पिंडदान करने आई एक एनआरआई महिला से राजघाट में जबरदस्ती 20 हजार रुपये ऐंठ लिए गए। इस मामले में मलेशिया की रहने वाली वासूकी ने अपने गाइड की मदद से पर्यटन विभाग और आदमपुर थाने की पुलिस से शिकायत की।
पुलिस ने घाट के एक पंडा समेत दो लोगों को हिरासत में लेकर महिला का पैसा वापस कराया। हालांकि इस मामले में आदमपुर थाने की पुलिस के द्वारा एनआरआई महिला के साथ हुई घटना के संबंध में कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई।
मलेशिया से वासूकी अपने परिवार के पांच सदस्यों के साथ काशी में दर्शन-पूजन करने आई थी। सभी एक ऑटो वाले से संपर्क कर राजघाट पर पिंडदान करने पहुंचे। वासूकी के मुताबिक घाट पर मौजूद पंडा ने पहले दो हजार रुपये बताया, लेकिन पूजा समाप्त होने के बाद 20 हजार मांगने लगा।
इस पर आपत्ति जताई गई तो पंडा और उसके साथ मौजूद करीब पांच-छह लोग उन्हें धमकाने लगे। पंडा और उसके साथियों ने कहा कि 20 हजार रुपये दिए बगैर तुम लोगों को नहीं जाने दिया जाएगा। वासूकी ने पंडा को 20 हजार रुपये दिया और राजघाट से चली गई। फिर, अपने गाइड के माध्यम से उन्होंने पर्यटन विभाग और पुलिस से शिकायत की।
इस मामले में आदमपुर इंस्पेक्टर वीरेंद्र सोनकर ने बताया कि महिला की शिकायत पर पूजा कराने वाले पंडित समेत दो लोगों को हिरासत में लेकर 20 हजार रुपये वापस करा दिया गया है। महिला अपने परिजनों के साथ मलेशिया चली गई है।
बेटी से छेड़खानी के आरोपी ने उसके पिता को पीटा
बेटी से छेड़खानी करने के आरोपी युवक ने हिरामनपुर में उसके पिता की पिटाई कर दी। घटना को लेकर पीड़ित की तहरीर के आधार पर सारनाथ थाने में शिवबिहार कॉलोनी निवासी हर्ष तिवारी और उसके अज्ञात दोस्तों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
सारनाथ थाना के नवापुरा क्षेत्र निवासी पीड़ित ने पुलिस को बताया कि एक साल पहले उनकी बेटी के साथ हर्ष तिवारी ने छेड़खानी की थी। इसकी रिपोर्ट उन्होंने नहीं दर्ज कराई थी। हर्ष को फटकार लगाकर दो-तीन थप्पड़ मार दिया था।
रविवार को वह हिरामनपुर में अपने दोस्त की मां के त्रयोदशाह में गए थे। उसी दौरान हर्ष ने उन्हें चाचा-चाचा कह कर बुलाया। इसके बाद अपने तीन दोस्तों के साथ उनसे गालीगलौज करते हुए मारपीट किया। लोगों के जुटने पर हर्ष और उसके दोस्त जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए।
कैंट थाने की एक चौकी के इंचार्ज अफसरों की निगरानी में, पूछताछ जारी
खाकी वर्दी का रौब दिखाकर लाखों रुपये हड़पने से संबंधित आर्थिक भ्रष्टाचार के एक मामले में सोमवार को कैंट थाने की एक चौकी के इंचार्ज को कमिश्नरेट के पुलिस अफसरों ने पूछताछ के लिए बुलाया। इसके साथ ही चौकी इंचार्ज को उसकी चौकी पर जाने से मना कर दिया गया।
देर रात तक चौकी इंचार्ज से पुलिस अफसरों की पूछताछ जारी रही। इसे लेकर कैंट थाने के पुलिस कर्मियों में हड़कंप की स्थिति रही। वहीं, इस संबंध में पूछने पर वरुणा जोन के साथ ही कमिश्नरेट के वरिष्ठ अफसरों ने कुछ भी कहने से साफ इन्कार कर दिया। बताया जा रहा है कि चौकी इंचार्ज के खिलाफ साक्ष्य संकलित किया जा रहा है। साक्ष्य के आधार पर ही मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
शादी की बात टूटी तो किशोरी का अपहरण कर किया दुष्कर्म
शादी की बात के दौरान एक युवक के आपराधिक इतिहास की जानकारी होने पर 17 वर्षीय किशोरी पक्ष के लोगों ने नाता जोड़ने से मना कर दिया। इससे नाराज युवक ने किशोरी का अपहरण कर उससे दुष्कर्म किया। परिजनों ने युवक के खिलाफ किशोरी के अपहरण और दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया।
दर्ज मुकदमे के आधार पर लालपुर पांडेयपुर थाने की पुलिस ने किशोरी को बरामद कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान जौनपुर जिले के सिकरारा थाने के हीरापुर गांव निवासी प्रिंस सिंह के रूप में हुई है। प्रिंस के खिलाफ लूट और हत्या के प्रयास सहित अन्य गंभीर आरोपों में जौनपुर और वाराणसी में 11 मुकदमे दर्ज हैं।
लालपुर पांडेयपुर थाने में गत 21 जुलाई को किशोरी के पिता ने तहरीर दी। बताया कि उनकी लड़की की शादी की बात प्रिंस सिंह से चल रही थी। लड़की के परिजनों को प्रिंस के आपराधिक इतिहास की जानकारी हुई तो उन्होंने उसके परिवार से शादी की बातचीत खत्म कर नाता तोड़ लिया।
इससे नाराज होकर किशोरी का अपहरण कर प्रिंस अपने साथ ले गया और उससे शादी कर लिया। लालपुर पांडेयपुर थानाध्यक्ष राजकुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर बावन बीघा के पास से किशोरी को बरामद कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
हत्या के प्रयास के आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर थाने का घेराव
फूलपुर-भुसौली मार्ग पर मारपीट में गंभीर रूप घायल होकर आईसीयू में भर्ती रहे एक युवक के मामले में आरोपी की गिरफ्तारी न होने से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सोमवार को फूलपुर थाने का घेराव किया। सभी ने मांग की कि आरोपी को तत्काल गिरफ्तार किया। फूलपुर थानाध्यक्ष ने एक हफ्ते के अंदर गिरफ्तारी करने का आश्वासन देकर सभी को शांत कराया।
गत 22 जून को कंचनपुर गरखड़ा में आयोजित शादी समारोह में खाना खाने को लेकर बरातियों में ही विवाद हो गया था। रात में घर लौटते समय तीन आरोपियों ने घात लगाकर प्रहलादपुर निवासी सूरज यादव और उसके मित्र फूलपुर के किशन यादव की पिटाई कर दी थी।
इस पर सूरज का इलाज अस्पताल के आईसीयू में एक पखवाड़े तक चला। प्रकरण को लेकर पुलिस ने हत्या का प्रयास समेत अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज कर असिला फूलपुर निवासी अमित यादव और सुरेंद्र यादव को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
मुख्य आरोपी नितेश यादव अभी तक गिरफ्तार नहीं हो सका है। घेराव करने वालों में पूर्व ग्राम प्रधान छन्नू यादव, राजेश यादव, रवि राय, गोलू राय, किशन यादव और पिंटू पांडेय समेत अन्य लोग शामिल रहे।
पुलिस चौकी से चंद कदम की दूरी पर बंद मकान में चोरी
बड़ागांव थाना की हरहुआ पुलिस चौकी के पीछे बंद मकान का ताला तोड़कर चोरों ने चोरी की। मंशापुर में इंडियन ऑयल, बाबतपुर से सेवानिवृत्त अधिकारी रणविजय कुमार पांडेय मकान बनवाकर परिवार के साथ रहते हैं।
रणविजय पांडेय का बड़ा बेटा विश्वरंजन पांडेय हैदराबाद और छोटा बेटा विश्वंभर पांडेय कोलकाता में नौकरी करता है। रणविजय 7 जून 2024 को पत्नी के साथ अपने बड़े बेटे के पास हैदराबाद गए थे। मकान की चाबी अपने साढ़ू संजीव कुमार मिश्रा को दी थी।
मकान बंद था और कभी-कभी संजीव मकान खोलकर साफ-सफाई करवाते थे। 21 जुलाई को वो साफ-सफाई कराने पहुंचे तो उन्होंने देखा कि अंदर के कमरों का ताला टूटा और सामान गायब था। चोरी की जानकारी होने के बाद रविवार रात संजीव ने पुलिस से शिकायत की।
छात्रों से फीस लेकर थमाई फर्जी रसीद, किया 16.27 लाख रुपये का गबन
