डायरी और मोबाइल के जरिये पहुंचेंगे शराब खरीद कर बेचने वालों तक
शराब की अवैध बिक्री के मामले में गिरफ्तार शराब के थोक कारोबारी राजेंद्र प्रसाद गुप्ता और सिपाही प्रमोद कुमार सहित पांच लोगों के पास से बरामद डायरी और मोबाइल को पुलिस खंगाल रही है। पता लगाया जा रहा है कि शराब कारोबारी से कौन-कौन शराब खरीद कर लॉकडाउन में बेच रहा था। हालांकि पांचों आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ ही उनके संपर्क में रहे ज्यादातर लोगों ने अपने मोबाइल स्विच ऑफ कर दिए हैं। एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि सारनाथ और कैंट थाने में शराब की अवैध बिक्री के संबंध में दर्ज दो मुकदमों की विवेचना जारी है। जिस किसी के खिलाफ भी विवेचकों को साक्ष्य मिलेगा, उसे गिरफ्तार किया जाएगा।
सोशल मीडिया पर नेताओं के साथ एक आरोपी की फोटो वायरल
शराब की अवैध बिक्री के मामले में गिरफ्तार एक आरोपी और भाजपा के अलग-अलग नेताओं व एक मंत्री की फोटो बृहस्पतिवार को शहर में सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफार्म पर जमकर वायरल हुई। फोटो शेयर कर लोग कमेंट कर रहे थे कि अब ऐसे लोगों का जिसे संरक्षण प्राप्त हो वह भला लॉकडाउन में शराब की अवैध बिक्री क्यों न करे। पुलिस ने ऐसे लोगों को गिरफ्तार कर अच्छा संदेश दिया है कि गैरकानूनी काम कर करने वाला कोई बच नहीं पाएगा।
खुलासे में अहम भूमिका निभाने वाले दो सिपाही सम्मानित
शराब कारोबारी के गोदाम से शराब की अवैध बिक्री के खुलासे में अहम भूमिका निभाने वाले दो सिपाहियों को बृहस्पतिवार को एसएसपी ने एक-एक हजार रुपये और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने बताया कि सारनाथ थाने की पुराना पुल चौकी के सिपाही शत्रुघ्न सिंह और देवेंद्र यादव ने शराब की अवैध बिक्री के खुलासे में अहम भूमिका निभाई। इसलिए दोनों सिपाहियों को सम्मानित कर सारनाथ और कैंट थाने के अन्य पुलिसकर्मियों को शाबाशी दी गई है।