काशीपुराधिपति का रुद्राभिषेक कराना है तो धर्मार्थ कार्य विभाग से 450 रुपये में और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर प्रशासन की ओर से सात सौ रुपये में करना होगा। जी हां चौंकने की जरूरत नहीं है। मजे की बात तो यह है कि मंत्री से लेकर अधिकारियों तक को इसकी भनक भी नहीं है। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में रुद्राभिषेक के लिए अलग-अलग रेट हैं।
धर्मार्थ कार्य विभाग पर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में रुद्राभिषेक केलिए 450 रुपये और काशी विश्वनाथ मंदिर की वेबसाइट, ऐप व हेल्पडेस्क पर सात सौ रुपये की पर्ची काटी जा रही है। सावन के महीने में हर साल टिकटों के दाम तो बढ़ते हैं लेकिन इस बार न तो आरती के टिकट का दाम बढ़े और न ही पूजन के । मंदिर प्रशासन की ओर बिना किसी सार्वजनिक सूचना के एक शास्त्री से रुद्राभिषेक का दाम सात सौ रुपये कर दिया। इसको लेकर श्रद्धालुओं ने आपत्ति भी दर्ज कराई थी।
काशी विश्वनाथ मंदिर के सीईओ गौरांग राठी का कहना है कि रुद्राभिषेक के दाम सात सौ रुपये ही हैं। इसकी सूचना धर्मार्थ कार्य विभाग को भेजी गई थी लेकिन शायद अभी तक ऑनलाइन अपडेट नहीं किया गया है। इसकी जानकारी उच्चाधिकारियों और आईटी विभाग को भेजी जाएगी।