वाराणसी। जनसुनवाई पोर्टल पर शासन प्रशासन के 12 लोगों को ईमेल भेजने के बाद भी शिकायतकर्ता की शिकायत का समाधान नहीं हुआ। कागजी कोरम पूरा करने के लिए नगर निगम ने तरह-तरह के जवाब देकर शिकायतकर्ता को आश्वासन की घुट्टी पिला दी है। शिकायतकर्ता सुधांशु शेखर त्रिपाठी का कहना है कि
मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव, नगर विकास सचिव, अपर मुख्य सचिव नगर विकास, जिलाधिकारी,नगर आयुक्त , कमिश्नर प्रधानमंत्री समेत कुल बारह लोगों को ईमेल किया था। पांडेयपुर स्थित काली मंदिर से भक्तिनगर होते हुए लालपुर पुलिस चौकी तक की सड़क को बनवाने के लिए आग्रह किया गया। जनसुनवाई पोर्टल पर अनेकों बार शिकायतें दर्ज कराई गई। जिसमें प्राय: जवाब दिया जाता है कि सड़क एक सप्ताह में बनवा दिया जाएगा। परंतु कुछ भी नहीं होता है। इस संबंध में जिलाधिकारी को पहले ही सूचित कर दिया गया है कि यदि दस दिनों में सड़क को आम जनता के लिए नहीं बनवाया गया तो सात मार्च को क्षेत्रीय लोग यातायात दो घंटे बाधित कर विरोध जताएंगे।