इस दौरान वायुसेना के विमानों ने लूप, बैरल रोल और लो पास जैसे हवाई करतब दिखाए। लूप के दौरान विमानों ने आसमान में गोलाकार चक्कर लगाया। बैरल रोल में विमान अपनी धुरी पर घूमते हुए नजर आए। वहीं, लो पास के दौरान विमान कम ऊंचाई पर तेज गति से गुजरे। इन करतबों के दौरान विमानों की गर्जना आसपास के इलाकों में गूंजती रही।
विमानों के हवाई करतब का नजारा मोबाइल फोन में कैद करने के लिए लोग छतों पर जुटे रहे। जैसे ही विमान दिखाई देते, लोग वीडियो बनाने लगते। बादलों में ओझल होने पर लोग उनके दोबारा नजर आने का इंतजार करते रहे। नमो घाट के आसपास रहने वाले लोगों के लिए आसमान में विमानों की यह गतिविधि आकर्षण का केंद्र बनी रही।
वाराणसी में प्रस्तावित एयर फोर्स शो को लेकर इन दिनों तैयारियां चल रही हैं। ऐसे में सोमवार को वायुसेना के विमानों की उड़ान और हवाई करतब को शो की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। अभ्यास के दौरान विमानों की तेज आवाज और आसमान में उनकी कलाबाजियों ने शहरवासियों में एयर शो को लेकर उत्सुकता बढ़ा दी है। अब लोगों को आगामी एयर शो में वायुसेना के विमानों के करतब देखने का इंतजार है।