देश के नामचीन कलाकार देंगे प्रस्तुति
आयोजन के प्रमुख आकर्षणों में भारत कला भवन और अन्य सांस्कृतिक संस्थानों में प्रदर्शनियां, फिल्म निर्माता गौतम घोष की ओर से तैयार बनारस फिल्म फेस्टिवल और प्रदर्शन कलाओं का कार्यक्रम शामिल है। इसमें पंडित राहुल शर्मा, पंडित राम कुमार मिश्र, रमा वैद्यनाथन, राजेंद्र गंगानी, बिक्रम घोष और देवव्रत मिश्र जैसे कलाकार प्रस्तुतियां देंगे।
कई ऐतिहासिक स्थलों पर होंगे आयोजन
बिएनाले के कार्यक्रम भारत कला भवन और बीएचयू के अन्य स्थानों के अलावा ज्ञान प्रवाह, नागरी प्रचारिणी सभा, नमो घाट और पेशवा हवेली में भी आयोजित होंगे।
कारीगरों की आजीविका मजबूत करने पर जोर
एक महीने तक चलने वाले सांस्कृतिक उत्सव के साथ ही आयोजकों ने काशी के कारीगर समुदायों के लिए दीर्घकालिक योजनाएं भी तैयार की हैं। 'सीआईआई हेल्दी वीवर्स इनिशिएटिव' और प्रस्तावित 'सीआईआई आर्टिसन डिजाइन एंड डेवलपमेंट सेंटर' के माध्यम से कारीगरों की आजीविका मजबूत करने और कौशल विकास के अवसर उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।
इसके लिए वाराणसी में स्वागत समिति बनाई गई है। यह शैक्षणिक संस्थानों, सांस्कृतिक संगठनों, कलाकारों, कारीगरों और आम नागरिकों को आयोजन से जोड़ने का काम कर रही है।
27 नवंबर से शुरू होगा बिएनाले प्रीव्यू
27 नवंबर से एक दिसंबर तक पांच दिवसीय बिएनाले प्रीव्यू आयोजित होगा। इसमें संगीत कार्यक्रम, बातचीत, सम्मेलन, फिल्मों की स्क्रीनिंग, शिल्प प्रदर्शन और विशेष सांस्कृतिक अनुभव शामिल होंगे। इसके बाद 2 से 31 दिसंबर तक प्रदर्शनियां दर्शकों के लिए खुली रहेंगी। इस दौरान चर्चाएं, मास्टरक्लास और अन्य सार्वजनिक कार्यक्रम भी होंगे।
प्रेसवार्ता में स्वागत समिति की ओर से अविनाव पेशवानी, चिराग माहेश्वरी, रोहन मथोक, हर्ष जैन, कौशिव अग्रवाल और राशिका डीडवानिया मौजूद रहे। सीआईआई वाराणसी जोन के चेयरमैन उमंग शाह भी उपस्थित रहे।