बाबतपुर से बलुआघाट और भोजूबीर से सिंधोरा मार्ग संवारा जाएगा। लोक निर्माण विभाग ने दोनों मार्गो को डबल लेन बनाने के के लिए शासन को 145 करोड़ रुपये का प्रस्ताव भेज दिया है। शासन से हरी झंडी मिलते ही इन दोनों सड़कों को चौड़ा करने का काम भी शुरू हो जाएगा। सड़क चौड़ा होने के बाद शहर में भारी वाहनों का दबाव कम होगा वहीं बिहार से सीधे वाहन आ जा सकेंगे।
बाबतपुर से बलुआघाट मार्ग को चौड़ा करने के बाद एनएच-2 का चक्कर लगाकर मोहनसराय के रास्ते शहर में प्रवेश करने वाले वाहनों को कम दूरी तय करनी पड़ेगी और उनका समय भी बचेगा। बाबतपुर से बलुआघाट करीब 35 किमी लंबे सिंगल रोड को डबल लेन होने से बड़े वाहन शहर में प्रवेश किए बिना सीधे आजमगढ़, जौनपुर, गाजीपुर की ओर आ जा सकेंगे। बलुआघाट (चंदौली) में गंगा पर बन रहे पुल का निर्माण भी लगभग अंतिम चरण में है। 38 करोड़ की लागत से बन रहे पुल के तीन पिलरों पर स्लैब डालने का काम पूरा होते और सड़क के डबल लेन बनने से बिहार से आने वाले भारी वाहन जौनपुर, आजमगढ़, सुल्तानपुर और लखनऊ तक जा सकते हैं और इसी रास्ते वाहन जमनिया दिलदारनगर के रास्ते बक्सर (बिहार) तक जाने में आसानी होगी।
इसी तरह भोजूबीर से सिंधोरा तक करीब 21 किमी लंबे मार्ग के डबल लेन बनने के बाद यह मार्ग भी बाबतपुर से चौबेपुर मार्ग को क्रास करता है। इससे जाम लगने की स्थिति में जौनपुर, आजमगढ़ और गाजीपुर आने-जाने वाले भारी वाहनों को मार्ग का नया विकल्प होगा। इससे शहर में वाहनों के दबाव में कमी तो आएगी ही दूरी के साथ समय भी लोगों का बचेगा।