इस अवसर पर डॉ. सूबेदार सिंह, बहादुर सिंह यादव, रितेश केसरी, राजू यादव, ओपी सिंह आदि ने विचार रखे। संचालन योगेंद्र यादव और धन्यवाद ज्ञापन मीडिया प्रभारी रामजी यादव ने किया। उधर समाजवादी छात्र सभा के राष्ट्रीय सचिव व पूर्व जेल विजिटर उर्जेश कुमार गुप्ता सोनू ने गरीबों में फल बांटे। महानगर अल्पसंख्यक सभा के महानगर अध्यक्ष हैदर ने औरंगाबाद में श्रद्धांजलि सभा की। अध्यक्षता सपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा ने की।
गंगा तट से अखाड़े तक, अनूठे अंदाज में दी श्रद्धांजलि
गंगा के तट से लेकर अखाड़े तक, सपा कार्यकर्ताओं ने अपने नेता को याद किया। सुबह गायघाट पर गंगा किनारे सपा युवजन सभा (सयुस) के प्रदेश महासचिव किशन दीक्षित के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन-पूजन किया। मां गंगा का दुग्धाभिषेक कर मुलायम सिंह को श्रद्धांजलि दी गई। शाम को ईश्वरगंगी कुंड के पास व्यायामशाला में श्रद्धांजलि सभा में दंगल का अखाड़ा समाजवादी रंग में रंगा। कार्यकर्ताओं ने एकजुटता का प्रदर्शन करते हुए दीप प्रज्ज्वलन कर श्रद्धा-सुमन अर्पित किए। शाम को अखाड़े में पहलवानों ने दीपोत्सव के जरिये श्रद्धांजलि दी।