गाजीपुर स्थित सेंट्रल ब्यूरो ऑफ नॉरकोटिक्स की टीम ने 0.680 किलोग्राम हेरोइन के साथ भेलूपुर क्षेत्र से एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्त में आए युवक की शिनाख्त भेलूपुर निवासी अजय कुमार खरवार के तौर पर हुई है।
सेंट्रल ब्यूरो ऑफ नॉरकोटिक्स के सीनियर इंस्पेक्टर केके श्रीवास्तव ने शनिवार को बताया कि सूचना मिली थी कि मालदा से हेरोईन की खेप लेकर तस्कर वाराणसी आए हैं। इस सूचना को विकसित कर शुक्रवार को भेलूपुर स्थित सीएम एंग्लो बंगाली इंटर कॉलेज के समीप से बाइक सवार अजय को गिरफ्तार किया गया। वह अपनी बाइक के टूल बॉक्स में हेरोईन छुपाकर ले जा रहा था। पूछताछ में उसने बताया कि मदनपुरा, गौरीगंज, जैतपुरा सहित अन्य स्थानों पर वह हेरोईन की सप्लाई करता है। बरामद हेरोईन की कीमत 70 लाख रुपये है। अजय से मिली जानकारी के आधार पर जल्द ही कुछ अन्य लोग भी गिरफ्तार किए जाएंगे। अजय को गिरफ्तार करने वाली टीम में इंस्पेक्टर दीपक शर्मा और हवलदार सुरेश राम व अंगद भी शामिल थे।