फाइनल में एक से बढ़कर एक परफार्मेंस ने जीता दिल
- फोटो : अमर उजाला
युवाओं की तालियों और शोर से गूंजता कैंटोनमेंट का जेएचवी माल। मंच पर कभी डांस तो कभी गायकी का जलवा बिखरा। कभी शास्त्रीय विधा तो कभी पाश्चात्य की झलक। यही नही बीच में लोगों ने कॉमेडी करके लोगों को गुदगदाया भी। हर तरफ केवल युवा जोश और मस्ती ही नजर आ रही थी।
मौका था रेड एफएम की ओर और प्रिंट मीडिया पार्टनर अमर उजाला के सहयोग से टशनबाज सीजन-5 के फाइनल का। फाइनल में तीन युवा टशनबाज बने जिनमें से दो डांस परफार्मर रहे।
प्रथम स्थान पर माइक्रोटेक कॉलेज संकटमोचन के सत्यम गोस्वामी, दूसरा स्थान माइक्रोटेक मलदहिया की महिमा केशरी आकर्षक गायन के लिए तथा तीसरा स्थान एसएमएस खुशीपुर के सजल गुप्ता को आकर्षक डांस के लिए दिया गया।
25 दिनों के सफर के दौरान 13 कॉलेज में टशनबाज की तलाश की गई। इसमें अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास के बल पर 27 प्रतिभागियों को फाइनल के लिए चुना गया। बुधवार को कैंटोनमेंट स्थित मॉल में फाइनल का मंच सजा।
इस दौरान युवक, युवतियों ने अपनी शानदार, मनमोहक प्रस्तुतियाें से दर्शकाें को बांधे रखा। मॉल के तीन फ्लोर खचाखच भरे रहे। कभी डांस तो कभी संगीत का जलवा बिखरा। अच्छी परफार्मेंस पर तो लोगों ने प्रतिभागी का उत्साह बढ़ाया ही, जो घबराए उनका हौसला भी बढ़ाया।
जज की भूमिका में अनन्या त्रिपाठी और ममता शर्मा रहीं। कार्यक्रम का संचालन आरजे विशाल, शालिनी और ध्रुवी ने किया।