Varanasi News Today: गांधी नगर के धनलक्ष्मी बैंक से फर्जी दस्तावेज के आधार पर दो करोड़ रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। शाखा प्रबंधक तनुज अग्रवाल की तहरीर पर सिगरा थाने में एसएस वेंचर के प्रोपराइटर अनुज कश्यप के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। अनुज ने फर्जी रजिस्टर्ड लीज एग्रीमेंट, नकली इनवॉइस और कंपनी के परिसर को अपना व्यावसायिक स्थल दिखाकर बैंक से दो करोड़ की धोखाधड़ी की। सिगरा थानाध्यक्ष ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
किशोरी से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार
बड़ागांव थाने की पुलिस ने बुधवार शाम भरतपुर निवासी देवांश पटेल उर्फ मंकू पटेल को गिरफ्तार किया। बड़ागांव थानाध्यक्ष ने बताया कि किशोरी के अपहरण के आरोप में देवांश के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। अपहृता को बरामद कर लिया गया था। आरोपी की तलाश की जा रही थी। कोइरीपुर मोड़ से गिरफ्तार आरोपी ने बताया कि वह किशोरी से प्रेम करता था। उसके साथ उसने दुष्कर्म भी किया था।
पुलिस ने बुजुर्ग महिला का कराया अंतिम संस्कार
अंधरापुल के नाइट बाजार के पिलर संख्या-23 के पास बुधवार को चंदा देवी (80) की मौत हो गई। वृद्धा के पति मंटू श्रीवास्तव की आर्थिक हालत खराब देखकर सिगरा थाने की रोडवेज चौकी की पुलिस ने अंतिम संस्कार का प्रबंध किया। वहीं, दूसरी तरफ विजया नगरम मार्केट में 52 साल का व्यक्ति बेहोश मिला। एंबुलेंस से पुलिस उसे लेकर मंडलीय अस्पताल पहुंची। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सिगरा थानाध्यक्ष ने बताया कि शव की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।
दो लाख रुपये की लूट का आरोप, पुलिस ने खंडन किया
वाराणसी के कुंडरिया गांव निवासी राकेश कुमार मिश्र ने चौखंडी रेलवे क्रॉसिंग के पास बुधवार को चार लोगों पर मारपीट कर दो लाख लूटने की शिकायत जंसा थाने की पुलिस से की। पुलिस ने राकेश का उपचार हाथी बाजार स्थित सीएचसी में कराया। साथ ही दूसरे पक्ष के बरेमा गांव निवासी चार लोगों को पूछताछ के लिए जंसा थाने बुलाया।
डीसीपी गोमती जोन आकाश पटेल ने बताया कि घटनास्थल के पास लगे सीसी कैमरे में मारपीट की घटना रिकॉर्ड है। राकेश ने आरोप लगाया गया है कि मारपीट के दौरान उनके दो लाख रुपये छीन लिए गए। जांच और उपलब्ध साक्ष्य के आधार पर लूट की पुष्टि नहीं हो सकी है।
848 रिक्रूट आरक्षी नियुक्ति पत्र लेने जाएंगे लखनऊ
पुलिस लाइंस से 848 रिक्रूट आरक्षी 14 जून को नियुक्ति पत्र लेने के लिए लखनऊ जाएंगे। रिक्रूट आरक्षियों को लखनऊ में एक समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नियुक्ति पत्र देंगे। डीसीपी वरुणा जोन/लाइंस प्रमोद कुमार ने बुधवार को बताया कि रिक्रूट आरक्षियों को लखनऊ भेजने के लिए 23 बसों की व्यवस्था की गई है। बस में देखरेख के लिए एक सब इंस्पेक्टर और एक कांस्टेबल रहेंगे। बस लेकर जाने वाले चालकों को मेडिकल और फिजिकल वेरिफिकेशन कराया गया है।
गंगा में डूबने से युवक की मौत
रामनगर के हरिश्चंद्र घाट के सामने गंगा उस पार रेत की ओर स्नान कर रहा एक युवक बुधवार को डूब गया। रामनगर थाने की पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। रामनगर थानाध्यक्ष दुर्गा सिंह ने बताया कि युवक के बैग से मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान बिहार के गया के वजीरगंज थाने के शोभाकारी निवासी बलराम पांडेय के पुत्र रणधीर पांडेय (21) के रूप में हुई है।
बलराम ने बताया कि रणधीर छह जून की शाम घर से दोस्त की शादी में पटना जाने की बात कहकर निकला। मंगलवार शाम उससे बात हुई। रात 10 बजे उसका मोबाइल फोन स्विच ऑफ हो गया। रणधीर कुमार दो भाई और दो बहनों में सबसे छोटा था। रणधीर कब और कैसे बनारस आया, इसकी जानकारी नहीं हो सकी।
शराब पीकर उत्पात मचा रहे 7 युवकों का चालान
सामने घाट इलाके में मंगलवार देर रात शराब पीकर उत्पात मचा रहे सात युवकों को लंका थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया। लंका थानाध्यक्ष शिवाकांत मिश्र ने बताया कि आरोपियों में दुर्गाकुंड का युवराज सिंह, औरंगाबाद का अर्श सिद्दिकी, बजरडीहा का तौसीफ व सरफराज अहमद, लहंगपुरा औरंगाबाद का अरमान हाशमी, चौक का मुकादस और आलोक नगर कॉलोनी का सूरज सिंह है। युवकों के तीन वाहन सीज किए गए हैं। बुधवार को सभी का चालान शांतिभंग के आरोप में किया गया।
तेज रफ्तार मिनी ट्रक ने साइकिल सवार को मारी टक्कर, हालत गंभीर
इंग्लिशिया लाईन तिराहे पर बुधवार रात एक मिनी ट्रक ने साइकिल सवार को टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने घायल को मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया। जिसकी हालत गंभीर बनी हुई है। सिगरा पुलिस चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। छित्तूपुर क्षेत्र निवासी प्रमोद गुप्ता (55) घर लौट रहे थे। तभी इंग्लिशिया लाईन तिराहे पर काशी विद्यापीठ रोड की तरफ से मलदहिया की ओर अचानक मुड़ी ट्रक ने साइकिल सवार को टक्कर मार दी।
आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में तीन गिरफ्तार
कोतवाली थाने की पुलिस ने आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के 11 माह पुराने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी कतुआपुरा के नीरज कुमार सेठ, मंगला गौरी के रोशन उपाध्याय और बरथरा कला के अरविंद सिंह को बुधवार को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया।
इंस्पेक्टर कोतवाली दया शंकर सिंह ने बताया कि 7 जुलाई 2024 को दुग्ध विनायक इलाके में रहने वाली संध्या वर्मा ने फंदा लगाकर जान दे थी। जांच में सामने आया कि मौत से पहले संध्या ने सुसाइड नोट लिखा था। सुसाइड नोट में तीन लोगों पर पैसे के लिए दबाव बनाने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था। चौकी प्रभारी गायघाट प्रशांत गुप्ता ने दो आरोपियों को मंगलवार रात और एक को बुधवार को गिरफ्तार किया।
शराब पीकर उत्पात मचा रहे सात युवकों का चालान
सामने घाट इलाके में मंगलवार देर रात शराब पीकर उत्पात मचा रहे सात युवकों को लंका थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया। लंका थानाध्यक्ष शिवाकांत मिश्र ने बताया कि आरोपियों में दुर्गाकुंड का युवराज सिंह, औरंगाबाद का अर्श सिद्दिकी, बजरडीहा का तौसीफ व सरफराज अहमद, लहंगपुरा औरंगाबाद का अरमान हाशमी, चौक का मुकादस और आलोक नगर कॉलोनी का सूरज सिंह है। युवकों के तीन वाहन सीज किए गए हैं। बुधवार को सभी का चालान शांतिभंग के आरोप में किया गया।
घर में घुसकर मारपीट, 7 नामजद और 2 अज्ञात पर केस
घर में घुसकर मारपीट, गालीगलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में बुधवार को सात नामजद और दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। बबियांव गांव निवासी लव कुमार रघुवंशी ने बताया कि 10 जून की शाम महेश्वरी नगर कॉलोनी निवासी दोस्त अनुराग कुमार सिंह के घर गए थे।
देखा कि अनुराग के घर में घुस कर उनके पड़ोसी कुलदीप प्रताप सिंह, पुत्र कमल सिंह व विमल सिंह, साला श्याम सिंह, धर्मेंद्र सिंह, गौरव सिंह, हीरू और दो अज्ञात व्यक्ति तोड़फोड़ कर रहे थे। सभी अनुराग के साथ गालीगलौज करते हुए उन्हें लाठी-डंडे से पीट रहे थे। अनुराग के सिर में लगी गंभीर चोट के कारण उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शिवपुर थानाध्यक्ष राजू कुमार ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
पड़ोसी युवक पर भाई की पिटाई का आरोप
मंडुवाडीह थाने में तहरीर देकर डिहवा के पीयूष सिंह ने पड़ोसी युवक पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीयूष ने पुलिस को बताया कि आरोपी युवक ने भाई आयुष सिंह को पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। भाई बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती है। दोनों पक्ष में बिजली के बिल को लेकर विवाद हुआ था। मंडुवाडीह थानाध्यक्ष भरत उपाध्याय ने बताया कि मंगलवार रात मारपीट हुई थी। तहरीर के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई का निर्देश दिया गया है।
आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप से पति और ससुर दोषमुक्त
आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में पति और ससुर को बड़ी राहत मिल गई। जिला एवं सत्र न्यायाधीश (प्रथम) अनिल कुमार शुक्ला की अदालत ने सरायनंदन, खोजवा निवासी आरोपी पति राजकुमार मौर्या और ससुर रज्जन प्रसाद मौर्या को संदेह का लाभ देते हुए दोषमुक्त कर दिया। अभियोजन पक्ष के अनुसार चंदौली के पड़ाव की रहने वाली ज्योति कुमार मौर्या ने भेलूपुर थाने में तहरीर दी थी।
पुलिस को बताया था कि उसकी बहन रजनी मौर्या की शादी 15 वर्ष पूर्व राजकुमार से हुई थी। शादी के एक साल तक सब कुछ ठीक रहा। उसके बाद राजकुमार शराब पीकर बहन के साथ गालीगलौज और मारपीट करने लगा। पति और ससुराल के अन्य लोगों की प्रताड़ना के कारण 9 अक्तूबर 2021 को उसकी बहन ने जहर खाकर जान दे दी थी।
पेड़ काटने और पर्यावरण मुद्दे पर बीएचयू को नोटिस
बीएचयू में पेड़ काटने और कई पर्यावरण के मुद्दे को लेकर राज्यस्तरीय पर्यावरण प्रभाव निर्धारण प्राधिकरण ने एक कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इसमें 15 दिन में जवाब मांगा गया है। 15 दिन में जवाब न मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। एडवोकेट हरिकेश बहादुर सिंह की शिकायत पर फैसला लिया गया है। अधिवक्ता की ओर से बताया गया है कि बीएचयू में बिना एनओसी के ही कई पेड़ों को काट दिया गया है।
काशी विद्यापीठ में धरना देने वाले नौ छात्रनेता गए जेल
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में मेरिट से दाखिला लेने के फैसले के विरोध में भूख हड़ताल करने वाले नौ छात्रों को पुलिस ने बृहस्पतिवार को शांतिभंग की आशंका में चालान कर जेल भेज दिया। मंगलवार आधी रात बाद पुलिस ने विश्वविद्यालय परिसर से छात्रों को उठाया था।
बुधवार को अपर पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था और मुख्यालय शिवहरि मीणा कैंपस पहुंचे और चीफ प्रॉक्टर प्रो. केके सिंह के साथ निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। प्रशासनिक भवन के सामने छात्र 27 दिन से धरना दे रहे थे। पांच दिन से भूख हड़ताल कर रहे थे। बुधवार रात बाद पुलिस पहुंची तो छात्रों की नोकझोंक भी हुई।
दो अलग-अलग गांवों में मारपीट, मुकदमा दर्ज
बड़ागांव के बलरामपुर और पुआरी कला डीह गांव में मंगलवार शाम मारपीट में दो महिलाएं और पांच बच्चे घायल हो गए। महिलाओं ने बड़ागांव थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। बलरामपुर की ममता राय ने बताया कि खेत में काम करने से मना करने पर उन्हें और उनके बच्चों आंशिक व अंकुर पर कुल्हाड़ी से वार किया गया।
आरोपियों में रामपाल, विनोद पाल, सनोज और उनके घर की महिलाएं शामिल हैं। वहीं, पुआरी कला डीह गांव की रत्ना देवी ने बताया कि वह और उनके पुत्र रोहित, रितिक व बेटी दरवाजे पर मिट्टी पाट रहे थे। उसी समय अशोक सिंह, शिब्बू, डिंपल और खिलाड़ी लाठी-डंडा लेकर हमला कर दिया। बड़ागांव थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों महिलाओं की तहरीर पर दो मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
विवाहिता ने फंदा लगाकर जान दी, पति गिरफ्तार
गंगापुर में किराये पर रहने वाली एक विवाहिता मंगलवार देर रात फंदा लगाकर जान दे दी। मायके वालों ने पति पर दहेज हत्या का आरोप लगाया। रोहनिया थानाध्यक्ष राजू सिंह ने बताया कि पिता की तहरीर पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है।
कपसेठी थाना क्षेत्र के भिटकुरी गांव की खुशी (20) ने ढाई साल पहले गजापुर निवासी श्रवण कुमार के साथ प्रेम विवाह किया था। खुशी के पिता आनंद कुमार सिंह ने श्रवण पर दहेज के लिए बेटी की हत्या का आरोप लगाया। चौकी प्रभारी गंगापुर सत्यम तिवारी ने बताया कि पुलिस के पहुंचने से पहले ही खुशी के पति ने शव का फंदे से नीचे उतार दिया था। पति ने जानकारी दी कि खुशी ने पंखे के सहारे दुपट्टे का फंदा लगाकर जान दी है।
दस उपभोक्ताओं की पकड़ी गई बिजली चोरी, मुकदमा
बिजली निगम की ओर से बिजली चोरी रोकने, बकायेदारों पर कार्रवाई के लिए बुधवार को अभियान चलाया गया। रोहनिया में दस लोगों पर बिजली चोरी का मुकदमा दर्ज करवाया गया। 72 लोगों के कनेक्शन काटे गए। अमरपुर में 11 लोगों का कनेक्शन काटा गया। अधिशासी अभियंता बरईपुर मनीष झा के निर्देशन में ठाकुर बस्ती, जक्खिनी पचाई फीडर, कोटवा छितौनी और बरकी में अभियान चलाया गया।
अधिशासी अभियंता ने बताया कि 4.60 लाख का बकाया जमा करवाया गया जबकि 21.50 लाख बकाये पर 72 घरों की बिजली काटी गई। 10 उपभोक्ता बिजली चोरी करते पकड़े गए। मई में 1200 उपभोक्ताओं के बिल ठीक किए गए। गलत बिल बनाने वाले मीटर रीडरों पर भी कार्रवाई की गई।
अधिशासी अभियंता राजघाट मनोज ने बताया कि अमरपुर में 1.39 लाख जमा करवाए गए। 3.45 लाख बकाये पर 11 घरों की बिजली काटी गई। 10 हजार से अधिक बकाया होने पर कनेक्शन काटा जाएगा।
अवैध होर्डिंग, बैनर, पोस्टर के खिलाफ चलाया अभियान
शहर में अभियान चलाकर नगर निगम ने बुधवार को अवैध होर्डिंग, बैनर पोस्टर हटवाए। इस दौरान 27,800 रुपये जुर्माना भी वसूला गया। नालों पर किए अतिक्रमण हटवाकर लोगों को चेताया।
नगर आयुक्त अक्षत वर्मा के निर्देश पर आदमपुर, ऋषि मांडवी और दशाश्वमेध जोन में अभियान चलाया। साथ ही चितईपुर चौराहे से चुनार रोड अवलेश पुर तक होर्डिंग, बैनर, पोस्टर के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान सड़क के नाले के ऊपर अवैध रूप से वेंडिंग करने वाले दुकानदारों को हटाया। उनसे अतिक्रमण जुर्माना भी वसूला गया।
हवेलिया चौराहे से लेकर सारनाथ म्यूजियम तक अवैध विज्ञापन के खिलाफ अभियान चलाकर सड़क के ऊपर अवैध रूप से वेंडिंग करने वाले दुकानदारों को हटाया। कुछ के प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग और अतिक्रमण पर जुर्माना लगाया। नमो घाट से गाड़ी भैसा घाट होते हुए बाहर निकलने के लिए, सिंगल रुट बनाने के लिए, स्थायी व्यवस्था बनाने के लिए रोड के दोनों तरफ रखे गए ठेले, गुमटी हटवाए।
चेतावनी देते हुए एक गुमटी, दो ठेला गाड़ी जब्त किए। सेनपुरा और रामकटोरा क्षेत्र में कई दुकानदारों की ओर से नालों पर अवैध रूप से गुमटियां रखी थीं। इनमें कई दुकानें खाद्य सामग्री की दुकानें थीं। इन सभी गुमटियों को हटाकर जब्त किया गया। अतिक्रमणकारियों से आठ हजार रुपये जुर्माना वसूला गया।
सपा जिलाध्यक्ष ने लोहता थाना प्रभारी पर लगाया दुर्व्यवहार का आरोप
समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़ ने बुधवार को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल से मुलाकात कर लोहता थाना प्रभारी निकिता सिंह पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाया। शिकायती पत्र भी पुलिस आयुक्त को सौंपा। लिखा कि थाना प्रभारी निकिता सिंह की ओर से क्षेत्र के गरीब दुकानदारों, ट्रैक्टर चालकों को परेशान कर उनका उत्पीड़न किया जाता है। वाहन चेकिंग के नाम पर धन की उगाही जाती है।
पिछले दिनों पिसौर पुल के पास भीड़भाड़ वाले इलाके में चेकिंग की जा रही थी। चेकिंग के दौरान गाड़ियों की भीड़ इकट्ठा हो गई तो चाय पान के दुकानदारों का सामान फेंकवा दिया। दुकानदार गिड़गिड़ाते रहे, लेकिन दया नहीं आई। विपक्षी दलों के नेताओं और जनप्रतिनिधियों की ओर से बात की गई तो यह उनके साथ भी दुर्व्यवहार करती हैं। पुलिस आयुक्त ने कार्रवाई का आश्वासन दिया।
आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में तीन गिरफ्तार
कोतवाली थाने की पुलिस ने आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के 11 माह पुराने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी कतुआपुरा के नीरज कुमार सेठ, मंगला गौरी के रोशन उपाध्याय और बरथरा कला के अरविंद सिंह को बुधवार को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया। इंस्पेक्टर कोतवाली दया शंकर सिंह ने बताया कि 7 जुलाई 2024 को दुग्ध विनायक इलाके में रहने वाली संध्या वर्मा ने फंदा लगाकर जान दे थी।
जांच में सामने आया कि मौत से पहले संध्या ने सुसाइड नोट लिखा था। सुसाइड नोट में तीन लोगों पर पैसे के लिए दबाव बनाने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था। चौकी प्रभारी गायघाट प्रशांत गुप्ता ने दो आरोपियों को मंगलवार रात और एक को बुधवार को गिरफ्तार किया।
सावन में विश्वनाथ धाम में बंद रहेंगे बैगेज काउंटर
श्री काशी विश्वनाथ धाम में सावन की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। मंदिर न्यास की ओर से सावन के महीने में बैगेज काउंटर को बंद करने का निर्णय लिया गया है। 11 जुलाई से सावन के महीने की शुरूआत हो रही है। मंदिर की ओर से श्रद्धालुओं को सूचना जारी की गई है कि श्रावण मास में श्री काशी विश्वनाथ धाम में बैग, मोबाइल, पेन, धातु की वस्तुओं के साथ प्रवेश संभव नहीं होगा। मंदिर न्यास ने कहा कि कृपया श्रद्धालुजन यह वस्तुएं अपने घर, होटल, धर्मशाला या अन्य ठहरने के स्थान पर छोड़कर ही आएं।
राजेश आजाद बने जन संघर्ष मंच के संयोजक अध्यक्ष
संत कबीर दास की जयंती पर वाराणसी कैंट विधानसभा क्षेत्र की जनसमस्याओं के समाधान के लिए वाराणसी कैंट विधानसभा जन संघर्ष मंच का गठन किया गया। राजेश आजाद की अध्यक्षता में बुधवार शाम 4 बजे परेड कोठी कैंट स्थित टूरिस्ट बंगले में आयोजित बैठक ये निर्णय लिया गया।
बैठक की शुरुआत में संत कबीर दास और पूर्व विधायक स्वर्गीय हरिश्चंद्र श्रीवास्तव के चित्रों पर माल्यार्पण किया गया। सर्वसम्मति से पारित प्रस्ताव के बाद राजेश आजाद को नवगठित मंच का संयोजक अध्यक्ष मनोनीत किया गया। मंच का उद्देश्य कबीर दास और हरिश्चंद्र श्रीवास्तव के अधूरे सपनों को पूरा करना है। इस अवसर पर नरेंद्र प्रकाश श्रीवास्तव और सुजात रामनगरी भी मौजूद रहे।
बेसमेंट को खाली करवाकर पार्किंग की व्यवस्था कराएं
वीडीए के अपर सचिव डॉ. गुडाकेश शर्मा ने बुधवार को वीडीए में बैठक की। उन्होंने लंबित मानचित्रों का निस्तारण जल्द करने को कहा। अधिकारियों को हिदायत दी कि सील प्रकरणों की जांच और बेसमेंट खाली कराएं। पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित कराएं। बैठक में जोन वन के शिवपुर, सिकरौल में शमन शुल्क के मद में कुल धनराशि 77,81,651 जमा कराई गई। 2025-26 में अप्रैल से अब तक कुल शमन धनराशि 1,81,21,857 रुपये जमा कराए।
जोन टू के वार्ड सारनाथ, आदमपुर, जैतपुरा में शमन शुल्क के मद में धनराशि 10,37,052 रुपये जमा करवाए। 2025-26 में अप्रैल से अब तक कुल शमन धनराशि 1,35,95,777 जमा कराया गया। स्वीकृत शमन पत्रावली के सापेक्ष बकाया शमन शुल्क जमा न करने वाले निर्माणकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई करें। शहर में अनियोजित विकास और अवैध प्लॉटिंग पर नियमानुसार कार्रवाई करें।
जिला अस्पताल में ठंडे पानी के लिए भटके दो हजार मरीज
जिला अस्पताल में इलाज कराने आए मरीज और उनके तीमारदार ठंडे पानी के लिए भटक रहे हैं। जिले में लू का अलर्ट जारी किया गया है। इस भीषण गर्मी में अस्पताल में लगे वाटर कूलर से ठंडा पानी न आने से दो हजार लोग परेशान नजर आए। जिला अस्पताल के ओपीडी, ट्राॅमा समेत एमसीएच विंग में प्रतिदिन औसत 1500 मरीज प्रतिदिन इलाज के लिए आते हैं। ऐसे में लोग प्यास से व्याकुल नजर आए। हरहुआ से अपने बहू के इलाज के लिए महिला अस्पताल आईं शांति देवी ने कहा इस गर्मी में भी पीने के लिए ठंडा पानी नहीं मिल पा रहा है।
मिर्जामुराद से अपनी बहन के रूटीन चेकअप के लिए आईं वैशाली शुक्ला ने कहा कि गर्मी में भी वाटर कूलर में ठंडा पानी ही नहीं आने से दिक्कत हो रही है। डॉ. बृजेश कुमार, सीएमएस, दीनदयाल अस्पताल ने कहा कि मशीनों के खराब होने की जानकारी मिली। इसे तुरंत ठीक करने के निर्देश दिए गए हैं। मरीजों और उनके परिजनों को कोई समस्या न हो, इसका ध्यान रखा जा रहा है।
मंडलीय अस्पताल समेत 92 उपकेंद्र, 11 स्वास्थ्य केंद्र को मिला एनक्वास सर्टिफिकेट
वाराणसी। मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा समेत 92 उपकेंद्र, 11 स्वास्थ्य केंद्र (एक सीएचसी और दस पीएचसी) को एनक्वास सर्टिफिकेट मिला है। ये उपलब्धि हासिल करने वाला वाराणसी देश का पहला जिला बन गया है।
अस्पतालों, स्वास्थ्य केंद्रों पर स्वास्थ्य सुविधाओं का समय-समय पर मूल्यांकन किया जाता है। इसके आधार पर ही नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टेंडर्ड (एनक्वास) सर्टिफाइड किया जाता है। सीएमओ डाॅ. संदीप चौधरी ने बताया कि जिले की कुल 104 चिकित्सा इकाइयों में शिव प्रसाद गुप्त मंडलीय चिकित्सालय सहित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोलापुर, 10 शहरी व ग्रामीण प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और 92 आयुष्मान आरोग्य मंदिर (स्वास्थ्य उपकेंद्र) को अब तक एनक्वास से प्रमाणित किया गया है।
वर्तमान में ग्रामीण क्षेत्र के अन्य सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिर ने एनक्वास के लिए नामांकन किया है। इसके साथ ही शहरी व ग्रामीण क्षेत्र के समस्त सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का भी कायाकल्प और एनक्वास के तहत मूल्यांकन प्रक्रिया की जा रही है।
वीएचपी अध्यक्ष अशोक सिंघल के हनुमान थे शंभूनाथ
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक और विश्व हिंदू परिषद वेद विद्यालय के मार्गदर्शक रहे शंभूनाथ की चौथी पुण्यतिथि बुधवार को मणिकर्णिका घाट स्थित सिद्धपीठ नरसिंह मठ में मनाई गई। मुख्य अतिथि संघ के काशी मध्य भाग के सामाजिक संस्था प्रमुख शैलेंद्र सेठ नीलू सहित अन्य स्वयंसेवकों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
विहिप ने देशभर में वेद विद्यालय की स्थापना की। उन सबका मार्गदर्शन शंभूनाथ जी ही करते थे। वे अशोक सिंघल के चुनौती भरे कार्यक्रम में हनुमान की भूमिका का निर्वाह करते थे। इस मौके पर विश्व हिंदू परिषद, धर्म जागरण न्यास एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ गंगा शाखा की ओर से राजेश शुक्ला, शिवम अग्रहरि, अमन कबीर, कालभैरव क्षेत्र के पार्षद संजय विश्वंभरी, बिंदु माधव वार्ड की पार्षद कनक लता मिश्रा का सम्मान किया गया।
श्री हैहयवंशीय क्षत्रिय महिला कला केंद्र का ग्रीष्मकालीन शिविर संपन्न
श्री हैहयवंशीय क्षत्रिय महिला कला केंद्र की ओर से निशुल्क ग्रीष्मकालीन शिक्षा शिविर का समापन हुआ। शिविर में 250 बच्चों को प्रशिक्षित किया गया। 40 दिन तक बच्चों को ढाेलक, मेहंदी, ब्यूटीशियन, पॉट डिजाइन, जेल कैंडिल, इंग्लिश स्पीकिंग, क्राफ्ट, डांस, सिलाई, पेंटिंग का प्रशिक्षण दिया।
समापन में श्री हैहय वंशीय क्षत्रिय कसेरा महासभा के संरक्षक रामनारायण कसेरा, महामंत्री मनोज कसेरा और कसेरा महासभा के सभी सदस्य और काशीपुरा के पार्षद संजय केशरी शामिल हुए। इस दौरान महिला कला केंद्र की सदस्य सुमन, सुनीता, रामकुमारी, सरिता शामिल हुए।
स्माइल योजना से होगा भिक्षावृत्ति करने वालों का पुनर्वास
शहर की सड़कों, मंदिर, चौराहों और बाजारों में अब भिक्षावृत्ति में जुटे बच्चों और अन्य लोगों के लिए जल्द ही पुनर्वास की सुविधा शुरू होगी। केंद्र सरकार इसे लेकर नई योजना शुरू करने जा रही है। भारत सरकार के सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय की ओर से प्रायोजित स्माइल योजना की उपयोजना भिक्षा मांगने में लगे व्यक्तियों का व्यापक पुनर्वास अब वाराणसी में भी लागू होगी। इसकी जिम्मेदारी अपना घर आश्रम को दी गई है। इस उपयोजना से वाराणसी में भिक्षावृत्ति को समाप्त करने का प्रयास किया जाएगा।
इस पहल का प्राथमिक उद्देश्य भिक्षावृत्ति करने वाले व्यक्तियों की पहचान करना और उनका व्यापक पुनर्वास सुनिश्चित करना है। पुनर्वास प्रक्रिया में कई चरण शामिल होंगे, जैसे जरूरतमंदों तक पहुंच बनाना, उन्हें आश्रय गृहों से जोड़ना, उनकी चिकित्सा आवश्यकताओं को पूरा करना, मनोवैज्ञानिक परामर्श प्रदान करना और उनके लिए आवश्यक बुनियादी दस्तावेज जैसे पहचान पत्र उपलब्ध कराना। इन्हें उपयुक्त रोजगार दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
योजना के प्रभावी कार्यान्वयन के लिए सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय ने वाराणसी में कार्यरत अपना घर आश्रम का चयन किया है। आश्रम संस्था के योजना की एसओपी गाइड लाइन के आधार पर कार्य कराएगा। संस्थापक डॉ. के निरंजन ने बताया कि सरकार की तरफ से जो गाइड लाइन मिली है। उसका पालन किया जाएगा। जिले को भिखारी मुक्त बनाना है। बुधवार को एमओयू पर हस्ताक्षर हो गए है।
गर्मी में लोगों को पिलाई छाछ
नादान परिंदे साहित्य मंच की ओर से बुधवार को लंका-रवींद्रपुरी तिराहे पर राहगीरों को छाछ पिलाकर चिलचिलाती धूप से राहत दिलाई। वरिष्ठ समाजसेवी और संस्था के अध्यक्ष डॉ. सुभाषचंद्र के नेतृत्व में इसका वितरण हुआ। सहयोग में कपिल, बबिता चौरसिया, झरना मुखर्जी, प्रकाश कुमार श्रीवास्तव, गणेश शामिल रहे।
योग और दवा से ठीक हो रहा रोग, रोज 70 मरीजों को मिल रहा लाभ
जिला अस्पताल के आयुष विंग में मरीजों का इलाज दवा और योग से किया जा रहा है। आयुष विभाग की इस पहल से मरीजों को इसका लाभ मिल रहा है। इसका अंदाजा यहां आने वाले मरीजों की संख्या से ही लगाया जा सकता है। जिला अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन औसत 1500 मरीज इलाज के लिए आ रहे हैं। इनमें 60-70 मरीज प्रतिदिन आयुर्वेद पद्धति से इलाज कराने आ रहे हैं।
योग प्रशिक्षक इंदल प्रसाद और सुनीता प्रजापति लोगों को दवा के साथ ही योग की भी शिक्षा दे रहे हैं। इंदल प्रसाद ने बताया कि गठिया, बवासीर, हड्डी दर्द, माइग्रेन, अवसाद, अस्थमा, गैस समेत पेट के रोगों को योग क्रिया से ठीक किया जा रहा है।
शिया समुदाय का पर्व ईद ए गदीर 15 जून को
शिया हजरात का पर्व ईद-ए-गदीर 15 जून को पूरी अकीदत से मनाया जाएगा। इस सिलसिले से कई मस्जिदों में इबादत होगी। गंगा किनारे खिड़किया घाट स्थित करारा हाउस में महफिल सजाई जाएगी। इसमें हजारों की तादाद में शिया हजरात शिरकत करेंगे। शिया जामा मस्जिद के प्रवक्ता हजरत अली समिति के सचिव हाजी फरमान हैदर ने बताया कि यह वह तारीखी दिन है, जिस दिन हजरत मोहम्मद हज से लौटते वक्त गदीर नामक स्थान पर सवा लाख हाजियों के बीच मौला अली को अपना जानशीन बनाया। 14 जून की रात को भी गंगा किनारे महफिल सजेगी।
संस्कृत विवि में लगेंगे तीन वाटर कूलर
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों की सुविधा के लिए तीन बड़े वाटर कूलर लगाए जाएंगे। बुधवार को विश्वविद्यालय विकास समिति की बैठक में वाराणसी वैश्य समाज की ओर से कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया। यह वाटर कूलर परीक्षा भवन, श्रमण विद्या संकाय और गंगानाथ झा छात्रावास में लगाए जाएंगे।
कुलपति ने बताया कि विकास समिति के सदस्य देववाणी संस्कृत के परिसर के अभ्युदय, उत्थान और गौरव के लिए संकल्पित हैं। बैठक में उद्योगपति आर के चौधरी, उमाशंकर अग्रवाल, अशोक अग्रवाल, राजेश भाटिया और हृदय नारायण पांडेय मौजूद थे।
भारत महोत्सव में पंडित विकास महाराज करेंगे देश का प्रतिनिधित्व
बनारस घराने के विश्वप्रसिद्ध सरोद वादक पंडित विकास महाराज 21 जून को जर्मनी के म्यूनिख शहर में आयोजित भारत महोत्सव में भारत का सांस्कृतिक प्रतिनिधित्व करेंगे। यह कार्यक्रम भारतीय वाणिज्य दूतावास, म्यूनिख तथा जर्मन इंडियन डायलॉग फॉर इनोवेशन एंड सस्टेनिबिलिटी (जीडीआईजेड) के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।
पंडित विकास महाराज के साथ विश्वविख्यात महाराज ट्रायो मंच पर प्रस्तुति देंगे। यह संगीत कार्यक्रम विश्व संगीत दिवस के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है। इसमें भारतीय शास्त्रीय संगीत की गूंज म्यूनिख के मंच पर सुनाई देगी।
पंडित विकास महाराज ने दशकों से विश्वभर में भारतीय संगीत की परंपरा को जीवित रखा है और संगीत के माध्यम से शांति, एकता और आध्यात्मिकता का संदेश फैला रहे हैं। भारत महोत्सव में उनकी उपस्थिति भारत और जर्मनी के बीच सांस्कृतिक संबंधों को और प्रगाढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
शेफाली के गायन से सजा सुबह ए बनारस का मंच
सुबह ए बनारस में अस्सी घाट पर शेफाली मुखर्जी का गायन हुआ। गायन का आरंभ राग अहीर भैरव में विलंबित एकताल में निबद्ध बंदिश अहीर दधि बेचन लागे... से हुआ। इसके उपरांत द्रुत तीनताल में निबद्ध बंदिश अलबेला साजन आयो री....से मंत्रमुग्ध किया। समापन भजन चलो मन गंगा जमुना तीर...से हुआ। कलाकार को प्रमाण पत्र सुबह ए बनारस के संस्थापक सचिव डॉ. रत्नेश वर्मा ने प्रदान किया। तबला संगति ज्ञान स्वरूप मुखर्जी तथा संवादिनी पर कृष्ण कुमार तिवारी ने संगत की।
विश्वविद्यालय में एंटी रैगिंग कमेटी का हुआ गठन
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में रैगिंग की घटनाओं को रोकने के लिए एंटी रैगिंग कमेटी का गठन किया गया है। छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष प्राे. शैलेश कुमार मिश्र की अध्यक्षता में सात सदस्यीय समिति गठित हुई है। इसमें प्रो. दिनेश कुमार गर्ग, प्रो. राघवेंद्र जी दुबे, डॉ. विजय कुमार शर्मा, डॉ. विशाखा शुक्ला, डॉ. विजेंद्र कुमार आर्य और सहायक कुलसचिव हिमांशु शुक्ला को सदस्य बनाया गया है। यह जानकारी कुलसचिव राकेश कुमार ने दी।
संत निरंजन दास कल पहुंचेंगे रविदास मंदिर
रविदास मंदिर सीर गोवर्धनपुर के 61वें स्थापना दिवस पर संत निरंजन दास श्रद्धालुओं और मंदिर के ट्रस्टी के साथ शनिवार को मंदिर पहुंचेंगे। 14 जून को मंदिर के 61वें स्थापना दिवस पर अमृतवाणी के पाठ के साथ पूजन करेंगे। मंदिर के ट्रस्टी के एल सरोआ ने बताया कि शनिवार को रविदासिया धर्म समाज के प्रमुख संत निरंजन दास हवाई मार्ग से वाराणसी पहुंचेंगे। एयरपोर्ट से सीर गोवर्धनपुर स्थित रविदास मंदिर पहुंचेंगे। यहां दर्शन-पूजन के साथ दो दिन तक मंदिर के विकास कार्यों की समीक्षा और देखरेख के बाद वापस पंजाब रवाना हो जाएंगे।
राजकीय महाविद्यालय में प्रवेश के लिए 16 जून से मिलेंगे फॉर्म
प्रदेश में नवनिर्मित 71 राजकीय महाविद्यालयों में से 69 महाविद्यालयों के संचालन की मंजूरी इसी सत्र से मिल गई है। इसी कड़ी में सेवापुरी में स्थित राजकीय महाविद्यालय बरकी में प्रवेश की प्रक्रिया आगामी 16 जून से शुरू हो जाएगी। कार्यवाहक प्राचार्य डाॅ. सुधा पांडेय ने बताया कि 16 जून से आवेदन फाॅर्म मिलेंगे। छात्र-छात्राओं को बीए, बीएससी, बीकाॅम में प्रवेश का मौका मिलेगा। प्रवेश प्रक्रिया मेरिट के आधार पर होगी।
नमो घाट पर दीक्षा के सुरों से हुआ काशी वंदन
काशी विरासत संरक्षण समिति की ओर से नमो घाट पर आयोजित काशी वंदन में इंदौर की कलाकार दीक्षा सुपकार का गायन हुआ। दीक्षा ने गायन की शुरुआत शिव भजन शंकर तेरी जटा में बहती है गंग धारा... से की। इसके बाद गंगा स्तुति जय-जय भगीरथ नंदिनी... सुनाकर श्रोताओं को विभोर किया।
गायन की शृंखला को आगे बढ़ाते हुए दीक्षा ने कृष्ण भजन अब राधे रानी दे डारो बंसी मोरी... के बाद श्री रामजन्म की महिमा पर आधारित बधइया गीत बाजत आनंद अवध नगरिया हो रामा... सुनाकर सबको मुग्ध कर दिया। समापन श्रीकृष्ण भवन सावरे आई जइयो... से किया। संवादिनी पर प्रवीण कुमार सिंह और तबले पर ऋतिक शुक्ला ने संगत की। डॉ. प्रीतेश आचार्य ने कलाकार को प्रमाणपत्र दिया। संचालन अनूप मिश्रा ने किया।
सांग्वेद विद्यालय की प्रवेश परीक्षा 28 को
श्रीवल्लभराम शालिग्राम सांग्वेद विद्यालय रामघाट की प्रवेश परीक्षा 28 जून को सुबह 11 बजे होगी। परीक्षाधिकारी गणेश्वर शास्त्री द्राविड़ ने बताया कि परीक्षा विद्यालय में ही होगी। आवेदन करने वाले विद्यार्थी समय से विद्यालय पहुंच जाएं, ताकि उनको परीक्षा में देने में कोई दिक्कत न हो।
अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की बैठक में तय होगा नाइट मार्केट का भविष्य
नाइट मार्केट को लेकर जल्द ही निर्णय लिया जाएगा। इसकी नई डिजाइन को जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के सामने रखा जाएगा। इसके लिए जल्द ही बैठक होने वाली है। जिसमें सभी अधिकारी और जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। इसके बाद यहां के दुकानदारों को दूसरी जगह शिफ्ट किया जाएगा।
बेहतर यातायात के लिए चौकाघाट फ्लाईओवर के नीचे विकसित नाइट बाजार को खत्म कर दिया जाएगा। यहां कंस्ट्रक्शन एंड डेमोलिशन वेस्ट (सीएंडडी) से निर्माण कार्य कराया जाएगा। क्षेत्र में यातायात प्रबंधन को सुगम कर जल और अपशिष्ट प्रबंधन को सुदृढ़ करना है। प्रस्तावित विकास कार्यों के अंतर्गत परियोजना स्थल में सीटिंग बेंच, पाथवे, ई रिक्शा के लिए चार्जिंग स्टेशन होगा। सौंदर्यीकरण के लिए स्कल्पचर, डेकोरेटिव लाइट, वृहद हॉर्टिकल्चर के कार्य, एडवरटाइजिंग पैनल, यातायात की सुगमता और सुरक्षा के दृष्टिगत टेबल टॉप क्रासिंग आदि के कार्य होंगे।
नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने बताया कि फ्लाईओवर के नीचे अर्बन प्लेसमेकिंग कार्य कराया जाएगा। जल्द परिसर खाली कराके काम शुरू होगा। बाजार बसाने वाली कंपनी श्रेया से अनुंबध निरस्त कर एफआईआर कराई गई है। इसके लिए रेलवे और रोडवेज के अधिकारियों से भी बातचीत की जा रही है। जिसके आधार पर यहां पर निर्माण कार्य को पूरा कराया जाएगा।
उत्पीड़न के खिलाफ सड़क पर उतरेंगे पहड़िया मंडी के व्यापारी
पहड़िया मंडी में मंगलवार को वीडीए और मंडी समिति के अधिकारियों के बीच विवाद के बाद व्यापारी सड़क पर उतरने की तैयारी में हैं। मंडी समिति के मीडिया प्रभारी सुरेश तुलस्यान ने बताया कि अधिकारी उनके साथ उत्पीड़न कर रहे हैं। व्यापारियों का कहना है कि वह सीएम योगी से गुहार लगाएंगे। आरोप है कि साप्ताहिक बंदी के दिन व्यापारियों के गोदामों का ताला तोड़कर फल और सब्जियों को बाहर फेंक दिया गया।
गल्ला में जमा रकम भी लूट ली गई। घटना से व्यापारी आक्रोशित हैं। प्रशासन की कार्रवाई का महानगर उद्योग व्यापार समिति के अध्यक्ष प्रेम मिश्रा, महामंत्री अशोक जायसवाल, उपाध्यक्ष अनुज डिडवानिया, रजनीश कनौजिया, गोकुल शर्मा, सुरेश तुलस्यान, कोषाध्यक्ष पंकज अग्रवाल, राहुल मेहता, मंत्री सुजीत गुप्ता, मनीष गुप्ता, शैलेश गुप्ता बमबम ने विरोध किया है।
अवैध प्लॉटिंग कराएं ध्वस्त : वीडीए सचिव
वीडीए सचिव डॉ. वेद प्रकाश मिश्रा ने बुधवार को वीडीए में बैठक की। उन्होंने शमन मानचित्र, स्वीकृत शमन मानचित्र, तावान, शमन शुल्क की वसूली, आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त जन शिकायतों पर निगेटिव फीडबैक पर कार्य करने को कहा। अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। अनधिकृत रूप से संचालित पेट्रोल, डीजल, सीएनजी फिलिंग स्टेशनों के खिलाफ कार्रवाई कर शीर्ष 10 बकाएदारों पर कार्रवाई करने को कहा। एक मानचित्र स्वीकृत करने के साथ 36,82,570 रुपये वीडीए कोष में जमा कराया गया।
प्रशिक्षण शिविर के लिए 36 का चयन
उत्तर प्रदेश कबड्डी संघ की ओर से प्रदेश स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता के लिए बुधवार को सिगरा स्टेडियम में खिलाड़ियों का चयन ट्रायल हुआ। इस ट्रायल में प्रदेश भर से बालक-बालिका वर्ग में 277 कबड्डी खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
बालक वर्ग में 191 और बालिका वर्ग में 86 खिलाड़ियों ने अपना दमखम दिखाया। चयनकर्ताओं ने बालक और बालिका वर्ग में 18-18 खिलाड़ियों को प्रदेश स्तरीय टीम के संभावित सदस्यों के रूप में चुना। यह खिलाड़ी मेरठ में 15 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में अनुभवी प्रशिक्षकों की निगरानी में प्रशिक्षण लेंगे। इस दौरान खिलाड़ियों के कौशल और प्रदर्शन के मूल्यांकन के बाद प्रदेश स्तरीय टीम के लिए अंतिम खिलाड़ियों के नामों की घोषणा की जाएगी। महिला वर्ग में चयनित खिलाड़ियों में छह वाराणसी से हैं।
जेसीबी और ट्रैक्टर पुलिस ने सीज किया
पांडेयपुर क्षेत्र में बेसमेंट के लिए खोदाई के काम में लगी एक जेसीबी और ट्रैक्टर को खनन अधिकारी दिनेश मोदी ने सीज कर लालपुर पांडेयपुर थाने की पुलिस को सौंप दिया। इंस्पेक्टर लालपुर पांडेयपुर राजीव कुमार सिंह ने बताया कि खनन अधिकारी ने एक जेसीबी और एक ट्रैक्टर को सीज कर खड़ा कराया है।
13 परीक्षा केंद्रों पर 3751 ने दी परीक्षा, 1748 अनुपस्थित
संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद की ओर से बुधवार को पॉलिटेक्निक की प्रवेश परीक्षा जिले में 13 परीक्षा केंद्रों पर तीन पालियों में हुई। केंद्रों में बायोमेट्रिक के बाद परीक्षार्थियों को प्रवेश दिया गया। प्रथम पाली में पंजीकृत 2247 परीक्षार्थियों में 1450 परीक्षार्थी शामिल हुए, जबकि 529 ने परीक्षा छोड़ दी। द्वितीय पाली में 2311 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इसमें से 1126 परीक्षार्थी शामिल हुए, जबकि 649 ने परीक्षा छोड़ दी।
तीसरी पाली में पंजीकृत 2345 परीक्षार्थियों में 1175 शामिल हुए और 570 अनुपस्थित रहे। वहीं रसायन विज्ञान के सूत्रों से परीक्षार्थी उलझे रहे। परीक्षार्थी साहिल ने बताया कि गणित के सूत्रों ने उलझाया था जबकि सुमन गुप्ता ने बताया कि रासायनिक में आसान सवाल पूछे गए।
परीक्षा नोडल अधिकारी प्रमोद कुमार ने कहा कि तीनों केंद्रों पर शांतिपूर्वक ढंग से परीक्षा संपन्न कराई गई। पहली पाली सुबह 8 से 10.30 बजे, दूसरी दोपहर 12 से 2.30 बजे तक और तीसरी पाली शाम 4 से 6.30 बजे तक थी।
समाजशास्त्र, शिक्षाशास्त्र एवं अर्थशास्त्र के छात्र ले सकते हैं मनोविज्ञान में दाखिला
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के एमए मनोविज्ञान में समाजशास्त्र, सामाजिक कार्य, गृहविज्ञान, शिक्षा शास्त्र और अर्थशास्त्र के छात्र भी प्रवेश ले सकते हैं। विभागाध्यक्ष प्रो. शेफाली वर्मा ठकराल ने बताया कि मनोविज्ञान विभाग के एमए (मनोविज्ञान) पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए वे छात्र भी पात्र हैं, जिन्होंने समाजशास्त्र, सामाजिक कार्य, अर्थशास्त्र, गृह विज्ञान या शिक्षा में स्नातक स्तर की पढ़ाई की है।
बीएचयू और ट्रॉमा सेंटर में अव्यवस्था को लेकर सौंपा ज्ञापन
बीएचयू अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर में अव्यवस्थाओं को लेकर छात्र नेताओं ने प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन संसदीय कार्यालय में दिया। ज्ञापन की एक कॉपी शिक्षामंत्री को भी भेजी गई है। छात्रनेता डॉ. मृत्युंजय तिवारी आजाद के नेतृत्व में नेताओं ने कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव से भी कार्रवाई की मांग की।
छात्र नेताओं ने कहा है कि अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर में बाउंसर की तैनाती की व्यवस्था खत्म होनी चाहिए। यहां कई तरह की अव्यवस्थाएं भी हैं, जिसकी वजह से मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। डॉ. मृत्युंजय ने बताया कि मामले में विधायक ने हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया है। इस दौरान अभिषेक सिंह काली, अभय सिंह मिक्कू मौजूद रहे।