सिटी स्टेशन पर बुधवार को टिकट चेकिंग अभियान में 102 बेटिकट यात्रियों से 31000 रुपये का जुर्माना वसूला गया। पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के डीसीएम पशुपति नाथ मिश्रा के नेतृत्व में 15104 बनारस-गोरखपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस, 65101 गाजीपुर सिटी-जौनपुर मेमू एक्सप्रेस, 55138 बनारस-भटनी पैसेंजर, 14015 रक्सौल-आनन्दविहार सद्भावना एक्सप्रेस,15018 गोरखपुर-लोकमान्य तिलक टर्मिनल काशी दादर एक्सप्रेस, 65131 मऊ-प्रयागराज मेमू एक्सप्रेस, 15159 छपरा-दुर्ग सारनाथ एक्सप्रेस अन्य ट्रेनों में चेकिंग की गई। मुख्य टिकट निरीक्षक विवेक बाजपेयी, टिकट निरीक्षक माहरुफ खान, अमित, उमेश यादव, अरविंद, नरेंद्र पाठक समेत 17 टिकट कर्मी शामिल रहे।
होली पर भीड़ प्रबंधन समेत अन्य तैयारियों की डीआरएम ने की समीक्षा
होली पर यात्रियों की भीड़ प्रबंधन समेत अन्य तैयारियों की डीआरएम वीके श्रीवास्तव ने समीक्षा की। बुधवार को बनारस, सिटी समेत अन्य स्टेशनों पर हेल्प डेस्क बनाई गई। अपर मंडल रेल प्रबंधक (ऑपरेशन) राजेश कुमार सिंह ने बलिया,छपरा, सिवान व देवरिया सदर रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण किया।
अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्टेशनों पर लगातार सूचनाएं प्रसारित हो। सहयोग काउंटर पर विशेष ट्रेनों की सूची प्रदर्शित की जाए। ट्रेनों का आगमन निर्धारित प्लेटफॉर्म से हो, छपरा, सिवान, बलिया व गाजीपुर सिटी स्टेशन में अधिक से अधिक अनरक्षित टिकट व आरक्षण काउंटर कार्य करेंगे। स्टेशन परिसर में यात्रियों के टिकट की जांच की जाए। एफओबी पर अनावश्यक भीड़ न इकट्ठा हाे।
बुआ पर भतीजे को गायब करने का आरोप, केस दर्ज
अर्दली बाजार निवासी पीड़ित ने अपनी बहन पर दो साल के बच्चे को गायब करने का आरोप लगाते हुए कैंट थाने में केस दर्ज कराया। पीड़ित अयूब शेख ने पुलिस को बताया कि उसकी बड़ी बहन मानसिक रूप से कमजोर है। वह 10 मार्च की रात दो साल के बेटे को लेकर अचानक गायब हो गई। काफी खोजबीन के बाद भी दोनों का पता नहीं चल सका।
वरुणा नदी किनारे मिला युवक का शव
शिवपुर थाना क्षेत्र के इमलिया घाट पुल के नीचे वरुणा नदी के किनारे बुधवार की शाम पुलिस ने युवक का शव बरामद किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस के अनुसार शव की शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है। सिर में चोट के निशान भी हैं।
वीडीए ने दो अवैध निर्माण किए सील
वीडीए ने बुधवार को दो अवैध निर्माण सील कर पुलिस अभिरक्षा में दिया। नगवा वार्ड के अखरी बाईपास में कमलेश मौर्या की ओर से सीएम पैलस में अवैध निर्माण किया गया था। जिसे पूर्व में नोटिस दिया गया था। बावजूद इसके काम कराने पर अवैध निर्माण सील कर पुलिस अभिरक्षा में सुपुर्द किया गया।
वार्ड शिवपुर में मुरारी लाल पटेल की ओर से सगुनहा में अवैध निर्माण सील किया गया। जिसे तोड़कर दोबारा निर्माण कराया जा रहा है। जिसे सील कर पुलिस अभिरक्षा में दिया गया। उधर, शिवपुर वार्ड के नंदलाल बृजलाल ने सगुना बाबतपुर में अवैध निर्माण किया था। पूर्व में नोटिस दिया गया था, बावजूद काम कराने पर अवैध निर्माण सील कर पुलिस अभिरक्षा में दिया गया।
युवक की संदिग्ध हाल में मौत
सिगरा थाना क्षेत्र के रमाकांत नगर कॉलोनी में बुधवार सुबह युवक की संदिग्ध हाल में मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। चौक के पियरी क्षेत्र निवासी योगेश (35) पारिवारिक कारणों के चलते पत्नी के साथ रमाकांत नगर में अभिषेक श्रीवास्तव के मकान में किराये पर पिछले एक साल से रह रहे थे। मंगलवार रात वह मसाने की होली से घर लौटा।
