वाराणसी के बड़ागांव थाने के औचक निरीक्षण के दौरान गुरुवार को एसएसपी को कई खामियां देखने को मिली। इसे लेकर नाराजगी जताते हुए एसएसपी अमित पाठक ने बड़ागांव थानाध्यक्ष अजीत कुमार सिंह और दरोगा मोहम्मद अहमद को निरीक्षण के दौरान ही लाइन हाजिर कर दिया। दोनों के खिलाफ एसएसपी ने प्रारंभिक जांच का भी आदेश दिया है।
इसके साथ ही दोनों के वरिष्ठ पर्यवेक्षण अधिकारियों से पर्यवेक्षण में लापरवाही और शिथिलता बरतने के संबंध में दो दिन में स्पष्टीकरण देने को कहा है। एसएसपी के निरीक्षण के दौरान बड़ागांव थाने के कार्यालय में अभिलेखों का रखरखाव सही नहीं दिखा। इसे लेकर बड़ागांव थानाध्यक्ष से एसएसपी ने स्पष्टीकरण मांगा है।
बड़ागांव क्षेत्र में प्रकाश में आए भूमि विवादों के संबंध में एसएसपी द्वारा दिए गए निर्देशों का अनुपालन बिल्कुल नहीं दिखा। इसे लेकर एसएसपी ने थानाध्यक्ष को जमकर फटकार लगाई। महिलाओं और किशोरियों से संबंधित अपराधों की विवेचना में भी जब लापरवाही दिखी तो एसएसपी ने बड़ागांव थानाध्यक्ष को तत्काल पुलिस लाइन रवाना होने का आदेश दिया। वहीं, लूट की घटनाओं का खुलासा न करने और विवेचना में लापरवाही बरतने के आरोप में एसएसपी ने बड़ागांव थाने के दरोगा मोहम्मद अहमद को भी लाइन हाजिर कर दिया है।
48 घंटे में दो थानेदार सहित पांच पुलिसकर्मी लाइन हाजिर, मचा हड़कंप
48 घंटे में दो थानेदार, दो दरोगा और एक हेड कांस्टेबल को एसएसपी लाइन हाजिर कर चुके हैं। इसे लेकर जिले के थानों और चौकियों में तैनात पुलिसकर्मियों में हड़कंप की स्थिति है। औचक निरीक्षण के दौरान एसएसपी द्वारा की गई कार्रवाई से जिले के अन्य थानेदार और चौकी इंचार्ज अपने कागजातों को नए सिरे से दुरुस्त करने में जुट गए। गौरतलब है कि एसएसपी ने कहा है कि सिपाही से लेकर अधिकारियों तक की भूमिका तय है। जो अपनी जिम्मेदारी का सही तरीके से निर्वहन नहीं करेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होना तय है।