फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वाराणसी की खबरें: यहां बनेगा ई हाउस सब स्टेशन, लापता युवक का शव सोता में मिला; सिर फोड़ने का आरोप

Sun, 11 Oct 2026 02:17 PM IST
Aman Vishwakarma अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

वाराणसी में बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए ई-हाउस सब स्टेशन बनाया जाएगा। वहीं, एक लापता युवक का शव सोता में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। परिजनों ने युवक का सिर फोड़कर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। युवक की मौत के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
विज्ञापन
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

जिले का पहला ई-हाउस सब स्टेशन ढेलवरिया में बनाया जा रहा है। इसके निर्माण में 8 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इस ई-हाउस सब स्टेशन से आसपास के 20 हजार उपभोक्ताओं को जोड़ा जाएगा। यह उपकेंद्र कंटेनर नुमा दिखेगा जिसमें सभी उपकरण फिट होंगे। पूर्वांचल डिस्काॅम के एमडी संदीप कुमार ने ई-हाउस सब स्टेशन का निर्माण जल्द पूरा करने का निर्देश दिया है। 

विज्ञापन


नगरीय विद्युत वितरण खंड-अष्टम राजघाट उपकेंद्र का संचालन करेंगे। उपकेंद्र की खास बात यह होगी कि इसमें सर्किट ब्रेकर, रिले, कंट्रोल पैनल सभी उपकरण एक बड़े बॉक्स के अंदर फिट रहेंगे। सिर्फ ट्रांसफॉर्मर बाहर रहेगा। अधिकारियों के मुताबिक, इस उपकेंद्र का ढांचा एक स्टील के एलिवेटेड स्ट्रक्चर जैसे बॉक्स के रूम में होता है। सुरक्षा के लिए चारों ओर चहारदीवारी बनवाई जाएगी। अभी बिहार, जम्मू और मुंबई में इस तरह के ई-सब स्टेशन का संचालन हो रहा है।  

इस ई उपकेंद्र का निर्माण पहले साकेत नगर में होना था, लेकिन स्थानीय विरोध के कारण नहीं हो पाया। बाद में बिजली निगम की ओर से ढेलवरिया में स्थान चुन कर निर्माण शुरू कराया गया।  निर्माण नवंबर में पूरा करने का लक्ष्य है। उपकेंद्र के लिए रेडिमेड स्ट्रक्चर का ऑर्डर दिया जा चुका है। एक महीने में गुजरात से स्ट्रक्चर आ जाएगा। उपकेंद्र के हाईटेंशन लाइन बन रही है। 

विज्ञापन
Trending Videos

जंसा में दो घरों में चोरी का खुलासा, एक गिरफ्तार
सेवापुरी। जंसा पुलिस ने चोरी की दो घटनाओं का खुलासा करते हुए शनिवार को भोनू राजभर निवासी बरियासनपुर चौबेपुर को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से चोरी का सीसीटीवी कैमरा, 6820 रुपये नकद और ताला तोड़ने में इस्तेमाल होने वाले औजार बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, आरोपी के दो अन्य साथी भी घटनाओं में शामिल थे। उनकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, 11 सितंबर की रात जंसा के भतसार गांव में मनीष कुमार के घर की अलमारी तोड़कर आभूषण और रुपये चोरी किए गए थे। 

चोरों ने परिवार के दो अन्य सदस्यों के घरों में भी चोरी का प्रयास किया था। वहीं, 20-21 सितंबर की रात बेलौड़ी स्थित वेदांत वाटिका में घर और कार्यालय के ताले तोड़कर चार सीसीटीवी कैमरे, एलईडी टीवी, एसी और बैग में रखे रुपये चोरी कर लिए गए थे। चोर खिड़की की ग्रिल काटकर अंदर घुसे थे। थाना प्रभारी सत्यजीत सिंह ने बताया कि आरोपी के मुताबिक, बेलौड़ी से चोरी किए गए सामान को बेचने के बाद मिले रुपये से तीनों राजदरी, चुनार और मुंबई घूमने गए थे। 

पितृ विसर्जन करने आया किशोर, वरुणा नदी में डूबा, तलाश जारी, छोटे भाई को बचाया
बड़ागांव थाना क्षेत्र के बलुआ गांव स्थित रामघाट पर शनिवार सुबह पितृ विसर्जन करने परिजनों के साथ आए 14 वर्षीय किशोर शिवम वरुणा नदी में डूब गया। जबकि उसके छोटा भाई डीएम (12) को बचा लिया गया। मौके पर पहुंची पुलिस और एनडीआरएफ ने खोजबीन शुरू कर दी है। घटना सुबह करीब 10 बजे की है। मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। 

