बाबतपुर। वाराणसी से देहरादून के लिए सीधी विमान सेवा 28 सितंबर से शुरू होने जा रही है। जारी शेड्यूल के अनुसार, एयर इंडिया का विमान एआई 689 सुबह 10:25 बजे मुंबई से देहरादून के लिए उड़ान भरेगा और दोपहर 12:40 बजे देहरादून पहुंचेगा। फि र यही विमान दोपहर 1:10 बजे देहरादून से उड़ान भरेगा और 2:35 बजे वाराणसी एयरपोर्ट पर पहुंचेगा। यही विमान एएआई 690 बनकर वाराणसी एयरपोर्ट से 3:05 बजे देहरादून के लिए उड़ान भरेगा और शाम 4:30 बजे देहरादून पहुंचेगा। इसके बाद यह विमान देहरादून से मुंबई जाएगा। विमान का संचालन बुधवार और शनिवार को होगा।
वाराणसी-देहरादून के बीच शुरू हो रही सीधी विमान सेवा की बुकिंग एयर इंडिया ने बुधवार से शुरू कर दी। इसका बेस फेयर 1200 रुपये रखा गया है। टिकटों की बढ़ी मांग के चलते एक ही दिन में टिकटों के दाम में उछाल आया और 2770 रुपये तक टिकट बिके।
विमान का संचालन सप्ताह में दो दिन बुधवार और शनिवार को किया जाएगा। विदेशी सैलानियों के साथ ही स्थानीय पर्यटकों को ध्यान में रखते हुए इसका टाइम शेड्यूल रखा गया है। अभी तक देहरादून के लिए सीधी विमान सेवा नहीं थी। यात्रियों को दिल्ली से कनेक्टिंग फ्लाइट मिलती थी। ऐसे में समय और पैसा दोनों बचेगा।
टूर एंड ट्रैवेल कंपनी के संचालक शैलेंद्र सिंह ने बताया कि इसका लाभ पर्यटकों के साथ ही बिजनेस क्लास को भी होगा। एयर इंडिया के स्थानीय प्रबंधक आतिफ इदरीश ने बताया कि यह विमान सेवा दोनों शहरों को हवाई मार्ग से जोड़ेगा। टिकट की बुकिंग शुरू हो गई है।