फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

News: वाराणसी में 10 हजार का इनामी अरेस्ट, पहलगाम घटना पर फूटा गुस्सा; पढ़ें वाराणसी की खास खबरें

Fri, 25 Apr 2025 05:09 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

वाराणसी में बलुआ पुलिस ने एक गांव से 10 हजार रुपये के इनामी को अरेस्ट किया है। वह पशु तस्करी में लिप्त था। वहीं, पहलगाम में आतंकवादी हमले को लेकर छात्राओं ने कैंडल मार्च निकाला। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विज्ञापन
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

Varanasi News Today: बलुआ पुलिस ने गुरुवार को पीडीडीयू नगर कस्बे से 10 हजार रुपये के इनामी पशु तस्करी के आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान वाराणसी जिले के चौबेपुर थाना क्षेत्र के सिस्टी गांव निवासी दीवाकर कन्नौजिया के रूप में हुई है। उसके खिलाफ बलुआ थाने में गोवध, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं।

विज्ञापन


एसपी आदित्य लांग्हे ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। बलुआ थाने के अपराध निरीक्षक रमेश यादव ने बताया कि संदिग्ध लोगों और वाहनों की जांच कर रहे थे। उसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह गिरोह बनाकर पशु तस्करी करता है।

कैंट रोडवेज के पीछे अवैध स्टैंड से 11 वाहन सीज
कैंट रोडवेज बस स्टेशन के पीछे परेठकोठी क्षेत्र में अवैध स्टैंड के खिलाफ यातायात पुलिस और सिगरा पुलिस ने गुरुवार को अभियान चलाया। इस दौरान 11 डग्गामार वाहन सीज किए गए। इसके अलावा यातायात बाधित करने वाली रोडवेज बसों एवं रोडवेज की अनुबन्धित बसों के खिलाफ भी प्रवर्तन की कार्यवाही की गई।
विज्ञापन


एडीसीपी यातायात राजेश कुमार पांडेय ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से सूचना मिल रही थी कि कुछ प्राइवेट वाहन कैंट रोडवेज के आस-पास से गुपचुप तरीके से संचालित हो रहे थे। प्रयागराज, मिर्जापुर, भदोही, जौनपुर आदि जनपदों को जाने वाली सवारियों को अवैध तरीके से बैठाते हैं। चेतगंज एसीपी गौरव कुमार ने बताया कि यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने 11 प्राइवेट वाहनों के खिलाफ सीज की कार्रवाई की।

दुकानदार की मनबढ़ों ने की पिटाई, पांच पर केस
बड़ागांव थाना क्षेत्र के भीटी चौराहे पर दुकान पर शराब पीने से मना करने पर दुकानदार की मनबढ़ों ने पिटाई कर दी। पीड़ित दुकानदार ने पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया है। बलरामपुर (बिरांव) गांव निवासी अखिलेश मिश्रा ने पुलिस को बताया कि 22 अप्रैल की रात धन्नू पटेल दुकान पर शराब पीने लगा। 

मना करने पर धन्नू पटेल ने अपने साथियों सचिन पटेल, अशोक पटेल, शैहवाल पटेल समेत के साथ हमला कर दिया। इस बारे में थानाध्यक्ष अतुल कुमार सिंह ने बताया कि दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। अन्य की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। 

जैतपुरा थाने के कूक की पिटाई, केस दर्ज
पांडेयपुर में पिछले दिनों युवक की पिटाई मामले में पत्नी की तहरीर पर दो नामजद समेत अज्ञात के खिलाफ कैंट थाने में केस दर्ज किया गया। पांडेयपुर के विराट काॅलोनी की रहने वाली मीरा देवी ने पुलिस को बताया कि पति वंशीलाल जैतपुरा थाने में खाना बनाते हैं। सोमवार की रात थाने से घर लौट रहे थे। 

मानसिक अस्पताल के पास बाइक सवार नई बस्ती पांडेयपुर निवासी अंश यादव ने पति को टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गए। दवा कराने के लिए कहा गया तो मारपीट की। कैंट थाना प्रभारी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

जमीन धोखाधड़ी में दो के खिलाफ केस दर्ज
पिंडरा में जमीन दिलाने के नाम पर पांच लाख की धोखाधड़ी व धमकी मामले में दो के खिलाफ कैंट थाने में केस दर्ज किया गया। कैंट के सिकरौल कुंज विहार कॉलोनी निवासी आराधना ने जन शिकायत प्रकोष्ठ में शिकायत दर्ज कराई कि फुलवरिया निवासी अतुल सिंह और नदेसर निवासी पवन मिश्रा ने पिंडरा में जमीन 10 लाख रुपये प्रति बिस्वा के हिसाब से तय कराया और एडवांस के रूप में 5 लाख 20 रुपये लिए। बाद में पता चला कि जमीन ही नहीं है। रुपये वापस मांगने पर धमकी दी। कैंट थाना प्रभारी राजकुमार वर्मा ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।

बेनियाबाग पार्क के पीछे कॉस्मेटिक की दुकान में लगी आग
बेनियाबाग पार्क के पीछे एक कॉस्मेटिक की दुकान में गुरुवार की दोपहर शार्ट सर्किट से आग लग गई। दमकल की चार गाड़ियों और आसपास के लोगों ने लगभग डेढ़ घंटे में आग पर काबू पाया। आग से दुकान का सारा सामान जलकर नष्ट हो गया।

चौक थाना क्षेत्र के बेनियाबाग पार्क के पीछे आसिफ कास्मेटिक दुकान है। तीन मंजिल भवन के दूसरे तल स्थित दुकान में अचानक दोपहर 2.15 बजे धुआं उठने लगा। कर्मचारी और दुकानदार कुछ समझ पाते कि पूरी दुकान में आग फैल गई। भवन के अन्य तल पर रहने वाले लोग नीचे उतर आए आग को बुझाने में जुट गए। 

तब तक फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची और लगभग डेढ़ घंटे में आग पर काबू पाया गया। दुकानदार ने बताया कि आग से सारा सामान जलकर नष्ट हो गया। अग्निशमन अधिकारियों ने बताया कि आग से कोई हताहत नहीं हुआ है। बिल्डिंग में आग से बचाव के इंतजाम समेत अन्य बिंदुओं पर जांच की जा रही है।

प्लाॅट की बाउंड्री में लगी आग
लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के विश्वनाथ पूरी काॅलोनी भक्ति नगर स्थित एक प्लॉट में गुरुवार को अचानक आग लग गई। फायर बिग्रेड की टीम ने आग पर काबू पाया। बाउंड्री के अंदर लगे पेड़ झुलस गए। 