ग्रामीणों और स्थानीय तैराकों की मदद से नदी में उसकी तलाश की गई, लेकिन घंटों बाद भी उसका पता नहीं चल सका। पुलिस ने एनडीआरएफ को भी सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही नदी किनारे सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई। शिवम अपने ननिहाल में रहता था। मां की तबीयत खराब होने के कारण वह चार-पांच दिन पहले ही गांव आया था। बेटे के नदी में डूबने की सूचना मिलते ही मां बेबी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। थाना प्रभारी प्रवीण सिंह ने बताया कि नदी में डूबे किशोर की तलाश कराई जा रही है। एनडीआरएफ सर्च ऑपरेशन चला रही है। 

लापता युवक का शव सोता में मिला
चौबेपुर थाना क्षेत्र के सिंहवार स्थित सोता में शनिवार को दो दिन से लापता युवक का शव मिला। मौके पर पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान चंदौली जनपद के सकलडीहा थाना क्षेत्र के खोर निवासी रविकांत सिंह के रूप में हुई। परिजनों के मुताबिक, रविकांत आठ अक्तूबर को दोपहर करीब दो बजे रामनगर में गंगा स्नान करने गए थे। इस दौरान पैर फिसलने से वह गहरे पानी में डूब गए। इसके बाद रामनगर पुलिस, एनडीआरएफ की टीम और परिजन उनकी तलाश में जुटे थे। दो दिनों की खोजबीन के बाद शनिवार को सिंहवार स्थित सोता में उनका शव मिला। थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। 

जानलेवा हमला, सिर फोड़ने का आरोप 
शिवपुर थाना क्षेत्र की सोनकर बस्ती निवासी अर्जुन सोनकर ने मोहल्ले के कुछ लोगों पर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। मामले में पुलिस ने मोहन यादव, दीपक, आनंद और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। प्राथमिकी के अनुसार, घटना पांच अक्तूबर 2026 को दोपहर करीब एक बजे कादीपुर पानी की टंकी के पास हुई। 

आरोप है कि उक्त लोगों ने पुरानी बात को लेकर अर्जुन सोनकर की पिटाई की, जिससे उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। शिकायत में घटनास्थल के पास स्थित एक स्वर्णकार की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में घटना दर्ज होने की बात कही गई है। थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा के अनुसार, प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। 

युवक ने फंदा लगाकर दी जान
भेलूपुर थाना क्षेत्र के दुर्गाकुंड स्थित नवाबगंज इलाके में शनिवार देर शाम संदीप यादव ने युवती के किराये के कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। संदीप देवरामपुर, घनश्यामपुर, बदलापुर, जौनपुर का निवासी था। प्रथमदृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़कर शव को कब्जे में लिया और चिकित्सकीय जांच के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस के अनुसार, युवती नवाबगंज इलाके में किराये का कमरा लेकर रहती है। शनिवार देर शाम संदीप उसके कमरे पर पहुंचा था। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि फॉरेंसिक टीम बुलाकर साक्ष्य संकलन कराया गया। 

सेवानिवृत्त वैज्ञानिक की पत्नी से टप्पेबाजी 
लंका थाना क्षेत्र के रविदास गेट के पास शनिवार सुबह सेवानिवृत्त वैज्ञानिक की पत्नी पुष्पा राय से दिनदहाड़े टप्पेबाजी हुई। तीन युवक उन्हें बातों में उलझाकर लाखों रुपये के आभूषण और नकदी लेकर भाग निकले। पीड़ित के पति ने लंका थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। आईसीएआर-आईआईवीआर के सेवानिवृत्त विभागाध्यक्ष डॉ. अवधेश कुमार राय ने पुलिस को बताया कि शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे उनकी पत्नी पुष्पा राय मालवीय चौराहे से रविदास गेट की तरफ खरीदारी करके आ रही थीं। तभी रास्ते में तीन अज्ञात युवकों ने उन्हें बातों में उलझाकर भ्रमित कर दिया। टप्पेबाज उनका एक काले रंग का बैग लेकर भाग गए। लंका इंस्पेक्टर राजकुमार शर्मा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। 

नौ पुड़िया हेरोइन के साथ आरोपी गिरफ्तार
हेरोइन तस्करी के आरोपी कमला राजभर को सारनाथ पुलिस ने शनिवार को हीरामनपुर रेलवे क्रासिंग के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से नौ पुड़िया हेरोइन बरामद हुई। बरामद हेरोइन नौ ग्राम है। सारनाथ थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी चौहान बस्ती, पंचकोशी का निवासी है। पूछताछ में बताया कि वह अधिक पैसे कमाने के लालच में बाहर से हेरोइन लाकर स्थानीय क्षेत्रों में बेचता था। 

युवती से छेड़खानी और मारपीट
लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र की आवास विकास कॉलोनी निवासी एक युवती से छेड़खानी और मारपीट के मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की है। युवती के अनुसार, वह रास्ते से अपने कमरे पर लौट रही थी। इसी दौरान बाइक सवार युवक उसका पीछा करने लगा और अश्लील इशारे करते हुए बार-बार रास्ते में बाइक रोकने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने उसका हाथ पकड़ लिया और मारपीट करते हुए अभद्र भाषा का प्रयोग किया। युवती के शोर मचाने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर अपनी बाइक मौके पर छोड़कर भाग निकला। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बाइक नंबर के आधार पर जांच की जा रही है। 

टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत
लोहता थाना क्षेत्र के रिंग रोड फेज-दो पर लोहरापुर गांव के पास शनिवार दोपहर करीब एक बजे अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार अरुण कुमार की मौत हो गई। अरुण कुमार मिर्जापुर जिले के मड़िहान थाना क्षेत्र के प्यूरी पटेहरा गांव का निवासी था। आसपास के लोगों ने हादसे की सूचना कोटवां पुलिस चौकी को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान कराई और परिजनों को सूचना दी। थाना प्रभारी अभिजीत सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। 

कार से टक्कर मारने का आरोप
चौक थाना क्षेत्र के पियरी चौकी अंतर्गत बेनियाबाग स्थित कूड़ा घर के पास शनिवार को एक बच्चे के चार पहिया वाहन की चपेट में आने के आरोप के बाद हंगामा हो गया। आक्रोशित लोगों ने कार को घेरकर पथराव कर दिया, जिससे उसका शीशा टूट गया। इस दौरान कार चालक महबूब अंसारी भी घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, बच्चा कूड़ा घर के पास खेल रहा था। आरोप है कि कार की चपेट में आने से वह घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोग आक्रोशित हो गए और कार को घेर लिया। देखते ही देखते लोगों ने वाहन पर पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। थाना प्रभारी विजय कुमार शुक्ला ने बताया कि स्थानीय लोगों ने आक्रोश में कार चालक से मारपीट की, जिससे वह भी घायल हो गया।

दिल्ली से बनारस नहीं आईं दो ट्रेनें, बढ़ी सतर्कता
दिल्ली में चले विरोध प्रदर्शन की वजह से शुक्रवार को रद्द की गई शिवगंगा और नई दिल्ली सुपरफास्ट एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से शनिवार को रवाना हुई। ट्रेन में थोड़ी भीड़ जरूर दिखी, लेकिन जीआरपी और आरपीएफ के जवान सावधानी बरतने की अपील करते रहे।  दिल्ली से बनारस आने वाली दोनों ट्रेनें शनिवार को दिल्ली से नहीं चली। इस वजह से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। दिल्ली में शनिवार को पूरे दिन भर विरोध प्रदर्शन चला। इसी वजह से एहतियातन रेलवे की ओर से शुक्रवार को ट्रेन नंबर 12559 बनारस-नई दिल्ली शिवगंगा एक्सप्रेस और 12581 नई दिल्ली सुपरफास्ट एक्सप्रेस रद कर दी गई थी। यहीं दोनों ट्रेन शनिवार को रात में जो दिल्ली से बनारस आती है, वो नहीं चली। हालांकि शनिवार को बनारस से दिल्ली तक जाने वाली दोनों ट्रेनें तय समय से रवाना हुई। 

दिन में धूप का असर कम, सुबह और रात में गुलाबी ठंड जैसा अहसास
अक्तूबर का पहला सप्ताह बीतने के बाद अब मौसम में तेजी से बदलाव देखने को मिल रहा है। दिन में धूप का असर कम हो गया है जबकि रात और भोर में गुलाबी ठंड जैसा अहसास होने लगा है। मौसम वैज्ञानिक के अनुसार, दशहरे के बाद से हवा में नमी और बढ़ने की संभावना है। तापमान में भी तेजी से उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। 

