पूर्वोत्तर रेलवे मंडलीय चिकित्सालय की ओर से गुरुवार को बनारस स्टेशन पर चिकित्सा शिविर लगाया गया। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुनंदा चतुर्वेदी के निर्देशन में आयोजित शिविर में 55 कर्मचारियों के स्वास्थ्य की जांच की गई। जांच शिविर में मंडल चिकित्सालय की चिकित्साधिकारी डॉ. प्रीयम प्रसाद और पैरामेडिकल टीम ने कर्मचारियों का ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर, ईसीजी के अलावा कद और वजन की माप की। तीन कर्मचारियों में ब्लड शुगर और हाइपर टेंशन रोग का पता चला।
पूर्वोत्तर रेलवे पेंशनर्स एसोसिएशन ने रेल प्रशासन से उम्मीद कार्ड में बाधा बने पीपीओ को जारी करने की मांग की है। लहरतारा स्थित कार्यालय में सदस्यों को संबोधित करते हुए मंडल मंत्री सुधीर सिंह ने बताया कि कर्मचारियों को सप्तम वेतन आयोग का पेंशन पेमेंट ऑर्डर (पीपीओ) नहीं मिला है। इस कारण पेंशनर पारिवारिक पेंशन के लाभ से वंचित हैं। बैठक में सुधीर कुमार सिंह, आनंद कुमार श्रीवास्तव, रामेश्वर प्रसाद, सुरेश कुमार आदि मौजूद रहे।