लापता बालक बाल सुधार गृह में मिला
कछवा रोड क्षेत्र के एक गांव का बालक एक महीने पहले लापता हो गया था। परिजनों ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। क्षेत्र के शिक्षक बाल सुधार गृह में बच्चों को पढ़ाने गए थे। बालक ने अपना नाम और पिता का नाम बताया। शिक्षक ने संदेह होने पर फोटो भेजकर बच्चे की पहचान कराई। बच्चे के मिलने की सूचना से परिवार में खुशी का माहौल है।

दुकानदार की मनबढ़ों ने की पिटाई, पांच नामजद पर केस दर्ज
बड़ागांव थाना क्षेत्र के भीटी चौराहे स्थित चाय-पान के दुकानदार को मनबढ़ युवकों ने पीट दिया। आरोप है कि दुकान पर शराब पीने से मना करने पर मनबढ़ों ने पिटाई की। पीड़ित दुकानदार ने पांच नामजद के खिलाफ केस दर्ज कराया।

बलरामपुर (बिरांव) गांव निवासी अखिलेश मिश्रा ने पुलिस को बताया कि 22 अप्रैल की रात धन्नू पटेल दुकान पर पहुंचा और शराब पीने लगा। जब विरोध किया तो धन्नू पटेल अपने साथियों सचिन पटेल, अशोक पटेल, शैहवाल पटेल समेत के संग मिलकर हमला कर दिया। 

पहलगाम घटना के विरोध में छात्राओं ने निकाला कैंडल मार्च
अग्रसेन कन्या पीजी कॉलेज की छात्राओं ने पहलगाम में हुए आंतकी हमले के विरोध में कैंडल मार्च निकाला। इसके माध्यम से इस तरह का कायराना कृत्य करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग भी की गई। कॉलेज के परमानंदपुर और बुलानाला परिसर की छात्राओं ने मार्च निकालकर अपने गुस्से का भी इजहार किया। इस दौरान दो मिनट का मौन रखकर ईश्वर से हमले में मारे गए लोगों के प्रति श्रद्धांजलि दी गई। 

प्राचार्य प्रो. मिथिलेश सिंह ने कहा कि कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादियों के द्वारा जिस प्रकार से धर्म पूछ कर हिंदुओं की हत्या की गई, इस घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। अधिष्ठाता प्रशासन प्रो. आकाश ने कहा कि पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद का पूर्णतया दमन करने की जरूरत है। ऐसा करना ही इस घटना का मुहतोड़ जवाब होगा।

सड़क पर बह रहा गंदा पानी, राहगीरों के लिए मुसीबत
वाराणसी-गाजीपुर राजमार्ग पर स्थित लेढ़ूपुर के सामने से निकलकर स्वर्वेद महामंदिर धाम की ओर जाने वाला मार्ग इन दिनों बदहाल है। नवशहरी गांव सन्दहां के सामने सड़क पर बने गड्ढों में जगह-जगह जमा सीवर युक्त गंदा लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है। इससे दुर्घटना भी हो रही है।

ग्रामीण राधेश्याम पाल, गणेश ने बताया कि यह मार्ग छितमपुर होते हुए धौरहरा तक जाता है। शॉर्टकट होने के चलते इसका उपयोग छात्र-छात्राए, किसान और दूध विक्रेता करते हैं। लेकिन मार्ग पर मकानों का गंदा पानी सड़क पर बहता है। कुछ लोग मवेशियों को बांधते हैं, जिससे पूरे रास्ते में कीचड़ और गंदगी बनी रहती है। इससे आए दिन घटनाएं हो रही हैं।

इस बारे में बीडीओ वीरेंद्र नारायण द्विवेदी ने बताया कि सड़क पीडब्ल्यूडी के अंतर्गत आती है और अब यह क्षेत्र नगर निगम सीमा में शामिल हो चुका है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग की शीघ्र मरम्मत कराई जाए।

पुलिस आयुक्त ने सुनी पेंशनर्स की समस्या
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने गुरुवार को पुलिस पेंशनर्स के साथ यातायात लाइन स्थित सभागार में गोष्ठी की। इस दौरान पुलिस आयुक्त ने 80 वर्ष से अधिक आयु के पेंशनर्स कुबेर नाथ मिश्रा को सम्मानित किया गया। इसके बाद पेंशनर्स की समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ निस्तारण के निर्देश दिए।

पुलिस पेंशनर्स को साइबर-फ्रॉड के बारे में जानकारी देते हुए सावधानी बरतने को कहा गया। उन्होंने आदेश दिया कि थाना क्षेत्र में निवास करने वाले पुलिस पेंशनर्स के साथ थाने पर नियुक्त पुलिसकर्मी भी नियमित रूप से संवाद करें। बैठक में अपर पुलिस आयुक्त (मुख्यालय एवं कानून-व्यवस्था) एस चन्नप्पा, अपर पुलिस आयुक्त (अपराध) राजेश कुमार सिंह, पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) प्रमोद कुमार, अपर पुलिस उपायुक्त (प्रोटोकॉल) व अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

वीसी आवास पर धरनारत छात्र से गाली-गलौज का आरोप
बीएचयू के वीसी आवास पर छह दिनों से धरने पर बैठे छात्र भास्करादित्य त्रिपाठी के साथ गाली-गलौज की गई। छात्र ने आरोप लगाया कि कुछ लोग गाड़ी से आए और धरना स्थल पर गाली देकर भाग गए। वहां मौजूद लोगों ने उनमें से एक गाड़ी पकड़ ली। धरनारत छात्र ने आरोप लगाया कि पुलिस और प्रॉक्टोरियल बोर्ड की मौजूदगी में ऐसा हो गया।

फेसबुक पर अपना वीडियो जारी कर आरोप लगाया कि विवि प्रशासन की ओर से अप्रिय स्थिति उत्पन्न कर धरना खत्म कराने का प्रयास किया जा रहा था। बड़ी संख्या में पुलिस और सुरक्षागार्ड भी पहुंचे। छात्र ने कहा कि यहां पर कुछ भी गलत हो सकता है। इस दौरान जोरदार नारेबाजी हुई।

भास्करादित्य ने कहा कि हिंदी विभाग में उसे दाखिला न देकर छात्रा को दे दिया गया, इसके चलते अब आज 11 बजे कुलपति आवास पर आक्रोश मार्च निकाली जाएगी। छात्रों ने हिंदी विभाग के शोध प्रवेश में धांधली का आरोप लगाया है।