शनिवार को सुबह से ही बादलों की आवाजाही जारी रही। धूप तो हुई, लेकिन उसका असर बहुत कम रहा। शाम को अन्य दिनों की तरह हवा में नमी भी अधिक रही। इसी वजह से अधिकतम और न्यूनतम तापमान दोनों में गिरावट दर्ज की गई। शनिवार को अधिकतम तापमान औसत से 3.1 डिग्री सेल्सियस कम होकर 30.6 पहुंच गया जबकि न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो औसत से 1.3 कम रहा। 

चौकाघाट से नमो घाट मार्ग से हटेंगे अवैध विज्ञापन 
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने शनिवार को चौकाघाट से नमोघाट को जाने वाले मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान मार्ग पर पाई गई विभिन्न कमियों और समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए उन्होंने संबंधित अधिकारियों व विभागों को कड़े निर्देश जारी किए। इस मार्ग को सुंदर, हरा-भरा और सुगम बनाने के लिए नगर निगम ने बड़े पैमाने पर सुंदरीकरण और सफाई अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है। 

अवैध विज्ञापनों को हटाकर आवागमन सुचारु करने के साथ-साथ डिवाइडर पर हरियाली और रोशनी की समुचित व्यवस्था की जाएगी। नगर आयुक्त ने निर्देश दिया कि मार्ग पर पोलों पर लगे अवैध विज्ञापनों को तत्काल हटाया जाए। वहीं, कज्जाकपुरा आरओबी के नीचे आर्ट्स पेंटिंग और दोनों ओर सर्विस रोड पर प्रकाश व्यवस्था के लिए नए लाइट पॉइंट लगाए जाएंगे। राजघाट भदऊं डाट पुल, कज्जाकपुरा अंडरपास और अलईपुर अंडरपास पर वर्ली आर्ट की थीमैटिक पेंटिंग कराई जाएगी। सिटी स्टेशन की बाउंड्री वॉल पर भी आकर्षक पेंटिंग कराने के निर्देश दिए। 

फायर सेफ्टी, तोड़फोड़ का उठाया मुद्दा
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) बनारस शाखा के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार से मिलकर उन्हें अस्पतालों से जुड़ी समस्याएं बताईं। आए दिन हिंसा, तोड़फोड़ के साथ ही फायर सेफ्टी का मुद्दा उठाया। इस दौरान यूट्यूबरों की ओर से उत्पीड़न की बात की। डीएम ने जल्द ठोस कार्रवाई का आश्वासन दिया। आईएमए के अध्यक्ष डॉ. अनुराग टंडन, सचिव डॉ. एके त्रिपाठी के नेतृत्व में पहुंचे डॉक्टरों ने अपनी बातों को प्रमुखता से रखा। 

डॉक्टरों ने बताया कि मरीजों के तीमारदारों की ओर से छोटी-मोटी बात पर तोड़फोड़ करने की घटनाओं के साथ ही फायर सेफ्टी, वीडीए से जुड़ी कई तरह की समस्याओं से जूझना पड़ता है। इस दौरान शाखा के पूर्व अध्यक्ष डॉ. पीके तिवारी, डॉ. भानु शंकर पांडेय, डॉ. एसपी सिंह, अध्यक्ष निर्वाचित डॉ. मनोज कुमार श्रीवास्तव, वित्त सचिव डॉ. शैलेंद्र कुमार सिंह मौजूद रहे।

निवेश करने वालों को जागरूक कर रहा वीडीए
वीडीए की ओर से फ्लैट और प्लॉट में निवेश करने वालों जागरूक किया जा रहा है। वीडीए उपाध्यक्ष पुर्ण बोरा ने कहा कि किसी भी परियोजना में निवेश करने से पहले उसका रेरा पंजीकरण संख्या अवश्य देखें। साथ ही उन्हें यह भी सलाह दी गई कि केवल आकर्षक विज्ञापनों या प्रचार सामग्री के आधार पर निवेश का निर्णय न लें। वीडीए उपाध्यक्ष के अनुसार निवेश से पहले परियोजना से संबंधित सभी महत्वपूर्ण जानकारियों का सत्यापन करने से धोखाधड़ी, आर्थिक नुकसान और अनावश्यक विलंब जैसी समस्याओं से काफी हद तक बचा जा सकता है। यदि कोई प्रमोटर अनुबंध की शर्तों का उल्लंघन करता है। समय पर कब्जा नहीं देता। स्वीकृत नक्शे में बिना अनुमति परिवर्तन करता है। तो वे यूपी रेरा में शिकायत दर्ज कर कानूनी सहायता प्राप्त कर सकते हैं। 

