फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Varanasi News Today: वाराणसी में एयर गन से कुत्ते को गोली मारने का आरोप, दो लोगों की मौत; पढ़ें खबरें

Sun, 10 May 2026 03:58 PM IST
Aman Vishwakarma अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

Varanasi News: वाराणसी के कैंट थाना क्षेत्र में लोगों ने आरोप लगाया कि एक व्यक्ति ने एयर गन से कुत्ते को गोली मारी है। मामला दर्ज कर लिया गया है। वहीं, दो हादसों में दो लोगों ने अपनी जान गंवा दी। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विज्ञापन
वाराणसी की खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

Varanasi News in Hindi: कैंट थाना क्षेत्र के खजूरी में इंद्रानगर कॉलोनी में एक व्यक्ति पर कुत्ते के बच्चे को एयर गन से गोली मारने का आरोप लगा है। घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया और लोग मौके पर जुट गए। बताया जा रहा है कि कुत्ते ने आरोपी के मकान के सामने गंदगी कर दी थी। 

विज्ञापन


इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने कथित तौर पर एयर गन से गोली चला दी, जिससे कुत्ता घायल हो गया। गार्ड और लोगों के अनुसार कुत्ता काफी देर तक दर्द से तड़पता रहा। घटना की जानकारी फैलते ही कॉलोनीवासियों ने नाराजगी जताई और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। लोगों का कहना है कि बेजुबान जानवरों के साथ इस तरह की क्रूरता समाज में गलत संदेश देती है और इसे किसी भी हाल में स्वीकार नहीं किया जा सकता। लोगों ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।

पोखरे में डूबने से मौत
चितईपुर थाना क्षेत्र के भिखारीपुर पोखरे में शनिवार शाम 40 साल के अज्ञात शख्स की डूबने से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने एसडीआरएफ की मदद से पोखरे में तलाशी अभियान चलाकर शव को बाहर निकलवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। थाना प्रभारी राकेश कुमार गौतम ने बताया कि पुलिस जांच में जुटी है।
विज्ञापन


ट्रैक्टर की टक्कर से युवक की मौत, भतीजा घायल
लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के छोटा लालपुर बेलवा बाबा देवा महिला विद्यालय के सामने शनिवार सुबह तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाइक सवार 24 साल के किशन की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। भाई संजय कुमार निवासी चौबेपुर खुर्द थाना चोलापुर ने अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि चालक की तलाश की जा रही है। 

दो जेसीबी से 30 करोड़ की सरकारी संपत्ति मुक्त
सरकारी संपत्तियों पर अवैध कब्जे के खिलाफ नगर निगम का अभियान जारी है। कंदवा के बाद अब निगम की टीम ने चौकाघाट राजकीय आयुर्वेद कॉलेज के पास मुख्य मार्ग पर बड़ी कार्रवाई की। अवैध रूप से कब्जाई गई 12 बिस्वा सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया। बाजार दर के अनुसार इस भूमि की कीमत 30 करोड़ रुपये है। 

चौकाघाट मार्ग पर कुछ दबंगों ने बंजर भूमि पर टिनशेड और दीवार खड़ी कर अवैध कब्जा कर रखा था। यहां न केवल गाड़ियां खड़ी की जा रही थीं, बल्कि व्यापारिक गतिविधियां भी थीं। शिकायत मिलने पर नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने जमीन की जांच कराई। भूमि के बंजर होने की पुष्टि हुई। इसके बाद नगर आयुक्त ने सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव को जमीन कब्जा मुक्त कराने का निर्देश दिया। 

अस्पताल निर्माण में बाधा डालने पर चार गिरफ्तार
चौबेपुर थाना क्षेत्र के राजवारी गांव में निर्माणाधीन राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय के भवन निर्माण कार्य में बाधा डालने और मजदूरों को धमकाने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों वैभव पांडेय, दीपक पांडेय, भोला देव और पवन पांडेय को गिरफ्तार किया है। क्षेत्रीय आयुर्वेदिक और यूनानी अधिकारी डॉ. अरविंद कुमार की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज हुई थी। आरोप है कि इन लोगों ने निर्माण कार्य रुकवाकर सुपरवाइजर और मजदूरों को धमकाकर भगा दिया। प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई जारी है। 

जमीन कब्जे के लिए मारपीट
कपसेठी थाना क्षेत्र के जईपुर गांव में जमीन पर कब्जे को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। पीड़िता प्रमिला देवी पत्नी हृदय नारायण ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि पड़ोसी लालचंद, नखडू और बूढ़े उनके मकान के पास पिलर गाड़कर जमीन कब्जाने का प्रयास कर रहे थे। विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडा, रॉड और रम्मा से हमला कर दिया, जिससे प्रमिला देवी और उनके पति घायल हो गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। थाना प्रभारी विकास कुमार मौर्य ने बताया कि जांच की जा रही है। 

