वाराणसी। नगर निगम चौकी इंचार्ज रामनरेश यादव सहित 15 पुलिसकर्मियों को बुधवार को होम क्वारंटीन किया गया। नगर निगम चौकी के इन पुलिसकर्मियों ने जुकाम, छींक, खांसी और शरीर का तापमान ज्यादा होने जैसे लक्षणों की जानकारी अफसरों को दी थी। उधर, भेलूपुर थाने में तैनात हेड कांस्टेबल छुट्टी से लौटा तो जुकाम से पीडि़त होने के कारण उसे भी घर में ही रहने को कहा गया। इन सभी पुलिसकर्मियों की कोरोना वायरस की जांच के लिए सैंपल लिया गया है। इस संबंध में एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने कहा कि जिले के सभी पुलिसकर्मी फिलहाल फिट हैं। जिन्हें भी स्वास्थ्य संबंधी किसी भी प्रकार की थोड़ी सी भी समस्या हो रही है तो उन्हें कहा जा रहा है कि वह चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार पूरी एहतियात बरतें। सभी पुलिसकर्मियों को बार-बार चेताया जा रहा है कि वह अपने स्वास्थ्य को लेकर लापरवाही कतई न बरतें और सतर्कता के साथ ड्यूटी करें। प्रत्येक पुलिसकर्मी का स्वस्थ होना हमारी शीर्ष प्राथमिकता में है और इस संबंध में अतिरिक्त सतर्कता बरतते हुए उन्हें सभी जरूरी संसाधन मुहैया कराए जा रहे हैं।