जिला पुस्तकालय का 66 वर्ष पुराना भवन ढहाया जाएगा। जगह-जगह जर्जर हो चुके इस भवन को गिराकर उसी स्थान पर दो मंजिला नया पुस्तकालय भवन बनाया जाएगा। इसमें 21 करोड़ रुपये की लागत आएगी। नया पुस्तकालय अत्याधुनिक होगा। नए पुस्तकालय निर्माण की तैयारियों को तेजी से अंतिम रूप दिया जा रहा है। एलटी कॉलेज परिसर स्थित जिला पुस्तकालय का भवन 1958 का है।
समय के साथ भवन की हालत जर्जर हो चली है। दीवारों से जगह-जगह सीलन और दरारों से भवन का बुढ़ापा झांकने लगा है। लगभग 24 हजार किताबों वाले पुस्तकालय में 2500 से अधिक छात्र-छात्राओं की सदस्यता है। अध्ययन के लिए यहां प्रतिदिन युवाओं की भीड़ उमड़ती है। छात्र-छात्राओं की बढ़ती तादाद को देखते हुए पुस्तकालय के लिए बड़े भवन की जरूरत महसूस होने लगी है। इसलिए जिला प्रशासन ने इस पुस्तकालय भवन को जमींदोज कर उसी स्थान पर नया भवन बनाने का प्रस्ताव तैयार कर दिया है। पीडब्ल्यूडी की टीम ने पुराने भवन का मूल्यांकन कर रिपोर्ट दे दी है। जल्द ही भवन को गिराने की प्रक्रिया शुरू होगी।
हाईटेक होगा नया पुस्तकालय
नए पुस्तकालय का हुलिया पूरी तरह आधुनिक होगा। दो मंजिला भवन में चलने वाली लाइब्रेरी को डिजिटल प्रारूप दिया जाएगा। कंप्यूटर और इंटरनेट की सुविधा के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए विभिन्न विषयों के प्री-रिकॉर्डेड ऑडियो और वीडियो उपलब्ध रहेंगे, जिनसे वे कभी भी अपनी परीक्षा की तैयारी में मदद ले सकते हैं।
वर्जन
जिला पुस्तकालय के पुराने भवन के स्थान पर दो मंजिला नया भवन बनाने का प्रस्ताव है। इसके लिए सभी तैयारियां हो गई हैं। जल्द ही पुराने भवन को गिराने की प्रक्रिया शुरू होगी। - कंचन सिंह परिहार, पुस्तकालयाध्यक्ष, जिला पुस्तकालय।