देवर ने ईंट से मारकर महिला को किया घायल
रोहनिया थाना क्षेत्र के अमरा खैरा गांव में पारिवारिक विवाद के दौरान प्रियंका वर्मा घायल हो गई। प्रियंका वर्मा, पत्नी हौसिला पटेल घर की छत पर टहल रही थीं। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके देवर सिमांत पटेल से कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर सिमांत ने ईंट से हमला कर दिया, जिससे प्रियंका घायल हो गईं। परिजनों ने उपचार कराया। पीड़िता की तहरीर पर रोहनिया थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। 

ट्रांसपोर्टर से लूटपाट और मारपीट में प्राथमिकी दर्ज 
शिवपुर थाना क्षेत्र में चांदमारी पुल के पास कार सवार युवक से लूटपाट और मारपीट के मामले में अल्लोपुर चोलापुर निवासी अनुज सिंह ने प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 8 मई की दोपहर कार से जा रहे थे। टाटा पंच कार सवार चंद्रप्रकाश सिंह रघुवंशी उर्फ भोले और उसके साथियों ने उनकी गाड़ी को ओवरटेक कर रोक लिया। 

आरोप है कि बदमाशों ने लोहे की रॉड से हमला कर उन्हें कार से नीचे खींच लिया और जमकर पीटा। गले से चेन, रुद्राक्ष की माला और 82 हजार रुपये लूट लिए। आरोपियों ने गालीगलौज कर जान से मारने की धमकी दी। थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि  सीसी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है। 

गालीगलौज और धमकी देने वाले दो युवक गिरफ्तार
लंका थाना क्षेत्र के नगवा पुलिस चौकी के पास शनिवार सुबह वाहन को पास देने को लेकर विवाद में शुभम पटेल उर्फ धर्मेंद्र, निवासी चंदन नगर करौंदी चितईपुर और सूरज कुमार वर्मा को पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच के बाद गिरफ्तार कर किया। आरोप है कि स्कॉर्पियो सवार दोनों युवकों ने हूटर बजाते हुए बीच सड़क पर गालीगलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इतना ही नहीं आरोपियों ने बीच सड़क वाहन रोकर यातायात व्यवस्था प्रभावित की। 

पुलिस के अनुसार, संत रघुवर नगर साईं टेंपल सिगरा निवासी मनीष यादव शादी समारोह से लौट रहे थे। इसी दौरान पास लेने में थोड़ी देर होने पर स्कॉर्पियो सवार शुभम पटेल उर्फ धर्मेंद्र, निवासी चंदन नगर करौंदी चितईपुर और सूरज कुमार वर्मा भड़क गए। आरोप है कि दोनों ने नगवा चौकी के पास वाहन रोककर अभद्रता की और धमकी देने लगे। प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। 

ईंट भट्ठे पर नकली शराब बनाने का भंडाफोड़
चोलापुर थाना क्षेत्र के धर्मपुर गांव में एक ईंट भट्ठे पर पुलिस ने छापा मारकर नकली शराब बनाने वाले अमावस, राजकुमार निवासी रौनाकला थाना चोलापुर और सुशील उरांव को गिरफ्तार किया। पुलिस ने शराब बनाने में प्रयोग उपकरण और भारी मात्रा में सामग्री बरामद की। पुलिस के अनुसार, ईंट भट्ठे पर लंबे समय से अवैध शराब बनाने का काम किया जा रहा था। थाना प्रभारी आईपीएस मानसी दहिया ने बताया कि मौके से 50 लीटर यूरिया मिश्रित अवैध शराब, 1250 लीटर लहन और शराब बनाने में प्रयुक्त उपकरण बरामद हुआ। बरामद लहन को मौके पर ही नष्ट करा दिया गया। 

सीएससी संचालक से लूट की कोशिश नाकाम
बड़ागांव थाना क्षेत्र में काजीसराय में शनिवार रात जन सेवा केंद्र संचालक जावेद अली से लूट की कोशिश हुई। सूझबूझ दिखाते हुए संचालक ने खुद को बचा लिया, जबकि स्थानीय लोगों ने भरत पटेल निवासी भरतपुर को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी शिक्षक है। 

काजीसराय निवासी जावेद अली शनिवार रात आठ बजे दुकान बंद करने की तैयारी में था, तभी बाइक से एक युवक वहां पहुंचा और कैश निकालने की बात कहने लगा। जावेद ने दुकान बंद होने की बात कही तो युवक वहीं रुक गया। 15 मिनट तक वह मोबाइल पर बात करता रहा और आसपास नजर रखता रहा। 

सड़क सुनसान होते ही युवक ने कमर से पिस्टल निकालकर जावेद पर तान दी और कैश देने की धमकी दी। घबराने के बजाय जावेद ने समझदारी दिखाई और कहा कि रुपये पीछे कमरे में रखे हैं। इसके बाद वह अंदर गया और पीछे के रास्ते बाहर निकलकर शोर मचाने लगा। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी के पास से पिस्टल और बाइक बरामद कर पूछताछ की जा रही है। 