सुबह आठ बजे पत्नी स्नेह लता मिश्रा ने उसे उठाने का प्रयास किया तो कोई हरकत नहीं हुई। इस पर स्नेहलता ने शोर मचाया। बाकी किरायेदार पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। योगेश मिश्रा के परिजनों की मांग पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सिगरा पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी।
गैस सिलेंडर के रिसाव से लगी आग
चोलापुर थाना क्षेत्र के बसाव गांव में बुधवार रात गैस सिलेंडर के रिसाव के कारण शाम के समय घर में धूप जलाया गया था। इसकी चिंगारी से गैस सिलेंडर में आग लग गई। हादसे में कच्चे मकान में भी आग लग गई। आग लगने से रसोई घर में रखा सिलेंडर भी फट गया। आग लगने से रजाई, गद्दा, बेड, बक्सा, आलमारी, जलकर राख हो गया। लगभग 50 हजार रुपये की क्षति बताई जा रही है। थाना क्षेत्र के बसवा गांव निवासी हरिश्चंद्र दुबे के कच्चे मकान में शाम को गैस रिसाव से अचानक आग लग गई थी।
लूट व बरामदगी में आरोपी को मिली अग्रिम जमानत
फास्ट ट्रैक कोर्ट (महिलाओं के विरुद्ध अपराध) द्वितीय सुनील कुमार की अदालत ने महिला के गले से चेन लूट व बरामदगी के मामले में आरोपी को अग्रिम जमानत दे दी है। भदोही के सुरियाव थाना के मानापुर निवासी आरोपी देवा पांडेय को पुलिस ने किया था।
एक-एक लाख की दो जमानतें एवं बंधपत्र देने पर रिहा करने का आदेश दिया। वादिनी ने कपसेठी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह 3 जुलाई 2024 की रात 9.30 बजे अपने घर से बाजार निकली थी। दौलतिया मोड़ के पास बाइक सवार तीन आरोपियों ने पति की बाइक रुकवाई और चेन लूटकर भाग निकले।
सदर के एसडीएम बने अमित कुमार
डीएम एस. राजलिंगम ने डिप्टी कलेक्टर माल अमित कुमार को सदर एसडीएम बनाया है। एसडीएम राजातालाब की जिम्मेदारी शिवानी सिंह को दी गई है। सदर में तैनात रहे एसडीएम सार्थक अग्रवाल बस्ती में सीडीओ बने हैं। राजातालाब की एसडीएम रहीं साईं आश्रित शाकमुरी का भी तबादला हो गया है।
11 दुकानों पर छापा, 4 के लिए सैंपल
होली पर खाने की सामग्री में मिलावट रोकने के लिए खाद्य विभाग की टीम ने बुधवार को भिखारीपुर, रामनगर, तक्खू की बौली सहित कई इलाकों की खाद्य पदार्थों की दुकानों पर छापा मारा। टीम ने 11 दुकानों का निरीक्षण किया। साथ ही सात छापे मारकर पापड़, दही, कचरी, नमकीन के कुल 4 नमूने जांच के लिए एकत्रित किए।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन आयुक्त लखनऊ के आदेश पर जिलाधिकारी की निगरानी में चार टीमें बनाई गई हैं। सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय कौशलेंद्र शर्मा ने बताया कि नमूनों की जांच के बाद गड़बड़ी मिलने पर मालिकों के खिलाफ कार्रवाई होगी। अभियान 13 मार्च तक चलेगा। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार यादव, राजेश कुमार, सम्राट श्रीवास्तव, नीरज आदि रहे।
2000 लीटर शराब पर चलाया रोलर
लौटूवीर क्षेत्र से 2000 लीटर शराब पर कोर्ट के आदेश पर लंका पुलिस ने बुधवार को रोलर चलाकर नष्ट कर दिया। एसीपी भेलूपुर डॉ. ईशान सोनी ने बताया कि 12 मार्च 2025 को न्यायालय के आदेश पर आबकारी अधिनियम के तहत माल को नष्ट कराया गया। शराब की कीमत 15 लाख रुपये आंकी गई है। कई मुकदमों का 2 साल से रखा हुआ था। इस दौरान लंका इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा मौजूद रहे।
जबरन दीवार क्षतिग्रस्त कर कब्जे का प्रयास, केस दर्ज
बड़ागांव थाना क्षेत्र के बलुआ गांव में महिला की चाहरदीवारी को क्षतिग्रस्त कर जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया गया। पीड़िता ने चार नामजद समेत अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कराया है। बौलिया की रहने वाली पीड़िता रंजना मिश्रा ने बताया कि उनकी चाहरदीवारी को आरोपी लल्लू राम, गीता देवी, इंदल व वीरू समेत अन्य ने क्षतिग्रस्त कर दिया और जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया। 28 फरवरी 2025 को पति ऋषभदेव मिश्रा ने विरोध किया तो आरोपियों ने गालीगलौज और धमकी दी।
