डीएम ने निर्माणाधीन एमेनिटी ब्लॉक का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि सभी छतों की ढलाई पूरी हो चुकी है, इसलिए शेष ईंट के कार्य को तत्काल शुरू कराया जाए। इसके अलावा घाट पर आमजन और लकड़ी विक्रेताओं के आवागमन के लिए बनाए जा रहे रैंप का भी निरीक्षण किया।
उन्होंने निर्देश दिया कि रैंप इस तरह बनाया जाए कि दाह-संस्कार के लिए आने वाले लोगों और लकड़ी विक्रेताओं को आवागमन में परेशानी न हो। डीएम ने परियोजना प्रमुख के साथ फूल-माला, कफन और अन्य सामग्री के निस्तारण की व्यवस्था पर चर्चा की। मणिकर्णिका कॉरिडोर में पर्याप्त शौचालय नहीं होने से आमजन को होने वाली परेशानी को देखते हुए डीएम ने शौचालय की समुचित व्यवस्था के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि बाढ़ के दौरान भी शौचालय कार्यशील रहें, इसके लिए जरूरी प्रबंध पहले से किए जाएं। इसके बाद डीएम ने निर्माणाधीन बालाजी घाट और यूनिटी मॉल का निरीक्षण कर भौतिक प्रगति की जानकारी ली।
यूनिटी मॉल में कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता, ठेकेदार के प्रोजेक्ट मैनेजर और परामर्शी के इंजीनियर मौजूद रहे। डीएम ने काम में तेजी लाने के साथ निर्माण स्थल पर गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एडीएम वित्त एवं राजस्व सदानंद गुप्ता समेत अन्य मौजूद रहे।