हादसे के बाद भी कार चालक नहीं रुका। भागने की कोशिश में उसने रोहनिया के उदयासनपुर निवासी संतोष वर्मा की बाइक में भी टक्कर मार दी। एक के बाद एक दो वाहनों को टक्कर मारने के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए कार चालक को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी।
उधर, ओवरब्रिज के नीचे गिरे प्रमोद को स्थानीय लोगों ने तत्काल पास के निजी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल संतोष वर्मा को पंडित दीनदयाल अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्हें हल्की चोटें आई हैं।
सारनाथ थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि हादसे के आरोपी कार चालक की पहचान सारनाथ के मवइया निवासी डब्लू यादव के रूप में हुई है। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। दुर्घटना में शामिल कार को सीज कर दिया गया है। प्रमोद के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।