काशी आए छह पर्यटकों की तबीयत बिगड़ी
काशी आए छह पर्यटकों की तबीयत बुधवार को खराब हो गई। इन सबको एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया और प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। जानकारी के मुताबिक बुधवार की देर शाम दशाश्वमेध घाट के पास सिलीगुड़ी निवासी नितीश विश्वास (32) को झटके आने लगे। परिजनों ने 108 एंबुलेंस बुलाई, फिर युवक को ऑक्सीजन दिया गया।
उपचार के लिए मंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया। इसी तरह पटना निवासी रामाश्रय (52) की सांस तेजी से चलने लगी। धनबाद झारखंड निवासी सुहागी देवी (60) गोदौलिया इलाके में गिर गईं। इससे उनके सिर में चोट लग गई। आंध्र प्रदेश के कृष्णा राव (40) के पैर में छाला पड़ गया था।
सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी का कहना है कि काशी आने वाले पर्यटकों की सुविधा के लिए अस्पतालों में बेड आरक्षित हैं। दशाश्वमेध घाट, चितरंजन पार्क, काशी विश्वनाथ धाम परिसर, रेलवे स्टेशन परिसर में हेल्थ बूथ बने हैं। चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ की टीम लगी है।
बोले अधिकारी
श्रद्धालुओं के बेहतर स्वास्थ्य की पूरी व्यवस्थाएं की गई हैं। रेलवे स्टेशन परिसर में मेडिकल मोबाइल यूनिट भी लगाई गई है। जहां लोग निशुल्क सेवा का लाभ ले सकते हैं। श्रद्धालुओं की भीड़ को देख फिलहाल कुछ दिन तक रेलवे स्टेशन पर निगरानी बढ़ाने का फैसला लिया गया है। - डॉ. संदीप चौधरी, सीएमओ