शासन और प्रशासन द्वारा लोगों से टीका लगवाने की अपील की जा रही है, लेकिन केंद्रों पर समय से पहले ही टीका खत्म हो जा रहा है। इस वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शनिवार दोपहर 12 बजे ही महिला अस्पताल समेत कई केंद्रों पर टीका खत्म होने पर लोगों ने हंगामा किया। लोगों की कर्मचारियों से नोकझोंक भी हुई। इस वजह से 18 से 44 और 45 साल से अधिक वाले उम्र वालों को बिना टीका लौटना पड़ा। शनिवार को बारिश के बाद भी लोगों में टीकाकरण को लेकर गजब का उत्साह दिख रहा था। महिला अस्पताल कबीरचौरा स्थित केंद्र पर बारिश में भीगकर लोग केंद्रों पर पहुंचे। टीका लगने की तिथि का मैसेज भी दिखाया, लेकिन काउंटर पर पहुंचने के बाद पता चला कि टीका खत्म है। लोगों ने एसआईसी डॉ. लिली श्रीवास्तव से शिकायत की। इसके बाद भी जब टीका नहीं लग सका तो काउंटर पर पहुंचकर लोग हंगामा करने लगे। उधर, लोगों का गुस्सा बढ़ता देख कर्मचारी भी कुर्सी छोड़कर बाहर आ गए। इसी तरह की स्थिति चौकाघाट, बीएचयू, शिवपुर सहित शहरी और ग्रामीण इलाकों के केंद्रों पर रही।
बंद कराया गया कमरा
महिला अस्पताल कबीरचौरा पर टीका खत्म होने पर लोगों की नाराजगी बढ़ती जा रही थी। महिलाओं और पुरुषों के हंगामे को देख टीका लगाए जाने वाले कमरों को बंद कर दिया गया। इसके बाद काउंटर पर टीका न लगने की सूचना चस्पा कराई गई, जिसके बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ। लोग इस तरह की अव्यवस्था को दूर करने की मांग कर वापस लौट गए।
शुक्रवार को ही मोबाइल पर दूसरी डोज लगने का मैसेज आया। महिला अस्पताल पहुंचे तो पता चला कि टीका हीं नहीं लगेगा। अब सोमवार को दोबारा आएंगे, शायद टीका लग सके।
-अलका श्रीवास्तव, कबीरचौरा
कोविशील्ड की दूसरी डोज लगवानी थी। पहले चौकाघाट गए वहां भी नहीं लगा। महिला अस्पताल आए तो यहां भी टीका नहीं लगा। जब टीका नहीं लगना था कि मोबाइल पर मैसेज ही क्यों आया, समझ नहीं पा रहा हूं।
-तारकेश्वरनाथ गुप्ता, जैतपुरा
बारिश होने के बाद भी सोचा कि जब मोबाइल पर मैसेज आ गया है तो चलकर टीका लगवा लें। यहां पहुंचे तो कर्मचारियों ने बताया कि टीका नहीं है। अब दूसरी डोज के लिए इंतजार करना पड़ेगा।
-विजय लक्ष्मी, बड़ी पियरी