Varanasi News in Hindi: जिला जज संदीप शुक्ला की कोर्ट ने शुक्रवार को दहेज हत्या में दोषी पति, ससुर और देवर को 8-8 साल की कैद और 2500-2500 रुपये का जुर्माना लगाया है। भीषमपुर (करतोरखा) निवासी पति शनि जायसवाल, ससुर महेंद्र जायसवाल व देवर मनी जायसवाल हैं।
अभियोजन पक्ष के अनुसार, सेवापुरी के मटुका निवासी वादी मंगला प्रसाद जायसवाल ने 4 फरवरी 2019 को कपसेठी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। बेटी पुत्री पिंकी की शादी दो साल पहले शनि जायसवाल से की थी। दामाद व परिवार वाले दहेज में बाइक समेत अन्य सामान की मांग को लेकर बेटी को प्रताड़ित करते थे।
4 फरवरी 2019 में बेटी की ससुर महेंद्र जायसवाल, देवर मनी व दामाद शनि जायसवाल ने पीटा और कमरे में हाथ-पैर बांधकर जलाकर हत्या कर दी। मौके पर पहुंचकर देखा कि उसकी बेटी जली हुई अपने कमरे में मृत पड़ी थी। जबकि आरोपी मौके से भाग निकले थे। पुलिस ने तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।
दालमंडी में चार भवनों की नापी, 12 दुकानें खाली करने का नोटिस
दालमंडी में शुक्रवार को चार भवनों की नापी हुई। पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों और कर्मचारियों ने पुलिस बल के साथ चौक से नई सड़क तक मुनादी कराई। सत्तार मार्केट की रजिस्ट्री की कार्रवाई पूरी की गई। 12 दुकानें खाली करने का नोटिस दिया गया। पिछले दिनों नई सड़क लंगड़ा हाफिज मस्जिद स्थित मुख्तार खान और अन्नान खान उर्फ पप्पू नाटे के भवन को चिह्नित कर नापी कराई गई थी। सुबह से रात तक पुलिस की आवाजाही लगी रही।
सामान्य दिनों की तरह खरीदारी होती रही। व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की है कि बेनियाबाग में उन्हें बसाया जाए। प्रशासन उन्हें लोहता और मोहनसराय में बसाने की बात कर रहा है जो दुकानदारों को स्वीकार नहीं है। दालमंडी चौड़ीकरण योजना में 10 मीटर सड़क चौड़ी होगी। पीडब्ल्यूडी के अधिकारी के अनुसार दालमंडी में दोनों तरफ 10 (पांच-पांच) मीटर की सड़क, 6.4 (3.2-3.2) मीटर का फुटपाथ और एक (आधा-आधा) मीटर की केसी ड्रेन नाली है। इस प्रकार कुल 17.4 मीटर में काम होाग। फुटपाथ के नीचे सभी जनसुविधाओं को भूमिगत किया जाएगा।
फंदे से लटक विवाहिता ने दी जान, दहेज हत्या का आरोप
जंसा थाना क्षेत्र के गोगवा (सत्तनपुर) गांव में बीती रात आंचल तिवारी (26) ने कमरे में रोशनदान के ग्रिल में दुपट्टे के सहारे फंदे से लटक कर जान दे दी। शुक्रवार सुबह पिता ने पति समेत अन्य ससुराल वालों पर दहेज हत्या का केस दर्ज कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। भदोही के गोपीगंज थाना क्षेत्र के देवपुर निवासी राजेंद्र दुबे ने पुलिस को बताया कि बेटी आंचल की शादी 2020 में अंकित तिवारी के साथ हुई थी।
दोनों से पांच साल की पुत्री और तीन साल का बेटा है। दहेज के लिए आंचल को प्रताड़ित किया जाता था। राजेंद्र ने बताया कि पति, सास, ससुर व देवर प्रताड़ित करते थे। थानाध्यक्ष अनिल शर्मा ने बताया कि अंकित मध्य प्रदेश में किसी प्राइवेट कंपनी में अकाउंटेंट हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।
जमीन के विवाद में बेटों की पिटाई से घायल पिता ने तोड़ा दम, एक गिरफ्तार
जंसा थाना क्षेत्र के कपरफोरवा गांव में कुछ दिन पहले जमीन के विवाद में दो बेटों की पिटाई से घायल बुजुर्ग पिता श्याम नारायण पटेल (75) की बीती रात उपचार के दौरान मौत हो गई। मां भूलना देवी की तहरीर पर पुलिस ने दोनों बेटों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या के आरोप में केस दर्ज किया।
