फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Varanasi News Today: 9.49 लाख के पकड़े 4972 किलो खाद्य पदार्थ, दरोगा को जान से मारने की धमकी; पढ़ें खबरें

Sun, 19 Oct 2025 06:07 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

Varanasi News: वाराणसी में त्योहार को लेकर सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय ने अभियान चलाकर लाखों के मिलावटी पदार्थ पकड़े। वहीं, सिगरा थाने में दरोगा ने प्रार्थना पत्र देकर पड़ोसियों पर गंभीर आरोप लगाया है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विज्ञापन
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

Varanasi News in Hindi: दीपावली पर खाद्य प्रदार्थों में मिलावटखोरी के लिए 10 दिनों तक चले अभियान में 64 दुकानों पर छापे मारे गए। 9.49 लाख के 4972 किलो खाद्य पदार्थ जब्त के करने के साथ ही छेना, खोवा व मिठाईयां नष्ट कराए गए। जबकि 155 प्रतिष्ठानों की जांच कर 77 नमूने लिये।

विज्ञापन


सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय कौशलेन्द्र शर्मा ने बताया कि प्रदेश सरकार के निर्देश पर खाद्य विभाग की टीमें आठ अक्तूबर से लगातार छापेमारी की। उन्होंने छापे में 3463 किलो खाद्य पदार्थ जब्त और 1509 किलो खोया, पनीर, दुग्ध उत्पाद से निर्मित खाद्य पदार्थ, पेड़ा, बर्फी, गुलाब जामुन छेना, कलाकंद, पेठा के खराब पाए जाने पर नष्ट कराए। इन सभी की अनुमानित कीमत 949454 रुपये है।

छुट्टी पर घर आए दरोगा को पड़ोसियों ने जान से मारने की दी धमकी, केस
सिगरा थाना क्षेत्र के लल्लापुरा में मो. स्वाले की पड़ोसियों ने रंजिश में पिटाई कर दी। शुक्रवार को पीड़ित ने तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कराया। स्वाले सोनभद्र में उप निरीक्षक हैं। मो. स्वाले ने पुलिस को बताया कि पड़ोसी जैनुल बरार, जरीना बानो और मो. अकरम ने 20 मार्च को हमला किया। घर में लगा एसी का स्टैंड तोड़ दिया और दरवाजे में भी तोड़फोड़ की। गालीगलौज और जान से मारने की धमकी दी। उस समय छुट्टी पर घर आया था। इंस्पेक्टर संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि केस दर्ज किया गया है।

विज्ञापन
Trending Videos

बनारस रेलवे स्टेशन पर लिफ्ट, एस्केलेटर न चलने की पीएम, रेलमंत्री से शिकायत
बनारस रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधाओं के लिए लगाए गए एस्केलेटर और लिफ्ट न चलने की शिकायत प्रधानमंत्री कार्यालय और रेलमंत्री से की गई है। शिकायत के कुछ देर बाद ही सब चलने लगा। समाजसेवी डॉ. राजेश श्रीवास्तव ने शिकायत में बताया है कि 17 अक्तूबर को बनारस स्टेशन पर ट्रेन 12582 से दिल्ली से आ रहे परिवार को लेने गए थे। पांच नंबर प्लेटफॉर्म पर ट्रेन आई थी। 

भीड़ का अनुमान होने पर भी रेल प्रशासन ने कोई व्यवस्था नहीं की। न तो लिफ्ट चल रही थी और न ही एस्केलेटर। ऐसे में यात्रियों को सीढ़ी से चढ़कर जाना पड़ा। फुट ओवरब्रिज पर लिफ्ट बंद पड़ी थी। उन्होंने रेलमंत्री से जांच समिति गठित करने की मांग की। बताया कि ट्वीट के बाद रेल अधिकारियों ने फोटो, वीडियो पोस्ट कर कहा कि अब सब चल रहा है और आगे भी सब ठीक रहेगा।

