एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआई) के देश भर के 22 एयरपोर्ट में वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट को एयरपोर्ट सर्विस क्वालिटी (एएसक्यू) के वार्षिक सर्वेक्षण में पहली रैंक हासिल हुई है। वर्ष 2020 के लिए हुए एसीआई-एएसक्यू सर्वेक्षण के वार्षिक परिणाम में वाराणसी एयरपोर्ट ने 1 से 5 मिलियन यात्री श्रेणी के तहत दुनिया में 29 वें स्थान पर जगह बनाया है। इस उपलब्धि पर लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट अथॉरिटी के अधिकारी व कर्मचारी उत्साहित हैं।
एलबीएसआई एयरपोर्ट वाराणसी ने सबसे अधिक 4.94 रेटिंग प्राप्त की, जिसके बाद अहमदाबाद, लखनऊ और अमृतसर का स्थान है। 4.94 की यह एएसक्यू रेटिंग वर्ष 2020 की चार तिमाहियों की औसत है।
एयरपोर्ट निदेशक आकाशदीप माथुर ने बताया कि एयरपोर्ट सर्विस क्वालिटी (एएसक्यू) हवाई अड्डे पर यात्रियों की संतुष्टि को मापने के आधार पर वैश्विक हवाई अड्डा सर्वेक्षण है। यह उपलब्धि सभी हितधारकों अर्थात् सभी एयरलाइंस, ग्राउंड हैंडलिंग एजेंसियों, सीआईएसएफ और सभी एएआई अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रयास से ही संभव हो पाया है।