शुक्रवार को आरोपी बेटे अरविंद पटेल को पुलिस ने गिरफ्तार किया। भूलना देवी ने पुलिस को बताया कि जमीन को लेकर बेटे अरविंद और लाल बहादुर ने बुजुर्ग पिता को लाठी-डंडे से पीटा था। पति को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। थानाध्यक्ष अनिल शर्मा ने बताया कि दूसरे आरोपी लालबहादुर की गिरफ्तारी को लेकर दबिश दी जा रही है।
नकली जर्दा की बिक्री में दो दुकानदारों के खिलाफ केस दर्ज
ब्रांडेड कंपनी के नकली जर्दा बिक्री मामले में गुरुवार को चेतगंज पुलिस ने नया पानदरीबा में छापा मारकर चार दुकानों पर छापा मारा और दो आरोपियों को हिरासत में लिया। पुलिस के मुताबिक, नकली जर्दा बरामद किया गया है। दो दुकानदार भाग निकले हैं। राधाकृष्ण धर्मपाल प्रेमचंद लिमिटेड की तहरीर पर दो आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
चेतगंज इंस्पेक्टर विजयनाथ शुक्ला ने बताया कि नया पानदरीबा के व्यापारी दीपक कुमार उर्फ दिलीप और जितेंद्र कुमार के खिलाफ कॉपीराइट समेत अन्य आरोपों में केस दर्ज किया गया। कोल्हूआ विनायका निवासी दीपक कुमार उर्फ दिलीप और जियापुर चेतगंज निवासी जितेंद्र कुमार की दुकान से ब्रांडेड कंपनी का नकली माल बरामद हुआ।
आभूषण की दुकान में चोरी
लोहता के भरथरा गांव में गुरुवार रात आभूषण की दुकान में चोरी हो गई। पीड़ित ने शुक्रवार सुबह थाने में तहरीर दी है। भरथरा निवासी गंगाराम सेठ ने पुलिस को बताया कि दुकान खोलने पहुंचे तो देखा कि ताला टूटा था और अंदर रखे सोने-चांदी के आभूषण गायब थे। एसीपी रोहनिया संजीव शर्मा ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
वाहन चोरी का आरोपी गिरफ्तार
चोरी की स्कूटी और बाइक के साथ आरोपी बबल मिश्रा को भेलूपुर पुलिस ने शुक्रवार को अस्सी नाला के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी दुर्वासपुर अदलहाट मिर्जापुर का रहने वाला है। प्रभारी निरीक्षक भेलूपुर सुधीर त्रिपाठी ने बताया कि गिरफ्तार बबल कई महीने से भेलूपुर, लंका से वाहन चोरी करता था। वाहनों को पहले वाहन स्टैंड में खड़ा करता था। इसके बाद साथियों की मदद से बेचता था।
संवेदनशील इलाकों में पुलिस ने की गश्त
जैतपुरा पुलिस ने शुक्रवार शाम पैदल गश्त अभियान चलाया। एसओ बृजेश मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस चौकाघाट, दोषीपुरा, नक्खी घाट, बड़ी बाजार और छोहरा पहुंची। चौकाघाट से गोलगड्डा तक सड़क पर खड़े वाहनों पर कार्रवाई की। साथ ही सड़क पर अतिक्रमण करने वालों को हटाया गया। साथ ही दोबारा अतिक्रमण नहीं करने की चेतावनी दी।
अधिवक्ताओं ने स्टांप एवं पंजीयन मंत्री का फूंका पुतला
पिंडरा तहसील मुख्यालय पर नाराज अधिवक्ताओं ने शुक्रवार को स्टांप और पंजीयन मंत्री उत्तर प्रदेश सरकार रविंद्र कुमार जायसवाल का पुतला फूंका और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा। एसडीएम के अनुपस्थिति में नायब तहसीलदार मनोज सिंह ने ज्ञापन लिया। अध्यक्ष कृपा शंकर पटेल न कहा कि राज्यमंत्री ने कहा था कि रजिस्ट्री में वकीलों और बिचौलियों के झंझट से मुक्ति मिलेगी, जिसको लेकर अधिवक्ताओं में आक्रोश है। इस दौरान महामंत्री सुधीर सिंह, शिवपूजन सिंह, कमला प्रसाद मिश्र, विजय शर्मा आदि रहे।
विद्युत पोल पर लगाए सीसी कैमरे, शिकायत
पिंडरा के फूलपुर के गांव में घर के सामने विद्युत पोल पर संदिग्ध सीसी कैमरे लगाने की शिकायत पहुंची। शुक्रवार को गौरव पांडेय ने पुलिस को बताया कि घर के सामने विद्युत पोल है, गुरुवार रात बोलेरो सवार दो युवक आए और पोल पर कैमरे सेट कर चले गए। जमीन से केवल छह फीट ऊंचाई पर कैमरा लगा है। पुलिस को तहरीर दी है। इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच कराई जा रही है।
सीसीटीवी लगवाने पर देवरानी, जेठानी में मारपीट
फूलपुर थाना क्षेत्र के बहुतरा गांव में गुरुवार शाम सीसी कैमरे को लेकर परिवार में मारपीट हो गई। मुन्नी सिंह ने पुलिस को बताया कि पति प्रदीप सिंह अपने घर के चारों तरफ सीसीटीवी कैमरे लगवा रहे थे। घर के पीछे कैमरे लगवाने पहुंचे तो जेठानी सुधा सिंह ने कैमरे न लगाने का दबाव बनाया। इसी बीच जेठ संतोष सिंह ने ईंट से वार कर दिया। प्रभारी प्रवीण सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच की जा रही है।
साइबर ठगी के मामले में दो के खिलाफ केस दर्ज
वेबसाइट हैक करने के मामले में दो आरोपियों के खिलाफ शुक्रवार को भेलूपुर थाने में केस दर्ज किया गया। सौभाग्य लक्ष्मी विला महमूरगंज निवासी अर्पित सेठ ने पुलिस को बताया कि शशि कुमार वास और सजीद अंसारी को 2023 में डोमेन नाम से एक वेबसाइट बनाकर संचालन का काम सौंपा था। 13 नवंबर को मालूम चला कि डोमेन के नाम को बदलने की साजिश की गई। ईमेल में नए स्वामी का नाम सजिद अंसारी बदला जा रहा। साजिद और शशि ने वेबसाइट को हैक कर उनकी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की साजिश रची। भेलूपुर इंस्पेक्टर सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया साइबर ठगी के मामले में केस दर्ज किया गया है।
मानसिक अस्पताल परिसर में निर्माण सामग्री वाला ट्रक फंसा, 4 घंटे तक मुख्य मार्ग बाधित
मानसिक चिकित्सालय परिसर में बन रहे नए मेडिकल कॉलेज में शुक्रवार को सरिया लेकर आ रहा ट्रक अचानक मुख्य गेट पर फंस गया। जिसके चलते दीनदयाल अस्पताल का प्रमुख मार्ग 4 घंटों तक अवरुद्ध रहा। अस्पताल आने-जाने वाले मरीजों, तीमारदारों और वाहनों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
निर्माण कार्य संभाल रही एजेंसी ने मेडिकल कॉलेज निर्माण के लिए छड़ (सरिया) से भरी बड़ी ट्रक को मानसिक चिकित्सालय के मुख्य प्रवेश द्वार से अंदर ले जाने की कोशिश की। गेट की ऊंचाई और चौड़ाई कम होने के कारण वाहन अटक गया। ट्रक के फंसते ही वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन बाधित हो गया। सूचना मिलते ही निर्माण एजेंसी के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और ट्रक को हटाने की कोशिश शुरू की। सफलता नहीं मिली तो हाइवा मशीन को बुलाया गया और काफी प्रयास के बाद ट्रक को धीरे-धीरे पीछे की ओर खींचकर हटाया गया।
बिजली निगम में संविदा कर्मियों की छंटनी के विरोध में प्रदर्शन
बिजली निगम में संविदा कर्मियों की छंटनी का विरोध तेज हो गया है। शुक्रवार को बिजली उपकेंद्रों पर कर्मचारियों ने प्रदर्शन कर कार्रवाई को गलत बताया। कहा कि अगर निजीकरण का प्रस्ताव वापस नहीं हुआ और छंटनी में हटाए गए लोगों को वापस बुलाया नहीं गया तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के आह्वान पर धरना, प्रदर्शन में कर्मचारियों ने नारेबाजी की। मायाशंकर तिवारी, ओपी सिंह, आरके वाही, अंकुर पांडेय ने कहा कि पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के मंडलों में इस साल प्रबंध निदेशक कार्यालय से 7 से 22 प्रतिशत तक संविदा कर्मियों की छंटनी की कार्रवाई चल रही है। इससे ऊर्जा मंत्री के महत्वाकांक्षी योजना एक मुश्त समाधान योजना की विफलता के साथ ही उपभोक्ताओं को बिजली कटौती झेलनी पड़ेगी। चेतावनी दी कि आपूर्ति प्रभावित होती है तो उसकी जिम्मेदारी निगम प्रबंधन की होगी।
मनबढ़ों ने पिता-पुत्र को पीटा, केस दर्ज दर्ज
