बीएचयू में स्नातक और स्नातकोत्तर की प्रवेश परीक्षा खत्म होने के बाद अब संकायों में दाखिले की तैयारियां शुरू हो गई हैं। माना जा रहा है कि इसी महीने के अंतिम सप्ताह तक परिणाम जारी होने के साथ ही अक्तूबर के दूसरे सप्ताह से काउंसलिंग की प्रक्रिया भी शुरू हो सकती है।
विश्वविद्यालय में सत्र 2020-21 में दाखिले के लिए 24 से 31 अगस्त और 9 से 18 सितंबर तक चली प्रवेश परीक्षा के खत्म होने के बाद अभ्यर्थियों को रिजल्ट का इंतजार है। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से दूसरे चरण की प्रवेश परीक्षा खत्म होने के बाद अभ्यर्थियों से सवालों पर आपत्तियां मांगी गई हैं। इसी महीने के अंतिम सप्ताह तक प्रवेश परीक्षा के परिणाम जारी हो सकती है।
अक्तूबर के दूसरे सप्ताह से काउंसलिंग की प्रक्रिया भी शुरू होने की संभावना है। इसको देखते हुए बीएचयू के संकायों में काउंसलिंग के लिए नियमानुसार कमेटी के गठन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस बार कोरोना संक्रमण को देखते हुए सोशल डिस्टेंसिंग के साथ ऑफलाइन और ऑनलाइन काउंसलिंग कराने पर भी कुछ संकायों में विचार चल रहा है।