राजघाट पुल पर आत्महत्या करने की नीयत से चढ़ा युवक, 
शनिवार की रात साढ़े नौ बजे के आसपास एक युवक राजघाट पुल के ऊपर बने फ्रेम पर आत्महत्या करने की नीयत से चढ़ गया। सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंचे सूजाबाद चौकी प्रभारी प्रशांत पाण्डेय ने युवक को समझा कर नीचे उतारा। इस दौरान पुल पर राहगीरों की भीड़ एकत्रित हो गई। थानाध्यक्ष दुर्गा सिंह ने बताया कि पुल पर चढ़ने वाला युवक अशोक साहनी (22) सूजाबाद, पड़ाव का रहने वाला है। उसने बताया कि गृह कलह से परेशान होकर वह आत्महत्या करने की नीयत से पुल पर चढ़ गया था। पुलिस ने परिजनों को बुलाया युवक को उनको सौंप दिया।

बावरिया गिरोह के दोनों आरोपी गए जेल, बाल अपचारी भी पकड़ा गया
चेन स्नेचिंग के आरोप में मुठभेड़ में गिरफ्तार शामली निवासी दोनों आरोपी महेश सिंह और संदीप उर्फ सोमी को कोर्ट ने शनिवार को जेल भेज दिया। शनिवार सुबह करनाडाडी हाईवे के किनारे एक बाल अपचारी को पकड़ा गया। 

रोहनिया इंस्पेक्टर राजू सिंह ने बताया कि बावरिया गिरोह के इन आरोपियों ने चेन स्नेचिंग को अंजाम दिया था। शुक्रवार रात भदवर अंडरपास के पास मुठभेड़ में दोनों को गिरफ्तार किया गया था। आरोपियों के दाहिने पैर में गोली गली थी। बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर में उपचार के बाद कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेजा गया। आरोपी महेश सिंह और संदीप का आपराधिक इतिहास भी है। संदीप पर 9 मुकदमे दर्ज हैं।

गुंडा एक्ट के मामले में नोटिस निरस्त
अपर पुलिस आयुक्त की कोर्ट ने हंकारटोला, चेतगंज निवासी आरोपित किशन सेठ की गुंडा एक्ट की नोटिस को सुनवाई के बाद निरस्त कर दिया। अभियोजन पक्ष के अनुसार, चेतगंज पुलिस 16 अप्रैल 2025 को कतरा में भ्रमण कर रही थी। सूचना मिली कि हंकारटोला थाना चेतगंज निवासी किशन सेठ लोगों से मारपीट, गालीगलौज व जान से मारने की धमकी देते हैं। 

भय और आतंक के कारण कोई भी व्यक्ति मुकदमा लिखवाने और गवाही देने का साहस नहीं कर पाता है। थाना प्रभारी चेतगंज की आख्या में गुंडा नियंत्रण अधिनियम-1970 के तहत कार्रवाई का अनुरोध किया गया। पुलिस कमिश्नर के आदेश पर गुंडा एक्ट का नोटिस जारी हुआ। नोटिस के खिलाफ उसने अपर पुलिस आयुक्त की कोर्ट में अपील की। अदालत ने सुनवाई के बाद नोटिस निरस्त कर दिया।

धोखाधड़ी के मामले में कारोबारी दंपती पर केस दर्ज
कारोबार में 85 लाख रुपये की धोखाधड़ी में दंपती के खिलाफ कारोबारी ने शुक्रवार रात लंका थाने में केस दर्ज कराया। भेलूपुर थाना क्षेत्र के डुमरावबाग और हाल पता लंका थाना क्षेत्र के सामनेघाट बालाजी नगर कॉलोनी निवासी आशीष कुमार अग्रवाल ने पुलिस को बताया कि लंका के विनायक रेजिडेंसी में कारोबारी शरद भार्गव और पत्नी ऋचा का नीचीबाग में स्टेशनरी का व्यापार है। 

कारोबार के सिलसिले में दंपती ने 1.30 करोड़ लिए। मुनाफे के साथ पैसा वापस करने का आश्वासन दिया था। 45 लाख रुपये शरद भार्गव ने वापस किए। शेष 85 लाख रुपये वापस करने में आनाकानी और अब धमकी दे रहे हैं। लंका इंस्पेक्टर राजकुमार ने बताया कि केस दर्ज किया गया है।

कैंट स्टेशन पर दस साल बाद पकड़े गए दो जहरखुरान
कैंट रेलवे स्टेशन पर शनिवार को 10 साल बाद दो जहरखुरान पकड़े गए। आरपीएफ और जीआरपी की टीम ने दोनों को पकड़ा। इनके पास से नशीली दवाएं, 2 पैकेट नमकीन, 4 डिब्बा सील मुहर, दो मोबाइल सहित अन्य सामान बरामद हुए। दोनों झारखंड के रहने वाले हैं, उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया। जीआरपी इंस्पेक्टर राजोल नागर ने बताया कि नारायनपुर जामताड़ा निवासी दुर्योधन (50) और संजय मंडल (40) को प्लेटफॉर्म नंबर 1 के पूर्वी छोर से पकड़ा गया।

इमरजेंसी में मरीजों की सेवा करने वाले एंबुलेंस कर्मी सम्मानित
जिले में 108 और 102 एंबुलेंस से इमरजेंसी में मरीजों की सेवा करने वाले कर्मियों को सम्मानित किया गया। जिला प्रभारी विकास तिवारी ने कहा कि होली, दशहरा हो या दीपावली। एंबुलेंस कर्मी पूरी तन्मयता के साथ मरीजों की सेवा करते हैं। शनिवार को महिला अस्पताल कबीरचौरा के साथ ही स्वास्थ्य केंद्रों पर एंबुलेंस में तैनात पायलट और ईएमटी ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी। 

स्कूटी सवार बदमाशों ने मंगलसूत्र छीना
शिवपुर थाना क्षेत्र के परमानंदपुर में शुक्रवार देर शाम दुकान से घर लौट रही कमला देवी का स्कूटी सवार बदमाशों ने मंगलसूत्र छीना और रिंग रोड की ओर भाग निकले। पीड़िता ने शिवपुर थाने में तहरीर दी। कमला ने पुलिस को बताया कि वह दुकान से सामान लेकर घर लौट रही थी। इस बीच सफेद रंग की स्कूटी सवार दो युवक पहुंचे और ओझा का पता पूछा। 

कहा कि मेरी पत्नी बहुत बीमार है। बहुत परेशान हूं, ओझा का पता बता दीजिए। फिर आगे बढ़ गए। अचानक वापस आकर मंगलसूत्र छीन लिया। शोर मचाने पर आसपास के लोग जुटे, लेकिन तब तक बदमाश भाग निकले। तुरंत डायल-112 पर सूचना दी। स्कूटी सवार ने हेलमेट और चेहरे पर मास्क लगा रखा था। शिवपुर इंस्पेक्टर वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि आसपास के सीसी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। स्कूटी नंबर को ट्रेस किया जा रहा है। आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी होगी।

प्रो. दिनेश बने मणिपुर विश्वविद्यालय कोर्ट के सदस्य
भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बीएचयू के खाद्य प्रौद्योगिकी विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष और बीआरए बिहार विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दिनेश चंद्र राय को मणिपुर विश्वविद्यालय कोर्ट के लिए अपना नामित सदस्य नियुक्त किया। शनिवार को शिक्षा मंत्रालय ने इसकी अधिसूचना जारी की है। यह नियुक्ति तीन वर्ष के लिए की गई है। केंद्रीय विश्वविद्यालयों के शासन को मजबूत करने की दिशा में यह बड़ा कदम है। 

विश्वविद्यालय कोर्ट केंद्रीय विश्वविद्यालय का सर्वोच्च निकाय है, जो इसकी व्यापक नीतियों की समीक्षा करने और मणिपुर विश्वविद्यालय अधिनियम, 2005 के अनुसार अकादमिक मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए जिम्मेदार है। बीआरए बिहार विश्वविद्यालय और बीएचयू दोनों के प्रोफेसरों ने कुलपति प्रो. राय को राष्ट्रपति द्वारा नामित किए जाने पर बधाई दी है।

8 स्पर्धाओं में 10 जोन के खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
69वीं माध्यमिक स्कूली एथलेटिक्स प्रतियोगिता शनिवार की शाम लालपुर के डॉ. भीमराव आंबेडकर स्टेडियम में संपन्न हुई। दो दिवसीय प्रतियोगिता में जिले के दस जोन से के तीन सौ बालक-बालिका खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। हरिश्चंद्र इंटर कॉलेज की मेजबानी में हुई प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों को संयुक्त शिक्षा निदेशक वाराणसी मंडल दिनेश सिंह ने सम्मानित किया। स्वागत डॉ. उमेश कुमार सिंह ने किया। इस मौके पर डॉ. देवकृष्ण शर्मा, डॉ. प्रियंका तिवारी, डॉ. महेंद्र प्रताप सिंह, बिपिन चंद्र राय, मधु यादव, ममता मौजूद रहीं।

राज्य अध्यापक पुरस्कार पाने वाले शिक्षक का हुआ सम्मान
कपसेठी के बीआरसी पर राज्य अध्यापक पुरस्कार 2024 पाने वाले शिक्षक चक्रधर चंद्र चौबे को सम्मानित किया गया। इस मौके पर खंड शिक्षा अधिकारी सेवापुरी संजय कुमार यादव ने अभिनंदन पत्र देते हुए विद्यालय को समुदाय से जोड़ने के उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सभी शिक्षक उनसे प्रेरणा लें और उनके जैसे प्रतिष्ठित शिक्षक बनने का प्रयास करें। चक्रधर चंद्र चौबे ने खंड शिक्षा अधिकारी का आभार व्यक्त किया। साथ ही सम्मान को सभी शिक्षकों को समर्पित किया। समारोह में नोडल शिक्षक, संकुल शिक्षक, प्रधानाध्यापक मौजूद रहे।

बीएचयू में भारत और तिब्बत की बौद्ध शिक्षा के बीच बढ़ेगा सहयोग
बीएचयू के बौद्ध अध्ययन एवं पालि विभाग में भारत और तिब्बत के बीच एकेडमिक एक्सचेंज के लिए व्याख्यान प्रतियोगिता शुरू हुई। एजुकेशनल एक्सचेंज एज कल्याण मिट्टा के नाम से शनिवार को हुए कार्यक्रम में बौद्ध संस्कृति पर आधारित शिक्षा का आदान-प्रदान होगा। इसमें बीएचयू के साथ ही सारनाथ के केंद्रीय उच्च तिब्बती अध्ययन संस्थान के विद्यार्थी पहुंचे। 

स्नातक, परास्नातक और पीएचडी सहित मूलशास्त्र विभाग के 50 से ज्यादा छात्र-छात्राओं को सार्थक संबंध निर्माण की सीख दी गई। यह कार्यक्रम भारतीय और तिब्बती बौद्ध परंपराओं के मध्य शैक्षणिक सहयोग और सांस्कृतिक संवाद को एक नई दिशा देगा। कई छात्रों ने शोध पत्र भी प्रस्तुत किए। कार्यक्रम का संयोजन पालि विभाग के विद्यार्थियों छेवांग छोसटोन, सिद्धार्थ नेगी और अमृता मौर्या ने की। विभागाध्यक्ष डॉ. अरुण कुमार यादव और छात्र सलाहकार डॉ. शैलेंद्र कुमार सिंह ने संचालन किया।

छात्रों ने कचहरी का शैक्षणिक भ्रमण किया
लोकबंधु राजनारायण विधि महाविद्यालय के छात्रों ने शनिवार को वाराणसी कचहरी का शैक्षणिक भ्रमण किया। छात्रों ने न्यायिक कार्यप्रणाली और अन्य क्रियाकलापों की जानकारी ली। विधि महाविद्यालय में इंटर्नशिप कार्यक्रम 2025 क्लास रूम से कोर्ट रूम तक के अंतर्गत छात्रों ने जिला एवं सत्र न्यायालय तथा राजकीय संप्रेक्षण गृह का भ्रमण किया।

महाविद्यालय के निदेशक अभिषेक सिंह ने बताया कि इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को विधिक प्रणाली, न्यायिक प्रक्रिया एवं सामाजिक न्याय से प्रत्यक्ष रूप से जोड़ना है। ताकि वे व्यावहारिक ज्ञान ले सकें और व्यावहारिक दक्षता प्राप्त करें। संचालन डॉ. विजय कुमार ने किया।

स्कूलों में रंगोली व दीया मेकिंग में छात्राओं ने दिखाई प्रतिभा
पिंडरा ब्लॉक के परिषदीय विद्यालयों में धनतेरस पर स्कूलों में रंगोली और दीया सजावट प्रतियोगिता हुई। प्राथमिक विद्यालय जमापुर में खंड शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार मिश्रा ने प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया। इस दौरान प्रधानाध्यापक विनोद कश्यप, संजय गुप्ता, अरविंद वर्मा, डॉ. राजीव गौतम, तेजबहादुर वर्मा और सरिता देवी मौजूद रहीं। इसके अलावा कंपोजिट स्कूल पिंडराई, रमईपट्टी, समोगरा, ओदार, हिवरनपुर और पूर्व माध्यमिक विद्यालय थानारामपुर, फूलपुर, बाबतपुर, मंगारी समेत क्षेत्र के विभिन्न प्राथमिक विद्यालयों में भी इस तरह की प्रतियोगिता हुई।

भगवान धन्वंतरि से की आरोग्य की कामना
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के स्वास्थ केंद्रम में भगवान धन्वंतरि का पूजन हुआ। छात्रकल्याण संकायाध्यक्ष प्रो. शैलेश कुमार मिश्र के द्वारा धनतेरस पर्व पर भगवान धन्वंतरि का विधि पूर्वक पूजन किया गया। इस अवसर पर धन्वंतरि पूजन कर विश्व और समूचे संस्था को आरोग्य युक्त बनाने की कामना की गई।

वक्ताओं ने कहा कि धन्वंतरि जयंती के अवसर पर आयुर्वेद के देवता धनवंतरी की पूजा की जाती है। यह दिन चिकित्सा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में योगदान देने वाले लोगों के लिए महत्वपूर्ण है। प्रो. शैलेश कुमार मिश्र ने कहा कि स्वस्थ जीवन जीने के लिए हमें आयुर्वेद और योग को अपनाना चाहिए। भगवान धन्वंतरि आयुर्वेद के देवता हैं और स्वास्थ्य एवं आरोग्य के लिए उनकी पूजा की जाती है।

दीपावली की पूर्व संध्या पर सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन
चिरईगांव के बरियासनपुर स्थित लोक चेतना समिति कार्यालय में शनिवार को सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। सभा में उपस्थित वक्ताओं ने दीपावली पर्व के अवसर पर विश्व में शांति और सद्भावना के संबंध में अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में रामदुलार ने कहा कि इंसान को इंसानियत के धर्म को कभी नहीं छोड़ना चाहिए और सबका सम्मान करना चाहिए। संस्था के अध्यक्ष डॉ. नीति भाई ने कहा कि दीपावली पर्व में बाहरी सफाई के साथ-साथ आंतरिक सफाई की जरूरत है। बरियासनपुर इंटर कॉलेज की पूर्व प्रधानाचार्य डॉ. नरेंद्र ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

धनतेरस पर मार्कंडेय महादेव मंदिर में जलाभिषेक करने के लिए उमड़ी भीड़
धनतेरस पर कैथी स्थित मार्कंडेय महादेव मंदिर में जलाभिषेक के लिए सुबह से ही पूर्वांचल के विभिन्न जनपदों से आये श्रद्धालुओं का जमघट लगा रहा। धनतेरस पर मार्कंडेय महादेव मंदिर में जलाभिषेक के लिए भक्त शनिवार की सुबह गंगा गोमती संगम घाट पर स्नान कर बाबा का जलाभिषेक करते रहे। हर-हर महादेव के उद्घोष से पूरा मंदिर गुंजायमान रहा। मार्कंडेय महादेव के पुजारी गौरव गिरि ने बताया कि यहां वैसे भी त्रयोदशी का महत्व होता है। धनतेरस पर भीड़ बढ़ना स्वाभाविक है। इस दिन लोग आकर अपने परिवार के मंगल की कामना करते हैं।

7 नवंबर को जिला स्तरीय युवा उत्सव
विकास भवन सभागार में शनिवार को जनपद स्तरीय व मंडल स्तरीय युवा उत्सव एवं साइंस मेला प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। सीडीओ हिमांशु नागपाल ने बताया कि महानिदेशालय, युवा कल्याण से मिले निर्देशों के अनुसार 7 नवंबर को जनपद स्तरीय और 8 नवंबर को मंडल स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन किया जाएगा। युवा उत्सव में 15 से 29 वर्ष के पुरुष व महिला कलाकार प्रतिभाग कर सकते हैं। सभी विधाओं के विजेता प्रतिभागियों को राज्य एवं राष्ट्र स्तर पर प्रतिभाग करने का मौका मिलेगा।

25 हजार दीयों से सजेगा मिनी स्टेडियम
परमानंदपुर मिनी स्टेडियम शनिवार को 25 हजार दीये और मोमबत्ती से रोशन होगा। यहां करीब एक हजार से अधिक खिलाड़ी हॉकी, रग्बी, टेबल टेनिस, हैंडबॉल, एथलेटिक्स और जूडो का मैदान सजाएंगे। शाम को पांच बजे उत्तर प्रदेश हैंडबॉल संघ के उपाध्यक्ष डॉ. एके सिंह पहला दीया जलाकर दीपोत्सव का शुभारंभ करेंगे। खिलाड़ियों ने कहा कि यह दिन हर खिलाड़ी के लिए खास होता है। हम जिस मैदान पर खेलते हैं उसे वर्ष में एक बार दीयों से सजाते हैं।

बाल नाटक का हुआ मुहूर्त पूजन
बाल रंगमंडल के बाल कलाकारों की ओर से शनिवार को रामकटोरा के वाराणसी इंस्टीट्यूट ऑफ ऑप्टोमेट्री प्रांगण में बाल नाटक लड़कियां लड़कों से कम नहीं का मुहूर्त पूजन हुआ। पूजा युवा कथा वाचक सूर्यांश ने कराया। इस मौके पर बाल कलाकारों ने नाटक का पूर्वाभ्यास भी किया। 

नाटक का निर्देशन वरिष्ठ नाट्यकर्मी सलीम राजा कर रहे हैं। नाटक नागरी नाटक मंडली की ओर से बाल नाट्योत्सव 14-16 नवंबर में प्रस्तुत किया जाएगा। कार्यक्रम में बाल रंगमंडल के अध्यक्ष डॉ. प्रभाष झा, शमीम गाजीपुरी, सूरज प्रसाद, दिव्या मौजूद रहे। बाल कलाकार आमीन, स्वरांगना, साद, अंकुर, वैष्णवी नाटक में हिस्सा लेंगे। संगीत अमित रॉय तैयार कर रहे हैं।

राष्ट्र के स्वास्थ्य के लिए धन्वंतरि कूप पर हुआ हवन-पूजन
काशी मंडल वैद्य सभा की ओर से धन्वंतरि जयंती के अवसर पर महामृत्युंजय मंदिर परिसर स्थित धन्वंतरि अमृत कूप एवं धनवत्रेश्वर महादेव पर राष्ट्र स्वास्थ्य के लिए विशेष पूजन, अर्चन और हवन का आयोजन किया गया। वैद्य समाज के साथ ही चिकित्सा संगठनों ने वैदिक ऋचाओं के साथ आहुतियां अर्पित कीं।

मुख्य अतिथि आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु ने कहा कि यह धन्वंतरि कूप विश्व में अद्वितीय है। यहां भगवान धन्वंतरि ने स्वर्ग गमन से पूर्व अपनी औषधि पेटिका डाली और जल को सर्वरोग हर बनाया। इस अवसर पर वैद्य सभा से डाॅ. एस.एस. गांगुली, डाॅ. अजय जायसवाल, प्राकृतिक चिकित्सा से डाॅ. एस.डी. यादव, डाॅ. आर.जे. पाल ने हवन कुंड में अपनी श्रद्धा की आहुतियां अर्पित की। अध्यक्षीय उद्बोधन डाॅ. केशरी नारायण त्रिपाठी ने दिया।

दीपों की जगमगाहट एवं कथक नृत्य से सजी वरुणा संध्या
छावनी परिषद एवं दीपिका कल्चरल सोसायटी की ओर से आयोजित वरुणा संध्या दीपों की जगमगाहट और कथक नृत्य से सराबोर रही। शनिवार को कैंटोनमेंट के नेहरू पार्क में आयोजित वरुणा संध्या में पहली प्रस्तुति मांडवी सिंह, शांभवी सेठ और श्रुति सेठ ने रामवंदना पर पारंपरिक कथक नृत्य से किया। समापन राधा कृष्ण का भाव नृत्य डगर बीच कैसे चलूं... प्रस्तुत कर मंत्रमुग्ध कर दिया। 

हारमोनियम पर आनंद मिश्रा और तबले पर देव कुमार मिश्र ने संगत की। पूरे मंच को दीपों से सजाया गया। ग्रीन आतिशबाजी से वरुणा संध्या मंच नवरंगमय हो उठा। एयरपोर्ट वाराणसी के निदेशक पुनीत गुप्ता, वाराणसी टूरिज्म एसोसिएशन के अध्यक्ष राशिद खान, पंकज सिंह व संस्था के अध्यक्ष अजय गुप्ता ने दीप जलाकर कार्यक्रम की शुरुआत की। 

बालमवा मोरे सैयां...से सजा सुबह ए बनारस का मंच
सुबह ए बनारस के मंच पर युवा कलाकार रमा सिंह का गायन हुआ। गायन का आरंभ राग भैरव में विलंबित एकताल में निबद्ध रचना बालमवा मोरे सैयां...से हुआ। इसके उपरांत द्रुत तीनताल में निबद्ध रचना जग करतार...सुनाकर आनंदित किया। इसी क्रम में भजन ऐसी लागी लगन...की प्रस्तुति से भक्ति भाव का सृजन किया। समापन शंकर तेरी जटा से...हुआ। तबला संगति राकेश रोशन एवं संवादिनी पर उज्ज्वल साहनी ने संगत की। कलाकार को प्रमाण पत्र मंजू गुप्ता और संचालन डॉ. प्रीतेश आचार्य ने किया।

शिवानी के कथक से सजा बड़ालालपुर का मुक्ताकाशीय मंच
वस्त्र मंत्रालय और सुबह ए बनारस आनंद कानन की ओर से शनिवार को मुक्ताकाशीय मंच बड़ालालपुर में सांस्कृतिक संध्या का आयोजन हुआ। मंच कला संकाय बीएचयू की शोध छात्रा शिवानी कश्यप ने कथक की प्रस्तुति दी। प्रस्तुति का आरंभ श्रीराम वंदना श्रीराम चंद्र कृपालु भजमन... से हुआ। 

इसके बाद पारंपरिक कथक नृत्य की प्रस्तुति विलंबित, मध्य तथा द्रुत तीनताल में निबद्ध रचना पर आधारित नृत्य ने भाव विभोर किया। इसमें ठाठ, तोड़े, टुकड़े और परन, आमद व तत्कार के कुछ चलन की प्रस्तुति की गई। कार्यक्रम का समापन नंदकुमाराष्टकम और श्रीकृष्ण भजन से हुआ। स्वागत अजय श्रीवास्तव, संयोजन डॉ. रत्नेश वर्मा एवं संचालन डॉ. प्रीतेश आचार्य ने किया।

धन त्रयोदशी पर मणि मंदिर में बंटा खजाना
धन त्रयोदशी के अवसर पर दुर्गाकुंड स्थित मणि मंदिर (धर्मसंघ) में शनिवार को पंच दिवसीय अन्नकूट महोत्सव का शुभारंभ हुआ। पहले दिन मंदिर में स्थापित स्वर्णमयी मां अन्नपूर्णा के विग्रह एवं मां अन्नपूर्णा और महादेव के भिक्षा विग्रह का विधिवत पूजन अर्चन किया गया। इसके बाद धर्मसंघ महामंत्री पंडित जगजीतन पांडेय ने सैकड़ो की संख्या में आए भक्तों को प्रसाद स्वरूप धान का लावा और खजाना वितरित किया।

पंच दिवसीय महोत्सव के अवसर पर संपूर्ण धर्मसंघ परिसर को अलौकिक स्वरूप प्रदान किया गया है। रंग-बिरंगे विद्युत झालरों और फूल मालाओं से दिव्य रूप से प्रांगण को सजाया गया है। इसके साथ ही मंदिर में स्थापित समस्त देव विग्रहों और शिवलिंगों का विशेष शृंगार किया गया। मंदिर में भगवती मां अन्नपूर्णा के विग्रह के दर्शनार्थ भक्तों की भारी भीड़ रही। वहीं दुर्ग विनायक मंदिर लक्षार्चन के बाद खजाने का वितरण किया गया।

वृद्धाश्रम की माताओं संग मनाए दिवाली उत्सव
बोंधु संस्था की ओर से शनिवर को दुर्गाकुंड स्थित राजकीय वृद्धा एवं महिला अशक्त गृह की माताओं के साथ एक दिवाली उत्सव का आयोजन किया। माताओं ने अपने जीवन की मधुर और यादगार स्मृतियों को साझा किया। उन्होंने दिवाली की स्मृतियों से भी रूबरू कराया। संस्था के सदस्यों ने उनके साथ दीप जलाए और मिठाइयां बांटी और पटाखे छोड़े। इस मौके पर डॉ. अमिताभ, नीलाद्रि, सुजय, शान्तनु, प्रशांत चक्रवर्ती, आलोक, देबाशीष, आदि रहे।

स्वेदेशी मेले में मेयर ने 7 को ऋण और 11 को दिए टूलकिट
यूपी ट्रेड शो स्वदेशी मेले के अंतिम दिन शनिवार को राजनारायण स्मारक पार्क बेनियाबाग में खरीदारों की भीड़ रही। मुख्य अतिथि महापौर अशोक तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री के वोकल फाॅर लोकल का नारा साकार हो रहा है। रोजगार भी बढ़ा है। मेले में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी अभियान के तहत पांच लाभार्थियों करन सोनकर, मनीष कुमार चौधरी, राकेश कुमार जायसवाल, प्रदीप यादव और श्रेया राठौर जबकि मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के शुभम श्रीवास्तव, एक जनपद एक उत्पाद योजना एक एक लाभार्थी को ऋण वितरण किया। 

विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के 11 लाभार्थियों को टूलकिट दिया। स्टॉल लगाने वाले प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र दिया। अपर आयुक्त उद्योग उमेश कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास की प्रगति के बारे में जानकारी दी। संचालन उपायुक्त उद्योग मोहन कुमार शर्मा, धन्यवाद अजय कुमार गुप्त ने किया। इस मौके पर जगदीश त्रिपाठी, सुरेश चैरसिया, मदन मोहन दूबे, मनीष गुप्ता, अमरेश गुप्ता और प्रवीन राय रहे।
विज्ञापन

रेलवे चलाएगा 3 विशेष ट्रेनें
दीपावली और छठ को लेकर रेलवे प्रशासन की ओर से तीन पूजा स्पेशल गाड़ियां चलाई जाएंगी। इसमें एक मुंबई, दूसरी पुणे और तीसरी बंगलूरू के लिए चलेगी। तीनों गाड़ियां वाराणसी से होकर गुजरेंगी। 01045/01046 छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (मुंबई) से गाजीपुर सिटी तक के लिए 19,23, 27, 31 अक्तूबर तक संचालन किया जाएगा। 01453/01454 हड़पसर (पुणे)-गाजीपुर सिटी-हडपसर (पुणे) पूजा विशेष गाड़ी का संचालन 20, 24, 28 अक्तूबर और 1 नवम्बर को किया जाएगा। 06235/06236 यशवंतपुर-बनारस-बंगलूरू छावनी पूजा विशेष गाड़ी का संचालन 19 एवं 26 अक्तूबर को किया गया है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें