वाराणसी। मध्याह्न भोजन योजना से जुड़े स्कूलों में अध्ययनरत बच्चों को लॉकडाउन अवधि से लेकर गर्मी की छुट्टी तक यानी 30 जून की अवधि तक का खाद्यान्न व परिवर्तन लागत दिया गया था। इस 76 दिनों की अवधि में खाद्य सुरक्षा भता प्रदान किये जाने का निर्णय लिया गया था।
परिषदीय विद्यालय के बच्चों को लॉकडाउन, ग्रीष्मावकाश व विद्यालय बंद अवधि में राशन व अभिभावकों को परिवर्तन लागत की धनराशि प्रदान की गई या नहीं इसका स्थलीय भौतिक सत्यापन कराया जाएगा। सत्यापन के लिए मंडल स्तर पर कार्यरत मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक, मंडल समन्वयक एमडीएम, जनपद स्तर पर कार्यरत प्रधानाचार्य डायट, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी एवं सर्व शिक्षा अभियान/मध्याह्न भोजन योजना के जनपद समन्वयक दस-दस छात्र परिवार से नियमानुसार जानकारी लेकर उसका भौतिक सत्यापन करेंगे।
रिपोर्ट देने के बाद मुख्यालय स्तर से या अन्य उच्च अधिकारियों द्वारा स्थानीय भ्रमण के दौरान सत्यापन रिपोर्ट के अनुसार रैंडम आधार पर भौतिक सत्यापन भी किया जाएगा। दो फरवरी को जारी निर्देश के बाद भौतिक सत्यापन की रिपोर्ट 15 दिनों के भीतर मध्याह्न भोजन प्राधिकरण को भेजनी होगी।