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के ठटरा गांव में ब्राह्मण बस्ती निवासी सुरेश उपाध्याय और पुत्र अतुल की पिटाई कर दी गई। पीड़ित सुरेश उपाध्याय ने गांव के बिंद बस्ती में रहने वाले 12 लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। मिर्जामुराद थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि दोनों ओर से तहरीर मिली है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
घर के बाहर चार पहिया वाहन चोरी
चितईपुर थाना क्षेत्र के महामनापुरी कॉलोनी में बृहस्पतिवार दोपहर घर के बाहर खड़ी चार पहिया चोरी हो गई। पीड़ित अनिमेष मिश्रा ने थाने में तहरीर दी है। अनिमेष मिश्रा ने पुलिस को बताया कि मां का कैंसर का इलाज चल रहा है। शिवपुर के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। घर पहुंचा तो देखा की गाड़ी नहीं है। पुलिस से शिकायत की है।
बरेका जूनियर्स ने स्टेडियम इलेवन को 50 रनों से हराया
मैन ऑफ द मैच अंश पांडेय के 41 गेंदों में 52 रनों की शानदार पारी की बदौलत बरेका जूनियर्स ने स्टेडियम इलेवन को 50 रनों से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। शुक्रवार को डीएवी कॉलेज के मैदान में स्व. पीएन सिंह यादव स्मृति अंडर-16 जिला स्तरीय क्रिकेट खेली गई। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बरेका की टीम ने 28.1 ओवर में दस विकेट खोकर 157 रन बनाए। बरेका की ओर से अंश पांडेय ने 52, आर्यन निर्मल ने 34 और सक्षम सिंह ने 27 रन बनाए।
जवाब में खेलने उतरी स्टेडियम इलेवन 27 ओवरों में सिर्फ 107 रन ही बना सकी। स्टेडियम की ओर से सर्वाधिक नाबाद 28 रन आदित्य यादव ने बनाए। बरेका की ओर से विशाल ने 3 और आकाश गोस्वामी एवं सुमित पाल ने 2-2 विकेट झटके। कॉलेज के प्रबंधक अजीत सिंह यादव, प्रबंध समिति के हरिबंश सिंह एवं उपाचार्य प्रो. राहुल ने खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया।
आज गंगा में छोड़ी जाएंगी 2.35 लाख मछलियां
मत्स्य पालन विभाग की ओर से शनिवार को गंगा में 2.35 लाख मछलियों के बच्चे छोड़े जाएंगे। रिवर रैंचिंग के तहत जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या अस्सीघाट पर इसकी शुरुआत करेंगी। मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजेंद्र कुमार ने बताया कि गंगा से विलुप्त हो रहीं मछलियों की रोहू, कतला व नैना आदि प्रजातियों को संरक्षित किया जाएगा। इसके तहत गंगा में 10 से 100 एमएम आकार के मछलियों के बच्चे छोड़े जाएंगे। ये मछलियां नदियों में फैले प्रदूषण को दूर कर शुद्ध करती हैं।
बदलती जीवनशैली से बढ़ रही मधुमेह की समस्या, सावधानी जरूरी
विश्व मधुमेह दिवस पर शुक्रवार को बीएचयू, मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा सहित अन्य अस्पतालों में मुधमेह नियंत्रण के बारे में जागरूक किया गया। विशेषज्ञों ने बताया कि तेजी से बदलती जीवनशैली से मधुमेह की समस्या दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। जागरूकता और सतर्कता ही इस बीमारी पर नियंत्रण का बेहतर माध्यम है।
बीएचयू में आयोजित कार्यक्रम में स्त्री रोग विभाग की प्रो. ममता ने कहा कि मधुमेह जीवन के हर चरण को प्रभावित करता है, इसलिए इसके प्रबंधन और रोकथाम के लिए जीवन-चक्र दृष्टिकोण अपनाना आवश्यक है। डॉ. जिज्ञासा सिंह ने गर्भावस्था में मधुमेह के बारे में कहा कि गर्भावस्था के पहले और उस दौरान मधुमेह हो तो तत्काल चिकित्सक की सलाह लेनी चाहिए। मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा में एसआईसी डॉ. बृजेश कुमार के निर्देशन में लगे शिविर में मरीजों, तीमारदारों को जागरूक किया गया।
डॉ. एसपी सिंह, डॉ. प्रमोद कुमार गुप्ता, डॉ. शशि भूषण उपाध्याय ने कहा कि मधुमेह की समस्या एक सार्वजनिक स्वास्थ्य चुनौती बन गई है। जीवन शैली में परिवर्तन, संतुलित आहार, सही भोजन ही मधुमेह का पहला उपचार है। हिंदू सेवा सदन चिकित्सालय में 152 लोगों की जांच की गई। शिविर में चिकित्सालय के प्रधानमंत्री राजेंद्र मोहन, सत्य प्रकाश जालान, अनिल सराफ, राजीव कुमार आदि मौजूद रहे।
आधुनिक भारत के महान शिल्पकार थे पं. नेहरू
स्वतंत्रता संग्राम में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चरणों में बैठकर देश को आजाद कराने के लिए दशकों तक जेल की यातनाएं सहने वाले महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, आधुनिक भारत के महान शिल्पकार पं. नेहरू वास्तविक अर्थों में एक युग पुरुष थे। उनका हर कदम केवल और केवल देश के हर प्रकार के नवनिर्माण के लिए था। ये विचार इंग्लिशियालाइन स्थित पं. कमलापति त्रिपाठी फाउंडेशन के कार्यालय में पं. जवाहरलाल नेहरु की 136वीं जयंती पर वक्ताओं ने व्यक्त किए।
इससे पूर्व उपस्थित लोगों ने पं. जवाहरलाल नेहरू के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करके श्रद्धांजलि दी। अध्यक्षता पंडित विजय शंकर पांडेय ने की। संचालन बैजनाथ सिंह ने किया। इस दौरान पूर्व एमएलसी पं. राजेशपति त्रिपाठी, राधे लाल एडवोकेट, डाॅ. अनिल कुमार उपाध्याय, भूपेंद्र प्रताप सिंह, आनंद सिंह, डॉ. पीएस पांडेय, मनोज चौबे ने विचार व्यक्त किए।
दयालावीर बाबा के वार्षिक शृंगार पर हुआ दंगल
मिर्जामुराद के नचनियावीर अखाड़ा की ओर से कल्लीपुर गांव स्थित दयाला वीर बाबा वार्षिक शृंगार पर दंगल हुआ। दंगल प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि सपा जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़ और विशिष्ट अतिथि एमएलसी आशुतोष सिन्हा व ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि महेंद्र सिंह पटेल ने संयुक्त रूप से किया। दंगल में वाराणसी के खजूरी, महनाग, कल्लीपुर, बरियासनपुर, कोरउत, अहरक, मुंगवार, बीएलडब्लू, बनियापुर, चमाव, लठिया, रुदौली, तिवारीपुर, डांडी अखाड़ों के पहलवानों ने हिस्सा लिया। इस मौके पर अवधेश यादव, सुभाष यादव, सेवालाल यादव, राजेश यादव आदि उपस्थित रहे।
बीएचयू में तूलिका और कैनवास से लोकगीत को दिया रंग
बीएचयू के भोजपुरी अध्ययन केंद्र में भोजपुरी लोकगीत और चित्रकला : पाठ, गायन और चित्रांकन विषय पर लोकगीतों पर आधारित एक विशेष चित्रशाला हुई। तूलिका, रंग और कैनवास के माध्यम से लोकजीवन और लोकगीतों को कलाकारों ने अद्भुत रूप से जीवंत कर दिया।
यह चित्रशाला बलदाऊ वर्मा और डॉ. सुनील कुमार पटेल के संयोजन में हुई। अभिनव मौर्या, सोनाली सिंह, साक्षी गुप्ता, शैविक राय, अक्षत कुमार सिंह, जय गुप्ता, आशीष विश्वकर्मा, सुनील कुमार और दिव्यानी राय आदि युवा कलाकारों ने अपनी रचनात्मक तूलिकाओं से लोक संस्कृति को रंगों में ढाला। इन चित्रों की प्रदर्शनी भोजपुरी अध्ययन केंद्र की गैलरी में लगाई जाएगी। 17 से 23 नवंबर तक सात दिन की दूसरी चित्रशाला होगी।
मटर, टमाटर, शिमला मिर्च का 30 तक कराएं बीमा
प्रदेश सरकार ने पुनर्गठित मौसम आधारित फसल बीमा की कार्ययोजना जारी कर दी है। जिले में एसबीआई जनरल इन्श्योरेंस कंपनी को नामित किया है। मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह ने बताया कि इस योजना के तहत रबी सीजन में गेंहू, चना, मटर, आलू की फसल का बीमा 31 दिसंबर और हरी मटर, टमाटर, शिमला मिर्च की फसल के लिए 30 नवंबर तक बीमा कराना होगा। आम की फसल का बीमा 15 दिसंबर तक होगा।
व्यापार मेले के लिए 29 हस्तशिल्पियों व निर्यातकों ने कराया रजिस्ट्रेशन
काशी में बनी बनारसी साड़ी लोकल से ग्लोबल तक का सफर तय कर रही है। बनारसी सिल्क की कारीगरी अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला में अपनी पहचान बना रही है। दिल्ली के प्रगति मैदान में चल रहे व्यापार मेले में काशी के 29 हस्तशिल्पियों व निर्यातकों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। इसमें 17 नेशनल अवाॅर्डी भी शामिल हैं। एक भारत, श्रेष्ठ भारत की थीम पर लगा मेला 27 नवंबर तक चलेगा। इसमें यूपी को पार्टनर स्टेट का दर्जा मिला है। उद्योग विभाग के उपायुक्त मोहन कुमार शर्मा ने बताया कि बनारसी साड़ी केवल परिधान नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, परंपरा और शिल्प कौशल का प्रतीक बन चुकी है।
बीएचयू प्रीमियर लीग कल से, आएंगे मनोज तिवारी
बीएचयू के बिरला मैदान में रविवार को बीएचयू प्रीमियर लीग 3.0 का आगाज होगा। इसमें आईआईटी बीएचयू, आईएमएस बीएचयू, डीएवी सहित सभी संकायों की 32 क्रिकेट टीमें भिड़ेंगी। 15-15 ओवरों का मैच होगा। वहीं फाइनल मैच के मुख्य अतिथि दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी होंगे। बाकी मैचों में आसपास के जनप्रतिनिधि मैन ऑफ द मैच खिताब देंगे।
शुक्रवार को छात्रों ने बिरला पवेलियन मैदान में प्रेस वार्ता कर इसकी जानकारी दी। सामाजिक विज्ञान संकाय के शोध छात्र पल्लव सुमन टूर्नामेंट के संयोजक होंगे। दूसरी ओर प्रेस वार्ता के बाद बिड़ला हॉस्टल के कुछ छात्रों ने इस लीग को लेकर सवाल उठाया। कुलपति को पत्र लिखकर आरोप लगाया है कि बीएचयू प्रीमियर लीग के नाम पर अवांछनीय गतिविधियां होंगी। यह बीएचयू के नियमों का उल्लंघन है। इससे परिसर का अनुशासन और शैक्षणिक वातावरण बिगड़ेगा। इस मामले की जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की गई है।
कैंट स्टेशन पर महिलाओं, बच्चों के लिए बना वात्सल्य कक्ष
उत्तर रेलवे के वाराणसी जंक्शन (कैंट स्टेशन) पर महिलाओं और बच्चों की सुविधा को देखते हुए वात्सलय कक्ष बनवाया गया है। एक महिला यात्री ने शुक्रवार को इसका शुभारंभ किया। यह कक्ष उन यात्रियों के लिए विशेष रूप से बनाया गया है, जो बच्चों के साथ यात्रा करते हैं और स्टेशन पर प्रतीक्षा करते समय उन्हें सुरक्षित, स्वच्छ तथा आरामदायक स्थान की आवश्यकता होती है।
उत्तर रेलवे लखनऊ के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कुलदीप तिवारी ने बताया कि वात्सल्य कक्ष के जरिये बच्चों के अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया गया है। इसमें आरामदायक बैठने की व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, चाइल्ड-फ्रेंडली क्षेत्र, और आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं।
10 लाभार्थियों को बांटे 20 लाख के चेक
विकास भवन सभागार में शुक्रवार को भारतीय रिजर्व बैंक और यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की ओर से ‘आपकी पूंजी–आपका अधिकार’ जागरूकता शिविर का आयोजन हुआ। 10 लोगों को 20 लाख की अनक्लेम्ड राशि का प्रमाणपत्र और चेक दिया गया। आरबीआई के क्षेत्रीय निदेशक पंकज कुमार ने उद्गम पोर्टल के बारे में लाभार्थियों को विस्तृत जानकारी दी।
यूनियन बैंक के अंचल प्रमुख धीरेंद्र जैन ने बताया कि दावा प्राप्त होने और केवाईसी दस्तावेज़ उपलब्ध होते ही बैंक एक कार्य दिवस के भीतर राशि वापस कर देता है। दानगंज निवासी मुखलाल नाविक ने चेक प्राप्त करने के बाद अपने अनुभव को साझा किया। एलडीएम अविनाश अग्रवाल ने बताया कि यह अभियान दिसंबर तक जिले में चलेगा। शिविर में सोनिका राणा, संजय कुमार नायक, विजय कुमार जायसवाल उपस्थित रहे।
सत्यापन में देरी से किसानों नहीं कर पा रहे धान की बिक्री
सेवापुरी ब्लॉक के धान क्रय केदों खरीद पर अभी खरीद की रफ्तार धीमी है। किसान सत्यापन में देरी बिक्री नहीं कर पा रहे हैं। बहुउद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति कपसेठी में किसान विजय बहादुर सिंह दौलतिया तथा किसान अशोक कुमार पटेल रामपुर ने बताया कि रजिस्ट्रेशन कराने के बाद तहसील सत्यापन अभी तक नहीं हुआ है। इस केंद्र पर अभी पांच किसानों से 111 क्विंटल ही धान की खरीद हुई है। साधन सहकारी समिति भटौली के सचिव रोहित कुमार मौर्य ने बताया कि किसानों द्वारा धान खरीदने के लिए जो रजिस्ट्रेशन के सत्यापन में देरी धान क्रय नहीं हो पा रहा है।
भारत-जापान के सहयोग बांस से चारकोल बनाने की भट्ठे का शुभारंभ
चिरईगांव के मुस्तफाबाद ग्राम पंचायत मे 'वन आधारित गंगा अनुकूल आजीविका परियोजना' के तहत जैविक खेती को बढ़ावा देने और ग्रामीण आजीविका को सशक्त बनाने के लिए कदम उठाया गया है। जापान इंटरनेशनल कोऑपरेशन एजेंसी के सहयोग से बांस का चारकोल बनाने के लिए स्थापित किए गए भट्ठे का शुभारंभ हुआ।
ओएस्का जापान के मैनेजिंग डायरेक्टर अकीरा मोरिटा एवं ओएस्का नॉर्थ इंडिया की डायरेक्टर रितु प्रसाद ने शुभारंभ करते हुए अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर इसको बढ़ाने पर जोर दिया। बंबू चारकोल एक्सपर्ट आतुशी चिदा व नाकामूरा ने उत्पादन प्रक्रिया तथा नेचुरल फार्मिंग एक्सपर्ट आकियो चिकुदा एवं यूरी यमआमोतो ने जैविक खाद के प्रयोग के बारे में बताया। उन्होंने 30 से 40 फीसदी तक उत्पादन बढ़ाने का दावा किया।
निवेश मेले में 100 किसानों ने खरीदे उन्नत बीज
राजकीय उद्यान कम्पनीबाग परिसर में शुक्रवार को निवेश मेला लगा। किसानों को गुणवत्तायुक्त बीज उपलब्ध कराए गए। छह कंपनियों के बीज स्टालों पर प्रदर्शित किए गए। कंपनियों ने बीज के सैम्पल किसानों में बांटे। मेले में 100 किसान पहुंचे थे। उन्होंने उन्नत किस्म के बीज खरीदे। एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजना व अनुसूचित जाति/जनजाति किसानों ने कंपनियों से और किस्मों के बीज की मांग भी की।
जंसा व मिल्कीचक में बीज व खाद नहीं, किसान परेशान
किसानों को गेहूं के बीज और खाद न मिलने से परेशान हैं। राजकीय बीज गोदाम जंसा में गेहूं के बीज उपलब्ध न होने से किसान लौट जा रहे हैं। पीसीएफ कृषक सेवा केन्द्र मिल्कीचक के प्रभारी सुधीर कुमार ने बताया कि डीएपी खाद नहीं है। यूरिया 340 बोरी टीएसपी 80 बोरी है। रोहनिया पी सीएफ कृषक सेवा केन्द्र मिल्कीचक के प्रभारी सुधीर कुमार ने बताया कि डीएपी खाद नही है यूरिया 340 बोरी टीएसपी 80 बोरी है।
व्यापार मंडल के तत्वावधान में 29 रक्तवीरों ने किया रक्तदान
बाल दिवस के अवसर पर व्यापार मंडल फूलपुर के ओर से एक निजी अस्पताल में शुक्रवार को रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इसमें 29 रक्तवीरों ने बढ़ चढ़ कर भाग लिया। सबसे आगे फूलपुर के प्रमुख व्यवसायी पिता मनोज जायसवाल व पुत्र रौशन जायसवाल रहे, जहां दोनों ने एक साथ रक्तदान करके सबको रक्तदान के लिए प्रेरित किया।
रक्तदान शिविर का शुभारंभ इंस्पेक्टर फूलपुर प्रवीण कुमार सिंह व डाक्टर रंगनाथ दूबे ने फीता काटकर किया। इंस्पेक्टर फूलपुर ने कहा कि एक यूनिट तीन ज़िंदगियों को बचा सकती है। इसलिए सभी को रक्तदान करना चाहिए। वहीं सभी रक्तवीरो ंको व्यापार मंडल के तरफ़ से उपहार भी प्रदान किया गया। इस अवसर पर प्रमुख रूप से फूलपुर व्यापार मंडल अध्यक्ष जितेंद्र जायसवाल सपालू, मुन्ना चौरसिया, भानू सेठ समेत कई लोग रहे।
सर्वोत्तम वाहिनी चयन के लिए 36वीं वाहिनी का निरीक्षण
पीएसी स्थापना दिवस 2025 पर सर्वोत्तम, अति उत्तम, उत्तम वाहिनी चयन के लिए गठित अनुभागीय चयन समिति ने शुक्रवार को 36वीं वाहिनी पीएसी रामनगर का निरीक्षण किया। समिति में अध्यक्ष पुलिस उपमहानिरीक्षक, वाराणसी अनुभाग मनोज कुमार सोनकर (आईपीएस) और सदस्य के रूप में सेनानायक 39वीं वाहिनी पीएसी मिर्जापुर नेपाल सिंह और सहायक सेनानायक 20वीं वाहिनी पीएसी आजमगढ़ महिपाल सिंह शामिल रहे।
समिति ने क्वार्टर-गार्ड, वर्कशॉप व गार्द रूम का निरीक्षण किया। परेड ग्राउंड पर बलवा ड्रिल का प्रदर्शन किया गया। डीआईजी का सेनानायक डॉ. अनिल कुमार पांडेय ने स्वागत किया। निरीक्षण में दीप नारायण राय, सहायक सेनानायक राजेश कुमार, कैलाश नाथ यादव, सुरेंद्र कुमार व आरटीसी प्रभारी गौरव त्रिपाठी रहे।
स्कूली बच्चों ने ली नियमों के पालन की शपथ
सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा अभियान के तहत आदित्य नारायण पब्लिक स्कूल में बच्चों को जागरूक किया गया। छात्र–छात्राओं ने सड़क सुरक्षा नियमों के पालन की शपथ ली। यातायात उपनिरीक्षक बृजेश सिंह ने दोपहिया वाहन चालकों से हमेशा हेलमेट पहनने और चारपहिया चालकों से सीट बेल्ट लगाने को कहा। प्रधानाचार्य संतोष कुमार सिंह, हेड मिस्ट्रेस रिचा मिश्रा, विनय जायसवाल, मुकेश यादव आदि रहे।
काशी को भिखारीमुक्त बनाने के लिए निकाली रैली
जिले को भिखारी मुक्त बनाने के लिए शुक्रवार को अपना घर आश्रम की ओर से लंका सिंह द्वार से संकटमोचन मंदिर तक रैली निकाली गई। इसके माध्यम से काशीवासियों से अपील की गई कि शहर को भिखारियों से मुक्त बनाने में अपना सहयोग दें। किसी को भी नगद में भिक्षा न दें। यदि कोई सड़क पर भीख मांगता हुआ नजर आए, तो उसे अपना घर आश्रम भिजवाएं। रैली का शुभारंभ कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव, समाज कल्याण अधिकारी गिरीश चंद्र दुबे, आश्रम संचालक डॉ. के निरंजन ने हरी झंडी दिखाकर किया। 28 बटालियन एनसीसी गर्ल्स, स्कूली बच्चे, समाज कल्याण चाइल्ड लाइन, नगर निगम एवं स्माइल परियोजना से जुड़े अन्य विभागों के अधिकारी शामिल हुए।
लेखपाल संघ का मनाया स्थापना दिवस
उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ का 64 स्थापना दिवस शुक्रवार को मनाया गया। इस उपलक्ष्य में संघ के संस्थापक स्वर्गीय मुरारी लाल शर्मा के चित्र पर माला फूल अर्पित कर पिंडरा व जमापुर के मलिन बस्तियों में गरीब असहाय महिलाओं बच्चों को मिठाइयां व फल वितरण कर स्थापना दिवस धूम धाम के साथ मनाया। इस दौरान पिंडरा लेखपाल संघ के अध्यक्ष राजेश कुमार, मंत्री संतोष सिंह मंत्री व लेखपाल कपीश तिवारी आदि मौजूद रहे।
सितार की तान से झंकृत हुईं वरुणा संध्या
छावनी परिषद एवं दीपिका कल्चरल सोसायटी ऑफ इंडिया की ओर से आयोजित साप्ताहिक आयोजन वरुणा संध्या में सितार वादन हुआ। शुक्रवार को कैंटोनमेंट के नेहरू पार्क में वरुणा संध्या में कोलकाता से आए सितार वादक बुधादित्य प्रधान ने राग किरमानी तीन ताल, मिश्रखमाज धुन से शुरूआत की। दूसरी प्रस्तुति अफगानी धुन से कला प्रेमियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। अंत में भजन राम आएंगे आएंगे... प्रस्तुत किया। तबले पर प्रज्ञानंद पांडा ने साथ दिया। कलाकारों को प्रमाण पत्र अजय गुप्ता, संचालन तनुज कुमार वर्मा एवं धन्यवाद ज्ञापन परिषद के अभियंता सचिन कुमार श्रीवास्तव ने दिया।