प्रतिदिन 8-8 घंटे की 3 शिफ्टों में काम करेगी विशेष टीम
वाराणसी। जिले के उपभोक्ताओं को निर्बाध, सुरक्षित और उच्च गुणवत्ता की बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने शनिवार को शहर में दो अत्याधुनिक ‘24×7 वैन’ का उद्घाटन किया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य विद्युत फॉल्ट सुधार में लगने वाले समय को न्यूनतम करना है। इन दोनों विशेष वाहनों को हर प्रकार की तकनीकी चुनौती से निपटने के लिए आधुनिक सुरक्षा उपकरणों और आवश्यक टी एंड पी किट से सुसज्जित किया गया है।
इन वाहनों पर तैनात कर्मचारियों की टीम प्रतिदिन 8-8 घंटे की 3 शिफ्टों में कार्य करेंगे। प्रत्येक शिफ्ट में सुपरवाइजर, लाइनमैन और हेल्पर सहित कुशल कर्मचारियों की टीम तत्पर रहेगी। इस मौके पर ऊर्जा मंत्री ने कहा कि हमारी सरकार उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है। वाराणसी में इन बहुउद्देशीय आपातकालीन वाहनों के संचालन और नियमित लाइन सर्वे जैसी प्रो-एक्टिव कार्यप्रणाली से न केवल विद्युत लाइनों की उम्र बढ़ेगी, बल्कि आम जनता को बिजली कटौती की समस्याओं से बड़ी राहत मिलेगी।
24×7 आपातकालीन वैन के विस्तृत और प्रमुख कार्य
- एचटी रखरखाव एवं ट्रांसफॉर्मर प्रतिस्थापन - हाइटेंशन लाइनों का मेंटेनेंस, ब्रेकडाउन सुधार, आवश्यकता पड़ने पर ट्रांसफॉर्मर व क्रॉस आर्म को तुरंत बदलना।
- भूमिगत एवं एबी केबल फॉल्ट सुधार - अत्याधुनिक उपकरणों की सहायता से भूमिगत केबलों में आए फॉल्ट का त्वरित पता लगाना। साथ ही, जर्जर व खराब एबी केबल और क्षतिग्रस्त कंडक्टर को समय पर बदलना।
- विद्युत खंभों का रखरखाव - प्राकृतिक आपदा या दुर्घटना के कारण टूटे या झुके हुए खंभों को सीधा करना या उन्हें तत्काल बदलना।
- पेड़ों की छंटाई एवं लाइन क्लीयरेंस - ओवरहेड लाइनों को सुरक्षित और बाधा मुक्त रखने के लिए पेड़ों की डालियों की छंटाई करना, ताकि शॉर्ट-सर्किट का खतरा न रहे।
- नियमित सर्वेक्षण - केवल ब्रेकडाउन ही नहीं, बल्कि विद्युत लाइनों का नियमित सर्वे कर संभावित फॉल्ट्स को पहले ही दूर करना।
- त्वरित आपातकालीन सेवा - किसी भी क्षेत्र में बिजली बाधित होने पर तुरंत मौके पर पहुंचना और फॉल्ट को दूर कर जल्द से जल्द सप्लाई बहाल करना।