एसीपी राजातालाब ने कब्जा रोकने का दिया आदेश
परमंदापुर गांव निवासी मुन्ना की तहरीर पर एसीपी राजातालाब ने जमीन पर कब्जा न करने का आदेश दिया है। मुन्ना ने बृहस्पतिवार को एसीपी राजा तालाब से मिलकर भूमिधरी की जमीन पर कब्जा करने की शिकायत की थी। जिस पर एसीपी राजा तालाब ने थाना प्रभारी को निर्देशित किया कि जब तक विवादित जमीन पर बंटवारे का मुकदमा चल रहा है तब तक कोई भी पक्ष कब्जा न करे। थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि मामला राजस्व विभाग का है, राजस्व का सक्षम अधिकारी इस मामले को देखेंगे।

जानलेवा हमले के आरोपी की जमानत मंजूर
अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (द्वितीय) प्रियल शर्मा की अदालत ने जानलेवा हमले के मामले में आरोपी ऋषभ सिंह उर्फ ऋषभ राजपूत को 25-25 हजार रुपये की दो जमानतें एवं बंधपत्र देने पर रिहा करने का आदेश दिया है।

अभियोजन पक्ष के अनुसार चंदौली के सकलडीहा डेढ़गावा निवासी शुभम सिंह ने भेलूपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप था कि वह 6 जून 2023 को अपने दोस्त मयंक के साथ बाइक से भेलूपुर जा रहा था। खोजवां पोस्ट आफिस के पास बाइक पर सवार पांच लोग, जिसमें रोहन दीक्षित, सत्यम सिंह, ऋषभ राजपूत, शान्तनु श्रीवास्तव एवं प्रियांशु सिंह ने धारदार हथियार से हमला किया। इस मामले में पांच आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। 

हेमंत की हत्या के विरोध में अपना दल ने निकाला आक्रोश मार्च
अपना दल कमेरावादी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को अधिवक्ता पुत्र हेमंत सिंह पटेल की हत्या के विरोध में आक्रोश मार्च निकाला। कचहरी स्थित शास्त्री घाट पर एकत्रित हुए कार्यकर्ताओं ने शिक्षण संस्थान की मान्यता रद्द करने की मांग की। इसके बाद राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा।

इस दौरान कार्यकर्ताओं ने विद्यालय के प्रबंधक को गिरफ्तार करने, पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये देने और प्रकरण की विवेचना राजपत्रित अधिकारी की देखरेख में निष्पक्ष कराने की मांग की। इस दौरान दल के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य राजेश पटेल, गगन प्रकाश यादव, उमेश चंद्र मौर्य, दिलीप सिंह पटेल, राजेश प्रधान मौजूद रहे।

रिंग रोड पर पलटा कोयला लदा ट्रक
रिंग रोड फेज-टू पर गुरुवार की सुबह कोयला लदा ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर पलट गया। राजातालाब से हरहुआ की ओर आ रहे ट्रक पलटने से यातायात बाधित हो गया। चालक ने बताया कि सामने चल रहे ट्रक को बचाने की कोशिश में नियंत्रण खो बैठा, जिससे हादसा हुआ। दुर्घटना के बाद कोयला सड़क पर फैल गया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। पुलिस और एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंची। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद ट्रक हटाया गया और यातायात सामान्य रूप से बहाल किया गया।

दुकान से राशन चोरी के मामले में पांच दिन बाद मुकदमा दर्ज
कुछ दिन पूर्व सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान से राशन की चोरी मामले में पांच दिन बाद केस दर्ज किया गया। कोटेदार जन्मेजय चौबे ने पुलिस को बताया कि सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान सिंधोरा थाना क्षेत्र रुपचन्दपुर में है। 17 अप्रैल की रात दुकान से सरकारी गल्ले राशन की दुकान का ताला तोड़कर चोरी किया गया।

पुरानी रंजिश में धारदार हथियार से ऊंगली काटी, केस दर्ज
सिंधौरा थाना क्षेत्र के अमऊत गांव में बुधवार को दो पक्षों में मारपीट हो गई। पीड़ित सतीश पांडेय ने पुलिस को बताया कि वह 23 अप्रैल की सुबह लगभग 6.30 बजे बरामदे में बैठा था तभी गांव के करुणापति पांडेय व अनुज पांडेय एक साथ पहुंचे औ गाली गलौज करते हुए पिटाई की।

धारदार हथियार से हमला में दाहिने हाथ कि की अंगुली कट गई। पड़ोसियों के पहुंचने पर करुणापति व अनुज जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि दो आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर दबिश दी जा रही है।

कमिश्नरेट के पुलिसकर्मियों की छुट्टी पर रोक नहीं
पुलिस कमिश्नरेट के पुलिसकर्मियों की छुट्टी पर रोक नहीं लगाई गई है। खुद या परिवार के किसी सदस्य की गंभीर बीमारी, बेटे-बेटी के ब्याह, पारिवारिक सदस्य के निधन या अन्य महत्वपूर्ण कार्यों को लेकर पुलिसकर्मी छुट्टी ले सकते हैं। यह बातें पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने गुरुवार को कहीं। उन्होंने कहा कि छुट्टी निरस्त होने संबंधी भ्रामक सूचनाओं को पुलिसकर्मी गंभीरता से न लें। 

पुलिस आयुक्त ने कहा कि पहलगाम में पर्यटकों पर आतंकी हमले के बाद कमिश्नरेट में चौकसी बढ़ाई गई है। कारण कि काशी धर्म, कला, संस्कृति और पर्यटन से जुड़ा देश और दुनिया का एक महत्वपूर्ण केंद्र है। इसके मद्देनजर रोजाना जगह-जगह चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। 

इसका मतलब यह नहीं है कि किसी पुलिसकर्मी को जरूरी काम होगा तो उसे छुट्टी नहीं दी जाएगी। कोई भी पुलिसकर्मी खुद या परिवार से संबंधित जरूरी जरूरी काम के लिए छुट्टी ले सकते हैं। पुलिस आयुक्त ने कहा कि पुलिसकर्मियों को अपनी ड्यूटी मुस्तैदी से करते हुए खुद पर और अपने परिवार भी गंभीरता से ध्यान देना है।