रेस्टोरेंट साझेदारी में 28 लाख हड़पने का आरोप
अस्सी निवासी शोभा नायर ने दशाश्वमेध थाने में गोदौलिया के लक्ष्मनपुरा निवासी वीरेंद्र सेठ, पुत्र राहुल सेठ और रेस्टोरेंट मैनेजर नरेंद्र तिवारी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। तहरीर में शोभा नायर ने आरोप लगाया कि पति विकास नायर ने वीरेंद्र सेठ के मकान में उनके साथ मिलकर रेस्टोरेंट खोला था। आरोप है कि कारोबार में लगाए गए 28 लाख हड़पने की नीयत से आरोपियों ने साजिश रची। आरोपियों ने एक युवती से उनके पति पर छेड़खानी का झूठा मामला दर्ज करा दिया, ताकि उन्हें कारोबार और निवेश से बाहर किया जा सके। थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। 
 
वाराणसी से चोरी कर बिहार में बेचते थे बाइक
मुगलसराय कोतवाली पुलिस ने शनिवार को बाइक चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया। गिरोह के लोटन पाल, सचिन और ऋतिक को गिरफ्तार किया। चोरी की पांच बाइक, एक तमंचा और कारतूस बरामद किए। तीनों आरोपी बनारस के हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे चंदौली के अलावा गाजीपुर और बनारस से बाइक चोरी कर उसे बिहार ले जाकर बेचते थे। 

सीओ पीडीडीयू नगर अरूण कुमार सिंह ने बताया कि मुगलसराय कोतवाली पुलिस की टीम नगर में वीआईपी गेट के समीप वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इस  दौरान सूचना मिली कि कुढ़े खुर्द गांव में तालाब के पास कुछ युवक बाइक के साथ खड़े है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीन युवकों को पकड़ लिया। आरोपियों की पहचान लोटन पाल, सचिन निवासी सेनपुरा थाना चेतगंज और ऋतिक निवासी जलालीपुरा वाराणसी के रूप में में हुई। 

बड़े भाई ने काशी में किया भारत का अंतिम संस्कार
सिगरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह मलदहिया के विनायक प्लाजा की बिल्डिंग से कूदकर आत्महत्या करने वाले आंध्र प्रदेश निवासी भारत खन्ना के परिजन शनिवार को काशी पहुंचे।  बड़े भाई राजेश समेत अन्य रिश्तेदार शामिल थे। सिगरा पुलिस की मौजूदगी में पोस्टमार्टम और अन्य कार्रवाई पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। 

थाना प्रभारी संजय मिश्रा ने बताया कि परिजनों ने भारत का अंतिम संस्कार काशी में ही किया। राजेश ने बताया कि भारत उदो वर्ष छोटा था और कैंसर की बीमारी से पीड़ित था। वह 27 अप्रैल को वाराणसी जाने की बात कहकर आंध्र प्रदेश से निकला था। यहां पहुंचने के बाद उसकी परिजनों से बातचीत भी हुई, लेकिन बाद में उससे संपर्क नहीं हो सका। 

वहीं, पुलिस ने दशाश्वमेध क्षेत्र के उस होटल की भी जांच की, जहां मृतक ठहरा हुआ था। जांच के दौरान वहां खून से सना ब्लेड मिला। आशंका जताई जा रही है कि उसने पहले होटल में ही आत्महत्या का प्रयास किया था। घटना स्थल पर पुलिस और फॉरेंसिक जांच में मृतक के शरीर पर कई जगह कटने के निशान मिले थे। उसके हाथ और गर्दन के पास भी घाव के निशान पाए गए। 

कैंट रेलवे स्टेशन के बाहर हटाया अतिक्रमण
उत्तर रेलवे के कैंट रेलवे स्टेशन के बाहर शनिवार को अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाया गया। रेलवे सुरक्षा बल, जीआरपी, नगर निगम, पुलिस की संयुक्त टीम ने मुख्य प्रवेश द्वार के पास से ठेला और अन्य दुकानों को हटवाया। लोगों का सामान भी जब्त कर लिया। कैंट रेलवे स्टेशन के निदेशक अर्पित गुप्ता ने बताया कि पिछले दिनों नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के साथ चर्चा कर संयुक्त अभियान चलाने की रणनीति बनाई गई थी। 

शनिवार को नगर निगम के विशेष दस्ते ने अतिक्रमण हटवाया। बताया कि अवैध ठेलों के खड़े रहने से जहां एक ओर स्टेशन का मार्ग अवरुद्ध होता था, सड़क पर जाम लगता था तो दूसरी और उनकी ओर से फैलाए जा रहे कचरे से सफाई प्रबंधन में भी बाधा होती थी। इस दौरान अपर नगर आयुक्त संगम लाल, उपनगर आयुक्त जितेंद्र आनंद, राजन सिंह यादव आदि लोग मौजूद रहे। 

नियमों के उल्लंघन पर 290 वाहनों का चालान
गोमती जोन में अवैध पार्किंग और यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ शनिवार को चेकिंग अभियान चलाया गया। थाना और चौकी प्रभारियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग, राज्य मार्ग और प्रमुख सड़कों पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने को कहा। चेकिंग में 290 वाहनों का चालान किया गया। 81 दोपहिया, 52 तीनपहिया, 57 चारपहिया और 100 भारी वाहन शामिल रहे। पुलिस के अनुसार, 133 वाहनों का गलत दिशा में चलने, 45 वाहनों की ओवर स्पीडिंग और 112 वाहनों का अवैध पार्किंग में चालान किया गया। सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों को हटाया गया। डीसीपी नीतू कादयान ने स्पष्ट किया कि अभियान आगे भी जारी रहेगा। 

