सतनपुर गांव में आबादी की जमीन में रास्ते को लेकर दो पक्षों में लगभग 30 वर्षों से जारी विवाद को रविवार को पुलिस ने संभ्रांत नागरिकों और रिश्तेदारों की मौजूदगी में सुलझा दिया। वर्षों पुराने इस विवाद को सुलझाए जाने की क्षेत्र में जबरदस्त चर्चा रही।
जंसा थाना अंतर्गत सतनपुर गांव में सभापति तिवारी, लीला देवी, चन्द्रभूषण तिवारी, सतीश तिवारी व प्रयन्स तिवारी के बीच रास्ता को लेकर लगभग 30 वर्षों से विवाद चला आ रहा था। लेकिन, दोनों पक्ष इधर बीच कई दिनों से पशुओं को खिलाने के लिये नाद-चन्नी को लेकर आमने-सामने आ जा रहे थे। पुलिस को बार-बार मिल रही शिकायत को लेकर एसओ जंसा आशीष कुमार भदौरिया, चौकी प्रभारी अंजनी कुमार मिश्रा और पूर्व उप ब्लाक प्रमुख घनश्याम सिंह मौके पर पहुंचे।
रविवार को क्षेत्र के सम्मानित लोगों और रिश्तेदारों के बीच घंटों चली पंचायत के बाद सभी पक्षों की आम राय से पंचों ने सभी के लिये दस फीट का रास्ता निकलवाकर विवाद कर रहे लोगों को गले मिलवाया। इस निर्णय की गांव के लोगों ने सराहना करते हुए खुशी जाहिर की। पंचायत के बाद एसओ जंसा ने भी खुशी जाहिर करते हुये पंचों को बधाई दी। मौके पर पूर्व उप ब्लाक प्रमुख घनश्याम सिंह, रामेश्वर चौकी के दीवान देवनाथ यादव, जयबहादुर यादव, रामजी यादव, हेमंत दुबे, आजाद पांडेय सहित सहित अन्य लोग मौजूद थे।