शांति और सौहार्द के साथ मनाएं होली और रमजान
होली और रमजान को लेकर एसीपी डाॅ. अतुल अंजान त्रिपाठी ने बुधवार को पुराना पुल चौकी पर पीस कमेटी की बैठक की। अपील की कि शांति और सौहार्द के साथ त्योहार मनाएं। किसी तरह के अफवाह पर ध्यान न दें। चेताया कि माहौल खराब करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिसकर्मियों को होलिका दहन वाले स्थलों का निरीक्षण करने को कहा। बैठक में थानाध्यक्ष सारनाथ विवेक कुमार त्रिपाठी मौजूद रहे।
शहर के तीन दसवां स्थलों का वीडीए कराएगा विकास
वीडीए की ओर से शहर के तीन दसवां स्थलों का विकास किया जाएगा। पिशाचमोचन, अहिराना गली, लक्ष्मी घाट पर शौचालय, सेप्टिक टैंक, चेजिंग रूम और बोरिंग का निर्माण होगा। 42.36 लाख की लागत से होने वाले निर्माण से लोगों को सुविधा मिलेगी। ज्यादातर दसवां स्थल की स्थिति ठीक नहीं है। टूटे फूटे स्थलों के चलते आम लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
कई बार लोगों ने जनप्रतिनिधियों से शिकायत की। बावजूद इव पर कोई ध्यान नहीं देता है। मृत्यु के दसवें दिन परिवार के लोग दसवां स्थल पर जाते हैं। वहां परिवार के पुरुष सदस्य मुंडन कराते हैं। महिलाएं उसी स्थल पर स्नान करती हैं। ज्यादातर दसवां स्थल पर पानी और शौचालय की दिक्कत है। कई लोग मजबूरी में उसी कुंड के पानी से स्नान करते हैं। वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग ने बताया कि तीन स्थानों पर दसवां स्थलों का विकसित किया जाएगा।
होली के लिए निगम में क्यूआरटी गठित
होली को ध्यान में रखकर नगर निगम की ओर से क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) का गठन किया गया है। जो होली वाले दिन किसी भी समस्या समाधान करेगी। सीवर ओवर फ्लो, सफाई, पानी आदि की समस्या का समाधान करने के लिए नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी को जिम्मेदारी दी है। होलिका दहन के 24 घंटे बाद राख उठाने का काम शुरू होगा। इसके अलावा शहर के प्रमुख इलाकों में अतिरिक्त सफाई कर्मचारियों को तैनात किया गया है।
कैंट स्टेशन पर 42 कर्मियों को दिया गया सीपीआर का प्रशिक्षण
कैंट स्टेशन पर बुधवार को 42 कर्मचारियों को सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) और स्वचालित बाह्य डिफिब्रिलेटर (एईडी) का प्रशिक्षण दिया गया। इसमें आरपीएफ, वाणिज्यिक, परिचालन व हाउसकीपिंग स्टाफ ने हिस्सा लिया।
प्रशिक्षण के दौरान जीवन रक्षक तकनीकों, विशेष रूप से सीपीआर और एईडी के उचित उपयोग पर जोर दिया गया। सीनियर डीसीएम कुलदीप तिवारी ने बताया कि इस प्रशिक्षण से रेलकर्मियों में आपातकालीन परिस्थितियों में दक्षता और जागरूकता बढ़ेगी।
आईएमएस गेट से निकली ग्लूकोमा जागरूकता रैली
विश्व ग्लूकोमा सप्ताह के तहत आईएमएस बीएचयू से बुधवार को जागरूकता रैली निकाली गई। क्षेत्रीय नेत्र संस्थान की ओर से निकली रैली को निदेशक प्रो. एसएन संखवार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान लोगों को ग्लूकोमा के कारण, उसके लक्षण और बचाव के बारे में जागरूक किया गया।
यह भी बताया गया कि मधुमेह और ब्लड प्रेशर वाले मरीजों को ग्लूकोमा का खतरा अधिक रहता है। आईएमएस निदेशक कार्यालय से निकलकर महिला महाविद्यालय होते हुए रैली बीएचयू गेट तक पहुंची। इसमें पद्मश्री प्रो. टीके लहरी, नेत्र रोग विभागाध्यक्ष प्रो. आरपी मौर्य, प्रो. प्रशांत भूषण, प्रो. दीपक मिश्र, प्रो. सुनील राव सहित अन्य लोग शामिल रहे।
दंगल में पहलवानों ने दिखाया दमखम
तरया में गुलाब पहलवान की स्मृति में दंगल हुआ। इसमें मुख्य आकर्षण राकेश जम्मू और मौसम चंदौली का मुकाबला रहा। दोनों पहलवानों ने एक-दूसरे को कड़ी टक्कर दी। इसके अलावा सोमरू पहलवान और गाजीपुर के पहलवान के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ।
राम और गाजीपुर के अजीत के बीच हुए मुकाबले में भी दर्शकों ने खूब तालियां बजाईं। अन्य मुकाबलों में शिव सारनाथ ने आशीष को हराया जबकि बहादुर नवापुर ने गाजीपुर के संजय को पराजित किया। विजय बहादुर यादव, विदुर गायक, विनोद फौजी, शिव शंकर यादव ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। संचालन लाल बहादुर पहलवान सारनाथ, अनिल पहलवान अकेलावन, बबलू चंदौली और कल्लू पटेल ने किया।
अनिल जायसवाल बने राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष
अखिल भारतीय जायसवाल सर्ववर्गीय महासभा के राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी अनिल कुमार जायसवाल को मिली है। अनिल इस समय जायसवाल सभा काशी के महामंत्री पद की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। उनकी सामाजिक पृष्ठभूमि,रचनात्मक क्रियाशीलता को देखते हुए वरिष्ठ उपाध्यक्ष बनाया गया है।
जायसवाल सभा काशी के अध्यक्ष राजकुमार जायसवाल,भाजपा आर्थिक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष संजय गुप्ता, भानु जायसवाल,प्रदीप जायसवाल,संजय जायसवाल आदि ने बधाई दी है।
रोजा इफ्तार में दिखी गंगा जमुनी तहजीब
बड़ी मस्जिद में इश्तियाक खान उर्फ गब्बर की ओर से रोजा इफ्तार का आयोजन किया गया। बुधवार को इसमें बड़ी संख्या में मुसलमान और हिंदू समाज के लोग शामिल हुए। मगरिब की अजान की आवाज सुनकर लोगों ने खजूर और शरबत से रोजा खोला। रोजा इफ्तार के बाद लोगों ने नमाज अदा की। नमाज हाफिज अफरोज ने पढ़ाई। इस अवसर पर फखरे आलम, आफताब आलम, गिरधर सेठ, पवन मिश्रा जित्तू, रहीम शेख, इलियास खान, इमरान खान, राजकुमार गुप्ता, शामिल हुए।
एक-दूसरे को गुलाल लगाकर दी होली की बधाई
पिंडरा तहसील बार एसोसिएशन की ओर से बुधवार को होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। होली मिलन समारोह में लोग एक दूसरे को लाल गुलाल और अबीर लगाया। इस मौके पर एसडीएम पिंडरा प्रतिभा मिश्रा, तहसीलदार विकास पांडेय, एसडीएम न्यायिक प्रज्ञा सिंह, तहसील बार के अध्यक्ष कृपा शंकर पटेल, महामंत्री सुधीर सिंह, पूर्व अध्यक्ष जवाहरलाल वर्मा, शिवपूजन सिंह, राधे मोहन उपाध्याय समेत अन्य मौजूद रहे।
अस्सी घाट पर पारम्परिक फागुआ महोत्सव का आयोजन
अस्सी घाट पर गंगा सेवा समिति के अर्चकों ने संगीतमय होली महोत्सव का आयोजन किया। सभी श्रद्धालुओं पर रंग गुलाल अबीर डालकर उत्सव मनाया गया। आयोजन में संस्कृत के छात्रों की ओर से संगीतमय प्रस्तुति दी गई। समिति के विकास पांडेय ने कहा पांच वर्षों से हम वेदपाठी पारंपरिक लोकगीतों की प्रस्तुति दे रहे हैं।
इसमें गांव में आयोजित होने वाले फगुआ गीत गाए जाते हैं। मां गंगा के तट पर इस संगीत में कार्यक्रम में देश-विदेश से आने वाले पर्यटक भी शामिल हुए। सभी श्रद्धालुओं से अपील की गई कि वह आपसी भाईचारे और शांति सौहार्द के साथ इस उत्सव को मनाएं। कार्यक्रम में विकास, अमन, शुभम, आशुतोष, यश, विनीत उपस्थित रहे।
श्रीराम जानकी मंदिर के वार्षिक श्रृंगार पर हुआ भंडारा
श्रीराम जानकी मंदिर के स्थापना दिवस और रंगभरी एकादशी के उपलक्ष्य में बुधवार को वार्षिक शृंगार और भंडारे का आयोजन किया गया। मंदिर के महंत अच्युत ब्रह्मचारी (मौनी स्वामी) ने बताया कि मंदिर पर 50 साल से वार्षिक शृंगार और भंडारा हो रहा है। पूजन के बाद मंदिर का कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया गया। वहीं, शाम को भंडारे में भक्तों ने महाप्रसाद लिया। इस दौरान शेखर मोदनवाल, मंगरु भोज्यवाल, राजन मोदनवाल, सनी मोदनवाल, अनूप मोदनवाल, विजय जायसवाल उपस्थित रहे।
बीएचयू की छात्रा शुभांगी क्षितिजा ने युवा महोत्सव में जीता स्वर्ण पदक
भारतीय विश्वविद्यालय संघ की ओर से एमिटी विश्वविद्यालय नोएडा में आयोजित 38वें राष्ट्रीय युवा महोत्सव में देश भर के 140 विश्वविद्यालयों की टीम ने प्रतिभाग किया। महोत्सव में बीएचयू की छात्रा शुभांगी क्षितिजा सौरव ने स्वर्ण पदक जीतकर विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाया।
तीन से सात मार्च तक चले महोत्सव में शुभांगी क्षितिजा ने भारत में उद्यमिता व स्टार्टअप कल्चर का उदय विषय पर प्रमुखता से अपनी बात रखते हुए एलोकुशन (संभाषण) प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल किया। शुभांगी क्षितिजा महिला महाविद्यालय में तृतीय वर्ष की स्नातक छात्रा हैं।
इससे पहले शुभांगी ने जनवरी में भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित यंग लीडर्स डायलॉग में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समक्ष भी प्रभावशाली प्रेजेंटेशन देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया था। साथ ही क्षेत्रीय युवा महोत्सव में भी स्वर्ण पदक जीत कर नेशनल के लिए क्वालीफाई किया था। इसके पहले आयोजित 37 वे राष्ट्रीय युवा महोत्सव में भी शुभांगी ने कांस्य पदक प्राप्त किया था।
वृद्धा आश्रम भेलूपुरा में मनाई गई होली
वूमेंस स्पिरिट क्रिएशन सोसायटी एवं डब्लूएससी ओसम क्लब की तरफ से प्यार बांटते चलो के अंतर्गत वृद्धा आश्रम भेलूपुरा में होली सेलिब्रेशन का प्रोग्राम आयोजित हुआ। सभी माताओं मै खाने की सामग्री फल मीठा ,बिस्कुट, फ्रूटी देकर अबीर गुलाल लगा कर गीत गाते हुए होली सेलिब्रेशन किया गया। इसके साथ ही गर्मी को ध्यान में रखते हुए कॉटन, साड़ी आदि का भी वितरण किया। इस दौरान जानकी, अनुपमा, कविता, वंदना जायसवाल, रेखा गुप्ता आदि लोग उपस्थित थे।
फ्रेट विलेज का निर्माण करेगी एनएचएलएमएल
फ्रेट विलेज के निर्माण की जिम्मेदारी नेशनल हाईवे लाजिस्टिक मैनेजमेंट लिमिटेड (एनएचएलएमएल) को दी गई है। मंगलवार को दिल्ली में भारतीय अंतरदेशीय जलमार्ग प्राधिकरण (आइडब्लूएआई) और एनएचएलएमएल के बीच अनुबंध हुआ है। कैबिनेट मंत्री नितिन गडकरी और सर्वानंद सोनेवाल ने अनुबंध पत्र पर हस्ताक्षर किए। निर्माण कार्य अप्रैल से शुरू करा दिया जाएगा। परियोजना पूरी होने के बाद सड़क, रेल व जलमार्ग से यातायात सुविधा बहाल हो सकेगी। रामनगर की औद्योगिक इकाइयों का इसका लाभ मिलेगा।
70 युवाओं को होली के पूर्व मिली नौकरी
पिंडरा के खालिसपुर स्थित निजी आईटीआई में दो कंपनी द्वारा बुधवार को रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इसमें 150 युवाओं ने प्रतिभाग किया। इनमें 70 युवा छात्रों का चयन हुआ। युवाओं के लिए होली का त्योहार एक सौगात लेकर आया। इस दौरान संस्थान के प्रबंधक सरोज कुमार चौबे, आरिफ अंसारी, नंदन चौबे, कवींद्र पटेल, जितेंद्र कुमार मौजूद रहे।
साहित्यिक परंपरा के लिए उर्वरा भूमि है काशी
बीएचयू के भारत अध्ययन केंद्र में चल रहे विशेष व्याख्यान में नागरी प्रचारिणी सभा के प्रधानमंत्री व्योमेश शुक्ल ने कहा कि काशी साहित्यिक परंपरा की उर्वरा भूमि रही है। काशी के साहित्य में पारंपरिक व्यवसायों की भी प्रमुख भूमिका रही है। काशी हिंदी साहित्य और संगीत के लिए खाद और पानी है।
नागरी प्रचारिणी सभा और काशी हिंदू विश्वविद्यालय हिंदी साहित्य के प्रमुख केंद्र रहे हैं। एक रचनाकार अपनी रचना में अपने समाज और शहर की पूरी व्यवस्था, संरचना और दैनिक जीवन से प्रभावित होता है, इसे हम बनारस के साहित्यकारों की रचनाओं में देख सकते हैं।
प्रो. बलिराज पांडेय ने कहा कि दुख कविता के लिए अनिवार्य तत्व है। स्वतंत्रता से बढ़कर समाज में कोई सुख नहीं है। भक्तिकाल प्रेम का संदेश देता है। प्रेम की महत्ता हमेशा संसार में रही है।
अध्यक्षता करते हुए प्रो. अवधेश प्रधान ने कहा कि काशी शुरू से ही बहुभाषिक और भक्तिकाल से आधुनिक काल तक लेखन की स्तरीय व समृद्ध परंपरा का वाहक रही है। यहां के विद्वानों ने अभावों में रहते हुए अथक परिश्रम से कालजयी रचनाएं की हैं। संचालन डॉ. अमित पांडेय और धन्यवाद ज्ञापन डॉ. अवधेश दीक्षित ने किया। इस दौरान प्रो. एसएन उपाध्याय, प्रो. सदाशिव कुमार द्विवेदी, प्रो. राणापीबी सिंह, डॉ. एसके उपाध्याय, उमाशंकर गुप्ता आदि लोग मौजूद रहे।
साहित्य उत्सव में प्रीति जायसवाल ने किया काव्य पाठ
बनारस की कवयित्री प्रीति जायसवाल ने साहित्य अकादमी की ओर से आयोजित एशिया के सबसे बड़े साहित्य उत्सव में काव्यपाठ किया। इस उत्सव में उड़िया, पंजाबी, उर्दू, अंग्रेजी, मणिपुरी और हिंदी भाषा के कवि शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्ष प्रख्यात उर्दू कवि और समालोचक चंद्रभान ख्याल ने की। प्रीति ने मंच से कविता में पड़ी गुलाब हूं मैं..., तुम ही कहते हो..., कहते ही रहते हो साग हूं मैं, चौलाई कहीं की... सुनाया। बनारस प्रेम को जाहिर करतीं पंक्तियां बीत जाने के बाद, सारा दिन, रात सपने में तुम्हें छुएगा बनारस.... चर्चा में रहीं।
भगवान राम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न ने लगाया एक दूसरे को अबीर गुलाल
पारंपरिक होली महोत्सव की लीला बुधवार को श्री चित्रकूट रामलीला समिति के देवस्वरूपों ने खेली। शाम को नरसिंह चबूतरा और बड़ागणेश स्थित अयोध्या भवन में उल्लासपूर्ण ढंग से अबीर-गुलाल के साथ होली खेली गई। भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न, माता सीता एवं हनुमान जी के स्वरूपों ने एक दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली महोत्सव मनाया।
बुधवार को अयोध्या भवन में होली की लीला का उत्सव जन-जन पर नजर आया। श्रद्धालुओं ने होली खेली और एक दूसरे के साथ ही भगवान के स्वरूपों को भी अबीर गुलाल लगाया। इसके बाद एक दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं एवं प्रभु श्रीराम से आर्शीवाद लिया।
इस अवसर पर सुप्रसिद्ध शहनाई वादक अंसार अली और उनके साथियों ने होली गीत बजाकर वातावरण को होलीमय कर दिया। लीला व्यवस्थापक पं. मुकुंद उपाध्याय ने आरती उतारी एवं प्रसाद वितरण किया। इस दौरान सुबोध अग्रवाल, मोहन कृष्ण अग्रवाल, सतेंद्र राय, अभिनव उपाध्याय, रघुनाथ दास, संजय गुजराती, अशोक सिंह, अयोध्या नाथ मौजूद रहे।
रचना को समरूप से देखना आलोचना का सही रास्ता
राजकीय जिला पुस्तकालय में आयोजित साहित्य संगोष्ठी में वक्ताओं ने हिंदी आलोचना पर चर्चा की। मुख्य वक्ता प्रो. ओमप्रकाश ने कहा कि रचना को समरूप से देखना आलोचना का सही रास्ता है। भाषाओं के बीच से साहित्य की जोखिम उठाना एक चुनौतीपूर्ण कार्य है।
जिला पुस्तकालय सभागार में हिंदी आलोचना के 100 साल पुस्तक का लोकार्पण भी किया गया। साहित्यकार डॉ. राम सुधार सिंह ने कहा कि हिंदी आलोचना की उर्वर भूमि काशी रही है। बाबू श्यासुंदर दास और रामचंद्र शुक्ल ने कवियों पर केंद्रित समीक्षात्मक लेख लिखकर आलोचना साहित्य को नयी दिशा दी। डॉ. प्रीति त्रिपाठी ने कहा कि रचना और आलोचना पाठक को उसके जड़ों से जोड़ती है। इस दौरान डॉ. दया निधि मिश्र, प्रो. दीपक मलिक, डॉ. रामसुथार सिंह, नरेंद्र नाथ मिश्र मौजूद रहे।
रंग, संगीत और ठंडाई के साथ होली का शुभारंभ...
