फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Varanasi News Today: बंद मकान से 35 हजार की नकदी और आभूषण चोरी, महिला समेत छात्र की मौत; पढ़ें खबरें

Sun, 31 May 2026 11:07 AM IST
Aman Vishwakarma अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

Varanasi News: वाराणसी के चौबेपुर और चोलापुर क्षेत्र में महिला समेत एक छात्र ने जहर खाकर अपनी जान दे दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, सारनाथ थाना क्षेत्र स्थित बंद मकान को चोरों ने खंगाल कर 35 हजार रुपये और आभूषण पर हाथ साफ किया। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विज्ञापन
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

Varanasi News in Hindi: सारनाथ थाना क्षेत्र की शक्तिपीठ कॉलोनी में बंद मकान को चोरों ने खंगाल कर 35 हजार रुपये और आभूषण पर हाथ साफ किया। पुलिस ने सीसी कैमरों को खंगाला। गिरधारी सिंह के मकान में बलिया के बहादुरपुर निवासी अजय कुमार ठाकुर परिवार सहित किराये पर रहते हैं। अजय फरीदाबाद में नौकरी करते हैं। पत्नी श्वेता, सास और बच्चे 20 मई को बलिया गए थे। उसी मकान में गाजीपुर निवासी सोनू यादव एक कमरे में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करता है।

विज्ञापन


घटना की रात वह पढ़ाई के लिए लाइब्रेरी चला गया था। मौका पाकर चोर मकान की बाउंड्री फांदकर अंदर घुस गए। सबसे पहले सोनू यादव के कमरे का ताला तोड़कर वहां से एक हजार रुपये और शैक्षणिक अंकपत्र चोरी कर लिए। 

इसके बाद अजय कुमार ठाकुर के कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़कर सोने की चेन, मंगलसूत्र, झुमके, छह घड़ियां और 35 हजार नकद लेकर फरार हो गए। चोरी की जानकारी मकान मालिक ने किरायेदारों को दी। इसके बाद श्वेता बलिया से सारनाथ पहुंचीं और थाने में तहरीर दी। 
विज्ञापन


थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि चोरी की सूचना मिली है। आसपास लगे सीसी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जांच की जा रही है। आरोपियों की शिनाख्त कर ली गई है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। टीम जांच में जुटी है। 

विषाक्त पदार्थ खाने से महिला की मौत
चौबेपुर के कोदोपुर गांव में जहरीला पदार्थ खाने से सोनी राजभर (40)  की उपचार के दौरान शनिवार भोर में पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय में मौत हो गई। सोनी (40) पत्नी संतोष राजभर ने शुक्रवार रात किसी कारणवश विषाक्त पदार्थ खा लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल रेफर कर दिया। वह अपने पीछे 18 साल का पुत्र और 14 साल की बेटी को छोड़ गई है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। 

इंटर के छात्र ने खाया जहर, मौत
चोलापुर के बरथौली गांव निवासी कुंदन कुमार (18) ने विषाक्त का सेवन कर लिया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। इंटर की छात्र की हालत बिगड़ने पर परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोलापुर ले गए। यहां से दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय रेफर कर दिया।

जांच कर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। कुंदन तीन भाइयों में तीसरे नंबर पर था। पिता अरुण कुमार ट्रैक्टर चालक हैं और परिवार का भरण-पोषण करते हैं। आशंका व्यक्त की गई कि मामला प्रेम प्रसंग का हो सकता है। हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है थाना प्रभारी सधुवान राम गौतम ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। 

अश्लील मेसेज भेज युवती पर बनाया शादी का दबाव
मिर्जामुराद क्षेत्र निवासी युवती को अश्लील और आपत्तिजनक संदेश भेजकर परेशान करने और शादी के लिए दबाव बनाने के गांव के ही एक आरोपी के खिलाफ पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की। आरोप है कि गांव का ही एक युवक लगातार उसके मोबाइल पर अश्लील संदेश भेज रहा था। साथ ही वह युवती पर अपने मंगेतर से रिश्ता तोड़कर उससे शादी का दबाव बना रहा है। 

युवती ने शुरुआत में बदनामी के डर से मामले को नजरअंदाज किया, लेकिन जब युवक की हरकतें नहीं रुकीं तो उसने इसकी जानकारी मंगेतर को दी। आरोप है कि मंगेतर के विरोध जताने पर युवक ने धमकी दी। मंगेतर शनिवार को मिर्जामुराद थाने पहुंचा और आरोपी के खिलाफ नामजद तहरीर दी। थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि जांच की जाएगी। 

रंजिश में कार का शीशा तोड़ा
लोहता थाना क्षेत्र के लोहरापुर गांव में रंजिश को लेकर मारपीट और स्कॉर्पियो में तोड़फोड़ के मामले में एसीपी रोहनिया के निर्देश पर पांच दिन बाद पुलिस ने धैर्य शंकर सिंह, बिक्रम सिंह, वीरेंद्र सिंह उर्फ छोटू और रणविजय सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। अखिलेश सिंह के अनुसार, 24 मई की रात उनके रिश्तेदार घर लौट रहे थे, घात लगाकर बैठे आरोपियों ने कार पर ईंट-पत्थर चलाकर शीशा तोड़ दिया। थाना प्रभारी दिगंबर उपाध्याय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। 

शादी का भरोसा देकर यौन उत्पीड़न का आरोपी गिरफ्तार 
शादी का भरोसा देकर किशोरी को साथ ले जाने और दुष्कर्म करने के आरोपी सूरज बनवासी को पुलिस ने बृहस्पतिवार देर रात बाबतपुर रोड पर एचपी पेट्रोल पंप के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी जौनपुर के थाना नेवढ़ियां, रैभानपुर का निवासी है। पीड़िता के पिता ने 22 दिसंबर को प्राथमिकी दर्ज कराई थी।  आरोप था कि सूरज उनकी पुत्री को शादी का भरोसा देकर अपने साथ ले गया और दुष्कर्म किया। थाना प्रभारी सुधवन राम गौतम ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया। 

दुकानदार सहित 4 पर हमला, छह पर प्राथमिकी
मिर्जामुराद क्षेत्र के पिलोरी गांव में सरकारी देसी शराब की दुकान के पास चायपान के दुकानदार रविंद्र कुमार चौरसिया समेत चार लोगों को 6 लोगों ने मिलकर पीट दिया। पीड़ित की तहरीर पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। मिर्जापुर के जमुआ बाजार निवासी रविंद्र के अनुसार, 28 मई की दोपहर 12 बजे वह पिलोरी में अपनी चाय-पान की दुकान पर थे। 

आरोपी राजकुमार बिंद, किशन बिंद समेत छह लोग लाठी और धारदार हथियार लेकर पहुंचे और गाली देने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने हमला कर दिया। थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर छह नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