आसान लोन से संवरेगा औद्योगिक भविष्य
वाराणसी समेत पूर्वांचल के एमएसएमई को आसानी से लोन मिल सकेगा। इससे नए उद्योगों को पंख लगेंगे। चांदपुर स्थित दी स्मॉल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के कार्यालय में भारतीय लघु उद्योग विकास बैंक (सिडबी) और एसोसिएशन के बीच डीआईए पहल के तहत एक समझौता हुआ। इस पर एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश भाटिया और सिडबी के सहायक महाप्रबंधक अक्षय कुमार ने हस्ताक्षर किए। मौके पर सिडबी के सहायक प्रबंधक रवि होरो और दुर्गेश खरे भी उपस्थित रहे। सिडबी के सहायक महाप्रबंधक अक्षय कुमार ने बताया कि इस साझेदारी का मुख्य उद्देश्य एसोसिएशन की संस्थागत क्षमता को बढ़ाना तथा सदस्य इकाइयों को व्यावसायिक विस्तार, तकनीकी उन्नयन और वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करना है। 

मुख्य चुनाव आयुक्त का प्रतीकात्मक अस्थि विसर्जन कर जताया विरोध
लोकतंत्र एवं संविधान की रक्षा के संकल्प के साथ समाजवादी पार्टी बाबा साहब अंबेडकर वाहिनी के महानगर अध्यक्ष अमन यादव ने शनिवार को विरोध जताया। उन्होंने सामनेघाट, मलदहिया में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का प्रतीकात्मक अस्थि विसर्जन कर विरोध जताया। इस दौरान उन्होंने लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और जनता के मताधिकार की गरिमा बनाए रखने का संकल्प दोहराया। कहा कि देश में चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने मांग की कि चुनाव आयोग निष्पक्षता, पारदर्शिता और सांविधानिक मूल्यों के अनुरूप कार्य करे। 

काशी को जल्द मिलेंगी 250 इलेक्ट्रिक बसें, यात्रियों को सहूलियत
काशी को जल्द ही 250 नई इलेक्ट्रिक बसें मिलने वाली हैं। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के बेड़े में इन बसों के शामिल होने के बाद बसों की कुल संख्या 300 तक पहुंच जाएगी। इन बसों की खासियत यह होगी यह एक बार चार्ज होने के बाद करीब 200 किलोमीटर तक चलेंगी। इस समय जो पुरानी बसें चल रही हैं, वो एक बार चार्ज होने के बाद 120 किलोमीटर तक जा रही हैं। परिवहन निगम वाराणसी के क्षेत्रीय प्रबंधक परशुराम पांडेय ने बताया कि 250 बसें आने के बाद इनको यात्रियों की जरूरत के हिसाब से अलग-अलग रूट पर चलवाया जाएगा। 

जीरो-टिलेज गेहूं प्रशिक्षण का 63 किसानों को मिला लाभ
अंतरराष्ट्रीय धान अनुसंधान संस्थान (इरी) और अंतरराष्ट्रीय मक्का एवं गेहूं सुधार केंद्र (सिमिट) ने जिले में दो दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया। इसमें जीरो-टिलेज गेहूं और फसल अवशेष प्रबंधन पर जोर दिया गया। पूर्वी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से 63 किसानों, कृषि मशीनरी सेवा प्रदाताओं और कृषि विस्तार अधिकारियों ने इसमें भाग लिया। पहले दिन धान-गेहूं प्रणाली की चुनौतियों, जीरो-टिलेज गेहूं की कृषि तकनीक और फसल अवशेष प्रबंधन पर चर्चा हुई। कानपुर के अंतरिम निदेशक राघवेंद्र सिंह मुख्य अतिथि थे। 

25 अक्तूबर तक बंटेगा मुफ्त राशन
वाराणसी जिले के सभी सरकारी राशन की दुकानों पर अक्तूबर के खाद्यान्न का वितरण 25 अक्तूबर तक चलेगा। जिला पूर्ति अधिकारी केबी सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा कानून के तहत अंत्योदय और पात्र गृहस्थी श्रेणी के लाभार्थियों को बिना किसी शुल्क के गेहूं और चावल उपलब्ध कराया जाएगा। हर कार्ड पर 35 किलोग्राम खाद्यान्न (10 किलो गेहूं और 25 किलो चावल) निशुल्क दिया जाएगा। 