सड़क हादसों में तीन लोग घायल
रोहनिया बाजार में बुधवार की रात अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोग घायल हो गए। भदाेही के औराई हृदयपुर निवासी शुभम सिंह कार से शहर आए थे। रात में घर लौटते समय रोहनिया में कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। शुभम का पैर डिवाइडर और कार के बीच फंस गया। घायल शुभम को अस्पताल में भर्ती कराया गया। उधर, यहीं पर बाइक सवार रमईपट्टी मिर्जापुर निवासी गोलू सिंह और नन्हे कुमार डायवर्जन बोर्ड से टकराकर घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण के कारण अक्सर हादसे हो रहे हैं।

स्थानांतरण के बाद भी चार्ज नहीं देने का आरोप, बीएसए ने मांगा जवाब
बेसिक शिक्षा अधिकारी के आदेश को दरकिनार कर कनिष्ठ शिक्षिका कंपोजिट विद्यालय महेशपुर का संचालन कर रही हैं। सहायक शिक्षिका शीला यादव का कुछ दिनों के लिए प्राथमिक विद्यालय मच्छोदरी में स्मार्ट स्कूल के लिए स्थानांतरित कर दिया गया था।

बीएसए डॉ. अरविंद पाठक ने 29 मार्च को फिर से मूल विद्यालय कंपोजिट विद्यालय महेशपुर में प्रधानाध्यापक पद पर शिक्षिका का स्थानांतरण कर दिया। शीला की शिकायत है कि महेशपुर विद्यालय पर प्रभारी प्रधानाध्यापक शैल कुमारी की ओर से चार्ज नहीं दिया जा रहा है।

बीएसए ने खंड शिक्षा अधिकारी काशी विद्यापीठ को पत्र लिख नाराजगी जताई। साथ ही शिक्षिका शैल कुमारी से तीन दिन में स्पष्टीकरण तलब किया है। खंड शिक्षा अधिकारी रामपूजन पटेल ने बताया कि शैल कुमारी का स्पष्टीकरण मिल गया है। उसे बीएसए को भेजा जाएगा।

पीएचडी में प्रवेश नहीं मिला तो शुरू होगा आमरण अनशन
बीएचयू के परीक्षा नियंता कार्यालय के बाहर छह दिनों से धरनारत दो में से एक छात्र को पीएचडी एडमिशन नहीं मिला। इसके चलते छात्र कुणाल गुप्ता ने आरोप लगाया कि विभाग में शोध प्रवेश में पिछड़ा वर्ग आरक्षण में भेदभाव किया जा रहा है।

ओबीसी की खाली सीटों को सामान्य कटेगरी में बदलकर दूसरों को प्रवेश दिलाने का भी आरोप लगाया। कहा कि यूजीसी से स्पष्ट निर्देश है कि आरईटी एंग्जंप्टेड को आरईटी मे बदलकर आरक्षित वर्ग की सीटों के साथ छेड़छाड़ नहीं की जाएगी। कुणाल गुप्ता ने कहा कि अगर विश्वविद्यालय प्रशासन त्वरित न्याय नहीं करता है तो मैं विवश होकर जल्द ही आमरण अनशन करूंगा।

सियाराम तिवारी को बनाया गया जिलाध्यक्ष
ब्राह्मण परिषद उत्तर प्रदेश जिला इकाई वाराणसी का अध्यक्ष पद कोर कमेटी की तत्काल बैठक में प्रदेश महासचिव अमित अवस्थी के अनुमोदन पर पंडित सियाराम तिवारी को वाराणसी का कार्यवाहक अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। बैठक में शैलेंद्र कुमार मिश्रा माैजूद रहे।

काशी में जुटेंगे 90 क्लबों के 300 रोटेरियन
रोटरी मंडल (3120) के करीब 20 जिलों के 90 क्लबों के 300 से अधिक रोटेरियन काशी में जुटेंगे। छावनी स्थित होटल में 26 और 27 अप्रैल को प्रशिक्षण शिविर में रोटरी के आयामों से नए अध्यक्षों व सचिवों को रूबरू कराने के साथ रोटरी को और मजबूत किए जाने पर जोर दिया जाएगा। साथ ही नए पदाधिकारियों के रोटरी के लक्ष्य, कार्य के साथ सेवा व समर्पिण के भावों से उन्हें अवगत कराया जाएगा।

रोटेरियन अजय खरे ने बताया कि शिविर का शुभारंभ दोपहर एक बजे पास्ट रोटेरियन इंटरनेशनल के डायरेक्टर कमल सांघवी करेंगे। मंडल के निर्वाचित अध्यक्ष डॉ. आशुतोष अग्रवाल अध्यक्षता करेंगे। मंडल के तहत आने वाले लखनऊ, गोरखपुर, वाराणसी, प्रयागराज मंडलों के क्लाबों के निर्वाचित हुए अध्यक्ष, सचिवों आदि को प्रशिक्षण दिया जाएगा।

आठ माई से चलेगी वाराणसी-जम्मूतवी स्पेशल
जम्मूतवी–वाराणसी सुपरफास्ट स्पेशल का संचालन आठ मई से 10 जुलाई तक होगा। 04610 जम्मूतवी से हर गुरुवार को सुबह 6:20 बजे खुलेगी और अगले दिन सुबह 5:10 बजे वाराणसी कैंट पहुंचेगी। 04609 वाराणसी-जम्मूतवी स्पेशल वाराणसी कैंट से हर शुक्रवार को सुबह 9 बजे चलेगी और अगले दिन सुबह 7:45 बजे जम्मूतवी पहुंचेगी।

इस ट्रेन का संचालन दोनों दिशाओं में कुल 10-10 फेरे में किया जाएगा। यात्रा के दौरान इस ट्रेन का ठहराव पठानकोट कैंट, जालंधर कैंट, ढंडारी कलां, अंबाला कैंट, सहारनपुर, मुरादाबाद, शाहजहांपुर, लखनऊ, सुल्तानपुर व वाराणसी स्टेशन पर होगा। इसमें वातानुकूलित श्रेणी के कोच रहेंगे। 

अखिलेश कुमार सिंह बने अध्यक्ष
सिंचाई विभाग वरुणा पुरम कालोनी सिगरा में गुरुवार को राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद उप्र का द्विवार्षिक अधिवेशन एवं चुनाव कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एमएलसी हंस राज विश्वकर्मा ने दीप प्रज्वलित कर अधिवेशन का शुभारंभ किया। प्रान्तीय महामंत्री राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद उप्र अतुल मिश्र ने कर्मचारियों को आने वाले भविष्य के लिए चेतावनी दी। 

कहा यदि कर्मचारी समाज अपने हक के लिए जागरूक नहीं हुआ तो सरकारें कर्मचारियों का भविष्य बर्बाद करने पर उतारू हैं। ऐसे में हम सभी कर्मचारी साथियों को एकजुट होकर संघर्ष करने की आवश्यकता है। इस अवसर पदाधिकारियों का निर्वाचन सम्पन्न हुआ। जिसमें अखिलेश कुमार सिंह (सिंचाई) अध्यक्ष, इंद्रेश मिश्र (परिवहन) वरिष्ठ उपाध्यक्ष, राकेश कुमार सिंह (चिकित्सा स्वास्थ्य) जिला मंत्री, अरुण कुमार मौर्य (चिकित्सा स्वास्थ्य) सम्प्रेक्षक मनोनीत किए गए। अधिवेशन सभा की अध्यक्षता शैलेंद्र कुमार सिंह एवं संचालन राकेश कुमार सिंह ने किया।

संस्कृत विश्वविद्यालय से जुड़े 350 केंद्रों पर परीक्षा देंगे 14710 परीक्षार्थी
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय और उससे संबद्ध देश भर के कॉलेजों में शुक्रवार से शास्त्री की परीक्षाएं शुरू होंगी। दस दिन(25 अप्रैल से 4 मई ) तक चलने वाली परीक्षा के लिए इस बार 350 केंद्र बनाए गए हैं, इसमें 14710 परीक्षार्थी शामिल होंगे। 

विश्वविद्यालय की ओर से राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अन्तर्गत सत्र 2024-2028 चार वर्षीय आठ सेमेस्टर के शास्त्री प्रथम सेमेस्टर के संस्थागत / व्यक्तिगत और सत्र 2022-2025 तीन वर्षीय शास्त्री छह सेमेस्टर वाले पंचम सेमेस्टर के संस्थागत, व्यक्तिगत, भूतपूर्व, बैक / श्रेणी सुधार / एकविषयक परीक्षा होनी है। 

परीक्षा नियंत्रक प्रो. सुधाकर मिश्र ने बताया कि शास्त्री प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा नए पाठ्यक्रम से होगी, जबकि पंचम सेमेस्टर की परीक्षा पुराने पाठ्यक्रम से होगी। सुबह 8 बजे से 11 बजे तक परीक्षा करवाई जाएगी। परीक्षा खत्म होने के बाद लिखित कॉपियां 6 और 7 मई को विश्वविद्यालय में जमा करनी होगी।

पंचायतीराज दिवस पर लोगों ने सुनी पीएम की बात
चिरईगांव ब्लाॅक सभागार में गुरुवार को पंचायतीराज दिवस पर विशेष कार्यक्रम हुआ। ब्लाक में उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात सुनी। बीडीओ वीरेंद्र नारायण द्विवेदी ने बताया कि प्रधानमंत्री के निर्देशों के अनुसार ग्राम पंचायतों में स्वच्छता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए जाने का संदेश दिया गया।

उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतें लोकतंत्र की नींव होती हैं। कार्यक्रम के अंत में ग्राम पंचायतों में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा की। एडीओ पंचायत कमलेश सिंह, हवलदार यादव, अनीता गुप्ता, प्रधान संघ अध्यक्ष लाल बहादुर पटेल, पारस, राजेश उर्फ राजू आदि उपस्थित रहे।

छात्रों ने निकाली जागरूकता रैली
सर्व शिक्षा अभियान के तहत गुरुवार को प्रभु नारायण राजकीय इंटर कालेज से छात्रों ने जागरूकता रैली निकाली। स्कूल चलें हम और विशेष नामांकन अभियान के तहत शुभारंभ किया गया। रैली को पार्षद रामकुमार यादव राजू और कॉलेज के प्रधानाचार्य मनोज कुमार पाण्डेय ने हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। यह विभिन्न मार्गों से होती हुई शास्त्री चौक पहुँची। इस दौरान पूर्व प्रधानमंत्री स्व.लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया।

संत निरंकारी भवन पर 273 लोगों ने किया रक्तदान
संत निरंकारी मिशन की ओर से गुरुवार को मानव एकता दिवस पर मिशन से जुड़े 273 लोगों ने रक्तदान किया। इस दौरान सामाजिक कुरीतियों को दूर कर लोगों को सामाजिक कार्यों में बढ़चढ़कर भागीदारी करते रहने के लिए प्रेरित किया गया।

संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन की ओर से संत निरंकारी सत्संग भवन मलदहिया पर आयोजित कार्यक्रम में रक्तदान शिविर में सर सुंदरलाल अस्पताल के ब्लड बैंक की टीम ने 62 यूनिट, दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल ने 112 और शिव प्रसाद गुप्त मंडलीय अस्पताल की टीम ने 99 यूनिट रक्त लिया गया। संत निरंकारी सत्संग के वाराणसी जोन के जोनल इंचार्ज सिद्धार्थ शंकर सिंह की मौजूदगी में सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी ने शिविर का शुभारंभ किया।

केंद्रीय विद्यालय चेरो सलेमपुर ने चोपन को हराया
छावनी के पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय 39जीटीसी में 54वीं केंद्रीय विद्यालय संभागीय खेलकूद प्रतियोगिता शुरू हुई। बृहस्पतिवार को कबड्डी, रस्सीकूद और निशानेबाजी का शुभारंभ वाराणसी संभाग के उपायुक्त डॉ. अजय कुमार मिश्र ने किया। उद्घाटन मैच में केवी चेरो सलेमपुर की टीम ने केंद्रीय विद्यालय चोपन को हराकर दूसरे चक्र में प्रवेश किया। इस मौके पर प्राचार्य डॉ. चंद्र भूषण प्रकाश वर्मा, डॉ. अजय कुमार मिश्र, दिनेश चंद मीणा, कोच मनिंदर सिंह, एचएन त्रिपाठी, विनीत गुप्ता मौजूद रहे।

विरासत शिक्षा को बढ़ावा देने की जरूरत
इंटैक हेक्स, दिल्ली के सहयोग से नगवा में दो दिवसीय विरासत शिक्षक प्रशिक्षण कार्यशाला हुई। जिले के 25 विद्यालयों से 50 शिक्षकों ने भाग लिया। इंटैक के संयोजक अशोक कपूर ने बताया कि हमारी ओर से विद्यालयों में विरासत शिक्षा को बढ़ावा देने और शिक्षकों को भारत की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर के प्रति जागरूक किया जा रहा है। मौके पर निर्मल जोशी, अनिल केशरी, अनीश झा, वरुण अग्रवाल मौजूद रहे।

निशानेबाजी में काशी के चार खिलाड़ियों ने जीते 6 पदक
हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में 25वीं राष्ट्रीय मास्टर्स खेलों में काशी के चार खिलाड़ियों ने छह पदक जीते हैं। निशानेबाजी की टीम स्पर्धा में तीन खिलाड़ियों ने स्वर्ण, महिला वर्ग की एथलेटिक्स में रेनू सिंह ने एक स्वर्ण और दो रजत सहित तीन पदक जीते। पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि 10 मीटर पिस्टल की टीम स्पर्धा में विनोद मिश्र, दिनेश जायसवाल और जगदीप मधोक ने स्वर्ण पदक जीता है।

मुंबई के बाबुलनाथ मंदिर में रामेश्वरम के जल से किया अभिषेक
श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर के मुख्य कार्यपालक विश्वभूषण मिश्र ने विरुथनी एकादशी पर बृहस्पतिवार को मुंबई में बाबुलनाथ महादेव मंदिर में श्री काशी विश्वनाथ के विग्रह का रामेश्वरम के जल से अभिषेक किया। उन्होंने पिछले साल नवंबर में इस मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद बाबा का रामेश्वरम के जल अभिषेक करने का संकल्प लिया था। 

वह स्वयं रामेश्वरम से जल लेकर बाबुलनाथ महादेव मंदिर गए और इस अनुष्ठान को पूरा किया। बाबुलनाथ में स्थापित श्री काशी विश्वनाथ महादेव का रामेश्वरम के जल से अभिषेक करने की परंपरा है। सीईओ ने बताया कि रामेश्वरम मंदिर के जमींदार परिवार के प्रतिनिधि सीआरएम अरुणाचल ने उन्हें रामेश्वरम का जल भेंट किया था। 

बीएचयू में आज से राष्ट्रीय एकता और गवर्नेंस पर सेमिनार
बीएचयू में सरदार पटेल की राष्ट्रीय एकता, गर्वनेंस और विकसित भारत के विचारों पर आज से दो दिन का राष्ट्रीय सेमिनार शुरू हो रहा है। सेमिनार के आठ उद्देश्य के साथ 10-10 थीम और सब थीम रखे गए हैं। टारगेट ऑडियंस यानी कि ये कार्यक्रम एकेडमिशियन, पॉलिसी मेकर्स, डेवलपमेंट प्रैक्टिसनर, रिसर्च स्कॉलर और छात्र, साथ ही सिविल सोसाइटी ऑर्गेनाइजेशन के लोगों के लिए रखा गया है। सरदार पटेल के विचारों समेत आधुनिक राष्ट्र के बारे में भी रिसर्च बेस्ड जानकारियां दी जाएंगी। भारत की 550 रियासतों और औपनिवेशिक प्रांतों को एक साथ लाकर भारत संघ का गठन किया था।

राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद ने डीएम से की मुलाकात
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के पदाधिकारियों ने गुरुवार को जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार से मुलाकात की। परिषद का नेतृत्व जिलाध्यक्ष शशिकांत श्रीवास्तव ने किया। पदाधिकारियों ने डीएम को विभिन्न विभागों में आ रही समस्याओं से अवगत कराया। इस पर डीएम ने जल्द ही समस्या को दूर करने का निर्देश दिया। इस दौरान धीरज कुमार श्रीवास्तव, दीपेंद्र कुमार श्रीवास्तव, सुरेंद्रनाथ पांडे, श्याम राज यादव, सुधांशु कुमार सिंह आदि लोग उपस्थित रहे।

फाइलों को क्रमवार रखें, सफाई का विशेष ध्यान रखें
कमिश्नर एस राजलिंगम ने गुरुवार को कमिश्नरी परिसर का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने न्यायालयों के न्यायिक कार्यों, वादों से संबंधित पत्रावलियां, वाद पत्रावलियों को देखा। इसके बाद न्यायालय कक्षों, राजस्व अभिलेखागार, मंडलीय राहत कक्ष, नजारत, स्टेनो कक्ष, लाइब्रेरी, प्रशासनिक सुधार कक्ष, आंग्ल अभिलेखागार, सांख्यिकीय का निरीक्षण किया। निर्देश दिए कि फाइलों को क्रमवार रखा जाए और सफाई का विशेष ध्यान रखें।

मंडलायुक्त ने सभी पटल सहायकों से परिचय प्राप्त करते हुए उनके कार्यों के बारे में जानकारी ली। सभी रजिस्टरों का एक प्रमुख मास्टर रजिस्टर बनाने के निर्देश दिए। रिकाॅर्ड का श्रेणीकरण करने को निर्देशित किया। अतिरिक्त कर्मी लगाकर फाइलों के सूचीबद्धता कराने को निर्देशित किया। कहा कि लोगों की समस्याओं का जल्द निस्तारण कराया जाए। इस दौरान अपर आयुक्त प्रशासन राकेश गुप्ता, अपर आयुक्त सुभाष यादव, अपर निदेशक सूचना सुरेंद्र नाथ पाल, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी अविनाश शर्मा मौजूद रहे।

आदर्श गांव नागेपुर में मृतकों को दी गई श्रद्धांजलि
आदर्श गांव नागेपुर में गुरुवार को कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में मारे गए लोगों को श्रद्वांजलि दी गई। लोक समिति कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

लोक समिति संयोजक नंदलाल मास्टर ने कहा कि कश्मीर में पिछले कुछ वर्षों में जो शांति और पर्यटन को लेकर सकारात्मक माहौल बना है, उसे नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से यह आतंकी साजिश रची गई है। इस मौके पर अनीता, सोनी, आशा, मनीषा, रामबचन, शिवकुमार, पंचमुखी, अवनीश, श्यामसुंदर मास्टर, सुनील, आशीष, विद्या, मंजीता, सीमा मधुबाला अंबिका ज्योति मौजूद रहे।

आत्मा की शांति के लिए की गई सामूहिक प्रार्थना
भारत विकास परिषद की ओर से गुरुवार सुबह स्वामी विवेकानंद पार्क नदेसर में प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। पहलगाम में मारे गए पर्यटकों की आत्मा की शांति के लिए लोगों ने मौन रख प्रार्थना की। शाखा अध्यक्ष सचिन अग्रवाल ने कहा कि इस कायरतापूर्ण हमले ने पूरे देश को झकझोर दिया है। हमें एकजुट होकर यह संदेश देना होगा कि भारतवासी आतंक के सामने कभी नहीं झुकेंगे।

सचिव शालिनी बरनवाल ने कहा कि यह केवल शोक सभा नहीं, बल्कि राष्ट्रीय चेतना के जागरण का क्षण है। आतंकवाद के विरुद्ध जन-जागरण और एकता समय की आवश्यकता है। कोषाध्यक्ष प्रदीप जायसवाल ने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वह देश की सुरक्षा और अखंडता के लिए सदैव जागरूक और संगठित रहें। महिला संयोजिका कांता मालू ने कहा अब हिंदुओं को एक होने का वक्त है और अपने देश के प्रत्येक नागरिक को आत्म सुरक्षा का हुनर होना चाहिए।

आतंकी हमले के विरोध में निकाला कैंडल मार्च
पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में विभिन्न संगठनों और नागरिकों ने शोक और आक्रोश व्यक्त किया। बरेका में कर्मचारियों ने श्रद्धांजलि दी और हमले की कड़ी निंदा की। सभा में शामिल सभी कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रखकर मृतकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। 

गंगापुर उप निबंधन कार्यालय में भी आतंकी हमले की निंदा की गई। कर्मचारियों और वकीलों ने शोक सभा की। सभी ने मिलकर मृतकों को श्रद्धांजलि दी। चौबेपुर कस्बे में युवाओं ने कैंडल मार्च निकालकर मृतकों को श्रद्धांजलि दी। 

युवाओं ने सरकार से अपील की कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएं। उन्होंने हाथों में तिरंगा लेकर पाकिस्तान के खिलाफ भी नारे लगाए। इस दौरान सुशील कुमार सिंह, प्रदीप कुमार, श्रीकांत यादव, नवीन सिन्हा, अनिल मिश्रा आदि लोग मौजूद रहे। 

अतिक्रमण के खिलाफ चलाया अभियान, लगाया जुर्माना
नगर निगम की टीम ने गुरुवार को शहर में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। शिवाला से रत्नाकर पार्क के सामने, गोदौलिया से मैदागिन, हरतीरथ में गली किनारे, मंडुवाडीह चौराहे से ओवरब्रिज तक, भोगाबीर लंका, गंगानगर कॉलोनी, चौकाघाट से अंधरा पुल तक, लहरतारा, सेंट्रल जेल तक अतिक्रमण हटाया गया। इस दौरान जुर्माने के रूप में 10,400 रुपये वसूले गए। मंडुवाडीह में प्लास्टिक स्टोर पर छापा मार कर चार किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त कर 5000 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

25 अप्रैल को आंबेडकर सम्मान गोष्ठी
भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने बताया कि पार्टी 25 अप्रैल को बाबा साहब डाॅ. भीमराव रामजी आंबेडकर की जयंती मनाएगी। बताया कि कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय और विशिष्ट अतिथि विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी रहेंगे।

नगर निगम ने जगह-जगह कराई प्याऊ की व्यवस्था
नगर निगम ने गुरुवार को गर्मी को देखते हुए शहर के कई जगहों पर प्याऊ की व्यवस्था कराई। नगर आयुक्त अक्षत वर्मा के निर्देश पर लक्सा थाने के सामने, रत्नाकर पार्क, आनन्द बाग पार्क, रविदास गेट लंका, मैदागिन, शहरद उद्यान पूर्वी द्वार के बगल में, नगर निगम गेट के पास, शहीद उधम सिंह आईलैंड गिरजाघर, गुरूधाम चौराहा इस्काॅन मंदिर के पास, कचहरी बनारस क्लब के पास, पांडेयपुर हनुमान मंदिर के पास, मछोदरी पार्क, तेलियाबाग तिराहा, रामकटोरा चौराहा, गुलाबबाग सिगरा थाना के सामने, हरिश्चन्द्र घाट, अस्सी घाट, शीतला घाट, दशाश्वमेध घाट, राजेंद्र प्रसाद घाट, नमोघाट और भैंसासुर घाट पर शीतल पेयजल की व्यवस्था की गई है। उद्यान अधीक्षक डॉ. बीके सिंह ने बताया गया कि आने वाले दिनों में गर्मी को देखते हुये अन्य स्थानों पर भी शीतल पेयजल मुहैया कराया जाएगा।

राज्यमंत्री ने घर-घर जाकर लाभार्थियों को दी योजनाओं की जानकारी
राज्यमंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ने गुरुवार को बैंक कॉलोनी स्थित सेवा बस्ती में भ्रमण कर दलित समाज के बीच पहुंचकर केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा उनके उत्थान के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अनुसूचित वर्ग के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं।

धनराज की बल्लेबाजी से जीती सिल्वर ग्रोव की टीम
पूर्वांचल क्रिकेट प्रतियोगिता का पहला क्वार्टर फाइनल गुरुवार को जगतपुर इंटर कॉलेज के खेल मैदान पर खेला गया। टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी कर राइजिंग क्रिकेट एकेडमी लाठियां की टीम ने 20 ओवर में 116 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सिल्वर ग्रोव की टीम के धनराज 18 बॉल पर 48 रन बनाकर 12.5 ओवर में 120 रन बना डाले। साथ ही टीम को चार विकेट से जीत दिला दी।

काशी विद्यापीठ में दाखिले के लिए आज से ऑनलाइन आवेदन
वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में सत्र 2025-26 में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुक्रवार से शुरू होगी। स्नातक में 25 अप्रैल से 20 मई तक आवेदन पत्र भरे जाएंगे। 1 से 30 जून तक स्नातकोत्तर, डिप्लोमा के पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे।

विश्वविद्यालय में समय से परीक्षा परिणाम जारी हो सके, इसके लिए यूजी, पीजी की सेमेस्टर परीक्षाओं के चलने के साथ ही प्रायोगिक परीक्षाएं भी चल रही है। बुधवार को हुई प्रवेश समिति की बैठक में बीए में 50 फीसदी और बीकॉम में 60 फीसदी बढ़ी सीटों पर दाखिला लेने का फैसला हुआ।

विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर जानकारी अपलोड करवाई जाएगी। इस बार 1 जुलाई से 14 अगस्त तक प्रवेश की प्रक्रिया पूरी होगी। विश्वविद्यालय की ओर से मेरिट के आधार पर ही प्रवेश लिया जाएगा। कुलसचिव दीप्ति मिश्रा ने बताया कि एनईपी के तहत होने वाली प्रवेश प्रक्रिया में बीम्यूज को छोड़कर अन्य पाठ्यक्रमों में उम्र की बाध्यता खत्म कर दी है। अधिक से अधिक अभ्यर्थियों को प्रवेश मिल सकेगा। प्रवेश संबंधी विस्तृत जानकारी अभ्यर्थियों को वेबसाइट पर मिलेगी।

संगीत से किया जा रहा मोटिवेट
बीएचयू के वेलबीइंग सर्विस सेल की ओर से म्यूजिक थेरेपी में 22 छात्रों ने भाग लिया। संगीत से होने वाले साइकोलॉजिकल फायदों को बताया गया। इमोशनल तौर पर लोगों को मोटिवेट करने में म्यूजिक मजबूत टूल की तरह काम करता है। छात्रों ने आत्म-प्रतिबिंब और माइंडफुलनेस का अभ्यास किया। इस दौरान सकारात्मक और भावनात्मक रूप से सहायक वातावरण बन गया।

पीएचडी : धरना दे रहे दूसरे छात्र को भी मिला प्रवेश
बीएचयू में छह दिन से परीक्षा नियंता कार्यालय के बाहर धरना दे रहे दो छात्रों में से एक छात्र को प्रवेश दे दिया गया है। प्राचीन इतिहास के छात्र करन जायसवाल को एडमिशन फीस जमा करने की लिंक भेजा गया। दूसरे छात्र करन गुप्ता को फीस जमा करने की लिंक नहीं आई। हालांकि, छात्रों का कहना है कि पुराने नियम के अनुसार प्रवेश दिया गया है, अभी ओबीसी आरक्षित सीटों को लेकर मसला नहीं सुलझा है।

लखनऊ बनारस स्पेशल ट्रेन के 61 फेरे बढ़े
यात्रियों की मांग पर लखनऊ से बनारस तक चलने वाली 04217/18 लखनऊ-बनारस स्पेशल ट्रेन का संचालन 61 फेरों के लिए बढ़ाया गया है। अभी तक यह ट्रेन 30 अप्रैल तक चलाई जानी थी, लेकिन इसके फेरे बढ़ा दिए गए हैं। रोजाना चलने वाली यह ट्रेन लखनऊ से चलकर बाराबंकी, दरियाबाद, रूदौली, अयोध्या धाम, अकबरपुर, शाहगंज, जौनपुर, बाबतपुर होकर वाराणसी पहुंचती है। लखनऊ से यह ट्रेन शाम 4:30 बजे और वाराणसी से सुबह 06:25 बजे चलती है। 

50 जायरीन का हुआ टीकाकरण
एओ मुस्लिम स्कूल लल्लापुरा में हज ट्रेनिंग व टीकाकरण कैंप में बृहस्पतिवार को 50 जायरीन को टीकाकरण हुआ। हाजी मोहम्मद इस्लाम सिद्दीकी की सदारत में उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा परिषद के पूर्व चेयरमैन डॉ. इफ्तिखार अहमद जावेद ने जायरीन को हज के अरकानों के बारे में बताया। 

कहा कि हज सफर में तकलीफ होगी, इसे दिल में ख्याल न लाएं। सरला से सफर तय कर लेंगे। कोई दिक्कत नहीं होगी। मास्टर हज ट्रेनर हाजी मोहम्मद इमरान ने घर से लेकर एयरपोर्ट तक क्या सामान ले जाने व एहराम बांधने के तरीके बताए। हाजी मोहम्मद अनीस अंसारी ने हजपर क्या करना और क्या नहीं करना इसके बारे में बताया। 22 पुरुष और 28 महिलाओं टीकाकरण हुआ। डॉक्टरों की टीम ने उनके सेहत की जांच की।

स्नान दान के साथ की भगवान विष्णु की पूजा
वैशाख मास कृष्णपक्ष की वरुथिनी एकादशी पर बृहस्पतिवार को श्रद्धालुओं ने स्नान दान कर भगवान विष्णु का पूजन किया। उन्होंने व्रत रखा और विष्णु मंदिरों में दर्शन पूजन किया। काफी लोगों ने गंगा स्नान किया। तीर्थपुरोहितों से संकल्प कराते हुए उन्हें दान-दक्षिणा दिया और उनका आशीर्वाद लिया। विष्णु के वामन अवतार की पूजा की। सुख-समृद्धि की कामना की।

आतंकवादी घटना के लिए भारत सरकार, सुरक्षा तंत्र जिम्मेदार : राघवेंद्र चौबे
महानगर कांग्रेस कमेटी की ओर से गुरुवार को छित्तनपुरा में पहलगाम घटना में मारे गए लोगों को मोमबत्ती जलाकर श्रद्वांजलि दी। सेवादल के प्रदेश अध्यक्ष प्रमोद पाण्डेय व महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि इस घटना के लिए केंद्र सरकार और सुरक्षा तंत्र जिम्मेदार है। यदि पहलगाम में पहले से ही पर्यटकों के लिए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होती तो शायद इस तरह की घटना नहीं हो पाती। 

एक तरफ आतंकवादी घटना से पूरा देश शोक में है वहीं दूसरी ओर प्रधानमंत्री बिहार का चुनावी दौरा किया जाना बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। इस दौरान प्रमोद पांडे, डाॅ. वकील अंसारी फसाहत हुसैन बाबू , डाॅ. राजेश गुप्ता, सतनाम सिंह, रामजी गुप्ता, सरताज समेत अन्य मौजूद रहे।
विज्ञापन

पाकिस्तानी नागरिकों को कमिश्नरेट पुलिस ने जारी की नोटिस
पाकिस्तानी वीजा पर कुल 10 लोग शहर में ठौर लिए हुए हैं। इसमें हाल में ही आए 75 वर्ष का एक बुजुर्ग भी है। सभी को कमिश्नरेट पुलिस की ओर से एक नोटिस जारी हो रही है। ताकीद किया गया है कि शासन स्तर से कोई भी गाइडलाइन आने पर शहर छोड़ने के लिए तैयार रहें।

कमिश्नरेट पुलिस के अनुसार नौ पाकिस्तानी तो लंबे अवधि से शहर में लांग टर्म वीजा पर रह रहे हैं। इसमें कुछ विवाह, तलाक तो कुछ उपचार संबंधी परेशानियों से घिरे हुए हैं। दो महिलाएं भी हैं। वहीं, शिवपुर क्षेत्र में एक 75 वर्ष का बुजुर्ग है, जो अभी हाल में ही पाकिस्तानी वीजा पर ठहरा हुआ है। उसे आद्यतन नोटिस जारी करते हुए आगाह किया गया है कि वापसी की तैयारी कर लें।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें