वाराणसी। जिले में दूसरे चरण में फ्रंट लाइन वर्कर्स का टीकाकरण अब 11-12 जनवरी को कराया जाएगा। इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग तैयारियों में जुट गया है। दो दिनों में जिला महिला अस्पताल, बीएचयू अस्पताल, दीनदयाल समेत तीस केंद्रों पर टीका लगाया जाएगा। इसके लिए टीका लगवाने वालों की सूची कोविन पोर्टल पर अपलोड कराए जाने के साथ ही बुधवार से लोगों के मोबाइल पर मैसेज भी जाने लगेगा।
दूसरे चरण के टीकाकरण में पुलिस, नगर निगम, पंचायती राज विभाग सहित अन्य विभागों के करीब 20 हजार लोगों का चयन किया गया है। संबंधित कर्मचारियों के मोबाइल पर मैसेज भी बुधवार से जाने लगेगा, जिसमें उन्हें केंद्र के नाम, समय, वैक्सीन का नाम भेजा जाएगा। सीएमओ डॉ. वीबी सिंह ने बताया कि दोनों दिनों में तीस कें द्रों पर टीकाकरण कराने की तैयारी चल रही है, फाइनल सूची भी बुधवार तक जारी हो जाएगी।
0000
वैक्सीन लेने लखनऊ पहुंची स्वास्थ्य विभाग की गाड़ी
कोरोना वैक्सीन की तीसरी खेप में आने वाली वैक्सीन लेने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से सोमवार को गाड़ी लखनऊ के लिए रवाना हुई। अपर निदेशक स्वास्थ्य डॉ. एसके उपाध्याय ने बताया कि मंगलवार सुबह तक वैक्सीन के काशी पहुंचने की संभावना है। बताया कि जल्द ही बाबतपुर एयरपोर्ट पर भी दिल्ली से बड़ी संख्या में वैक्सीन आ जाएगी।