राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में खेलेंगी कशिश
रोहतक के एमडीयू कॉलेज में 16-18 अगस्त तक आयोजित राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में वाराणसी के भोगाबीर निवासी पहलवान कशिश यादव उत्तर प्रदेश की ओर से खेलेंगी। उन्होंने राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए क्वालिफाई कर लिया है। कशिश को यह सफलता गोंडा के नंदनी नगर में 11 अगस्त को आयोजित चयन ट्रायल में मिली।
ट्रायल मैच में कशिश ने अंडर-23 के 65 किलो भार वर्ग में सोनम सिंह को हराकर प्रदेशीय टीम में जगह बनाई। वाराणसी कुश्ती संघ के संयुक्त सचिव गोरख यादव ने बताया कि कशिश यादव लगातार जिले का मान बढ़ा रही है। गत माह उन्होंने नोएडा में आयोजित कुश्ती प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता था। बताया कि कशिश गोस्वामी तुलसीदास अखाड़े में प्रतिदिन 5 घंटे अभ्यास करती हैं।
बच्छाव में जिला स्तरीय स्कूली कबड्डी प्रतियोगिता शुरू
बच्छाव स्थित महामना मालवीय इंटर काॅलेज में सोमवार को दो दिवसीय 68वीं माध्यमिक विद्यालयीय जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता शुरू होगी। प्रतियोगिता के बालक-बालिका वर्ग में 27 विद्यालयों के करीब पांच सौ खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। बालक वर्ग के मैच 12 और बालिका वर्ग के मैच 13 अगस्त को खेले जाएंगे।
इससे पहले रविवार को कॉलेज के मैदान पर दोनों वर्गों की टीमों ने अभ्यास मैच खेला। जोनल प्रभारी महामना मालवीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. इंद्रमणि सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता की तैयारी पूरी कर ली गई है। प्रतियोगिता सब जूनियर अंडर-14, जूनियर अंडर-17 और सीनियर अंडर-19 वर्ग में होगी।
रेलवे एथलेटिक चैंपियनशिप में बरेका के रोहित और अजय ने जीते पदक
रायबरेली में 9-11 अगस्त तक आयोजित 89वें अखिल भारतीय रेलवे एथलेटिक चैंपियनशिप में बरेका के दो खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। रोहित यादव ने 76.20 मीटर भाला फेंककर रजत और अजय कुमार बिंद ने 1500 मीटर दौड़ 3:46 सेकंड में पूरा कर कांस्य पदक हासिल किया।
बरेका पहुंचने पर रविवार को दोनों खिलाड़ियों को बरेका महाप्रबंधक अभय बाकरे ने बधाई दी। जनसंपर्क अधिकारी राजेश ने बताया कि प्रतियोगिता में 15 रेलवे जोन के 600 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। खिलाड़ियों की सफलता पर खेलकूद संघ के अध्यक्ष एसके श्रीवास्तव, सुनील कुमार, अनुज कटियार, बहादुर प्रसाद ने खुशी ने जाहिर की।