छात्र-छात्राओं को तैयारी करने के लिए मुहैया कराया जाएगा मैटीरियल
- फोटो : file photo
एक ओर जहां योगी सरकार मदरसे में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को समाज की मुख्यधारा में लाने के लिए उन्हें इतिहास, भूगोल, अंग्रेजी और गणित से रूबरू कराने की योजना बना रही है, वहीं काशी के मदरसों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को देशभक्ति का पाठ पढ़ाने की तैयारी है।
मदरसों के बच्चों के लिए जल्दी ही एक प्रतियोगिता होगी। प्रतियोगिता के जरिये उनकी मेधा परखने के साथ-साथ राष्ट्रीयता का जज्बा पैदा करने की पहल भी होगी। विजेता बच्चों को इनाम के तौर पर आगे की पढ़ाई के लिए स्कालरशिप दी जाएगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खास दोस्त जफर सरेशवाला ने तालीम-ओ-तरबियत मिशन के जरिये काशी के मदरसों को तकनीक से जोड़ने की पहल पहले से ही कर चुके हैं। अब वह इन मदरसों में राष्ट्रीयता की अलख जगाने की कोशिश में हैं।
सरेशवाला मौलाना आजाद नेशनल उर्दू यूनिवर्सिटी के चांसलर भी हैं। उनसे जुड़ी संस्था एराइज एंड अवेक बनारस के मदरसों में ‘नेशनलिज्म’ पर प्रतियोगिता के लिए कोर्स मैटीरियल तैयार करा रही है।
कोर्स मैटीेरियल और इससे जुड़ी किताबें प्रतियोगिता में भाग लेने वाले छात्र-छात्राओं को तैयारी करने के लिए दिया जाएगा।