डीआरएम ने परखीं सुविधाओं की हकीकत
पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी के मंडल रेल प्रबंधक(डीआरएम) आशीष जैन ने शनिवार को वाराणसी सिटी रेलवे स्टेशन पहुंचकर यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं का जायजा लिया। वरिष्ठ मंडल इंजीनियर आयुष कुमार सिंह के साथ ट्रेन नंबर 15130 का निरीक्षण किया। इसके साथ ही स्टेशन पर यात्री सुख सुविधाओं में  मुख्य प्रवेश द्वार,दिव्यांग यात्री सुविधाओं,स्टेशन भवन, टिकट काउंटर, प्लेटफार्मों, पर चल रहे यात्री सुविधा विकास कार्यों समेत निर्माणाधीन पैदल उपरगामी पुल समेत यात्री सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों और कार्य कराने वाले जिम्मेदार लोगों से तय सीमा में काम पूरा कराने को कहा। 

पेट, लिवर की बीमारी पर दो दिन मिलेगा परामर्श
बांसफाटक स्थित हिन्दू सेवा सदन चिकित्सालय में अब पेट, लिवर एवं पैंक्रियाज रोगों के विशेषज्ञ डॉ. अभिजीत राय मरीजों को परामर्श देंगे। चिकित्सालय प्रबंध समिति के राजेंद्र मोहन शाह ने बताया कि मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विशेषज्ञ डॉ. अभिजीत राय पेट, लीवर, पाचन तंत्र और पैंक्रियाज से जुड़ी जटिल बीमारियों वाले मरीजों को देखेंगे। इसके लिए हर बुधवार और शनिवार प्रातः 10 बजे से 11 बजे तक मरीज परामर्श ले सकेंगे। 

कर्मचारियों ने दी आंदोलन की चेतावनी
उत्तर प्रदेशीय चतुर्थ श्रेणी राज्य कर्मचारी महासंघ के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को बेसिक शिक्षा अधिकारी से कर्मचारियों की लंबित समस्याओं को लेकर नाराजगी जताई। महासंघ ने चेतावनी दी कि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो कर्मचारियों को धरना-प्रदर्शन के लिए बाध्य होना पड़ेगा। महासंघ के जिलाध्यक्ष बद्री प्रसाद ने कहा कि 16 फरवरी को भी पांच सूत्रीय मांगपत्र बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय को सौंपा गया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।  प्रतिनिधिमंडल में गंगा राम, राधिका रंजन तिवारी, शहजाद अहमद, चंचल मौर्य, आलोक शास्त्री रहे। 

पर्यटक का खोया पर्स 10 मिनट में मिला
नमो घाट पर भ्रमण और गश्त के दौरान पर्यटक थाने की टीम ने तत्परता दिखाते हुए एक पर्यटक का खोया पर्स मात्र 10 मिनट में उसे वापस सौंप दिया। उप निरीक्षक अंकित कुलश्रेष्ठ ने बताया कि बलरामपुर निवासी पर्यटक रोशन यादव ने सूचना दी कि उनका पर्स कहीं गिर गया है, जिसमें 8 हजार रुपये और जरूरी दस्तावेज थे। पर्यटक ने कार्रवाई की सराहना की। 

किशोरियों को समय से एचपीवी का टीकाकरण जरूरी, कम होगा प्रभाव
आईएमएस बीएचयू में चलने वाले साथिया केंद्र की ओर से शनिवार को किशोरियों को एचपीवी (हयूमन पेपिलोमा वायरस) के कारण, बचाव के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान विशेषज्ञों ने कहा कि वायरस के प्रभाव को कम करने के लिए समय से एचपीवी टीकाकरण बहुत जरूरी है।

नरिया के सनराइज कॉन्वेंट स्कूल में ममता हेल्थ इंस्टीट्यूट फॉर मदर एंड चाइल्ड, नई दिल्ली और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन उत्तर प्रदेश सरकार के सहयोग से हुए कार्यक्रम में किशोरियों को पोषण, मासिक धर्म स्वास्थ्य एवं स्वच्छता पर ध्यान देने के लिए प्रेरित किया गया। आईएमएस बीएचयू के प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग में डॉ. शुचि जैन ने कहा कि समग्र स्वास्थ्य के लिए संतुलित आहार, नियमित शारीरिक व्यायाम, पर्याप्त नींद और जीवनशैली में बदलाव जरूरी है। ऐसा करने से जीवन में कोई परेशानी नहीं होती है। 

डॉ. जैन ने किशोरियों को मासिक धर्म चक्र की अवधि, सैनिटरी नैपकिन का उचित निस्तारण, और संक्रमण से बचाव के लिए स्वच्छता बनाए रखने की बात कही। काउंसलर सौम्या ने एडोलसेंट क्लिनिक के बारे में बताया कि क्लीनिक के माध्यम से किशोरों और युवाओं के लिए क्लिनिकल और परामर्श सेवाएं प्रदान की जाती है। समापन समन्वयक जीएस त्रिपाठी ने किया। 

शहर में बनेंगे 18 नए ओवरहेड टैंक और 22 भूमिगत जलाशय
वाराणसी शहर में पेयजल आपूर्ति बेहतर करने के लिए 18 नए ओवरहेड टैंक और 22 भूमिगत जलाशयों का निर्माण कराया जाएगा। इस योजना का मुख्य उद्देश्य शहर के उन इलाकों तक सुचारु रूप से पानी पहुंचाना है।

पेयजल आपूर्ति के बुनियादी ढांचे को नया स्वरूप देने के लिए प्रभावित वार्डों में नई पाइपलाइनें बिछाई जाएंगी। पानी के भंडारण और उचित दबाव सुनिश्चित करने के लिए नए ओवरहेड टैंक और भूमिगत जलाशय बनाए जाएंगे।  इसके लिए भेलूपुर में कंट्रोल रूम बनाया गया है, जहां से जलापूर्ति व्यवस्था की निगरानी की जा रही है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के निर्देश पर जल निगम ने योजना पर काम शुरू कर दिया है। 

उधर, शहर के दक्षिणी छोर पर स्थित डाफी क्षेत्र की अशोकपुरम कॉलोनी के निवासियों के लिए राहत भरी खबर है। लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या को दूर करने के लिए नगर निगम ने ठोस कदम उठाया है। मेयर अशोक कुमार तिवारी ने शनिवार को विधि-विधान से पूजन कर नलकूप रिबोर कार्य की आधारशिला रखी। 

गोवंशों की सेवा को सामाजिक सरोकार से जोड़ें 
पशुपालन विभाग के निदेशक (प्रशासन व विकास) डॉ. मेमपाल सिंह ने शनिवार सुबह 11 बजे पिंडरा विकास खंड के आदर्श गोवंश आश्रय स्थल थाने का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गोवंशों की स्थिति देख प्रशंसा की। निदेशक ने 150 गोवंशों वाले आश्रय स्थल के प्रजनन क्षमता वाले गायों के साथ दुधारू गायों के बाबत जानकारी ली। 

उन्होंने निरीक्षण के दौरान भूसा, चारा, दाना के रखरखाव व स्टॉक रजिस्टर को देखा। 25 प्रजनन क्षमता वाले गायों के रखरखाव के तरीके को देखा। ग्राम प्रधान जयसिंह व सेक्रेटरी संतोष मौर्य से और बेहतर काम करने को कहा। वहीं, केयर टेकर महेंद्र कश्यप व जनेई राम से गोवंशों के रखरखाव पर प्रश्न पूछे। इस दौरान अपर निदेशक डॉ. आरबी राम, सीएमओ पशु डॉ. आलोक कुमार सिंह, डिप्टी सीएमओ डॉ. ओपी पांडेय, पशुधन प्रसार अधिकारी संजय कुमार और भरत कुमार माैजूद रहे। 

सपा की टिप्पणी कुंठित मानसिकता का प्रमाण : भाजपा
समाजवादी पार्टी के मीडिया सेल की ओर से केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री एवं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी पर की गई अमर्यादित टिप्पणी को लेकर भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने कड़ा आक्रोश व्यक्त किया है। भाजपा नेताओं ने इसे समाजवादी पार्टी की कुंठित मानसिकता और राजनीतिक विकृति का परिचायक बताते हुए लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ करार दिया।

भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष दिलीप पटेल ने कहा कि महाराजगंज से सात बार सांसद रहे और केंद्र सरकार में मंत्री के रूप में कार्य कर रहे पंकज चौधरी के खिलाफ समाजवादी पार्टी के सोशल मीडिया हैंडल से जिस प्रकार की टिप्पणी की गई है, वह अत्यंत अमर्यादित और दुर्भाग्यपूर्ण है। इसकी जितनी भी निंदा की जाए कम है। उन्होंने कहा कि अपने आपको पिछड़ों, दलितों और अल्पसंख्यकों की हितैषी बताने वाली समाजवादी पार्टी वास्तव में इन वर्गों का केवल वोट बैंक की राजनीति के लिए इस्तेमाल करती है, उनके प्रति सम्मान की भावना नहीं रखती।

मीडिया प्रभारी नवरतन राठी ने कहा कि लोकतंत्र में वैचारिक मतभेद होना स्वाभाविक है, लेकिन व्यक्तिगत टिप्पणी और अभद्र भाषा का प्रयोग राजनीतिक मर्यादाओं के खिलाफ है। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी लगातार अपने राजनीतिक संस्कारों का स्तर गिरा रही है और जनता सब देख रही है। 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता इसका जवाब देगी। 

संतोष सोलापुरकर ने कहा कि पंकज चौधरी जैसे वरिष्ठ नेता, जिन्होंने लंबे समय तक जनता की सेवा की है, उनके खिलाफ इस तरह की भाषा का प्रयोग केवल राजनीतिक हताशा और मानसिक संकीर्णता को दर्शाता है। मौके पर प्रदेश प्रवक्ता अशोक पांडेय, क्षेत्र मंत्री राजेश राजभर, अनिल श्रीवास्तव, श्रीप्रकाश शुक्ला, नंदजी पांडेय, सुरेन्द्र पटेल, सुरेश सिंह, जयसिंह पाल और अरविंद पांडेय मौजूद रहे।

टीबी मुक्त भारत अभियान में जुटेंगे दवा विक्रेता
वाराणसी जिले में अब टीबी मरीजों का डाटा ऑनलाइन सरकारी पोर्टल पर अपलोड होगा। इसे लिए स्वास्थ्य और ड्रग विभाग मिलकर काम करेंगे। दोनों विभाग अब जिले के दवा कारोबारियों से प्रतिदिन का डाटा विभाग की वेबसाइट पर अपलोड कराएंगे। इसके लिए दवा कारोबारियों को  प्रशिक्षण दिया जाएगा। मंडलीय अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड सभागार में शनिवार को जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. पीयूष राय की अध्यक्षता में दवा कारोबारियों की बैठक हुई। इसमें उन्हें अभियान के बारे में जानकारी दी गई। इस दाैरान महामंत्री संजय सिंह ने कहा है कि यह कार्य राष्ट्रीय महत्व का है, अतः इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या डेटा छिपाने की स्थिति में संबंधित विक्रेता के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जा सकती है। 

घूस लेने का आरोपी क्लर्क निलंबित विभागीय जांच शुरू
अधिशासी अभियंता सातवें के कार्यालय से 8 मई को जिस क्लर्क सौरभ जैन को 30 हजार रुपये रिश्वत लेने के आरोप में एंटी करप्शन टीम ने पकड़ा था। उसको निलंबित कर दिया गया है। इसका आदेश भी निगम की ओर से जारी कर दिया गया है। साथ ही सौरभ के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। इसके अलावा डीपीएच पर तैनात रहे जेई नवनीत को पहले ही निलंबित किया जा चुका है। संविदाकर्मी को भी हटाया जा चुका है। 

राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल ने 3 सड़कों का किया लोकार्पण
स्टाम्प एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री रविंद्र जायसवाल ने शनिवार को शहर उत्तरी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत अकथा क्षेत्र में त्वरित निधि, पूर्वांचल निधि व डूडा निधि से स्वीकृत 3 सड़क नवनिर्माण कार्य का लोकार्पण किया।

मंत्री ने अकथा चौराहे के पास स्थित वशिमठ उपवन से 100 मीटर पूर्व जय सिंह के मकान से बद्री प्रसाद गुप्त के मकान तक सड़क निर्माण दूरी 60 मीटर लागत 10-02 लाख डूडा निधि, वार्ड नंबर 30 उषा भवन श्रीनगर अकथा में 30 मीटर लंबा इंटरलाकिंग का कार्य लागत 2.71 लाख पूर्वांचल निधि और 6.28 लाख की लागत से त्वरित निधि से अकथा वार्ड अंतर्गत श्रीनगर फेस-2 में कच्चे मार्ग पर बने इंटरलाकिंग का कार्य का लोकार्पण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि अन्य जिन कार्यों को स्वीकृत किया गया है। उन कार्यों को भी युद्ध स्तर पर मानक के अनुरूप गुणवत्ता के साथ पूरा कराकर शीघ्र लोकार्पित कराएं। 

नो व्हीकल जोन बना अवैध पार्किंग और वसूली का अड्डा
पर्यटन स्थल की गरिमा इन दिनों अव्यवस्था और विभागीय लापरवाही की भेंट चढ़ती नजर आ रही है। करोड़ों रुपये की लागत से तैयार किया गया नो व्हीकल जोन अब अवैध पार्किंग स्थल में तब्दील हो चुका है। पुरातात्विक संग्रहालय से मुख्य चौराहे तक बनाए गए गैदरिंग प्लाजा में खराब पड़ी हाइड्रोलिक बैरिकेडिंग का फायदा उठाकर लोग खुलेआम कार और बाइक खड़ी कर रहे हैं। 

स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस द्वारा लगाए गए अस्थायी बैरियर भी हटाए जा रहे हैं और क्षेत्र में नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ रही हैं। दुकानदारों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि यहां वाहन खड़ा करने और माल उतारने वाले वाहनों से उगाही हो रही है। पुलिस बूथ के आसपास कुछ प्राइवेट लोग पूरे दिन सक्रिय रहते हैं और अवैध वसूली का काम संभालते हैं। इस मामले में एसीपी विदुष सक्सेना ने जांच कर कार्रवाई करने की बात कही। 

विजय कपूर, सरला नारायण समेत 5 कलाकार नटराज सम्मान से सम्मानित
नटराज कला परिषद एवं नटराज संगीत अकादमी की ओर से आयोजित तीन दिवसीय काशी युवा संगीत महोत्सव का शनिवार को भव्य समापन हुआ। शास्त्रीय संगीत और नृत्य पर केंद्रित इस महोत्सव में बनारस सहित देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभागियों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। 

अंतिम संध्या में डॉ. मधुमिता चटर्जी के शास्त्रीय गायन ने श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम का आयोजन भगवानपुर स्थित सनबीम स्कूल के सिम्फनी सभागार में किया गया। समापन समारोह में विद्यालय की प्रिंसिपल मौसमी चटर्जी, प्रसिद्ध तबला वादक पंडित किशोर मिश्रा तथा प्रयागराज से आईं प्रतिष्ठित कथक नृत्यांगना उर्मिला शर्मा प्रमुख रूप से उपस्थित रहीं। 

कांचीपुरम के छह बुनकर 5000 शिल्पकारों को देंगे इलेक्ट्रॉनिक जैकार्ड हैंडलूम का प्रशिक्षण
वाराणसी। काशी की विश्वप्रसिद्ध बनारसी साड़ी की चमक अब तकनीक के सहारे और बढ़ने वाली है। वाराणसी में जल्द ही इलेक्ट्रॉनिक जैकार्ड हैंडलूम तकनीक का पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया जाएगा, जिससे पारंपरिक करघों को आधुनिक तकनीक से जोड़ा जा सकेगा। इसके तहत कांचीपुरम के छह बुनकरों को मास्टर ट्रेनर के रूप में चुना गया है, जो बनारस के 5000 शिल्पकारों को इलेक्ट्रॉनिक जैकार्ड हैंडलूम का प्रशिक्षण देंगे।

वाराणसी में शुरुआती चरण में इस तकनीक की दो मशीनें स्थापित की जा रही हैं। इनमें एक मशीन वीवर्स सर्विस सेंटर, चौकाघाट में और दूसरी क्लस्टर से जुड़े एक हितधारक के यहां लगाई जाएगी। कांचीपुरम में छह दिवसीय विशेष प्रशिक्षण प्राप्त कर लौटे संत कबीर राज्य पुरस्कार विजेता बुनकर गौरव मौर्या समेत छह मास्टर ट्रेनर अब काशी के बुनकरों को इस अत्याधुनिक तकनीक की जानकारी देंगे।

बनारसी साड़ी ओडीओपी और जीआई टैग के तहत जिले का प्रमुख उत्पाद है। भारत सरकार के प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार कार्यालय की रूरल टेक्नोलॉजी एक्शन ग्रुप पहल के तहत आईआईटी रुड़की ने वाराणसी क्लस्टर का सर्वेक्षण कर बुनकरों की समस्याओं की पहचान की थी। इन समस्याओं के समाधान के लिए आईआईटी मद्रास ने इलेक्ट्रॉनिक जैकार्ड हैंडलूम तकनीक विकसित की है। यह तकनीक पारंपरिक करघों को आधुनिक सेंसर और बटन संचालित प्रणाली से जोड़ती है।

सोमनाथ धाम की सनातन यात्रा पर हुई राष्ट्रीय संगोष्ठी
राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय के इतिहास विभाग की ओर से शनिवार को “सोमनाथ धाम की सनातन यात्रा : अध्यात्म, संस्कृति और इतिहास का संगम” विषय पर एक दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों, शोध संस्थानों तथा अकादमिक जगत से जुड़े विद्वानों, शिक्षकों, शोधार्थियों और विद्यार्थियों ने सहभागिता की। 

कार्यक्रम का शुभारंभ मंगलाचरण के साथ हुआ। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. बृज किशोर त्रिपाठी ने अतिथियों का स्वागत किया। निदेशक उच्च शिक्षा प्रो. बीएल शर्मा ने कहा कि सोमनाथ धाम भारतीय संस्कृति की उस जीवंत परंपरा का प्रतीक है, जिसमें आस्था, इतिहास, संघर्ष और पुनर्निर्माण एक साथ दिखाई देते हैं। 

उन्होंने कहा कि ऐसे अकादमिक आयोजन नई पीढ़ी को अपनी सभ्यतागत जड़ों से जोड़ते हैं और भारतीय ज्ञान परंपरा को समकालीन विमर्श का हिस्सा बनाते हैं। मुख्य वक्ता डॉ. प्रवेश भारद्वाज ने सोमनाथ धाम को भारतीय सभ्यता की निरंतरता का प्रतीक बताया। उन्होंने सोमनाथ के विध्वंस और पुनर्निर्माण की ऐतिहासिक प्रक्रिया को भारत की संघर्षशील आत्मा और सांस्कृतिक धैर्य से जोड़ा। 

काशी व्यापार प्रतिनिधि मंडल ने उड़ाका दल का किया गठन
काशी व्यापार प्रतिनिधि मंडल ने व्यापारियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण और उनके हितों की सुरक्षा के लिए शनिवार को उड़ाका दल का गठन किया। संगठन के अध्यक्ष राकेश जैन ने उड़ाका दल के लिए तीन प्रमुख पदाधिकारियों के नामों की घोषणा करते हुए विपिन मेहता को दल का अध्यक्ष मनोनीत किया। उनके साथ मनोज वर्मा को महामंत्री और शिवम गुप्ता को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। राकेश जैन ने कहा कि नवनियुक्त पदाधिकारियों के नेतृत्व में यह दल संकट के समय व्यापारियों के साथ मजबूती से खड़ा होगा और उनकी आवाज बुलंद करेगा। संगठन के संरक्षक तिलकराज कपूर, अरुण केशरी और महामंत्री राजकुमार शर्मा सहित अन्य पदाधिकारियों ने खुशी जताई। 

भाजपाइयों ने गंगा में किया दुग्धाभिषेक
पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत पर भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा के पदाधिकारियों ने दशाश्वमेध घाट पर शनिवार को मां गंगा का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन और दुग्धाभिषेक किया। क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अनूप जायसवाल और क्षेत्रीय उपाध्यक्ष सोमनाथ विश्वकर्मा ने कहा कि गंगोत्री से गंगासागर तक भारतीय जनता पार्टी का परचम लहराया है।

बंगाल में लगभग 70 वर्षों बाद सनातन संस्कृति एवं हिंदू समाज को नई स्वतंत्रता और सम्मान प्राप्त हुआ है। इस मौके पर मारे गए उन कार्यकर्ताओं को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान ओमप्रकाश यादव ‘बाबू’, राजेश दुबे, विकास यादव, नवीन कसेरा, कृष्णकांत, धीरेंद्र शर्मा, शंकर जायसवाल, चंद्र विजय सिंह, कुलदीप वर्मा, संजय गुप्ता, राहुल श्रीवास्तव मौजूद रहे। 

श्रीराम बाबा हनुमान मंदिर होगा भव्य
पिंडरा विधानसभा क्षेत्र के सिंधोरा में आस्था के केंद्र और लगभग एक सदी पुराने श्रीराम बाबा हनुमान मंदिर की सूरत अब बदलने वाली है। पर्यटन विभाग ने इस प्राचीन मंदिर के जीर्णोद्धार और सुंदरीकरण का बीड़ा उठाया है। शासन की ओर से इस परियोजना के प्रथम चरण के लिए 95 लाख रुपये का बजट आवंटित कर दिया गया है, जबकि पूरे कायाकल्प की कुल अनुमानित लागत 1.90 करोड़ रुपये तय की गई है। स्थानीय मान्यताओं और मंदिर के पुजारी के अनुसार, यह मंदिर लगभग 80 से 100 वर्ष पुराना है। मंदिर की स्थापना श्रीराम बाबा द्वारा की गई थी। उन्हीं के सम्मान में इस स्थान को “श्रीराम बाबा मंदिर” के नाम से भी जाना जाता है। 

केंद्रीय विद्यालयों में शुरू हुई समर वैकेशन
जिले में स्थित सभी केंद्रीय विद्यालय संगठन के विद्यालयों में 8 मई से ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित कर दिया गया है। यह अवकाश 16 जून तक रहेगा। हालांकि इस दौरान विद्यालयों के कार्यालय खुले रहेंगे। केंद्रीय विद्यालय 39 जीटीसी के प्रधानाचार्य डॉ. सीबीपी वर्मा ने बताया कि बच्चों के लिए विशेष समर कैंप का आयोजन 13 मई से किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के परिप्रेक्ष्य में किसी एक भारतीय भाषा को आधार बनाकर विद्यार्थियों के लिए विभिन्न प्रकार की गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसमें आर्ट, म्यूजिक और अंत्याक्षरी के माध्यम से खेल-खेल में सीखने का अवसर प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम संयोजक एवं पीजीटी (हिंदी) अजीत भूषण राहुल ने बताया कि समर कैंप में 100 से अधिक विद्यार्थियों की सहभागिता रहेगी। 
विज्ञापन

रवींद्रनाथ के प्रयासों से कला और संगीत को मिला नया स्वरूप
बीएचयू के भारत अध्ययन केंद्र में शनिवार को कवि, साहित्यकार और दार्शनिक रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में वक्ताओं ने उनके साहित्य, कला, संगीत और शिक्षा के क्षेत्र में योगदान पर विस्तार से चर्चा की। मुख्य वक्ता हिंदी विभाग के आचार्य प्रो. अवधेश प्रधान ने कहा कि रवींद्रनाथ के प्रयासों से कला और संगीत का एक नया स्वरूप विकसित हुआ। उनके भारतबोध में भारतीयता, संस्कृति और विश्वमानवता की स्वर-लहरी गूंजती है।

कार्यक्रम में रवींद्रनाथ के साहित्य, शिक्षा-दर्शन, राष्ट्रचिंतन और विश्वमानवता के विभिन्न आयामों पर गंभीर विमर्श हुआ। प्रो. अवधेश प्रधान ने कहा कि रवींद्रनाथ केवल कवि या साहित्यकार नहीं थे, बल्कि आधुनिक भारत की सांस्कृतिक आत्मा के प्रतिनिधि चिंतक थे। उनका साहित्य भारतीय जीवन-दृष्टि, प्रकृति-सौंदर्य, आध्यात्मिक चेतना और मानवीय करुणा का विराट दस्तावेज है। उन्होंने कहा कि रवींद्रनाथ ने साहित्य के साथ-साथ विज्ञान, व्याकरण और शिक्षा के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण कार्य किया। 

उनका मानना था कि केवल भारत में जन्म लेने भर से भारतीयता का बोध नहीं हो जाता, बल्कि भारत की ज्ञान-परंपरा, लोकजीवन और सांस्कृतिक मूल्यों को समझना आवश्यक है। भारत को जानने से ही वास्तविक भारतीयता का विकास संभव है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें