वाराणसी। कोरोना वायरस के संक्रमण से बचने के लिए जगह-जगह बन रहे सैनिटाइज टनल से अगर आप गुजर रहे हैं तो सतर्क रहने की जरूरत है। टनल में बहुत देर तक खड़े रहना सेहत के लिए हानिकारक भी हो सकता है। इसको लेकर स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से एडवाइजरी भी जारी की गई है। जिसका सभी को पालन करना चाहिए।
सैनिटाइज टनल में जो स्प्रे हो रहा है, उसमें हाइपोक्लोराइट और दूसरे केमिकल का प्रयोग हो रहा है, जो जमीन की सतह पर तो प्रभावी होता है लेकिन शरीर पर इसका दुष्प्रभाव भी पड़ता है। जिले की अगर बात करें तो मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा में सैनिटाइज टनल लग गया है और कैंट रेलवे स्टेशन सहित अन्य जगहों पर इसके जल्द लगाए जाने की तैयारी है। चिकित्सकों की माने तो बहुत देर तक टनल में खड़े रहने से आंख, नाक और त्वचा संबंधी समस्या भी हो सकती है। स्वास्थ्य मंत्रालय की गाइडलाइन के बाद अब लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
टनल में जो स्प्रे का इस्तेमाल किया जा रहा है, उसमें एक प्रतिशत सोडियम हाइपोक्लोराइट के साथ ही कुछ और केमिकल भी होते हैं। इससे विशेषकर आंख, त्वचा, मुंह को बचाने की जरूरत है। इससे गुजरने के बाद भी हाथों को साबुन से जरूर धुलते रहना चाहिए। -डॉ. आरके शर्मा, चेस्ट फिजीशियन, मंडलीय अस्पताल
सेनेटाइज टनल से गुजरने के बाद ऐसा नहीं है कि संक्रमण का खतरा खत्म होता जाता है। घर जाने पर साबुन से हाथ धुलने, सैनिटाइजर लगाने के साथ ही अन्य बचाव बहुत जरूरी है। स्प्रे में बहुत ज्यादा समय तक खड़े नहीं रहना चाहिए। -डॉ. पीके सिंह, फिजिशियन, दीनदयाल अस्पताल