बांस काटने के विवाद में महिला व मासूम की पिटाई
मिर्जामुराद के करधना गांव में साझेदारी के बांस काटने को लेकर विवाद में एक महिला और उसके छह साल के बेटे की पिटाई कर दी। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर 10 आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। निर्मला देवी ने आरोप लगाया कि उनके पट्टीदार रामकुमार, कमलेश कुमार समेत अन्य लोग साझेदारी की बांस की कोठी काट रहे थे।

विरोध करने पर आरोपियों ने रिश्तेदारों को भी मौके पर बुला लिया और गाली देते हुए हमला कर दिया। पीड़िता के अनुसार, आरोपियों ने लाठी से पीटा। पुत्र पंकज को भी पीट दिया। थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर 10 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। 

दहेज उत्पीड़न में पति समेत चार पर प्राथमिकी दर्ज 
लंका थाना क्षेत्र के सीर गोवर्धनपुर निवासी विवेक यादव की शिकायत पर पुलिस ने उनकी बहन रिति यादव को दहेज के लिए प्रताड़ित करने के आरोप में पति किशन यादव, देवर मनीष यादव, ससुर सुरेंद्र यादव और सास मंशा देवी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। आरोप है कि रिति यादव की शादी सात साल पहले चंदौली के सौदवार निवासी किशन यादव से हुई थी। विवाह के बाद से ही पति, सास, ससुर और देवर ने अतिरिक्त दहेज के रूप में रुपये और जेवरात की मांग को लेकर प्रताड़ित किया। थाना प्रभारी राजकुमार पांडेय ने बताया कि जांच की जा रही है। 

महिला से मारपीट व धमकी देने में तीन पर प्राथमिकी 
मिर्जामुराद क्षेत्र के कल्लीपुर गांव में बाला देवी के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। कल्लीपुर निवासी बाला देवी पत्नी राजेंद्र प्रसाद उपाध्याय ने पुलिस को तहरीर में आरोप लगाया कि 27 मई की सुबह 9 बजे गांव के अवधेश, अभिषेक और छोटेलाल ने उन्हें अपशब्द कहे। विरोध करने पर तीनों ने मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता के अनुसार, मारपीट के दौरान उनकी आंख में चोट आई। थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। 

मारपीट में युवक घायल
मित्र के घर से लौट रहे बच्छाव निवासी नीरज कुमार रावत से मारपीट के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस को तहरीर में नीरज कुमार रावत ने बताया कि वह शुक्रवार को मित्र आर्यन सिंह के सदलपुर में घर गए। लौटते समय मनीष साहनी 10 साथियों के साथ पहुंचा और मारने लगा। प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। 

घर के बाहर जुए और नशे का किया विरोध, पीटा
बड़ागांव थाना क्षेत्र के पुआरी कला (बड़ापुरा) गांव में घर के बाहर जुआ खेलने और नशा करने का विरोध करने पर आरोपियों ने अधिवक्ता मंगलेश प्रताप को पीट दिया। मंगलेश की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। आरोप है कि 28 मई को दिनेश पटेल, जयनाथ पटेल व उनके साथी घर के पास जुआ खेल रहे थे और शराब पी रखी थी। विरोध करने पर पीटा। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। 
 
मदरसा प्रबंधक के घर में घुसकर मारपीट
सिंधौरा थाना क्षेत्र के नदोय गांव निवासी नवीजन पुत्र हबीबुल्ला ने दो लोगों के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट के मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पीड़ित ने बताया कि वह मदरसा फारूकिया के प्रबंधक हैं। 25 मई की सुबह 7 से 8 बजे के बीच इश्तियाक और फैजान मदरसे पर पहुंचे और गाली देने लगे। शोर सुनकर बेटा मौके पर पहुंचा तो आरोपियों ने उसे पीटा। पीड़ित का आरोप है कि दोनों ने फरसा और डंडा लेकर जान से मारने की नीयत से दौड़ा लिया। बचाव के लिए आए उनके दूसरे बेटे और परिवार के अन्य सदस्यों को भी मारने लगे। थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। 

ट्रेलर लेकर भागने के आरोपी चालक-परिचालक गिरफ्तार
वाराणसी कछवा पुलिस चौकी परिसर से सीज ट्रेलर लेकर भागने के आरोपी चालक और परिचालक को मिर्जामुराद पुलिस ने शुक्रवार रात टेंगरा मोड़ रामनगर से गिरफ्तार किया। बिहार रजिस्ट्रेशन नंबर का ट्रेलर भी मिला। थाना प्रभारी गोपालजी कुशवाहा ने बताया कि आरोपियों में बिहार भभुआ रामगढ़ थाना क्षेत्र के भटौनी निवासी चालक अंकित यादव और रामगढ़ के रहारी निवासी परिचालक चंदन यादव है। शुक्रवार को बिना नंबर प्लेट और वाहन के वैध कागजात नहीं होने की दशा में सीज कर ट्रेलर को कछवा चौकी रोड के सर्विस लेन के किनारे पुलिस निगरानी में खड़ा कराया गया था 

आईपीएस मानसी दहिया की विदाई
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कैंप कार्यालय पर शनिवार को पुलिस अफसरों की मौजूदगी में प्रशिक्षु आईपीएस मानसी दहिया को विदाई दी। 2023 बैच की आईपीएस मानसी के कार्यों को सराहा और उत्कृष्ट सेवाकाल, अनुशासित कार्यशैली, प्रभावी नेतृत्व क्षमता व अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था के क्षेत्र में दिए गए उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया।

पुलिस आयुक्त ने बताया कि उन्हें चोलापुर थाने का स्वतंत्र प्रभार 12 सप्ताह के लिए सौंपा गया था, जहां उन्होंने कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण, जनसुरक्षा व थाना प्रशासन के प्रभावी संचालन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। मानसी दहिया ने जनसुनवाई, शिकायतों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया।

हनुमान प्रतिमा तोड़ने की सूचना निकली भ्रामक
मिर्जामुराद। मेहंदीगंज गांव में हनुमान जी की प्रतिमा तोड़ने की सूचना पर शनिवार को पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। थाना प्रभारी निरीक्षक गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि जांच में मंदिर के पुजारी बबलू यादव ने बताया कि प्रतिमा 16 वर्ष पुरानी है और कुछ साल पहले बच्चों के खेलते समय दाहिने हाथ का पंजा टूट गया था। पुलिस को तोड़फोड़ या छेड़छाड़ के साक्ष्य नहीं मिले। संवाद 

सेप्टिक टैंक में गिरी भैंस, 5 घंटे में सुरक्षित निकाली गई
राजातालाब। पंचकोसी परिक्रमा मार्ग के द्वितीय पड़ाव भीमचंडी में श्रद्धालुओं के लिए बनाए गए सार्वजनिक शौचालय के सेप्टिक टैंक में शनिवार शाम पारस कुमार की भैंस गिर गई। पारस ने भैंस को सेप्टिक टैंक के ऊपर बांधा था। भैंस चार बजे टैंक में गिरी, लेकिन इसकी जानकारी पशु मालिक को तब हुई जब वह शाम को उसे खोजने निकले। सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। बचाव अभियान के तहत जेसीबी मशीन से टैंक के किनारे की मिट्टी खोदकर उसकी दीवार तोड़ी गई और पांच घंटे की मशक्कत के बाद रात नौ बजे भैंस को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। 

पति पर दर्ज कराई प्राथमिकी
पांडेयपुर क्षेत्र की एक महिला ने घरेलू हिंसा और प्रताड़ना से तंग आकर कैंट थाने में अपने पति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। महिला का आरोप है कि उसका पति शराब के नशे में आए दिन मारपीट करता है, परिवार के भरण-पोषण की जिम्मेदारी नहीं निभाता और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देता है। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। 

बिक रहा था गांजा, गिरफ्तार
चितईपुर थाना क्षेत्र में शनिवार शाम एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने गश्त के दौरान दुकान में गांजा बेच रहे सुजीत कुमार को पकड़ा। गश्त के दौरान उन्हें सूचना मिली कि आदित्य नगर पोखरा की ओर जाने वाले मार्ग पर किराना दुकान में गांजा बिक रहा है। छापे में 200 छोटी-बड़ी पुड़िया में पैक गांजा मिला। लगभग 10 हजार रुपये भी मिले। आरोपी बलिया रहने वाला है। थाना प्रभारी राकेश गौतम ने बताया कि आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की गई। 

सीयूईटी यूजी में नहीं चला सर्वर, छात्रों ने की नारेबाजी
वाराणसी। केंद्रीय विश्वविद्यालयों में दाखिले के लिए कराई गई सीयूईटी (कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट) यूजी में शनिवार को सर्वर न चलने से छात्रों को परेशानी हुई। परीक्षा करीब एक घंटे बाद तब शुरू हो सकी, जब सर्वर सही हुआ। इसके विरोध में छात्रों ने परीक्षा केंद्र के बाहर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। 

उधर, एनटीए ने सर्वर की वजह से हुई परेशानी का संज्ञान लेते हुए परीक्षा को फिर से कराने की जानकारी दी है। इसकी सूचना वेबसाइट पर भी दी गई है। एनटीए की ओर से केंद्रीय विश्वविद्यालयों में दाखिले के लिए प्रवेश परीक्षा (सीयूईटी) कराई जा रही है। शनिवार को सारनाथ के साथ ही लोहता स्थित परीक्षा केंद्र पर छात्रों ने प्रदर्शन किया। लोहता क्षेत्र के हरपालपुर स्थित शीतला चिल्ड्रेन स्कूल में बने केंद्र पर सुबह 9 बजे से परीक्षा शुरू होनी थी। 

इसके लिए परीक्षार्थी अंदर बैठे थे। सर्वर न चलने की वजह से उनकी परीक्षा 10.50 बजे शुरू हो सकी। बहुत देर बाद परीक्षा शुरू होने से नाराज छात्रों ने प्रदर्शन किया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। लोहता थाना प्रभारी दिगंबर उपाध्याय ने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से परीक्षा केंद्र पर पुलिस की तैनाती की गई थी।

भाजपा ने राहुल गांधी और अजय राय का फूंका पुतला
प्रधानमंत्री पर टिप्पणी से खफा भाजपा कार्यकर्ताओं ने शनिवार को कई स्थानों पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रदेश अध्यक्ष अजय राय का पुतला फूंका। सेवापुरी के जंसा मंडल तहत बेनीपुर में भाजपा जिलाध्यक्ष रामसकल पटेल के नेतृत्व में पुतला फूंका गया। कहा कि देश के लोकप्रिय प्रधानमंत्री के प्रति अपमानजनक भाषा का प्रयोग किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। इस मौके पर प्रेम नारायण पटेल, संजीव सिंह गौतम, देवेंद्र सिंह आजाद मौजूद रहे। कछवा रोड स्थानीय बाजार में अंडरपास के नीचे पुतला फूंका गया। राहुल गांधी, अजय राय और कांग्रेस मुर्दाबाद के नारे लगाए।

इस मौके पर शिवधनी पटेल, किसान मोर्चा क जिला उपाध्यक्ष रमेश सिंह मौजूद रहे। सेवापुरी विकासखंड के सत्तनपुर चौराहे पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। पुतला फूंककर आक्रोश जताया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि अजय राय की टिप्पणी बेहद निंदनीय और मर्यादा के खिलाफ है। प्रधानमंत्री के प्रति इस प्रकार की भाषा का प्रयोग गलत है और इससे जनता में नाराजगी है। कहा कि यदि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने माफी नहीं मांगी तो पार्टी कार्यकर्ता बड़ा आंदोलन करेंगे।

निधन पर लोकतंत्र सेनानी को दिया गार्ड ऑफ ऑनर
लोकतंत्र सेनानी राधेश्याम के निधन पर शनिवार को चेतगंज आवास पर शासन की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। निधन पर लोकतंत्र सेनानियों की एक आपात बैठक लहुराबीर में वरिष्ठ लोकतंत्र सेनानी विजयनारायण की अध्यक्षता में हुई। लोकतंत्र सेनानियों ने राधेश्याम अग्रहरि के निधन पर गहरा दुख जताते हुए दो मिनट का मौन रखा और श्रद्धांजलि अर्पित की। बताया गया कि वे दो महीने से अस्वस्थ थे। बैठक में सतनाम सिंह, बिनोद कुमार बागी, राधेश्याम सिंह, रामकिशन, कमलेश जायसवाल, परशुराम मिश्रा और हीरालाल मौजूद रहे। 

ट्रेनों के बेहतर संचालन के लिए शॉर्ट सर्किट और फॉल्ट से बचाव पर ध्यान देना जरूरी
रेलवे बोर्ड के सदस्य (ट्रैक्शन-रोलिंग स्टॉक) आर राजगोपाल ने शनिवार को डीआरएम ऑफिस के सभागार में बैठक कर ट्रेनों के बेहतर संचालन की दिशा में सामान्य विद्युत विभाग में विद्युत उपकरणों, शॉर्ट सर्किट, फॉल्ट से बचाव की समीक्षा की। कहा कि ट्रेनों के बेहतर संचालन के लिए बिजली से जुड़े उपकरणों के प्रयोग पर ध्यान देना जरूरी है। इस जिम्मेदारी का निर्वहन सजगता पूर्वक करना होगा।

वाराणसी मंडल के भारतेंदु सभाकक्ष में विद्युत उपकरणों और विद्युत सर्किटों के मानकीकरण के लिए अनुरक्षण अध्ययन समूह की तीसरी बैठक में राजगोपाल ने कहा कि इसका उद्देश्य विद्युत उपकरणों और सर्किटों का मानकीकरण करना है ताकि ट्रेन संचालन सुरक्षित, समयबद्ध और दोषमुक्त हो सके। 

उन्होंने भारतीय रेलवे पर विद्युत ऊर्जा के प्रबंधन, ग्रीन/नवीकरणीय ऊर्जा, यात्रियों की सुविधा, संरक्षा उपकरणों की विश्वसनीयता, स्मार्ट मॉनिटरिंग प्रणालियों के बारे में बताया। आर राजगोपाल ने विद्युत सर्किटों का मानकीकरण के बारे में सभी जोनल रेलवे के संशोधित सर्किट डायग्राम थ्री-फेज लोकोमोटिव में मॉडिफाइड सर्किट डायग्राम और वायरिंग स्कीम पर विशेष नजर बनाए रखने को कहा। कहा कि शॉर्ट सर्किट और फॉल्ट प्रोटेक्शन के लिए विभिन्न सर्किट ब्रेकरों की रेटिंग और रिले सेटिंग्स का पुनर्मूल्यांकन जरूरी है। 

आयुष्मान कार्ड बनाने में पिछड़ गया वाराणसी, मंडल में तीसरे स्थान पर
आयुष्मान भारत योजना में गोल्डन कार्ड बनाने में वाराणसी अपने ही मंडल में पिछड़ गया है। शासन स्तर से लगातार आ रहे सख्त निर्देशों और भारी दबाव के बावजूद, सरकारी व निजी अस्पतालों के चिकित्सक इसे गंभीरता से प्रमोट नहीं कर रहे हैं, जिसका सीधा असर कार्ड बनने की रफ्तार पर पड़ा है।

स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 10 दिनों में चलाए गए विशेष प्रयास के बावजूद वाराणसी में मात्र 1370 नए आयुष्मान कार्ड ही बनाए जा सके हैं। इस सुस्त रफ्तार के कारण वाराणसी मंडल के चार जिलों की सूची में तीसरे पायदान पर खिसक गया है। दूसरी ओर गाजीपुर मंडल में शीर्ष स्थान पर है। 

गाजीपुर में इसी समयावधि के भीतर रिकॉर्ड 3005 आयुष्मान कार्ड तैयार किए गए हैं, जो वाराणसी के मुकाबले दोगुने से भी अधिक है। स्वास्थ्य विभाग के अपर निदेशक डॉ. एनडी शर्मा ने अधिकारियों को सचेत कर उन्हें दोगुनी रफ्तार से काम करने के निर्देश दिए हैं। कहा कि हर चिकित्सक ओपीडी में आने वाले बुजुर्गों को इस योजना के बारे में बताए और उन्हें आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए प्रेरित करे। 

रेलवे बोर्ड सदस्य ने किया बरेका का निरीक्षण
रेलवे बोर्ड के सदस्य आर राजगोपाल ने शनिवार को बनारस रेल इंजन कारखाना का निरीक्षण कर लोको बनाने, गुणवत्ता, नवाचार, संरचनात्मक विकास से संबंधित गतिविधियों की समीक्षा की। राजगोपाल ने लोको फ्रेम शॉप, लोको असेंबली शॉप, ट्रक मशीन शॉप, लोको टेस्ट शॉप और मेन गेज रूम को देखा। रेल इंजनों के निर्माण, असेंबली, कवच फिटेड लोको का परीक्षण करने के साथ ही गुणवत्ता को बनाए रखने की दिशा में आगे बढ़ते रहने को कहा। 

समीक्षा बैठक में बरेका की उपलब्धियों और भावी योजनाओं पर पावर पॉइंट प्रस्तुतीकरण दिया गया। बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में बरेका ने निर्धारित लक्ष्य से अधिक 572 रेल इंजनों का उत्पादन किया है। बैठक में अमृत भारत पुश-पुल डब्ल्यूएपी-7 इंजनों के निर्माण, लोकोमोटिव में लागू आधुनिक सुरक्षा, चालक-अनुकूल सुविधाओं, कवच प्रणाली, उन्नत प्रोपल्शन तकनीक, ट्रैक्शन मोटर परीक्षण आदि के बारे में बताया गया। 

धूप में ट्रैफिक पुलिसकर्मियों का सिर रहेगा कूल-कूल
यातायात पुलिसकर्मियों को धूप में अब ठंडा-ठंडा अहसास होगा। यातायात पुलिस कर्मियों को 50 एसी वाले हेलमेट दिए गए। खास तरह के अत्याधुनिक एसी हेलमेट से पुलिसकर्मियों को धूप नहीं लगेगी। उनका सिर भी ठंडा रहेगा। एडीसीपी यातायात अंशुमान मिश्रा ने बताया कि यह छोटे पंखों के जरिये ठंडी हवा देता है। 

यह बाहरी तापमान से लगभग 10 से 15 डिग्री तक कम हवा सिर तक पहुंचाता है। यह हेलमेट लिथियम बैटरी से चलता है। एक बार फुल चार्ज होने पर छह से सात घंटे तक लगातार कूलिंग करता है। ढाई से तीन घंटे में चार्ज होता है। सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखकर बनाए गए हेलमेट 600 ग्राम के हैं। दिल्ली, नोएडा, लखनऊ में यह हेलमेट ट्रैफिक पुलिस कर्मियों के बीच बांटे गए हैं। 

होटल व्यवसायी की हत्या से दुखी एमएलसी डीआईजी से मिलने पहुंचे
गाजीपुर में युवा होटल व्यवसायी विनीत राय की हत्या से मर्माहत भाजपा नेताओं ने शनिवार को डीआईजी वैभव कृष्ण से मुलाकात की। एमएलसी धर्मेंद्र सिंह, पूर्व महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय, जिला उपाध्यक्ष सुरेश सिंह, पूर्व युवा महानगर अध्यक्ष सत्येन्द्र सिंह, संदीप सिंह, अरविंद सिंह शामिल थे। भाजपा नेताओं ने कहा कि अत्यंत दुखद घटना है। लोगों में आक्रोश है।

डीआईजी से कहा कि अपराधियों को चिह्नित कर कठोर कार्रवाई की जाए। घटना में लापरवाह पुलिस कर्मियों को तुरंत दंडित किया जाए। डीआईजी ने बताया कि पुलिस टीम लगाई गई है। लापरवाही बरतने वाले इंस्पेक्टर को दंडित किया गया है। गाजीपुर के  गोड़उर गांव निवासी विनीत की शादी सिगरा के चंद्रिका नगर कॉलोनी निवासी वरिष्ठ अधिवक्ता वीएन राय की पौत्री से पिछले वर्ष ही हुई थी। 

29 आईसक्रीम प्रतिष्ठानों पर खाद्य विभाग का छापा, 22 नमूने लिए
खाद्य विभाग की प्रवर्तन टीम ने मिलावटी आईसक्रीम की सूचना पर शिवपुर, सुंदरपुर, राजातालाब, सारनाथ और आदमपुर में 29 खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापा मारा। चार दिन में 15 अभियान में 22 दुकानों से आइसक्रीम, आइसकैंडी, आइस लालीज, फ्रोजन डेजर्ट और कुल्फी के निर्माण और बिक्री मानकों की बारीकी से जांच कर सैंपल लिए गए। सहायक आयुक्त ग्रेड-2 खाद्य कौशलेंद्र शर्मा ने बताया कि सभी सैंपल जांच के लिए लखनऊ लैब में भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद उन प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई होगी। 

जिला अस्पताल के फिजिशियन डॉ. मनीष गुप्ता बताते हैं कि गर्मी में मिलावटी या घटिया क्वालिटी की आईसक्रीम, आइस कैंडी और फ्रोजन डिजर्ट का सेवन बच्चों और बड़ों दोनों के लिए खतरनाक हो सकता है। इनमें प्रतिबंधित सिंथेटिक रंग, हानिकारक केमिकल्स और दूषित पानी का इस्तेमाल होने की आशंका सबसे ज्यादा रहती है। 

फूड पॉइजनिंग, डायरिया, पेट में गंभीर इंफेक्शन, उल्टी-दस्त और गले में संक्रमण जैसी बीमारियां तुरंत घेर सकती हैं। लंबे समय तक ऐसे केमिकल युक्त उत्पादों के सेवन से लिवर और किडनी पर भी असर पड़ता है।  गर्मी में आईसक्रीम, कुल्फी और फ्रोजन डिजर्ट की मांग अचानक बढ़ जाती है, जिसका फायदा उठाकर कुछ असामाजिक तत्व जनता की सेहत से खिलवाड़ करने की कोशिश करते हैं। ऐसे मिलावटखोरों और मानकों की अनदेखी करने वाले खाद्य कारोबारियों के खिलाफ विभाग कार्रवाई कर रहा है। 

22 संदिग्ध नमूनों को तत्काल राजकीय प्रयोगशाला, लखनऊ भेज दिया गया है। जैसे ही लैब से जांच रिपोर्ट आएगी, मानकों पर खरे न उतरने वाले प्रतिष्ठानों और उनके संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। - कौशलेंद्र शर्मा, सहायक खाद्य आयुक्त ग्रेड-2

सुबह-ए-बनारस में पहुंचीं श्रीलंका की कल्पना 
सुबह-ए-बनारस में शनिवार को श्रीलंका की कलाकार कल्पना काविन्दी का गायन हुआ। उन्होंने गायन का आरम्भ राग अहिर भैरव में विलंबित एकताल में निबद्ध बंदिश से किया। इसके बोल थे... अलसाने हो लालन रतिया...। इसके बाद ध्रुत तीनताल में निबद्ध बंदिश ‘मान ले मोरा मनवा तुम...’ प्रस्तुत की। भजन ‘प्रभु जी मेरे...’ के बाद उन्होंने ठुमरी ‘छोड़ो डगरिया श्याम रे...’ प्रस्तुत कर अपने गायन को विराम दिया। तबले पर सागर एवं संवादिनी पर हर्षित पाल ने संगत की। कार्यक्रम के अंत में कलाकारों को प्रशस्तिपत्र प्रदान किया गया। संचालन डॉ. रत्नेश वर्मा ने किया। 

301 दीप जलाए और अहिल्याबाई की उतारी आरती
लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 301वीं जयंती की पूर्व संध्या पर शनिवार को विश्वनाथ कॉरिडोर में अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पूजन हुआ। पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने अहिल्याबाई होल्कर की आरती उतारी। 301 दीप जलाकर मिष्ठान का भोग लगा। श्रद्धालुओं में प्रसाद का वितरण हुआ। पूजन में संयोजन विनोद पांडेय, राजेश मिश्रा, गौरव अग्रवाल, धर्मेंद्र सिंह, शैलेंद्र चौबे, सजीवन यादव शामिल रहे। 

नैतिक शिक्षा के लिए गीता अध्ययन अनिवार्य हो : कर्मयोगी पीठ
कर्मयोगी पीठ की ओर से 21 दिवसीय ‘गीता चेतना यात्रा’ के चौथे दिन शनिवार को ऋषिव संस्थान, शुद्धिपुर में नैतिक शिक्षा को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। वक्ताओं ने युवाओं के चरित्र निर्माण के लिए श्रीमद्भगवद्गीता के अध्ययन को आवश्यक बताया और सरकार से इसे नैतिक शिक्षा में शामिल करने की मांग की। मुख्य वक्ता एवं कर्मयोगी पीठ के संयोजक गौरव मिश्र ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल रोजगार प्राप्त करना नहीं, बल्कि राष्ट्रनिष्ठ नागरिकों का निर्माण करना होना चाहिए। गीता जीवन प्रबंधन, कर्तव्यबोध और नैतिक मूल्यों का अद्भुत ग्रंथ है। 

वैदिक विधि से पूजन कर वंदन-अभिनंदन किया
राजस्थान के पुष्कर में शत गायत्री पुरश्चरण महायज्ञ संपन्न कराने के बाद काशी पधारे महामंडलेश्वर स्वामी प्रखर महाराज का विद्वतजनों और प्रबुद्धजनों ने श्रृंगेरी मठ, महमूरगंज में वैदिक विधि से पूजन कर वंदन-अभिनंदन किया। मार्च-अप्रैल माह में पुष्कर में शत गायत्री पुरश्चरण यज्ञ संपन्न हुआ था। प्रखर महाराज ने आशीर्वचन में कहा कि यह यज्ञ भारतवासियों के लिए मंगलकारी साबित हुआ। दुनिया में संकट के बावजूद आज हमारा देश खुशहाल है। उन्होंने कहा कि कोई भी कर्मकांड देश के कल्याण के लिए किया जाता है। इस मौके पर राकेश कुमार शुक्ला, श्रीकांत मिश्रा, संतोष सोलापुरकर, संजीव कुमार अग्रवाल, सुनील कुमार नोमानी, दिवाकर द्विवेदी उपस्थित रहे।

वाराणसी विकास प्राधिकरण। - फोटो : संवाद
वीडीए में सहायक अभियंता को दी विदाई
वीडीए सभागार में शनिवार को एक समारोह में सहायक अभियंता अशोक त्यागी के सेवानिवृत्त होने पर विदाई दी गई। अध्यक्षता अपर सचिव गुडाकेश शर्मा ने की। अपर सचिव ने सहायक अभियंता के लंबे और उत्कृष्ट सेवाकाल की सराहना कर सेवानिवृत्त जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं। प्रभात कुमार, अजय पवार, अरविंद शर्मा, रविंद्र प्रकाश,  शिवाजी मिश्रा मौजूद रहे। 

कर्नाटक व हिन्दुस्तानी संगीत को किया एकाकार
छावनी परिषद, वाराणसी एवं दीपिका कल्चरल सोसायटी ऑफ इंडिया की ओर से आयोजित साप्ताहिक सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘वरुणा संध्या’ में शुक्रवार को नेहरू पार्क, कैंटोनमेंट में कलाकारों ने काशी-तमिल सांस्कृतिक एकता की अनूठी अनुभूति कराई। उन्होंने कर्नाटक एवं हिन्दुस्तानी शास्त्रीय संगीत को मंच पर एकाकार किया। नेशनल संस्कृत विश्वविद्यालय, तिरुपति के सहायक प्रोफेसर हंस प्रभाकर ने सितार वादन से हिन्दुस्तानी एवं कर्नाटक दोनों संगीत परंपराओं की उत्कृष्ट प्रस्तुति दी। तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली के युवा कलाकार ए. निवेदा ने बांसुरी वादन से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। 

गिरिश धरड़ अध्यक्ष और विजय कृष्ण बने मंत्री
राजस्थान ब्राह्मण मंडल की बैठक शनिवार को गिरजाघर स्थित एक होटल में हुई। इस दौरान हुए चुनाव में गिरिश धरड़ अध्यक्ष, गोकुल शर्मा और राजकुमार शर्मा उपाध्यक्ष, विजय कृष्ण मिश्र मंत्री, राजकुमार सारस्वत उप मंत्री, भाल शास्त्री कोषाध्यक्ष, विश्वनाथ शर्मा वस्तु भंडार मंत्री, प्रतापोदय मिश्र संगठन मंत्री, राघवेन्द्र सारस्वत को प्रचार मंत्री बनाया गया। कार्यकारिणी सदस्यों ने निर्वाचित पदाधिकारियों का स्वागत किया। निवर्तमान अध्यक्ष विनय चौधरी ने नए अध्यक्ष गिरीश धरड़ सहित सभी नए पदाधिकारियों को माल्यार्पण कर स्वागत किया। 

10 दिवसीय कथा में गूंजेगी राम नाम की धुन
जैतपुरा स्थित मां बागेश्वरी देवी प्रांगण में सोमवार से नौ दिवसीय संगीतमय श्रीराम कथा एवं मानस नवाह्न पारायण यज्ञ का आयोजन होने जा रहा है। अखिल भारतीय सनातन न्यास, जैतपुरा की ओर से आयोजित कथा में श्रद्धालुओं को पातालपुरी पीठाधीश्वर जगद्गुरु बालक देवाचार्य महाराज श्रीराम महिमा सुनाएंगे। शनिवार को पातालपुरी मठ में आयोजित पत्रकार वार्ता में न्यास के पदाधिकारियों ने इसकी जानकारी दी। 

संघ के कार्यकर्ता वासुदेव अग्रवाल को दी श्रद्धांजलि
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और विश्व हिंदू परिषद के वरिष्ठ कार्यकर्ता वासुदेव अग्रवाल के निधन पर रोटरी क्लब वाराणसी ग्रेटर ने शोकसभा आयोजित कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। दिवंगत वासुदेव क्लब के संस्थापक अध्यक्ष देव प्रमोद अग्रवाल के पिता थे। क्लब के अध्यक्ष संदीप प्रहलादका की अध्यक्षता में आयोजित सभा में वक्ताओं ने वासुदेव अग्रवाल के समाज और राष्ट्र के प्रति 70 वर्षों के समर्पित जीवन को याद किया। 

उन्होंने मात्र 19 वर्ष की आयु में संघ से जुड़कर सामाजिक कार्यों की शुरुआत की थी। उन्हें विहिप के शीर्ष नेताओं स्वर्गीय अशोक सिंघल एवं प्रवीण तोगड़िया के साथ कार्य करने का गौरव प्राप्त था। इस दौरान सचिव रवि सारडा, विजय अग्रवाल, राकेश बजाज, दिनेश आनंद, सचिन जैन, डॉ. बद्री विशाल श्रीवास्तव और आगामी अध्यक्ष परिमल अग्रवाल सहित कई सदस्य उपस्थित रहे। 

बैंक ऑफ महाराष्ट्र ने ‘चित्र देखो कहानी लिखो’ प्रतियोगिता आयोजित की
नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति के तत्वावधान में बैंक ऑफ महाराष्ट्र, अंचल कार्यालय ने ‘चित्र देखो कहानी लिखो’ प्रतियोगिता का आयोजन किया। इसमें विभिन्न बैंक और बीमा कंपनियों के 25 से अधिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता बैंक के अंचल प्रबंधक कमल कुमार ठाकुर ने की। उप अंचल प्रबंधक कुमार सौरभ ने प्रतिभागियों का स्वागत किया और दैनिक कार्यों में हिंदी के अधिक उपयोग करने को कहा। 

उन्होंने कहा कि हिंदी एक भाषा नहीं, बल्कि विभिन्नता को एकरूपता में जोड़ने वाली कड़ी है। बैंक ऑफ महाराष्ट्र के राजभाषा अधिकारी सत्य प्रकाश सिंह ने कार्यक्रम का संचालन किया और भविष्य में ऐसे और कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता दोहराई। मुख्य प्रबंधक दिनेश कुमार सिंह ने हिंदी को कला, संस्कृति, ज्ञान और विज्ञान की भाषा बनाने की अपील की। मुख्य प्रबंधक विजय कुमार सिंह ने हिंदी को व्यावसायिक भाषा के रूप में मान्यता देने की आवश्यकता पर बल दिया। मुख्य प्रबंधक सूरज सिंह ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए राजभाषा अधिकारी समेत अंचल कार्यालय के सभी कार्मिकों का आभार व्यक्त किया।

भाजपा प्रवक्ता प्रेम शुक्ला ने किए विश्वनाथ व कालभैरव में दर्शन
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रेम शुक्ला ने शनिवार को विश्वनाथ मंदिर, अन्नपूर्णा मंदिर, काल भैरव मंदिर में दर्शन पूजन कर अभिषेक किया। माता अन्नपूर्णा के दरबार में दर्शन के बाद महंत शंकर पुरी महाराज ने अंग वस्त्रम्, रुद्राक्ष की माला और प्रसाद देकर आशीर्वाद दिया। विश्वनाथ मंदिर में वरिष्ठ अर्चक डॉ. श्रीकांत मिश्रा ने पूजन कराया। पूर्व न्यास सदस्य डॉ. बृजभूषण ओझा ने उनका स्वागत किया। उन्होंने शीतला माता का दर्शन कर नौका विहार किया। प्रेम शुक्ला के साथ डॉ. नागेंद्र कुमार सिंह, डॉ. संजय सिंह गौतम, अधिवक्ता गिरजानंद चौबे, विनीत त्रिपाठी आदि रहे। 

21 दिनों में कौशल सीख बने हुनरमंद
श्री मुकुंद गोपाल सेवा संस्थान द्वारा संचालित श्री मुरलीधर पुस्तकालय एवं वाचनालय की ओर से आयोजित 30वें सनातन धर्म ज्ञान संवर्धन बाल प्रशिक्षण शिविर का समापन शनिवार को षष्ठपीठ गोपाल मंदिर, चौखंभा में हुआ। मंदिर के षष्ठपीठाधीश्वर गोस्वामी श्याम मनोहर महाराज एवं युवराज गोस्वामी प्रियंदु बावा ने विजेताओं को पुरस्कृत किया।

10 मई से शुरू हुए शिविर में बच्चों को विभिन्न प्रकार के कौशलों का प्रशिक्षण दिया गया। मुख्य अतिथि श्रीकाशी अग्रवाल समाज की उपसभापति शशिबाला साह ने कहा कि आज के परिवेश में इस तरह के शिविर युवा पीढ़ी के लिए आवश्यक हैं, क्योंकि समय की गति के साथ चलने की प्रेरणा मिलती है और नए कौशलों में दक्षता प्राप्त होती है।

श्याम मनोहर महाराज ने कहा कि बाल्यावस्था से ही बच्चों को सुसंस्कारी बनाने पर वैष्णवजनों और सनातनियों को विशेष ध्यान देना चाहिए, जिससे उन्हें भविष्य में किसी भी प्रकार की विकट स्थिति का सामना न करना पड़े। गोस्वामी प्रियंदु बावा ने कहा कि बच्चों में सुसंस्कारों का बीजारोपण बाल्यावस्था से ही होता है। इस दौरान बच्चों ने ‘कान्हा रे कान्हा रे दूर मत जाना रे...’, गोकुल की गलियां छोड़कर...’, ‘यमुना जी गईं तीरे, लिए फूलन का हार...’ आदि गीतों पर मोहक नृत्य प्रस्तुत किए। 

शिविर में बच्चों ने षोडश ग्रंथ, मंगलाचरण एवं श्रीमद्वल्लभाचार्य द्वारा रचित पदों का संस्कृत में उच्चारण किया। उन्हें ड्राइंग, पेंटिंग, क्राफ्ट, रंगोली, मेहंदी, ज्वेलरी मेकिंग, योग, वैदिक गणित एवं नृत्य आदि विधाओं का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में छाया बेन, सपना अग्रवाल, रुचिदा बजाज, अर्चना, प्रतिमा नागर, अनिता बेन, स्मिता, कीर्ति वर्मा और धीरज गुप्ता आदि का सहयोग रहा। स्वागत राजेश कुमार अग्रवाल एवं प्रदीप अग्रवाल ने किया।

नागरीप्रचारिणी सभा आधुनिक हिंदी साहित्य का तीर्थ : सत्येंद्र कुमार
जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल शनिवार की शाम नागरी प्रचारिणी सभा पहुंचे। उन्होंने वहां की प्राचीन पांडुलिपियों को देखा। इसकी प्राचीनता से रूबरू हुए। चल रहे पांडुलिपियों के संरक्षण के साथ पुस्तकालय की कैटलॉगिंग, मेटा डेटा क्रिएशन, जिल्दबंदी, इनडिजाइन और पुस्तक-संपादन-प्रकाशन पर आधारित सघन कार्यशाला में शामिल दिल्ली विश्वविद्यालय, बीएचयू और संबद्ध महाविद्यालयों के विद्यार्थियों से मिले और उनसे अध्ययन-अध्यापन के संबंध में प्रश्न भी पूछे। इसमें सवा सौ विद्यार्थी प्रतिभागी किए हैं।

सत्येंद्र कुमार ने कहा कि नागरी प्रचारिणी सभा आधुनिक हिंदी साहित्य का तीर्थ है और हिंदी के विद्यार्थियों को यहां एकत्रित पांडुलिपियों और प्राचीन पुस्तकों के बीच काम करने का अवसर मिलना बहुत सौभाग्य और हर्ष की बात है। यहां काम करने का अवसर प्रशिक्षुओं के लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने सभा के प्रधानमंत्री साहित्यकार व्योमेश शुक्ल से कार्यशाला की अवधि और निरंतरता को कुछ और दिनों के लिए बढ़ाने को कहा। नगर आयुक्त ने सभा के ऐतिहासिक महत्व और उसकी देशव्यापी कीर्ति का उल्लेख किया है।

17 साल तक के बच्चों का आधार निशुल्क अपडेट होगा
आधार केंद्र पर अब 17 साल तक के बच्चों का आधार अपडेट कराने पर कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। इस आशय की सूचना लहरतारा आधार केंद्र पर चस्पा कर दी गई है। कर्मचारी भी बच्चों के अभिभावकों को इस संबंध में जागरूक कर रहे हैं। सूचना में बताया गया है कि 17 वर्ष की आयु तक के बच्चों का आधार पहली बार अपडेट कराने पर किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा। 

आज भी खुले रहेंगे बिजली बिल काउंटर
वाराणसी जिले में बिजली निगम के कैश काउंटर रविवार को भी खुले रहेंगे। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक उपभोक्ता अपने बिजली बिल जमा कर सकेंगे। विद्युत वितरण खंड चिरईगांव और चाैबेपुर सहित अन्य वितरण केंद्रों के तहत उपभोक्ता अपने निकटतम विद्युत उपकेंद्र या जनसुविधा केंद्र पर पहुंचकर बकाया बिजली बिल का भुगतान कर सकते हैं। बिजली निगम की ओर से उपभोक्ताओं से निगम के मोबाइल एप के माध्यम से ऑनलाइन बिजली बिल का भुगतान करने की भी अपील की गई है।

वाराणसी के नए बीएसए होंगे भूपेंद्र सिंह 
बेसिक शिक्षा निदेशालय ने शनिवार देर शाम बेसिक शिक्षा अधिकारियों का तबादला किया। प्रतापगढ़ में तैनात रहे भूपेंद्र सिंह को वाराणसी का नया बीएसए बनाया गया है। वहीं, वाराणसी में तैनात अनुराग श्रीवास्तव को प्रतीक्षारत सूची में रखा गया है। भूपेंद्र सिंह वर्ष 2022 से प्रतापगढ़ में बीएसए के पद पर तैनात थे। वहीं, प्रतीक्षारत किए गए अनुराग श्रीवास्तव मूल रूप से प्रयागराज के रहने वाले हैं। उन्होंने पिछले वर्ष 23 सितंबर को वाराणसी में पदभार संभाला था। उनका आठ माह का कार्यकाल रहा। 

नवीन सिंह बने वाराणसी के आरएसओ
बुलंदशहर के क्रीड़ा अधिकारी नवीन सिंह को वाराणसी का क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी बनाया गया है। वे सोमवार को पदभार ग्रहण करेंगे। इस बाबत खेल निदेशालय ने पत्र जारी कर दिया है। हॉकी के मैदान से निकलकर उन्होंने वर्ष 2001 में प्रयागराज से खेल विभाग में अपनी सेवा शुरू की। इसके बाद प्रतापगढ़, इटावा, हमीरपुर समेत अन्य जिलों में खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देकर पदक दिलाने में योगदान दिया। उन्होंने बताया कि उनकी प्राथमिकता खिलाड़ियों को अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराना है। 

पुलिस का अभियान, फिर भी सड़कों पर जाम
शहर को अतिक्रमण मुक्त और सुगम यातायात को लेकर पुलिस अभियान के बावजूद सड़क पर बिल्डिंग मैटेरियल्स रखकर रास्ता जाम किया जा रहा है। दिन में काम और सड़क पर बिखरे निर्माण सामग्री के चलते यातायात बाधित हो रहा है। सुबह और शाम राहगीर जाम में परेशान हो रहे हैं। निर्माण सामग्री सड़क पर फैलाने वालों के खिलाफ संबंधित थाने की ओर से कोई कार्रवाई भी नहीं की जा रही है। 

कचहरी चौराहे से पुलिसलाइन चौराहे जाने वाले मार्ग पर लबे सड़क बालू-गिट्टी और मलबा रखकर रास्ता अवरुद्ध किया जा रहा है। कैंट पुलिस की ओर से निर्माण सामग्री रखने वालों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। लिहाजा, दिन भर लोग जाम से परेशान हुए। चौकाघाट सांस्कृतिक संकुल के पास सड़क पर निर्माण सामग्री रखी जा रही है। न तो संबंधित चौकी की पुलिस ने इस ओर ध्यान दिया और न ही थाने की ओर से कोई निगरानी की गई। 

यूपी कॉलेज सेमेस्टर परीक्षा के 8 कोर्स के परिणाम जारी
यूपी कॉलेज में पीजी के आठ कोर्स का सेमेस्टर परीक्षा का परिणाम शनिवार को जारी कर दिया गया। इसके साथ ही रिजल्ट निकलने का आंकड़ा 70 प्रतिशत तक पहुंच गया। जो रिजल्ट जारी हुए हैं, उसमें एमएससी कृषि दूसरे सेमेस्टर, एमए जियोग्राफी, इकोनामिक्स, सोशियोलॉजी, फिजिक्स, मैथ, बॉटनी और जूलॉजी चौथे सेमेस्टर का परिणाम भी जारी कर दिया गया है। काॅलेज की ओर से 5 जून तक सभी परिणाम जारी करने का लक्ष्य रखा गया है। 

बोर्ड कार्यालय के 15 कर्मचारियों के बदले पटल
माध्यमिक शिक्षा परिषद के वाराणसी क्षेत्रीय कार्यालय में प्रशासनिक कार्यों को अधिक प्रभावी एवं सुचारु बनाने के उद्देश्य से 15 कर्मचारियों के कार्य एवं अनुभागों में बदलाव किया गया है। संयुक्त शिक्षा निदेशक व प्रभारी अपर सचिव दिनेश सिंह ने शनिवार देर शाम सूची जारी की। आदेश के तहत प्रदीप कुमार, राम सूरत सोनकर, विजय कुमार पटेल, अजय प्रकाश पाल तथा अभिषेक यादव को हाईस्कूल एवं इंटर सन्निरीक्षण अनुभाग से संबद्ध किया गया है।

 वहीं, सुनील कुमार मौर्य और नीरज कुमार वर्मा को प्रबंध एवं नियोजन अनुभाग में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा मनोज कुमार मिश्र को गोपनीय-6 अनुभाग से स्थानांतरित कर सादी उत्तर-पुस्तिका अनुभाग में तथा सूरज त्रिपाठी को सादी उत्तर-पुस्तिका अनुभाग से गोपनीय-6 में तैनात किया गया है। राहुल चौरसिया को केंद्र स्थापना व हाईस्कूल प्रमाणपत्र अनुभाग से आईजीआरएस में तैनात किया गया है। 

बीएचयू में सात दिन तक रोज दो घंटे चलेगी योग कार्यशाला
बीएचयू के भारत अध्ययन केंद्र में सात दिवसीय कार्यशाला 6 से 13 जून तक आयोजित की जाएगी। ‘प्राण से प्रज्ञा : प्राणायाम, त्राटक एवं प्रेक्षा ध्यान का कला एवं विज्ञान’ विषय पर आधारित इस कार्यशाला में प्रतिदिन प्रतिभागियों को दो घंटे का प्रशिक्षण दिया जाएगा। कार्यशाला में विद्यार्थियों, शिक्षकों सहित अन्य लोगों को मानसिक शांति और भावनात्मक संतुलन बनाए रखने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

भारत अध्ययन केंद्र की ओर से आयोजित इस कार्यशाला के लिए 2 जून तक ऑनलाइन पंजीकरण कराया जा सकेगा। इसका उद्देश्य प्राणायाम, त्राटक एवं प्रेक्षा ध्यान की भारतीय परंपरा को वैज्ञानिक और व्यावहारिक दृष्टिकोण के साथ प्रतिभागियों तक पहुंचाना है। भारत अध्ययन केंद्र के समन्वयक प्रो. शरदिंदु कुमार तिवारी ने बताया कि प्रतिदिन दोपहर 2 से 4 बजे तक केंद्र के चौथे तल पर स्थित योग हॉल में कार्यशाला आयोजित होगी। 
विज्ञापन

जीआईसी के 6 प्रवक्ताओं का तबादला 4 को जिले में तैनाती, दो बाहर भेजे गए
वाराणसी। माध्यमिक शिक्षा निदेशालय की ओर से शनिवार देर शाम प्रवक्ताओं के तबादले की सूची जारी की गई। इसमें वाराणसी के छह प्रवक्ता शामिल हैं। इनमें चार को जिले में तैनाती दी गई है, जबकि दो को जिले से बाहर स्थानांतरित किया गया है। डीआईओएस भोलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि वाराणसी में नई तैनाती पाने वाले चार प्रवक्ताओं में जौनपुर के राजकीय इंटर कॉलेज, मुफ्तीगंज में तैनात संस्कृत प्रवक्ता धर्मेंद्र द्विवेदी को सेवापुरी स्थित बरकी महाविद्यालय में तैनाती दी गई है। 

राजकीय महाविद्यालय, जक्खिनी में तैनात अर्थशास्त्र की प्रवक्ता डॉ. स्वर्णिमा घोष को जीजीआईसी, सेवापुरी भेजा गया है। राजकीय महाविद्यालय, फरीदपुर में तैनात कॉमर्स के प्रवक्ता को बरकी महाविद्यालय, सेवापुरी में तैनाती दी गई है। वहीं, सैदपुर राजकीय महाविद्यालय में तैनात जूलॉजी के प्रवक्ता बलबीर सिंह को राजकीय महाविद्यालय, पलहीपट्टी में भेजा गया है। दूसरी ओर, राजकीय महाविद्यालय, जक्खिनी में तैनात हिंदी के प्रवक्ता डॉ. शरद कुमार का तबादला सैदपुर राजकीय महाविद्यालय में किया गया है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें