वाराणसी में कोरोना संक्रमित होम आइसोलेशन में रहने वाले मरीज को दवा देने गई शिवपुर स्वास्थ्य केंद्र की रैपिड रिस्पांस टीम पर सोमवार को मरीज के परिजनों ने हमला कर दिया। इस मामले में डॉक्टर की तहरीर पर शिवपुर थाने में एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। उधर घटना से नाराज संविदा स्वास्थ्यकर्मियों ने 24 घंटे में हमलावरों की गिरफ्तारी न होने पर कार्यबहिष्कार की चेतावनी दी है।
कोरोना संक्रमण पर नियंत्रण के लिए ब्लॉक वार रैपिड रिस्पॉन्स टीम (आरआरटी) का गठन किया गया है। टीम के माध्यम से होम आइसोलेशन में रहने वाले मरीजों को जरूरी दवाएं पहुंचाई जा रही हैं साथ ही मरीज और घर के सदस्यों की जांच की जा रही है। सोमवार को शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शिवपुर स्थित रैपिड रिस्पांस टीम के सदस्य डॉ. शैलेंद्र कुमार शिवपुर में एक मरीज के घर टीम के साथ दवा लेकर पहुंचे।
आरोप है कि उन्होंने परिजनों से ऑक्सीजन सैचुरेशन की जांच कराने को कहा, जिस पर परिवार का एक युवक कुछ दिन पहले घर में एक मरीज की मौत का हवाला देते हुए भड़क गया। युवक ने गाली देने के साथ पत्थर से हमला किया। इसके साथ ही ड्राइवर की पिटाई की गई। उधर, उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष डॉ. अब्दुल जावेद ने घटना पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि अगर 24 घंटे के भीतर रैपिड रिस्पांस टीम पर हमला करने वालों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो कार्य बहिष्कार किया जाएगा।