काशीपुराधिपति की नगरी में रंगभरी एकादशी के साथ होली की शुरुआत हो गई है। शहर की सड़कें रंग, अबीर-गुलाल से सराबोर होने लगी हैं। गंगा घाटों पर लोकगीतों की तान भी सुनाई दे रही है। बुधवार को दशाश्वमेध घाट पर कलाकारों और हुलियारों की टोली ने होली की रंग-बिरंगी महफिल सजाई।
बुधवार को दशाश्वमेध घाट पर गीतकार कन्हैया दुबे केडी और गायक अमलेश शुक्ला की टीम ने होली के पारंपरिक गीतों की महफिल सजाई। गायकों ने अपने अंदाज में होलियाना मूड में राजनीतिक तंज कसे। लोक परंपरा के निर्वहन के साथ काशी की जनता ने भी इस आयोजन का लुत्फ उठाया।
रंग-भंग, ठंडाई के साथ गाने के साथ होली की खुशियां मनाईं। ढोलक-मंजीरे के साथ होली के गीत गाते हुए लोग झूमते नजर आए। इस दौरान आसपास के लोगों ने भी होली के इस माहौल का खूब आनंद लिया।
थाईलैंड में बीएचयू के प्राेफेसर को सर्वश्रेष्ठ शोधपत्र का सम्मान
बीएचयू के संस्कृत विभाग में असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. ठाकुर शिवलोचन शांडिल्य को थाईलैंड की ओर से पालि और बौद्ध अध्ययन विषय हुए कार्यक्रम में सर्वश्रेष्ठ शोधपत्र के सम्मान से नवाजा गया। डॉ. शांडिल्य ने बैंकॉक स्थित धनबुरी राजाभट्ट विश्वविद्यालय द्वारा पालि और बौद्ध अध्ययन की संभावना और चुनौतियों पर आधारित एक अंतरराष्ट्रीय काॅन्फ्रेंस में अपनी पेपर की प्रस्तुति दी थी। उनके शोधपत्र का विषय प्रतीत्यसमुत्पाद के नैतिक और व्यवहारिक समीक्षा था।
पुष्पवर्षा कर मेयर ने नव विवाहित जोड़ों को दिया आशीर्वाद
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत नगर निगम की ओर से शहीद उद्यान में भव्य कार्यक्रम हुआ। इसमें 45 जोड़ों का विवाह कराया गया। मेयर अशोक कुमार तिवारी ने सभी नवविवाहित जोड़ों को न केवल आशीर्वाद दिया बल्कि उन पर पुष्पवर्षा भी की। मेयर ने उन्हें प्रमाणपत्र भी दिए।
मेयर ने कहा कि मुख्यमंत्री की ओर से सर्वसमाज के विकास के लिए कार्य किया जा रहा है। नव विवाहित जोड़े मिलजुल कर अपने वैवाहिक जीवन को सुखमय बनाएं। समाज कल्याण अधिकारी की ओर से शासन स्तर से दिए जाने वाले उपहार वर-वधुओं को दिए गए। वैवाहिक जोड़ो में 34 हिंदू और 11 मुस्लिम परिवार से थे। संचालन पीआरओ संदीप श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर पार्षद सुरेश कुमार चौरसिया, अमरदेव यादव, श्यामआसरे मौर्य, सुरेश कुमार, सिंधु सोनकर, प्रमोद राय, संदीप सिंह रघुवंशी, कुसुम पटेल, अपर नगर आयुक्त सविता यादव आदि मौजूद रहे।
सांप्रदायिक तनाव पैदा करने वालों पर करें कार्रवाई
सपा और नागरिक समाज के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर राजेश कुमार सिंह से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा। सपा जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़ ने कहा कि कुछ दिनों से मुस्लिम समुदाय के खिलाफ साजिश की जा रही है। इसमें कई सांप्रदायिक घटनाओं के मामले सामने आए हैं।
अंबिया मंडी मामले में पुलिस ने 14 बेकसूर लोगों को जेल भेज दिया गया। बकरियाकुंड में रेहान पर ब्लेड से जानलेवा हमला हुआ। जैतपुरा में तहरीर दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। कोटवा में कुछ बच्चे स्ट्रीट लाइट पर निशाना लगा रहे थे। इन बच्चों पर गंभीर धाराएं लगाकर सुधार गृह भेज दिया गया।
दीनदयालपुर सारनाथ में मुस्लिम समुदाय के दो लोगों पर हमला कर दिया। कमिश्नर से चिंता जाहिर की गई कि होली और जुम्मा एक ही दिन है। ऐसे में सांप्रदायिक ताकतें सक्रिय रहेंगी। ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर ने जांच कराकर कार्रवाई का भरोसा दिया। प्रतिनिधि मंडल में कम्युनिस्ट फ्रंट से मनीष शर्मा, भगत सिंह आंबेडकर विचार मंच से एसपी राय, संतोष यादव, हरीश मिश्रा, राजेश यादव नत्थू, आबिद शेख, प्रेम प्रकाश सिंह यादव, फादर आनंद शामिल रहे।
हैंडबाॅल के लिए टीम का चयन गुरुवार को
प्रदेश स्तरीय आमंत्रण हैंडबॉल प्रतियोगिता के लिए जिले की टीम का चयन बृहस्पतिवार को लालपुर स्टेडियम में होगा। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी विमला सिंह ने बताया कि खेल विभाग हैंडबाॅल संघ के सहयोग से 17 से 20 मार्च तक बाराबंकी, आंबेडकर नगर और इटावा में होने वाली ओपन सीनियर हैंडबाॅल प्रतियोगिता के लिए टीम का चयन होगा। इसमें हिस्सा लेने के लिए खिलाड़ी लालपुर स्टेडियम के अंशकालिक प्रशिक्षक तरुण कुमार से संपर्क कर सकते हैं।
होली पर बंद रहेगी बीएचयू की ओपीडी
होली पर शुक्रवार को बीएचयू सर सुंदरलाल अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर की ओपीडी सेवा बंद रहेगी। इस दिन सर्जरी से जुड़ी सेवाओं को भी बंद रखने का निर्णय लिया गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से इसका आदेश जारी कर दिया गया है। हालांकि दोनों जगहों पर सामान्य दिनों की तरह इमरजेंसी सेवाएं चलती रहेंगी।
हुकुलगंज में सीवर ओवरफ्लो होने से हजार लोग परेशान
हुकुलगंज की गली में सीवर लाइन ध्वस्त होने से ओवरफ्लो की समस्या हो गई है। पार्षद बृजेशचंद्र श्रीवास्तव के अनुसार कई दिनों से सीवर लाइन जाम है। कई घरों में सीवर का गंदा पानी भर गया है। 1000 लोगों को परेशानी हो रही है। शिकायत पर अवर अभियंता मौके पर आई थी। होली के पहले ध्वस्त पाइप लाइन को बदलने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन नहीं बदले जाने पर अधिशासी अभियंता से शिकायत की गई। मजदूरों के न होने का हवाला देते हुए होली बाद काम कराने को कहा। पार्षद ने कहा कि इन लोगों की लापरवाही के कारण ओवरफ्लो की समस्या से जूझ रहे हैं।
कैंट स्टेशन पर लगे तीन नए वाटर कूलर
कैंट स्टेशन पर यात्रियों को ठंडा पानी उपलब्ध कराने के लिए बुधवार को तीन नए वाटर कूलर लगाए गए। प्लेटफाॅर्म नंबर चार/पांच, छह/सात और आठ/ नौ पर वाटर कूलर लगाए गए हैं। यार्ड री- मॉडलिंग के दौरान प्लेटफाॅर्म पर लगे वाटर कूलर हटा दिए गए थे। इनकी क्षमता 150 लीटर है।
रजला में अराजकतत्वों ने जला दी होलिका
चोलापुर थाना क्षेत्र के रजला गांव में मंगलवार रात अराजकतत्वों ने ग्राम पंचायत में रखी होलिका में आग लगा दी। बुधवार की सुबह इसे लेकर ग्रामीणों में काफी नाराजगी रही।