वाराणसी की सिगरा पुलिस ने लूट करने वाले तीन लुटेरों के साथ लूट का आभूषण खरीदने वाले एक सोनार को गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार को एसपी सिटी विकासचंद्र त्रिपाठी ने सिगरा थाने पर प्रेस वार्ता कर बताया कि पुलिस टीम ने अभियुक्तों के पास से कान का झुमका, नाक की नथुनी, सोने की अंगूठी, 12 बोर का तमंचा, कारतूस और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद किया है। पूछताछ के बाद पुलिस ने सभी को जेल भेज लिया।
एसपी सिटी विकासचंद्र त्रिपाठी ने बताया कि बीते 22 सितंबर को सिगरा थाना क्षेत्र के मलदहिया स्थित एक लॉन के सामने रहने वाले व्यापारी की पत्नी से बदमाशों के द्वारा घर में घुसकर लूट की गई थी। बदमाशों ने महिला को असलहे से आतंकित कर झुमका, अंगूठी और नाक की नथुनी लूटकर फरार हो गए थे।
सिगरा पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस के जरिए लूट करने वाले बदमाशों की शिनाख्त कर प्रह्लाद घाट निवासी वैभव गुप्ता उर्फ सोनू, चौहट्टा निवासी मोहम्मद आजम, घसियारी टोला निवासी सूरज नगर उर्फ मोमो वाला और घुघरानी गली, दालमंडी निवासी सोनार महमूद आलम को गिरफ्तार कर लिया।