लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के विस्तार का काम तेजी से चल रहा है। साल के अंत तक नए टर्मिनल भवन का निर्माण पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, जबकि रनवे से जुड़े कार्य अगले साल तक पूरा करने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, टनल निर्माण में अभी और समय लगेगा। एयरपोर्ट विस्तार परियोजना के तहत टर्मिनल भवन का 75 फीसदी और मल्टीलेवल पार्किंग का 98 फीसदी काम पूरा हो चुका है।
नए टर्मिनल भवन के तैयार होने के बाद यात्रियों को पहले के मुकाबले अधिक आधुनिक और सुविधाजनक व्यवस्था मिलेगी। चेक-इन के लिए 72 काउंटर बनाए जा रहे हैं। आठ एयरोब्रिज की सुविधा प्रस्तावित है, जिससे यात्रियों की विमान तक पहुंचने के लिए बसों पर निर्भरता कम होगी।
एलिवेटेड सड़क से सीधे पहुंचेंगे टर्मिनल
नए टर्मिनल भवन में यात्रियों की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए 30 मीटर चौड़ी एलिवेटेड सड़क बनाई जा रही है। वाहन सीधे टर्मिनल के डिपार्चर प्रवेश द्वार तक पहुंच सकेंगे। तीन मंजिला टर्मिनल भवन में भूतल पर आगमन की व्यवस्था होगी, जबकि पहली और दूसरी मंजिल से विमान के लिए प्रस्थान की सुविधा मिलेगी।
रनवे विस्तार और टनल निर्माण बनी चुनौती
एयरपोर्ट विस्तार परियोजना में रनवे को मौजूदा 2745 मीटर से बढ़ाकर 4075 मीटर किया जाना है। इसके साथ नया एप्रन विकसित होगा, जहां एक साथ 20 विमानों की पार्किंग हो सकेगी। रनवे विस्तार के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग के नीचे टनल का निर्माण भी किया जा रहा है। टनल निर्माण के दौरान भूजल स्तर अधिक मिलने से तकनीकी दिक्कतें आई थीं। इस कारण डिजाइन में बदलाव करना पड़ा।
क्या बोले अधिकारी
विस्तारीकरण के बाद यात्रियों को अधिक सुविधाजनक और आधुनिक व्यवस्था मिलेगी। टर्मिनल भवन के साथ मल्टीलेवल पार्किंग का काम तेजी से पूरा कराया जा रहा है। टनल और रनवे से जुड़े कार्यों में तकनीकी पहलुओं को ध्यान में रख काम किया जा रहा है। -पुनीत गुप्ता, एयरपोर्ट निदेशक