कामकाज छोड़ सीएमओ कार्यालय पर बैठे रहे डॉक्टर
वाराणसी जिले के सरकारी अस्पतालों, स्वास्थ्य केंद्रों की व्यवस्था इन दिनों बेपटरी हो गई है। यहां एनएचएम के डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ तीन दिन से सेवा नहीं दे रहे हैं। इस वजह से मरीजों के जांच, इलाज के साथ ही बच्चों के टीकाकरण सहित राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की व्यवस्था भी प्रभावित हो गई है। शनिवार को भी डॉक्टर, स्टाफ कामकाज छोड़कर सीएमओ कार्यालय पर धरने पर बैठे रहे। इसमें ओपीडी में तो ज्यादा असर नहीं पड़ा लेकिन भर्ती मरीजों के देखभाल संबंधी सेवा ज्यादा प्रभावित हुई है।

एनएचएम के तहत संविदा डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती अस्पताल के साथ ही स्वास्थ्य केंद्रों पर की गई है। इसमें ज्यादातर लोगों के पास टीकाकरण के साथ ही बच्चों में बीमारियों की पहचान कर उनका निशुल्क इलाज कराने की जिम्मेदारी है।  इसे लेकर 5 से 7 अक्तूबर तक कालीपट्टी बांधकर काम करने के बाद 8 से 10 अक्तूबर तक कामकाज छोड़ धरना, प्रदर्शन चला। 

शनिवार को भी अस्पतालों, स्वास्थ्य केंद्रों पर डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ ने काम नहीं किया। इधर 100 से ज्यादा डॉक्टर, लैब टेक्नीशियन, एएनएम, स्टाफ नर्स ने सीएमओ कार्यालय पर प्रदर्शन किया। संघ के जिलाध्यक्ष संदीप कुमार सिंह ने कहा कि सीएमओ से मामले में जल्द कार्रवाई की मांग की गई। 12 अक्तूबर से लखनऊ में प्रदेश के सभी जिलों से संघ से जुड़े लोग हिस्सा लेंगे। 

विहिप ने की गरबा पंडालों में तिलक कलावा और आईडी जांच की तैयारी
नवरात्र की पूर्वसंध्या पर शनिवार को विहिप के प्रतिनिधि मंडल ने पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। विहिप काशी विभाग के मंत्री कन्हैया सिंह ने नवरात्र समेत हिंदू त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने की मांग की गई। विहिप ने इस संबंध में डीजीपी को भी पत्र भेजा है। कहा कि गरबा पंडालों में प्रवेश और सुरक्षा को लेकर संगठन ने पहचान पत्रों की जांच, तिलक लगाने और कलावा बांधने जैसी व्यवस्थाएं की।

उन्होंने कहा कि गरबा धार्मिक आयोजन है और इसकी मर्यादा बनाए रखने के लिए कार्यकर्ता आयोजकों के सहयोग में तैनात रहेंगे। गरबा मां दुर्गा को समर्पित धार्मिक कार्यक्रम है, इसे केवल मनोरंजन का आयोजन नहीं माना जाना चाहिए। जिन लोगों की हिंदू देवी-देवताओं, त्योहारों और परंपराओं में आस्था नहीं है, उन्हें गरबा पंडालों से दूर रहना चाहिए। संगठन ने पंडालों में प्रवेश से पहले आईडी प्रूफ की जांच करने और तिलक लगाने या हाथ में कलावा बांधने की व्यवस्था करने की बात कही है।

बजरंग दल के काशी प्रांत प्रमुख निखिल त्रिपाठी रुद्र ने आरोप लगाया कि कुछ गैर-हिंदू लोग इस आयोजन का गलत फायदा उठाते हैं। लव जिहाद तथा धर्मांतरण की मानसिकता के साथ पंडालों में प्रवेश करते हैं। केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति के तिलकराज मिश्रा ने महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा का मुद्दा उठाया। उन्होंने दुर्गा पूजा पंडालों और वहां तक पहुंचने वाले रास्तों पर सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की तैनाती करने को कहा। 

लेखपालों ने काली पट्टी बांधकर किया काम
तहसील के लेखपालों ने शनिवार को आठ सूत्री मांगों के समर्थन में काली पट्टी बांधकर काम किया। फूलपुर, सिंधोरा और बड़ागांव थाने में आयोजित संपूर्ण थाना दिवस में भी लेखपाल काली पट्टी बांधकर शामिल हुए। लेखपालों ने मांगों पर सरकार के गंभीरता से विचार नहीं करने पर 17 अक्तूबर से संपूर्ण कार्य बहिष्कार की चेतावनी दी। लेखपाल संघ के आह्वान पर लेखपाल आठ अक्तूबर से ऑनलाइन कार्यों का बहिष्कार कर रहे हैं। इसी क्रम में शनिवार को थाना दिवस में भी काली पट्टी बांधकर अपनी मांगों के प्रति शासन का ध्यान आकर्षित किया। लेखपाल संघ के तहसील अध्यक्ष राजेश कुमार और उपमंत्री कपीश तिवारी ने बताया कि संघ की ओर से आठ सूत्री मांगों को लेकर लगातार विरोध किया जा रहा है। यदि सरकार ने मांगों पर विचार नहीं किया तो 17 अक्तूबर से लेखपाल संपूर्ण कार्य बहिष्कार करने को बाध्य होंगे। 

कांग्रेस ने मंदिर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने शनिवार को बयान जारी किया। उन्होंने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने विपक्ष के नेताओं के साथ कथित भेदभाव, भाजपा नेताओं को विशेष सुविधाएं दिए जाने पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि बाबा विश्वनाथ का दरबार किसी राजनीतिक दल की निजी जागीर नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। 

यहां हर श्रद्धालु और प्रत्येक जनप्रतिनिधि के साथ समान व्यवहार होना चाहिए, लेकिन मंदिर प्रशासन की कार्यप्रणाली से ऐसा प्रतीत हो रहा है कि राजनीतिक विचारधारा और सत्ता से निकटता के आधार पर अलग-अलग व्यवहार किया जा रहा है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के मामलों में तस्वीरें उपलब्ध न कराने और भाजपा नेता स्मृति ईरानी की तस्वीरें सार्वजनिक होने के पीछे की पूरी प्रक्रिया सामने आनी चाहिए। 

मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता में योगदान देने वाले समाजसेवियों का हुआ सम्मान
नई सुबह संस्थान में शनिवार को विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस, वार्षिक समारोह, दिव्य मानस सेवा सम्मान और पर्सन ऑफ द ईयर–2026 का आयोजन किया गया। इसमें मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता में योगदान देने वालों को सम्मानित किया गया।

आचार्य संजय सिंह, कुलपति, डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय और प्रो. हिमांशु शेखर झा, राज्य दिव्यांगजन आयुक्त, उत्तर प्रदेश सरकार कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रहे। संस्थान के निदेशक डॉ. अजय तिवारी ने अतिथियों का स्वागत किया। समारोह में दिव्य मानस सेवा सम्मान–2026 के तहत छह व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। पर्सन ऑफ द ईयर–2026 के अंतर्गत संस्थान के छह कर्मचारियों को उनके समर्पण के लिए सम्मानित किया गया। आयोजन में निदेशक डॉ. अजय तिवारी मौजूद रहे। 

भटकाव से दूर रहकर अपने सपनों पर ध्यान दें युवा, नशे से रहें दूर
बीएचयू में शनिवार को आयोजित यूथ फॉर विकसित भारत : माई भारत युवा सम्मेलन में  केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डाॅ. मनसुख मांडविया ने बेहतर प्रदर्शन करने वाले युवाओं को सम्मानित किया साथ ही खेल नवाचार राष्ट्रनिर्माण में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उत्तर प्रदेश के खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव देश की विकास में युवाओं को अहम भुमिका निभाई। फिल्म ‘हनुमान अंश’ के निर्देशक डॉ. विशाल चतुर्वेदी ने युवाओं के साथ संवाद किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने और भारतीय संस्कृति से जुड़ने का संदेश दिया। कहा कि किसी भी तरीके से भटकाव से दूर रहकर अपने सपनों पर गंभीरता से ध्यान देने की जरूरत है। 

केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया के निर्देशन में हुए सम्मेलन में देशभर से युवा शामिल हुए। कार्यक्रम में डॉ. विशाल चतुर्वेदी ने ‘हनुमान अंश’ का गीत गाया और युवाओं से हनुमान चालीसा का पाठ भी कराया। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नशामुक्त युवा और नशामुक्त भारत की बात करते हैं। युवा जब नशे की गिरफ्त में आ जाता है, तो उसकी ऊर्जा और क्षमताओं का सही इस्तेमाल नहीं हो पाता। 

शोध छात्र को मिली दो साल की फेलोशिप
बीएचयू के दृश्य कला संकाय के व्यावहारिक कला विभाग के शोध छात्र शिवम मौर्य को भारतीय सामाजिक विज्ञान अनुसंधान परिषद की पूर्णकालिक डॉक्टोरल फेलोशिप मिली है। 2026–27 में दो साल की शोधवृत्ति मिली है। इस तरह की उपलब्धि विभाग में किसी भी शोध छात्र को पहली बार मिली है। दृश्य कला संकाय संकाय प्रमुख प्रो. जसमिंदर कौर ने शिवम मौर्य को बधाई दी। शिवम प्रो. मनीष अरोड़ा के निर्देशन में शोध कार्य कर रहे हैं। 

रासेयो के कामकाज, वित्तीय प्रक्रियाओं में तालमेल जरूरी
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में शनिवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (रासेयो) के कार्यक्रम अधिकारियों की बैठक में समस्याओं पर चर्चा हुई। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के सचिव सुनील पालीवाल ने रासेयो के कामकाज, वित्तीय प्रक्रियाओं से जुड़े मामलों में अधिकारियों के बीच तालमेल को जरूरी बताया। उन्होंने रासेयो के उद्देश्यों पर भी विस्तार से चर्चा की। विश्वविद्यालय के पुस्तकालय समिति कक्ष में बैठक में ट्रेजरी सिंगल अकाउंट (टीएसए) के हाइब्रिड मोड से जुड़ी समस्याओं को  अधिकारियों ने सचिव के सामने प्रमुखता से रखा। बैठक का उद्देश्य वित्तीय प्रक्रियाओं को समझने में आ रही दिक्कतों को दूर करना और एनएसएस से जुड़े कामकाज को आसान बनाना था। स्वागत प्रो. बंशीधर पांडेय, समर दीप सक्सेना, संचालन डॉ. राहुल गुप्ता और धन्यवाद डॉ. मंजू सिंह ने किया। 

मांडविया आज करेंगे फिट इंडिया साइकिल का नेतृत्व
फिटनेस और नशामुक्त भारत के संदेश के साथ 94वें फिट इंडिया संडेज ऑन साइकिल का आयोजन 11 अक्तूबर को वाराणसी में होगा। केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया यात्रा का नेतृत्व करेंगे। यह यात्रा सुबह 6 बजे नमो घाट से संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के दीक्षा मंडप तक निकाली जाएगी। युवा, नागरिक और खेल जगत की हस्तियां भाग लेंगी। 2026 के आइची-नागोया एशियाई खेलों के पदक विजेता प्राची चौधरी, पारुल चौधरी, जय कुमार और राज कुमार पाल भी शामिल होंगे। इन खिलाड़ियों की उपस्थिति युवाओं को प्रेरित करेगी। 
विज्ञापन

5 पीएमश्री के 1642 छात्रों को मिलेगा यात्रा भत्ता
जिले के पांच पीएम श्री माध्यमिक विद्यालयों के छात्रों को अगले शैक्षणिक सत्र से यात्रा भत्ता दिया जाएगा। यह पैसे सभी बच्चों के बैंक खाते में भेजे जाएंगे। शासन से निर्देश जारी किया गया है। राज्य परियोजना निदेशक की ओर से पत्र जारी किया गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक भोलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि ऐसे छात्रों को भत्ता दिया जाएगा, जिनका घर विद्यालय से पांच किलोमीटर से अधिक दूर है। ऐसे छात्रों को 6000 रुपये प्रति छात्र की दर से वित्तीय सहायता दी जाएगी। 

बताया कि जिले के पांच राजकीय विद्यालयों के 1642 पात्र छात्र-छात्राओं को योजना का लाभ मिलेगा। 98.52 लाख रुपये छात्रों के खातों में भेजे जाएंगे। पांचों विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को छात्रों के निवास की दूरी का सत्यापित प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराने को कहा गया है। जिले के पीएम श्री राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज के 602 छात्रों को 36.12 लाख, प्रभु नारायण राजकीय इंटर कॉलेज रामनगर के 531 छात्रों के लिए 31.86 लाख, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज मलदहिया के 260 छात्रों के लिए 15.60 लाख, राजकीय इंटर कॉलेज जक्खिनी के 142 छात्रों के लिए 8.50 लाख, राजकीय अभिनव इंटर कॉलेज आराजीलाइन के 107 छात्रों को 6.42 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें