प्रतिबंधित पशु पक्षियों की तस्करी के लिए कुख्यात बहेलिया टोला में बुधवार को छापा मारा गया, लेकिन विभाग की टीम तस्करों तक नहीं पहुंच सकी। दो घंटे की कार्रवाई में 499 संरक्षित पक्षी मिले, लेकिन भारी पुलिस बल और पीएसी की मौजूदगी के बाद भी तस्कर भाग निकले। हैरानी की बात यह है कि जिस घर, दुकान से प्रतिबंधित पक्षी बरामद हुए, वहां वन विभाग ने किसी नामजद व्यक्ति के बजाय ‘’अज्ञात’’ पर प्राथमिकी दर्ज की है।
लोगों ने बताया कि टीम ने केवल उन्हीं स्थानों पर हाथ डाला जहां पक्षी सामने दिख रहे थे। जिन घरों के शटर बंद मिले या जहां तस्करों के छिपे होने की आशंका थी, वहां टीम ने जांच करना जरूरी नहीं समझा। इसके चलते इलाके के बड़े तस्करों पर शिकंजा कसने का मौका हाथ से निकल गया।