत ने पट्टीदारी विवाद में आरोपी कन्हैयालाल और एक महिला को 50-50 हजार रुपये का बंधपत्र देने पर रिहाई का ऑर्डर दिया। पीड़िता ने मई में जंसा थाने में मुकदमा कराया था।
मंडलायुक्त एस. राजलिंगम।
- फोटो : अमर उजाला
उन समितियों को उर्वरक प्राथमिकता के आधार पर दें, जहां समाप्त हो गया : कमिश्नर
मंडलायुक्त एस राजलिंगम ने शनिवार को मंडल स्तर पर उर्वरकों की उपलब्धता पर समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जिन समितियों पर उर्वरक समाप्त हो गए हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर दिया जाए।
उपायुक्त/उपनिबंधक सहकारिता की ओर से बताया गया कि अभी यूरिया कृभको की एक रैक एक दो दिनों में प्राप्त होने वाली है। इसे आवश्यकतानुसार सभी समितियों पर आपूर्ति करा दी जाएगी। मंडलायुक्त ने मंडल में वर्षा कम होने की स्थिति को देेखते हुए सिंचाई एवं नलकूप विभाग के अधीक्षण अभियंता को भी निर्देशित किया गया कि सभी नहरों के टेल तक पानी पहुंचाना सुनिश्चित करें।
जो नलकूप विद्युत एवं यांत्रिक दोष से खराब हो गए हों, उनको तीन तीन के अंदर ठीक कराएं। कहा कि कृषकों को खरीफ की बोआई के लिए आवश्यक सभी निवेश उर्वरक/पानी सुगमता से प्राप्त होते रहें।
वाराणसी के नवागत डीएम सत्येंद्र कुमार।
- फोटो : अमर उजाला
समितियों पर खाद की उपलब्धता सुनिश्चित कराएं : डीएम
डीएम सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में शनिवार को किसानों को निर्धारित दर पर समय से उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के संबंध में वीडियो कान्फ्रेसिंग के माध्यम से समीक्षा की गई। डीएम ने सहायक निबंधक सहकारिता को निर्देशित किया कि साधन सहकारी समितियां रोस्टर के अनुसार समय से खोली जाएं और सभी समितियों पर उर्वरकों की उपलब्धता रहे।
जिला सहकारी बैंक की जीएम को निर्देश दिए कि समितियों के माध्यम से बैंकों में जो धनराशि और चेक जमा किए जा रहे हैं, उन्हें नियत समय पर संबंधित के खाते में ट्रांसफर किया जाए। इस कार्य में शिथिलता न बरती जाए। उप कृषि निदेशक अमित जायसवाल को निर्देशित किया गया है कि समितियों एवं निजी क्षेत्र में उर्वरकों की उपलब्धता की तथा बैंकों में जमा धनराशि की समीक्षा कर अवगत कराते रहें।
जिला कृषि अधिकारी संगम सिंह को निर्देशित किया कि उर्वरकों के वितरण की निगरानी करें। कालाबाजारी, जमाखोरी की शिकायत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करें। किसानों से गोबर खाद, कंपोस्ट खाद, बर्मी कंपोस्ट, हरी खाद, नैनो यूरिया, नैनो डीएपी को बढ़ावा देने की अपील की। कहा कि मिट्टी के सेहत के के लिएफसल चक्र अपनाएं। हरी खाद, गोबर खाद, कंपोस्ट खाद, का उपयोग करें।
खानपान की 453 दुकानों की गुणवत्ता परखी
खाद्य विभाग ने 453 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान खानपान की चीजों की गुणवत्ता परखी। उनको साफ-सफाई रखने, खाद्य पदार्थों को निर्माण और खाद्य वितरण के दौरान खाद्य सुरक्षा संबंधी नियमों का पालन करने के निर्देश दिए। साथ ही खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
निषाद समाज ने जताई नाराजगी
केवट समाज के व्यक्ति की ओर से गंगा में नाव संचालन के विरोध में मां गंगा निषादराज सेवा न्यास के सदस्यों ने शनिवार को जल पुलिस और एसीपी दशाश्वमेध घाट से मुलाकात कर शिकायत दर्ज कराई। इसमें मांझी समाज के अध्यक्ष प्रमोद मांझी ने आरोप लगाया कि तेलियानला घाट पर कोई दबंग किस्म का व्यक्ति नाव संचालक कर रहा है। इसका विरोध मांझी समाज के लोग कर रहे हैं।
अनावश्यक रूप से रोके जा रहे ट्रक
ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन और जीएसटी विभाग के अधिकारियों के बीच शनिवार को बैठक हुई। बैठक में ट्रांसपोर्टर्स ने कहा कि प्रदेश की सीमा पार करने वाली ट्रकों को डाफी टोल प्लाजा के समीप अनावश्यक रूप से रोका जा रहा है। चेतगंज कार्यालय लाकर दो से तीन दिनों तक रोके रखा जाता है। इससे जहां व्यापार प्रभावित हो रहा है। इसके साथ ही बसों द्वारा माल की ढुलाई का भी मुद्दा उठाया गया।
बरेका ने बनाया 2500वां विद्युत रेल इंजन
बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) ने शनिवार को अपना 2500वां विद्युत रेल इंजन राष्ट्र को समर्पित किया। इस ऐतिहासिक लोकोमोटिव का लोकार्पण बरेका परिसर में महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत हॉल ऑफ फेम में एक विस्तृत प्रस्तुतीकरण से हुई। इसमें बरेका के समृद्ध निर्माण इतिहास, निर्यात उपलब्धियों, स्वदेशीकरण के प्रयासों, हरित ऊर्जा पहलों और तकनीकी नवाचारों को रेखांकित किया गया। बरेका के जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि 2017 में दो विद्युत इंजनों के निर्माण से शुरू हुई था।
विपिन सिंह अध्यक्ष और शैलेंद्र बने सचिव
स्वास्तिक गार्डेनिया रेजीडेंस सोसायटी शिवपुर की नई कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह सोसायटी में हुआ। पवन सिंह की अध्यक्षता में चिकित्सक डॉ. विपिन सिंह ने अध्यक्ष पद का कार्यभार संभाला। नई टीम में शैलेंद्र प्रधान सचिव, अनंत सिंह उपाध्यक्ष, ईश्वर चंद्र सिंह कोषाध्यक्ष चुने गए।
इसके अलावा कार्यकारिणी सदस्यों में संजय श्रीवास्तव, नीरजा शाही, रेनू कुमारी, पल्लवी गुप्ता, प्राची सिंह को शपथ दिलाई गई। मुख्य अतिथि राहुल सिंह ने नई टीम को बधाई दी। संचालन रमाशंकर सिंह तथा धन्यवाद ज्ञापन प्राची सिंह ने किया।
सावन मेले में महिलाओं ने की खरीदारी
मारवाड़ी युवा मंच वरुणा शाखा की ओर से शनिवार भेलूपुर स्थित एक होटल में सावन मेला बनी ठनी में महिलाओं ने आगामी त्योहारों की खरीदारी की। मेले में कारपेट, लखनऊ की चिकनकारी, प्रयागराज के चांदी के आभूषण, सूरत की ज्वेलरी, आगरा की नक्काशी, कोलकाता की राखियां, डिजाइनर ड्रेसेज सहित 50 स्टाॅल लगे थे।
मेले का उद्घाटन आशा गोयल, मंजू तुलस्यान, रचना जिंदल ने किया। दोपहर से देर शाम तक भीड़ रही। संस्था की अध्यक्षा निधि जसरापुरिया ने बताया कि मेले का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को स्वावलंबी बनाना है। मंत्री पूजा डेरोलिया और कोषाध्यक्ष रीतू तुलस्यान ने बताया कि संस्था समाज की कमजोर वर्ग के लिए सेवा करती है। इस मौके पर पूनम केजरीवाल, रीता अग्रवाल माैजूद रहीं।
हनुमान जी को लगाया खिचड़ी का भोग
सावन महीने के दूसरे शनिवार को संकल्प संस्था की ओर से चौक क्षेत्र में श्री संकटमोचन हनुमान जी का पूजन कर खिचड़ी का भोग लगा। श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन करने आए भक्तों और राहगीरों ने खिचड़ी का प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान संस्था के संरक्षक अनिल कुमार जैन, ओपी चौधरी, उषा चौधरी, मृदुला अग्रवाल, रमेश चंद्र अग्रवाल मौजूद रहे।
पौधे रोपे, हनुमान चालीसा का किया पाठ
भारत विकास परिषद साकेत शाखा के संस्कृति सप्ताह के तहत शनिवार को दुर्गाकुंड के आनंद पार्क में 21 औषधीय और अन्य पौधे रोपे गए। इस दौरान 40 सदस्यों ने सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ किया। इस मौके पर अवनीश अग्रवाल, संजीव मेहरोत्रा, सुरेंद्र अग्रवाल, अजीत मेहरोत्रा, नवीन श्रीवास्तव, ज्ञानेश्वर जायसवाल, भोलानाथ, अशोक श्रीवास्तव, अनूप जैन, अमिता अग्रवाल मौजूद रहे।
40 श्रद्धालुओं का दल बैजनाथ रवाना
कैलाश मानसरोवर निर्बाध दर्शन की कामना के साथ बैजनाथ धाम यात्रा निकाली गई। शनिवार को बाबा विश्वनाथ के दर्शन के बाद भारत तिब्बत मैत्री संघ और सुरुचि कला समिति के बैनर तले 40 से अधिक भक्तों का दल बाबा बैजनाथ धाम के लिए रवाना हुआ। अस्सी के मुमुक्षु भवन में साधु-संतों और संस्था के पदाधिकारियों और सदस्यों का दल यात्रा पर गया। इसमें डॉ. अंजनी मिश्र, विजय त्रिपाठी माैजूद रहे।
बाबा बटुक भैरव का गंडा शृंगार 22 को
सावन के महीने में काशी के मंदिरों में शृंगार का सिलसिला शुरू हो गया है। इसी क्रम में 22 जुलाई को बाबा बटुक भैरव का गंडा शृंगार भक्ति संगीत के साथ होगा। मंदिर के महंत पंडित राकेश पुरी ने बताया कि मंगलवार को बाबा बटुक भैरव का हजारों गंडा, बेला, जूही सहित विभिन्न प्रकार के सुगंधित फूलों से शृंगार किया जाएगा। शाम को गीतकार कन्हैया दुबे केडी के संयोजन में पूर्वांचल के कलाकार अमलेश शुक्ला, स्नेहा अवस्थी, यथार्थ दुबे, अर्चना तिवारी, संजीत सागर, ओम तिवारी सहित अनेक कलाकार बाबा बटुक भैरव के दरबार में अपनी हाजिरी लगाएंगे।
राष्ट्र समृद्धि के लिए सजी मां दुर्गा की जलविहार झांकी
दुर्गाकुंड के आदिशक्ति कूष्मांडा मां दुर्गा मंदिर में सावन के शनिवार को जलविहार झांकी सजाई गई। राष्ट्र की समृद्धि और खुशहाली की कामना से माता का शृंगार किया गया। शृंगारिया ऋषभ दुबे ने पांच प्रकार के एक क्विंटल फलों के साथ ही कई प्रकार के फूलों से मां का शृंगार किया। माता को नूतन वस्त्राभूषण से सजाया गया। आरती महंत पं. संजू दुबे ने उतारी। गीतकार कन्हैया दुबे केडी ने भक्तिमय कजरी जलविहार शृंगार से सजल अंगनवा ना... गाकर हाजिरी लगाई। शृंगार दर्शन करने के लिए देर रात तक भक्तों की कतार लगी रही।
एकनाथ शिंदे का नाम स्वर्णाक्षरों में लिखवाएंगे शंकराचार्य
महाराष्ट्र के पूर्व सीएम व उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का नाम स्वर्णाक्षरों में लिखा जाएगा। उन्होंने अपने मुख्यमंत्रित्व काल में गोमाता को राजमाता घोषित करने का साहसिक काम किया है। सनातन धर्म की रक्षा के लिए किए गए उनके इस काम का सम्मान किया जाएगा। यह घोषणा ज्योतिष्पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने मुंबई में अपने चातुर्मास के दौरान की।
शंकराचार्य ने बताया कि चांदी के पन्नों से बनवाई गई पुस्तक पर पूर्व सीएम एकनाथ शिंदे का नाम स्वर्णाक्षरों से लिखा जाएगा। उन्होंने स्वर्णाक्षरों के बारे में बचपन से सुना था, लेकिन ऐसी पुस्तक कहीं नहीं मिली। जब वह कहीं नहीं मिली तो उन्होंने चांदी के पन्ने बनवाए और उस पर स्वर्ण अक्षरों से सबसे पहले अपने गुरु शंकराचार्य स्वरूपानंद सरस्वती का नाम लिखवाया। गोमाता को राजमाता घोषित करने के एकनाथ शिंदे के फैसले पर उनके सम्मान में अब वैसे ही पन्ने पर उनका भी नाम लिखा जाएगा।
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ।
- फोटो : अमर उजाला
राष्ट्रीय एकता के लिए बहुभाषावाद को बढ़ावा
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ शिक्षाशास्त्र विभाग और मालवीय मिशन शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र की ओर से चल रही कार्यशाला में राष्ट्रीय शिक्षा नीति से जुड़े बिंदुओं पर चर्चा हुई। मुख्य वक्ता हिंदी विभाग के प्रो. श्रद्धानंद ने कहा कि नई शिक्षा नीति से राष्ट्रीय एकता और व्यक्तिगत विकास के लिए बहु भाषावाद को बढ़ावा मिलता है।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति : 2020 उन्मुखीकरण एवं संवेदीकरण कार्यक्रम के चौथे दिन भारतीय भाषाओं पर व्याख्यान में प्रो.श्रद्धानंद ने कहा कि यह शास्त्रीय भाषाओं के महत्व को मान्यता देता है। डॉ. सुनील कुमार, प्रो. सुरेंद्र राम, डॉ. बैजनाथ पांडेय, धन्यवाद ज्ञापन विनय कुमार सिंह ने किया।
केंद्रीय मंत्री को दिया मांग पत्र
उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति एवं जनजाति विकास समिति के प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. राजेश कुमार चौधरी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल केंद्रीय मंत्री डॉ. विरेंद्र कुमार से शनिवार को सर्किट हाउस में मिला। समिति ने 19 सूत्री मांग पत्र सौंपा। मांग पत्र में केंद्र और राज्य सरकारों में अनुसूचित जाति व जनजातियों का आरक्षित कोटा पूरा करने समेत 17 पिछड़ी जातियों को अनुसूचित जाति एवं जनजातियों में शामिल करना शामिल है। नत्थू राम, शिवम कुमार, सुमित कुमार रहे।
राज्य अध्यापक पुरस्कार के लिए साक्षात्कार 24 से
राज्य अध्यापक पुरस्कार के लिए शिक्षकों के साक्षात्कार की तिथि घोषित कर दी गई है। 24 जुलाई से 11 अगस्त तक बेसिक शिक्षा निदेशालय लखनऊ में साक्षात्कार होगा। यह पुरस्कार परिषदीय प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों के साथ ही अशासकीय सहायता प्राप्त जूनियर हाईस्कूल में कार्यरत शिक्षकों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए दिया जाता है।
शिक्षकों ने प्रेरणा वेब पोर्टल के माध्यम से 1 जनवरी से 10 मार्च के बीच आवेदन किए थे। पूरे प्रदेश से कुल 208 आवेदन हुए हैं। पुरस्कृत शिक्षक वेलफेयर सोसायटी के प्रांतीय प्रवक्ता राम अवतार यादव ने बताया कि 24 और 25 जुलाई को 16-16 शिक्षकों का साक्षात्कार होगा, जबकि 26 जुलाई को 38 शिक्षकों का साक्षात्कार निर्धारित है। इस दिन वाराणसी मंडल के वाराणसी, गाजीपुर, जौनपुर और चंदौली के शिक्षकों का साक्षात्कार होगा।
बीएसजी हॉस्पिटल के हड्डी रोग शिविर में 150 मरीजों को परामर्श
टैगोर टाउन स्थित बीएसजी हॉस्पिटल में शनिवार को निशुल्क हड्डी रोग जांच एवं परामर्श शिविर का समापन हुआ। शिविर में 150 से अधिक मरीजों की जांच की गई। बीएसजी हॉस्पिटल के संस्थापक निदेशक एवं ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. राकेश बी सिंह की देखरेख में शिविर का आयोजन किया गया। डॉ. सिंह ने मरीजों की जांच की और उनके घुटनों, कंधों, कमर, जोड़ों के दर्द, गठिया, ऑस्टियोपोरोसिस और स्पोर्ट्स इंजरी की समस्याओं के निदान और उपचार की जानकारी दी।
मुख्य अतिथि के रूप में पॉपुलर ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स के चेयरमैन डॉ. एके कौशिक ने अस्पताल की इस पहल की सराहना की। नवनीता कुंवर लाइफ साइंसेज प्राइवेट लिमिटेड ने फार्मा पार्टनर के रूप में कार्यक्रम में सहयोग किया। शिविर में मरीजों को जांचों पर 15 प्रतिशत और दवाओं पर 20 प्रतिशत की छूट दी गई। डॉ. ने कहा कि वह आगे भी निशुल्क शिविर आयोजित करेंगे। इस अवसर पर मीडिया विशेषज्ञ अमित श्रीवास्तव, बाबा एडवर्टाइजर्स उपस्थित थे।
महिला मंच की अध्यक्ष बनीं स्मिता
महानगर उद्योग व्यापार समिति के महिला मंच का शनिवार को गोदौलिया स्थित मारवाड़ी युवा संघ भवन में मनोनयन हुआ। इसमें स्मिता लोहिया को अध्यक्ष, निधि जालान सचिव, वर्षा सेठ अध्यक्ष और पूजा जायसवाल को उपाध्यक्ष पद के लिए मनोनीत किया गया। सुमन गिनोदिया, पूजा विवेक सिंह, रितु मेहरा, पूनम केजरीवाल समेत 23 महिलाओं को संगठन की सदस्यता दिलाई गई।
महानगर उद्योग व्यापार समिति के अध्यक्ष प्रेम मिश्रा ने बताया कि आगे जिले के कई कोने से महिलाओं को संगठन की सदस्यता दिलाई जाएगी। महिला मंडल की महिलाएं क्रिएटिव, संघर्षशील और महिलाओं को अपनी सेवा देने के लिए तत्पर रहेंगी। प्रेम मिश्रा, संरक्षक श्रीनारायण खेमका, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनुज डीडवानिया, गोकुल शर्मा, पंकज अग्रवाल उपस्थित रहे।
रेल कोच रेस्टोरेंट में मिली गंदगी
आईआरसीटीसी के अतिरिक्त सदस्य अमित वरदान शनिवार को वाराणसी पहुंचे। उन्होंने सर्कुलेटिंग एरिया में बने रेल कोच रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया। रेल कोच रेस्टोरेंट में गंदगी मिली और समान का अधिक पैसा लेते हुए पकड़ा। उन्होंने रेल कोच रेस्टोरेंट पर कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके साथ ही खान-पान निरीक्षक एसके पांडे को निलंबित करने के निर्देश दिए।
प्लेटफॉर्म नंबर 5 पर लगे स्टॉल का निरीक्षण किया, जहां स्टॉल वालों के पास पहचान पत्र की समय सीमा समाप्त हो गई है। अधिकारियों ने बताया कि तीन दिन पहले पत्र आया है कि जल्द ही नया पहचान पत्र जारी किया जाएगा।
राजगीर ने राजघाट पुल से कूदकर दी जान
रामनगर के राजघाट पुल से शनिवार की शाम राजगीर राजदेव चौधरी (22) ने कूदकर जान दे दी। रामनगर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। डोमरी तिराहे के पास घायलावस्था में पुलिस ने उसे लालबहादुर शास्त्री राजकीय अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस को पिता ने बताया कि बेटा मानसिक रूप से अस्वस्थ था। थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के मढ़िया गांव निवासी बंगाली चौधरी ने बताया कि बेटा राजदेव राजगीर मिस्त्री का काम करता था। उसकी मानसिक स्थित ठीक नहीं थी।
दुकानदार ने फंदा लगाकर दी जान
पीडीआर मॉल में कॉस्मेटिक के दुकानदार और लक्सा निवासी नरेंद्र सिंह उर्फ निक्की (40) ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। शनिवार की रात घर में जब उसकी सात साल की बच्ची घर में घुसी तो पिता को दुपट्टे के सहारे पंखे पर लटका देख चिल्लाने लगी। परिजन कबीरचौरा स्थित मंडलीय अस्पताल ले गए जहां पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मौके से न तो कोई सुसाइड नोट मिला है न ही कोई वजह पता चली है। लक्सा थाना ध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
गंगा में डूबे ऑटो चालक का पता नहीं चला
सरायमोहना घाट पर शुक्रवार को शव दाह संस्कार के दौरान डूबे ऑटो चालक भरत सिंह का दूसरे दिन शनिवार को भी पता नहीं चल सका। एनडीआरएफ की ओर से खोजबीन जारी है।पिता कृष्णा सिंह ने बताया कि बेटे भरत सिंह की एनडीआरएफ के साथ ही अपने स्तर से भी खोजबीन की जा रही है। थाना प्रभारी विवेक कुमार त्रिपाठी ने बताया कि युवक की खोजबीन की जा रही है।
पुलिस आयुक्त ने प्रशिक्षुओं से लिया 30 दिन के अनुभव पर फीडबैक
रिजर्व पुलिस लाइन स्थित प्रशिक्षण केंद्र में शनिवार की रात प्रशिक्षुओं के लिए बड़ाखाना का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने प्रशिक्षुओं का मनोबल बढ़ाया। प्रशिक्षुओं से उनके जेटीसी के 30 दिवस के अनुभव पर फीडबैक लिया। प्रशिक्षुओं द्वारा प्रदर्शित अनुशासन व कार्यशैली सहित सावन के प्रथम सोमवार पर की गयी ड्यूटी प्रशंसनीय रही। सभी प्रशिक्षु आरक्षियों को आरटीएसी प्रशिक्षण के लिए तैयार किया।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि सभी प्रशिक्षु अब आरटीसी प्रशिक्षण के लिए तैयार हैं, जिसमें उन्हें परंपरागत कानूनों के साथ-साथ साइबर अपराध, एआई, ड्रोन, कंप्यूटर विजन आदि नवीन तकनीकों के प्रयोग का प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे वे खुद को सशक्त बना सकें। इस दौरान अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरि मीना, अपर पुलिस आयुक्त अपराध राजेश सिंह, पुलिस उपायुक्त लाइन प्रमोद कुमार, पुलिस उपायुक्त सुरक्षा अनिल कुमार यादव, पुलिस उपायुक्त अपराध सरवणन टी आदि रहे।
नगर निगम वाराणसी।
- फोटो : अमर उजाला
नई सड़क से गोदौलिया तक हटवाए अतिक्रमण, 6500 जुर्माना लगाया
नगर निगम के प्रर्वतन दल ने गिरजाघर से गोदौलिया होते हुए दशाश्वमेध घाट, नई सड़क, बेनियाबाग पर अतिक्रमण हटवाए। इसमें माला फूल की अस्थाई दुकानें, ठेला, स्थाई काउंटर, तिरपाल आदि हटवाकर सड़क को खाली कराया। अतिक्रमण करने वालों से 6500 का जुर्माना भी लगाया गया। प्रभारी प्रवर्तन दल कर्नल संदीप शर्मा ने बताया कि अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों को चेतावनी दी गई है।
आठ बीघे की प्लाॅटिंग पर चला बुलडोजर : वीडीए ने नगवां वार्ड के कादीपुर में 8 बीघे में विकसित की गई अवैध प्लाॅटिंग पर बुलडोजर चलावाया। वीडीए के जोनल अधिकारी संजीव कुमार ने बताया राज बहादुर पांडेय की ओर से बिना नक्शा पास कराए प्लाॅटिंग की जा रही थी।
इसे ध्वस्त कराया गया। उधर, सारनाथ जोन के चिरईगांव में 2500 वर्गमीटर में बिना नक्शा पास कराए अवैध रूप से प्लाॅटिंग की जा रही थी। इसे वीडीए के अधिकारियों ने ध्वस्त कराया। जोनल अधिकारी प्रकाश ने बताया कि प्लाॅटिंग करने वाले को चेतावनी दी गई है। कार्रवाई जारी रहेगी।
18.56 करोड़ से प्रदेश के आठ निबंधन कार्यालय बनेंगे हाईटेक
उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में निबंधन कार्यालय हाईटेक और अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। प्रदेश के सभी 380 निबंधन कार्यालय का अपना भवन होगा। इसकी शुरुआत शनिवार को प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी से हुई है।
स्टांप एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल ने 18 करोड़ 56 लाख 27 हजार रुपये की लागत से बनने वाले आठ निबंधन कार्यालय भवनों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। राज्यमंत्री ने शनिवार को कमिश्नरी परिसर के जिला सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में नवीन भवनों के निर्माण कार्य का शिलान्यास बटन दबाकर किया। मंत्री ने कार्यदायी संस्था के अभियंता को निर्देशित करते हुए कहा कि निर्माण मानक के अनुरूप पूरा हो।
पक्षकार बनाने की अर्जी पर 5 अगस्त को होगी सुनवाई
अपर जिला जज चौदहवां की कोर्ट में शनिवार को ज्ञानवापी प्रकरण में मुख्तार अंसारी के पक्षकार बनाने के लिए निगरानी अर्जी पर सुनवाई टल गई। अगली सुनवाई पांच अगस्त को होगी। पक्षकार बनाने संबंधित मुख्तार अंसारी की अर्जी दो मई को सिविल जज सीनियर डिवीजन फास्ट ट्रैक की अदालत ने खारिज कर दी थी।
इस आदेश के खिलाफ मुख्तार अंसारी ने जिला जज की कोर्ट में निगरानी अर्जी दाखिल की है। निगरानी अर्जी में कहा गया की लोअर कोर्ट ने सरसरी तौर से और क्षेत्राधिकारी के बाहर विधिक अनुरूप नहीं सुनते हुए निगरानीकर्ता की अर्जी खारिज कर दी।
अधिकतम तापमान सामान्य से 2.2 डिग्री ज्यादा
बीते 4 दिनों फिर गर्मी अपना कहर बरपा रही है और तपती धूप और उमस से लोग बेहाल हो उठे हैं। शनिवार को शहर का अधिकतम तापमान सामान्य से 2.2 डिग्री ऊपर 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान विभाग ने बनारस में 22, 23, 24 और 25 जुलाई को बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।
सड़कों से हट जाएंगी डीजल की 25 बसें
शहर में रोडवेज की 15 साल पुरानी बसों को हटाया जाएगा। इनके स्थान पर इलेक्ट्रिक बसों को चलाया जाएगा। इसके लिए 14 बसों को लाया जा रहा है। 50 बसे पहले से चल रही है। वहीं 18 बसों पर पहले ही कंडम घोषित कर हटा दिया गया है। 25 बसों को हटाने की तैयारी चल रही है। रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक परशुराम पांडेय ने बताया कि 15 वर्ष पूरी कर चुकी बसों को हटाया जाएगा।
बरेका में बना ओपन आउटडोर जिम
बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में शनिवार को महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने सूर्य सरोवर परिसर में बने ओपन आउटडोर जिम का उद्घाटन किया। बरेका के जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने कहा कि बरेका ने कंचनपुर कॉलोनी और बरेका पूर्वी कॉलोनी में भी ओपन जिम स्थापित किए हैं।
बीएचयू को मिला 1.40 करोड़ का रिसर्च प्रोजेक्ट
बीएचयू को पूर्वोत्तर के जनजातीय अध्ययन के लिए विकसित भारत 2047 के मद्देनजर 1.40 करोड़ रुपये का रिसर्च प्रोजेक्ट मिला है। इसमें पूर्वोत्तर की जनजातीय परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत पर एक रिपोर्ट तैयार की जाएगी। यह धनराशि नई दिल्ली भारतीय सामाजिक विज्ञान अनुसंधान परिषद की ओर से दी गई है। यह चार साल की एक दीर्घकालिक शोध परियोजना है।
2025 से लेकर 2029 तक पूर्वाेत्तर की जनजातियों में प्रचलित औषधीय प्रथा, लोक कला और सांस्कृतिक मेलजोल का समाजशास्त्रीय विधा से अध्ययन किया जाएगा। समुदायों में पंच परिवर्तन यानी स्वास्थ्य, आजीविका, आस्था और सामाजिक संरचना सहित कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण, सामाजिक समरसता, नागरिक कर्तव्यों का पालन का अध्ययन होगा।
प्रोजेक्ट समन्वयक बीएचयू के सामाजिक विज्ञान संकाय स्थित समाज समावेशन अध्ययन केंद्र के डॉ. शरद धर शर्मा हैं। आईआईटी बीएचयू के डॉ. सुनील कुमार मिश्रा को पारंपरिक औषधीय प्रणालियों पर अध्ययन का निदेशक बनाया गया है। वह जनजातीय चिकित्सा पद्धतियों की आधुनिक विज्ञान से तुलना और संभावित औषधीय उपयोगों का अध्ययन होगा। सीआईएमएस के डॉ. महावीर सिंह पवार गणितीय मॉडलिंग और आंकड़ों के विश्लेषण के निदेशक होंगे।
विद्यापीठ : कॉलेजों में 11 अगस्त से होंगी परीक्षाएं
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ से संबद्ध महाविद्यालयों में पीजी की सेमेस्टर परीक्षाएं 11 अगस्त से शुरू होंगी। विश्वविद्यालय की ओर से समय-सारिणी जारी कर दी गई है। एमएफए द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा 11-13 अगस्त को और चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षा 12-14 अगस्त को सुबह 11 से दोपहर 1 बजे तक होगी। उपकुलसचिव आनंद कुमार मौर्य ने बताया कि एमए द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा 18 से 25 अगस्त तक कराई जाएगी।
एमए अर्थशास्त्र की 23 को होगी मौखिक परीक्षा
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ अर्थशास्त्र विभाग में एमए द्वितीय सेमेस्टर की मौखिक परीक्षा 23 जुलाई को होगी। विभागाध्यक्ष प्रो. अंकिता गुप्ता ने बताया कि सुबह 9 बजे से होने वाली परीक्षा के लिए रिसर्च प्रोजेक्ट फाइल, प्रवेश पत्र के साथ उपस्थित होना अनिवार्य है। बताया कि जिन अभ्यर्थियों की मौखिकी परीक्षा छूट जाएगी, वो दोबारा नहीं दे सकेंगे।
44 छात्रों के लिए 2 विद्यालयों को दिया अनुदान
पांडेय हवेली के बंगाली टोला इंटर कॉलेज में शनिवार को वेमुरी श्रीरामचंद्र मूर्ति कुसुमंबा मेमोरियल ट्रस्ट की ओर से 22 छात्रों को 44000 रुपये और दुर्गा चरण इंटर कॉलेज में भी 22 छात्राओं को 64000 रुपये एक साल फीस के लिए अनुदान देने का निर्णय लिया गया है।
कॉलेज में ट्रस्ट के मैनेजमेंट ट्रस्टी वीवी सुंदर शास्त्री और ट्रस्टी वीवी सीताराम, वीवीएसपी गणेश, संदीप कुमार, अभिषेक जायसवाल, अनुपम भट्टाचार्य, संतोष कुमार, भूपेंद्र सिंह गिल ने प्रधानाचार्य बृजेश मणि पांडेय को चेक दिया। वीवी सुंदर शास्त्री बताया कि जो विद्यार्थी सबसे अधिक अंक से उत्तीर्ण होता है तो उन्हें विशेष पुरस्कार भी दिया जाएगा।
गंगापुर परिसर में विद्यार्थियों को दिए टैबलेट
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के महाराजा डॉ. विभूति नारायण सिंह परिसर गंगापुर में एमए, एमकॉम के विद्यार्थियों को टैबलेट दिया गया। पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के वरिष्ठ सहायक आचार्य डॉ. मनोहर लाल ने टैबलेट को उपयोगी बताया। कार्यक्रम में परिसर प्रभारी डॉ. मनीष सिंह के साथ ही डॉ. पुरुषोत्तम लाल विजय, डॉ. गौरव दुबे, डॉ. अर्चना पांडे, डॉ. मनोज सोनकर मौजूद रहे।
सितंबर में होगी अग्निवीर वायुसेना की परीक्षा
भारतीय वायुसेना की ओर से अग्निपथ योजना के तहत आवेदन 31 जुलाई तक कर सकेंगे। अभ्यर्थी एयरफोर्स की आधिकारिक वेबसाइट agnipathvayu.cdac.in पर आवेदन कर सकते हैं। 550 रुपये आवेदन शुल्क है। परीक्षा 25 सितंबर को हो सकती है। भर्ती प्रक्रिया में केवल अविवाहित पुरुष और महिला आवेदन कर सकते हैं।
विज्ञान संकाय से 12वीं कक्षा उत्तीर्ण करने वाले अभ्यर्थियों के लिए गणित, भौतिकी और अंग्रेजी में 50 प्रतिशत अंक जरूरी हैं। एडमिट कार्ड परीक्षा से 10 दिन जारी किया जाएगा। भर्ती के लिए परीक्षा ऑनलाइन कराई जाएगी। परीक्षा में विज्ञान, अंग्रेजी, तर्क, गणित और भौतिकी विषयों से बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा 45 मिनट से 60 मिनट की होगी। नौकरी का कार्यकाल चार साल का होगा।
शिक्षक संघ वाराणसी मंडल की बैठक आज
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ वाराणसी मंडल की बैठक रविवार सुबह 10 बजे यूपी कॉलेज वाराणसी की भौतिक विज्ञान प्रयोगशाला सभागार में होगी। मंडल अध्यक्ष सुधाकर सिंह और मंडल मंत्री डॉ. सत्येंद्र प्रताप सिंह इसमें कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विचार करेंगे। इनमें मंडल के जिलों में सदस्यता अभियान की स्थिति, एनपीएस (राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली) की वर्तमान स्थिति, एनपीएस से ओपीएस (पुरानी पेंशन योजना) में शामिल शिक्षकों की जीपीएफ (सामान्य भविष्य निधि) की स्थिति, और स्थानांतरित शिक्षकों के कार्यभार ग्रहण करने की स्थिति प्रमुख हैं।
ऑनलाइन पाठ्यक्रम में 31 तक करें आवेदन
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के ऑनलाइन संस्कृत प्रशिक्षण केंद्र के छह मासिक पाठ्यक्रम में आवेदन की अंतिम तिथि 31 जुलाई है। प्रशिक्षण केंद्र के निदेशक प्रो. रमेश प्रसाद ने बताया कि तीन विद्यार्थियों का पंजीकरण किया जा चुका है।
मंदिर प्रबंधन की कक्षाएं 28 जुलाई से शुरू होंगी। केंद्र की ओर से ज्योतिष, वास्तु विज्ञान, कर्मकांड, भाषा शिक्षण, पालि, योग में प्रवेशार्थियों की मांग को देख प्रवेश की अंतिम तिथि को बढ़ाकर 31 जुलाई कर दिया गया है। प्रो. रमेश प्रसाद ने बताया कि इससे छात्रों को काफी फायदा मिलेगा।