रोहनिया के भदवर स्थित हेरिटेज मेडिकल कॉलेज के नर्सिंग स्कूल में 16 लाख 27 हजार रुपये के गबन का मामला सामने आया है। प्रकरण को लेकर स्कूल की प्राचार्य की तहरीर के आधार पर दो कर्मचारियों के खिलाफ रविवार की देर रात रोहनिया थाने में धोखाधड़ी और कूटरचना सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया है।
प्राचार्य डॉ. विजयसुगना वी. ने पुलिस को बताया कि हेरिटेज मेडिकल कॉलेज में पांच वर्ष से नर्सिंग स्कूल संचालित किया जा रहा है। इसमें एएनएम और जीएनएम की पढ़ाई होती है। नर्सिंग स्कूल में ऑफिस असिस्टेंट के पद पर बेनीपुर निवासी शिवबली मौर्य पांच वर्ष से तैनात है।
मनोरथपुरी कॉलोनी लेन नंबर-सात, करमनवीर निवासी शिवांश सिंह दिसंबर 2022 से सह अध्यापक के पद पर नियुक्त है। स्कूल प्रबंधन के निर्देश के बगैर ही शिवबली मौर्या द्वारा फीस वसूली के काम में शिवांश सिंह को नियुक्त कर दिया गया।
वर्ष 2023-2024 के विद्यार्थियों से निर्धारित फीस दोनों कर्मचारियों द्वारा वसूली गई और रसीद दी गई। मगर, फीस का पैसा संस्था में जमा नहीं किया गया। जांच में सामने आया कि शिवबली और शिवांश ने फर्जी रसीद बुक छपवा कर 16 लाख 27 हजार रुपये का गबन कर लिया है।
दोनों कर्मचारियों के इस आपराधिक कृत्य से छात्रों का भविष्य अधर में लटका हुआ है। उधर, इस संबंध में रोहनिया थानाध्यक्ष राजू सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
जलालीपुर इलाके में मारपीट और पथराव के आरोप में एक गिरफ्तार
जलालीपुरा इलाके में मारपीट और पथराव के मामले में जैतपुरा थाने की पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान जलालीपुरा निवासी अयूब के रूप में हुई है। सोमवार को पुलिस ने अयूब का चालान कर दिया। पुलिस को प्रकरण में तीन अन्य नामजद और 10 अज्ञात आरोपियों की तलाश है।
जलालीपुरा निवासी सत्यम कुमार के अनुसार वह रविवार की देर रात खाना खाकर अपने घर के सामने था। उसी दौरान अयूब, बाबा, कलाम और बाडी अपने 10 अज्ञात साथियों के साथ आए। सभी ने पुरानी रंजिश को लेकर गालीगलौज की। इसके बाद लाठी और ईंट-पत्थर चलाते हुए उसे दौड़ा लिया।
शोरगुल सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और उसने 112 नंबर पर फोन कर घटना की सूचना दी। इस बीच ईंट लगने से उसके शरीर में कई जगह चोट लगी। लोगों को इकट्ठा होते देख हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए।
उधर, इस संबंध में जैतपुरा थानाध्यक्ष बृजेश कुमार मिश्रा ने बताया कि एक आरोपी पकड़ा गया है। अन्य की तलाश की जा रही है। एहतियातन पुलिस की गश्त जारी है।
पहले बच्चे भिड़े, फिर बड़ों के बीच हुई मारपीट और पथराव
चौबेपुर के सरसौल गांव में बच्चों के विवाद के बाद बड़े भिड़ गए। इस दौरान मारपीट के साथ ईंट-पत्थर चले। इसमें दोनों पक्षों से आठ लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों के सात लोगों को हिरासत में लिया है। तनाव को देखते हुए पुलिस और पीएसी के जवान तैनात किए गए हैं।
चौबेपुर थाना क्षेत्र के सरसौल गांव में रविवार को खेलने के दौरान अंश पांडेय (8) और अयान मेहताब (8) के बीच मारपीट हुई थी। इसे लेकर आमने-सामने हुए दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत करा दिया गया था।
एक पक्ष के गंगाधर पांडेय ने पुलिस को बताया कि सोमवार की दोपहर उनके घर के अंकित पांडेय, प्रहलाद पांडेय, हिमालय पांडेय गांव के वीरेंद्र निषाद के साथ गंगा स्नान करके शिवलिंग पर जल अर्पित करने जा रहे थे। रास्ते में दूसरे पक्ष के लोगों ने छत से ईंट-पत्थर फेंकना शुरू कर दिया।
विरोध करने पर लाठी-डंडे से जमकर मारपीट की गई। वहीं, दूसरे पक्ष के इदरीश का कहना था कि उनके लड़के अफजाल को रोक कर तीन-चार तमाचा मारा गया। शिकायत दर्ज कराने गए तो थप्पड़ मारने वाले पक्ष ने उन लोगों के साथ लाठी-डंडे से मारपीट कर ईंट-पत्थर फेंक कर तोड़फोड़ की।
उधर, इस संबंध में एसीपी सारनाथ डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि दोनों पक्ष से घायल हुए लोगों को मेडिकल मुआयना के लिए भेजा गया है। चौबेपुर थानाध्यक्ष को कहा गया है कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई करें।
सड़क हादसे में ट्रक चालक की मौत
सादियाबाद (गाजीपुर) निवासी मालिक व ट्रक चालक बुद्धु यादव (52) चौखंडी जंसा से रिफाइन लादकर औढ़े माल गोदाम पर खाली करने आए थे। ज्यादा ट्रक होने से इनके ट्रक का माल सुबह उतारा जाता। रात में यह ट्रक को खड़ी कर बुद्धु जमीन पर सो गए। भोर में एक ट्रक की चपेट मे आने से इनकी मौत हो गई।
गोदाम से लोग फोन कर रहे थे, मगर देर तक नहीं उठा तो आकर देखा गया। किसी ट्रक की चपेट मे आने से सिर कुचल गया था। लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
विद्युत की चपेट में आने से मजदूर की मौत
चोलापुर थाना क्षेत्र के झरिया लखनपुर में घर में कार्य करते समय मजदूर की 11000 विद्युत करंट लगने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया। चोलापुर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।
लखनपुर के रहने वाले लालजी का सबसे बड़ा पुत्र दीपक (33) झरहिया स्थित आनंद जायसवाल के मकान से लोहे की पाइप उतार रहा था। बगल से 11000 वोल्टेज की सप्लाई भदवा फीडर की गई थी। इस सप्लाई में टच होने से पाइप में करंट दौड़ने से दीपक की मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर माता प्यारी और पत्नी रेनू का बुरा हाल है। दीपक के दो बच्चे (आदर्श 6 वर्ष, अंकित 3 वर्ष) हैं। घटना की सूचना मिलने पर चोलापुर पुलिस ने शव को कब्जे में लिया है।
मिर्जामुराद में विवाहित ने गृह कलह के चलते लगा ली फांसी, मौत
मिर्जामुराद क्षेत्र के टिकरा गांव में सोमवार की देर रात एक विवाहिता ने गृह कलह के चलते अपने पति से झगड़ कर पंखे में दुपट्टा के सहारे फाँसी पर झूल अपनी जान दे दी। सूचना प्राप्त कर पहुंची मिर्जामुराद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मिर्जामुराद क्षेत्र के टिकरा गांव निवासी अभिषेक सिंह की पत्नी सेजल सिंह (24) सोमवार की रात्रि खाना बनाने के बाद गृह कलह के चलते पति अभिषेक से विवाद हो गया और विवाद के बाद अभिषेक कमरे से बाहर आकर हाल में सो गये।
वही मंगलवार की सुबह पति जब कमरे का दरवाजा खुलवाने लगा तो दरवाजा नही खुला तो परिजनों द्वारा दरवाजा तोड़ खोला गया तो देखा कि पत्नी सेजल पंखे में दुपट्टे के सहारे फांसी का फन्दा लगाकर लटकी हुई है।
परिजनों ने विवाहिता के मायके चंदौली जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र के कुंडरिया गांव निवासी पिता मनोहर सिंह को सूचना दिया गया। इधर विवाहिता के पति द्वारा घटना की सूचना पुलिस को दिया गया।
सूचना पर पहुंचे एसीपी राजातालाब अजय कुमार श्रीवास्तव व प्रभारी निरीक्षक मिर्जामुराद अजय राज वर्मा ने शव को पंखे से नीचे उतरवाने के बाद फोरेंसिक टीम को सूचना दिया। फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल कर अत्यंत परीक्षण किया। विवाहिता की शादी को दो वर्ष पुर्व हुई थी। जो स्नातक की छात्रा भी बताई गई।
65 हजार चोरी हुए, 57 हजार रुपये बरामद
वाराणसी के लहरतारा निवासी मनीष सेठ की ई-रिक्शा की दुकान से चोरी हुए 65 हजार रुपये के मामले में मंडुवाडीह थाने की पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
मंडुवाडीह थानाध्यक्ष भरत उपाध्याय ने बताया कि आरोपियों की पहचान नई बस्ती, लहरतारा के संतोष कुमार भारती उर्फ मास और विनोद कुमार उर्फ कल्लू के रूप में हुई है। दोनों के पास से 57380 रुपये बरामद किया गया है। दोनों को सीसी कैमरों की फुटेज की मदद से चिह्नित कर गिरफ्तार किया गया है।
चार माह का वेतन और 32 माह का पीएफ हड़प लिए
वाराणसी। मीटर रीडरों, सुपरवाइजर और सर्किल इंचार्ज का चार माह के वेतन और 32 माह के प्रॉविडेंट फंड का पैसा हड़पने के आरोप में सिगरा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
सर्किल इंचार्ज मयंक कुमार मिश्रा, सुपरवाइजर अजय कुमार मौर्य और मीटर रीडर मनोज, गणेश कुमार, धनंजय प्रकाश व अंकित कुमार सहित 16 लोगों ने पुलिस को बताया कि वह अधीक्षण अभियंता प्रथम व द्वितीय के अंतर्गत मीटर रीडिंग का काम मेसर्श स्टर्लिंग टेक्नोलाजी एंड सर्विसेज के माध्यम से करते हैं।
कंपनी काम छोड़कर भाग गई है। सभी ने कंपनी के एमडी आंध्र प्रदेश निवासी अनंत राम रेड्डी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की। इस संबंध में सिगरा थानाध्यक्ष मनोज कुमार मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
कैंट और रोहनिया थाने में नए थानाध्यक्ष
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने मंगलवार की रात कैंट और रोहनिया थाने में नए थानाध्यक्ष तैनात किए। अब तक रोहनिया थानाध्यक्ष रहे इंस्पेक्टर राजू सिंह कैंट थाना प्रभारी बनाए गए हैं। वहीं, भेलूपुर थाने में तैनात रहे इंस्पेक्टर विवेक कुमार रोहनिया थाना प्रभारी बनाए गए हैं।
नमो घाट के रैंप पर चढ़ कर गंगा में कूदी महिला
नमो घाट पर मंगलवार की दोपहर एक महिला रैंप पर चढ़ कर गंगा में कूद गई। मौके पर मौजूद दीपू साहनी ने गंगा में छलांग कर महिला को बाहर निकाल लिया। सूचना पाकर पुलिस और एनडीआरएफ के जवान मौके पर पहुंचे। पूछताछ में पता लगा कि महिला नक्खी घाट क्षेत्र की है। पति से झगड़ा होने के बाद नमो घाट पर वह आत्महत्या करने पहुंची थी। पुलिस ने महिला को इलाज के लिए मंडलीय अस्पताल भेज दिया।
नमो घाट पर अतिक्रमण करने वालों ने की तोड़फोड़
नमो घाट पर मंगलवार की रात अतिक्रमण कर दुकान लगाने वालों ने जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान घाट पर चलने वाले टॉय एयर बैलून समेत अन्य सामानों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। घाट मैनेजर और सुरक्षाकर्मियों से भी धक्का-मुक्की की गई। करीब घंटे भर नमो घाट फेज वन पर अराजकता का माहौल रहा।
इसके चलते घाट घूमने आए लोग भी भाग खड़े हुए। सूचना पर पहुंची आदमपुर थाने की पुलिस के सामने भी उत्पात मचा रहे लोग शांत नहीं हुए। पुलिस ने किसी तरह से सभी को समझा कर शांत कराया।
वीडियो कॉल करके बैंक खाते से उड़ाए 96 हजार
लोन देने के बहाने साइबर जालसाजों ने बैंक खाते से 94 हजार रुपये उड़ा दिए। पीड़ित ने लंका थाने में साइबर धोखाधड़ी समेत अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज कराया। लंका थानाक्षेत्र के नरिया निवासी विनोद कुमार कश्यप के अनुसार अनजान नंबर से कॉल आया और खुद को इंडसइंड बैंक का अधिकारी बताया।
पूछा कि आपका लोन स्वीकृत हुआ या नहीं। इसके बाद व्हाट्सएप वीडियो कॉल के दौरान डेबिट कार्ड दिखाने कहा और कुछ ही मिनटों में मोबाइल हैक कर लिया। इस बीच बैंक खाते से 94600 रुपये निकल गए।