बतौर सांसद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डीरेका में मेरी काशी पुस्तिका के जरिए अपने संसदीय क्षेत्र की विकास यात्रा को एक कदम और बढ़ा दिया। माना जा रहा है कि 2019 के लोकसभा चुनाव में काशी के विकास के मॉडल को मुद्दा बनाया जाएगा।
मिशन 2019 के तहत मोदी ने न केवल काशीवासियों के सामने चार साल के विकास कार्यों का ब्योरा प्रस्तुत किया बल्कि प्रधान सेवक के दायित्व का निर्वहन करते हुए विकास कार्य देखने के लिए रात्रि भ्रमण भी किया।
प्रधानमंत्री ने अपने संसदीय क्षेत्र के जयापुर गांव से सांसद आदर्श ग्राम योजना की शुरुआत कर साथी सांसदों को गांव के विकास की राह दिखाई थी। अस्सी घाट से स्वच्छता का संदेश देकर पीएम ने देश भर में स्वच्छ भारत मिशन की नींव रखी।
बाद में यह अभियान देशव्यापी हो गया। बिजली के तारों के जंजाल से मुक्ति के लिए उन्होंने आईपीडीएस की लांचिंग भी यहीं से की तो बुनकरों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बाजार मुहैया कराने के लिए दीनदयाल हस्तकला संकुृल का तोहफा दिया। एक साथ दस हजार दिव्यांगों को उपकरण बांटकर दिव्यांग भाई की उत्पत्ति पीएम मोदी ने यहीं से की थी।
पर्यटन को बढ़ाने के लिए जापान के प्रधानमंत्री शिंजो अबे और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों को बनारस लेकर आए। गंगा आरती और गंगा दर्शन के बहाने यहां आने वाले पर्यटकों की संख्या में ढाई गुना तक बढ़ गई है।
ट्विटर के टॉप ट्रेंड में रहा काशी और पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे
- फोटो : अमर उजाला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे और योजनाओं के लोकार्पण-शिलान्यास की खबरें सोशल मीडिया पर छाई रहीं। शनिवार को पीएम का वाराणसी-आजमगढ़ दौरा, पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण और पीएम नरेंद्र मोदी ट्विटर के टॉप ट्रेंड में शामिल रहे।
पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे को लेकर 31 हजार से ज्यादा, काशी को लेकर 21 हजार से ज्यादा और वाराणसी को लेकर 16 हजार से ज्यादा ट्वीट ट्विटर यूजर्स ने किए। इस दौरान राजनीतिक दलों से जुड़े लोगों ने एक-दूसरे पर कटाक्ष करते हुए भी ट्वीट किए।
प्रधानमंत्री मोदी ने 13 फोटो और चार वीडियो ट्वीट कर आजमगढ़ और बनारस दौरे की जानकारी दी। प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया कि जो लोग कभी एक-दूसरे को देखना तक पसंद नहीं करते थे, वो अब एक साथ आ गए हैं। अपने स्वार्थ के लिए विकास को रोकना चाहते हैं।
ये वही दल हैं जो चाहते हैं कि तीन तलाक होता रहे लेकिन मैं विश्वास दिलाता हूं कि मुस्लिम महिलाओं के साथ न्याय होगा और उन्हें तीन तलाक से मुक्ति मिलेगी। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी और आजमगढ़ दौरे से जुड़े छह फोटो और सात वीडियो ट्वीट किए।
मुख्यमंत्री ने ट्वीट किया कि प्रधानमंत्री का यह दौरान ऐतिहासिक होने के साथ ही विकास को नई ऊंचाई देगा। उधर, इससे पहले सुबह से ही ट्विटर, फेसबुक और व्हाट्स एप्प सहित सोशल मीडिया के अन्य प्लेटफार्म पर प्रधानमंत्री मोदी का वाराणसी और आजमगढ़ दौरा छाया रहा।